ब्रेकिंग न्यूज़
17 लाख की साइबर-ठगी कर स्टूडेंट्स के खातों में मंगवाए-रुपए:चाय की थड़ियों पर छात्रों को कमीशन का लालच देकर लेते अकाउंट डिटेल, दो बदमाश गिरफ्तार

जयपुर में पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के बैंक खातों की जांच में साइबर पोर्टल नंबर 1930 पर 13 अलग-अलग साइबर शिकायतें दर्ज मिली थीं। इनमें करीब 17 लाख रुपए की ठगी के रुपए आए थे। पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। उनके बैंक खातों में करीब 5 लाख रुपए की राशि फ्रीज कराई है। विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया- जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर के पॉश इलाकों में चाय की थड़ियों पर बैठकर स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स को कमीशन का लालच देते थे। इसके बदले स्टूडेंट्स के बैंक खाते किराए पर लेकर उनमें साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर 19 जुलाई को दो आरोपी अरिहंत जैन (19) निवासी शांतिनगर दुर्गापुरा और युवराज सिंह उर्फ युवी (20) निवासी मानसरोवर को गिरफ्तार किया। एटीएम से रुपए निकाकर आरोपियों तक पहुंचाते आरोपी म्यूल अकाउंट वाले खातों में आए रुपयों को एटीएम से निकालकर गिरोह के मुख्य आरोपियों तक पहुंचाते थे। ताकि साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज होने से पहले रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर ट्रेसिंग से बचाया जा सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शिप्रापथ थाने में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान में 519 मोबाइल बरामद वहीं जयपुर साउथ पुलिस के विशेष अभियान ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ के तहत CEIR पोर्टल की मदद से 519 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने ये मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। 5 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी राशि होल्ड साल 2026 में जुलाई तक साइबर पोर्टल की सहायता से 5 करोड़ 3 लाख 83 हजार 876 रुपए की संदिग्ध राशि होल्ड कराई गई है। वहीं 26 लाख 96 हजार 69 रुपए पीड़ितों के खातों में रिफंड कराए गए। इसके अलावा साल 2025-26 के दौरान जयपुर दक्षिण पुलिस ने करीब 18 हजार साइबर शिकायतों का निस्तारण किया। 5,500 से अधिक लोगों को किया साइबर जागरूक साइबर अपराध की रोकथाम के लिए साइबर सेल जयपुर दक्षिण ने विशेष जागरूकता अभियान चलाते हुए 20 स्कूलों और कॉलेजों सहित विभिन्न स्थानों पर 5,500 से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में जागरूक किया।

दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत:ससुराल जाते समय धातरी गांव में हादसा, एक घायल हायर सेंटर रेफर

चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के धातरी गांव में सोमवार शाम दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ससुराल आए एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार पड़िहारा निवासी डालाराम मेघवाल (27) अपने ससुराल धातरी आया हुआ था। उसकी बाइक की टक्कर धातरी निवासी अनिल नायक (25) की बाइक से हुई। दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पड़िहारा सीएचसी ले जाया गया। वहां से उन्हें रतनगढ़ रेफर कर दिया गया। रतनगढ़ के जालान अस्पताल में डॉ. सुखवीर कस्वां ने डालाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर रतनगढ़ थाना के एएसआई रामकुमार कस्वां अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने डालाराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

श्रीगंगानगर से दुबई भेजने के नाम पर ठगी:2 लाख रुपए की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 5 लाख ठगे, दो एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज

विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। एजेंटों ने युवक को हर महीने लाखों रुपए कमाने का झांसा दिया और पैसे हड़प लिए। मामला श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी रिपोर्ट में रिद्धि-सिद्धि प्रथम निवासी मनोज कुमार ने गुरविंद्र निवासी फिरोजपुर और खुशविंद्र सिंह निवासी गुरदासपुर(पंजाब) के खिलाफ ठगी व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। मनोज कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- वह काम की तलाश में थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी परिचित अल्का चौधरी को अपनी परेशानी बताई। अल्का ने उन्हें गुरविंद्र सिंह से मिलवाया। गुरविंद्र सिंह ने खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताया। उसने दावा किया कि उसका चंडीगढ़ और दुबई में अच्छा कारोबार है तथा एक कंपनी चल रही है, जिसमें 200 लोग काम कर रहे हैं। उसने मनोज कुमार को आश्वासन दिया कि वह उन्हें दुबई में 2 लाख रुपए प्रतिमाह वाली नौकरी दिलवा देगा। इसके लिए कुल 8 लाख रुपए खर्च आएगा। मनोज कुमार ने भरोसा कर लिया और अपनी प्रॉपर्टी बेचकर 8 लाख रुपए की व्यवस्था की। 11 जून 2025 को मनोज ने आरोपियों को पूरे पैसे दे दिए। साथ ही उनके पास जरूरी दस्तावेज भी जमा कर दिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने मनोज को दुबई नहीं भेजा। जब मनोज ने पूछताछ की तो गुरविंद्र और खुशविंद्र सिंह ने बहाना बनाया कि विदेशों में युद्ध चल रहा है, इसलिए फ्लाइट में दिक्कत आ रही है। इस तरह 3-4 महीने निकल गए, लेकिन नौकरी और दुबई जाने का सपना अधूरा ही रहा। जब मनोज कुमार ने 8 लाख रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने सिर्फ 3 लाख रुपए लौटाए। बाकी 5 लाख रुपए लौटाने से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मीणा कर रहे हैं।

ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलो-अप शिविर:21 जुलाई से 31 अगस्त तक लगेंगे, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य

कोटपूतली जिले में “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” के फॉलो-अप शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर 21 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक चलेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” का आयोजन किया गया था। इन शिविरों में राजस्व विभाग सहित कुल 21 विभागों ने भाग लिया था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया था। शेष रह गए कार्यों का निस्तारण होगा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब आयोजित होने वाले फॉलो-अप शिविरों में मुख्य अभियान के दौरान शेष रह गए कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समन्वित रूप से कार्य करें। उन्हें फॉलो-अप शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र नागरिक को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

सीकर में स्कॉर्पियो सवार युवक पर जानलेवा हमला:दो कैंपर में सवार होकर आए बदमाशों ने घेरा, गाड़ी को टक्कर मारी, केस दर्ज

सीकर में दो कैंपर और एक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने लूट और जान से मारने की नीयत से युवक की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई। सीकर शहर के नजदीकी पालवास निवासी गंगा सिंह पुत्र अर्जुन सिंह ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 2 कैंपर और 1 अन्य स्कॉर्पियो में आए हमलवारों ने उसकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया, फिर जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और उसकी स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। स्कॉर्पियो को लगातार टक्कर मारते रहे बदमाश रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित गंगा सिंह शनिवार शाम करीब 4 बजे पिपराली से अपनी स्कॉर्पियो लेकर अपने गांव पालवास लौट रहा था। इसी दौरान पालवास रोड पर जीणमाता होटल के पास पहुंचते ही कैंपर वाहन ने उसकी गाड़ी के आगे और दूसरी कैंपर गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। आरोप है कि दोनों वाहन लगातार उसकी स्कॉर्पियो को टक्कर मारते रहे। पीड़ित का आरोप है कि मौके पर मौजूद जीणमाता होटल के राजपाल और भवानी सिंह ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने राजपाल पर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिससे उसके पैर में चोट आई। पीड़ित ने रिपोर्ट में ईश्वर सिंह, लोकेन्द्र सिंह, दीवान सिंह, अरविंद सिंह, सुनील सिंह सहित 2-3 अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। इसके आरोप है कि ये लोग एक अन्य स्कॉर्पियो में भी सवार थे। मौका पाकर गाड़ी से उतरकर बचाई जान पीड़ित गंगा सिंह ने बताया कि मौका पाकर वह वाहन से उतरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस दौरान आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो में रखा बैग, 2 हजार रुपए नकद और कपड़े भी ले लिए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी। वहीं, सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।

उदयपुर में मॉडिफाई की स्लीपर-लग्जरी 4 बसों को किया सीज:बलीचा चौराहे पर विधिक प्राधिकरण-परिवहन विभाग ने की जांच; 6 बसों पर लगाई पेनल्टी

उदयपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। जांच में नियमों की पालना नहीं करने पर टीम ने 4 बसों को सीज कर दिया। साथ ही 6 अन्य बसों का चालान काटा गया और बस संचालकों पर कुल 85 हजार रुपए की पेनल्टी लगाई गई। शहर के बालीचा चौराहे पर सोमवार को यह कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना परमिट, अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रही और अनधिकृत रूप से मॉडिफाई की स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई जिला एवं सेशन न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश गुप्ता के निर्देश पर हुई। टीम ने मौके पर 10 लग्जरी और स्लीपर बसों को रोककर उनके कागजात और बस की बनावट की बारीकी से जांच की। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के बालीचा चौराहे पर हुई औचक कार्रवाई के दौरान न्यायपालिका, प्रशासन और पुलिस विभाग के आला अधिकारी खुद सड़क पर डटे रहे। स्लीपर बसों के कोच की हुई जांच इस मौके पर अपर जिला न्यायाधीश और प्राधिकरण के सचिव राहुल चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी मुकेश डाड, परिवहन निरीक्षक राजेंद्र दन्तसुलिया और तेजपाल मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में बसों के अंदर जाकर स्लीपर कोच की बनावट और परमिट की पूरी जांच की गई। जांच में सामने आया कि कई बस संचालक मोटर वाहन अधिनियम 1988 और सुरक्षा मानक AIS-119 के नियमों को ताक पर रखकर बसें चला रहे थे। कई ट्रैवल एजेंसियों ने ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में बसों के अंदरूनी ढांचे में मनमाने और गैर-कानूनी बदलाव कर रखे थे। गलत बदलाव से होते हादसे जिला परिवहन अधिकारी मुकेश डाड ने बताया- बसों में किए जाने वाले इस तरह के अनधिकृत बदलाव सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह बनते हैं। ऐसे बदलावों से कई बार बड़े हादसे होते हैं और यात्रियों की जान चली जाती है। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बस संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।

पुरानी रंजिश में गमछे से गला घोंटकर युवक की हत्या:दम घुटने से तड़प-तड़पकर मौत; आरोपी डिटेन

बीकानेर शहर में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। यह इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में लक्ष्मीनाथजी घाटी के नीचे स्थित गुलजार बस्ती के पास शाम करीब 5 बजे हुई। सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू को डिटेन कर लिया है। गले में पड़े गमछे से गला घोंट दिया
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि शाबिर(35) और मोहम्मद हुसैन के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को दोनों आमने-सामने आए तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद हुसैन ने शाबिर का गिरेबान पकड़ लिया और उसके गले में पड़े गमछे को खींचते हुए उसे जोर से झकझोर दिया। गला घोंट देने से शाबिर कुछ ही देर में अचेत होकर गिर पड़ा। काफी देर तक जब वह पड़ा रहा, तो आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी डिटेन, कल होगा पोस्टमॉर्टम
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन कर लिया। शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाबिर और मोहम्मद हुसैन एक-दूसरे के परिचित थे। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि आपसी कहासुनी के बाद विवाद अचानक बढ़ गया, जिसके कारण विवाद हिंसक हो गया। सीओ का कहना है कि कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- कार्यकर्ता बूथ को मजबूत कर चलाएं अभियान:जयपुर शहर की बैठक में विधायक गोपाल शर्मा बोले- लोगों तक पहुंचाएं योजनाओं की जानकारी

भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तीकरण, संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की विभिन्न गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा- सभी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्ष निर्धारित दायित्वों का पूरा करें। जयपुर शहर जिला कार्यालय में हुई बैठक में गोयल ने कहा- भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा बल उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा- प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई मानते हुए उसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से घर-घर संपर्क बढ़ाने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। योजना के साथ कार्य करने के निर्देश गोयल ने कहा- कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जनता के बीच निरंतर संवाद ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी मंडलों को समयबद्ध योजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विधायक गोपाल शर्मा बोले- आमजन की समस्याओं के समाधान जल्द हों विधायक गोपाल शर्मा ने कहा- भाजपा का संगठन राष्ट्रहित, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है। उन्होंने कहा- प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाए और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा- संगठन की सफलता बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही होती है। यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है। मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी अग्रवाल ने बताया- बैठक में विधायक बालमुकुंद आचार्य, विधायक प्रत्याशी रवि नैय्यर, जिला महामंत्री नवरतन नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश ताम्बी आदि मौजूद रहे।

झालावाड़ में शिक्षकों का शक्ति प्रदर्शन:लंबित मांगों पर सरकार को अल्टीमेटम, बोले- अब नहीं हुई सुनवाई तो जयपुर कूच

झालावाड़ में राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का दूसरा चरण शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांग-पत्र जिला कलेक्टर को सौंपते हुए स्थानांतरण, पदोन्नति, एरियर, पेंशन, पे-प्रोटेक्शन, रिक्त पदों पर भर्ती और क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण जैसी मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि समय रहते मांगें नहीं मानी गईं तो जयपुर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। दूसरे चरण में सरकार पर बढ़ाया दबाव जिला महामंत्री किशोर कुमार राठौर और जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी ने बताया कि संगठन लंबे समय से तृतीय श्रेणी शिक्षकों की मांगों को लेकर संघर्षरत है। आंदोलन के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया। उनका कहना है कि वर्ष 2018 के बाद से तृतीय श्रेणी शिक्षक, प्रबोधक, शारीरिक शिक्षक और पुस्तकालयाध्यक्ष के स्थानांतरण नहीं हुए, जबकि अन्य संवर्गों के स्थानांतरण नियमित रूप से किए जा रहे हैं। पदोन्नति, एरियर और पेंशन पर जताई नाराजगी संगठन ने कहा कि तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति का रास्ता लंबे समय से अवरुद्ध है। सरकार कोर्ट में शिक्षकों का प्रभावी पक्ष रखने में भी विफल रही है। इसके अलावा शिक्षकों और कर्मचारियों के उपार्जित अवकाश, एरियर राशि तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन प्रकरणों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। रीट और पे-प्रोटेक्शन के मुद्दे भी उठाए संघ ने वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर रीट परीक्षा उत्तीर्ण करने का दबाव बनाए जाने को अनुचित बताया। साथ ही मांग की कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों पर जारी “पे प्रोटेक्शन” आदेशों के आधार पर की जा रही वसूली तत्काल बंद की जाए, क्योंकि यह प्रावधान इस संवर्ग पर लागू नहीं होता। स्टाफिंग पैटर्न और स्कूल भवनों के लिए बजट की मांग शिक्षक संघ ने शिक्षा विभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू कर नए पद सृजित करने, रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा पिछले वर्ष अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। चेतावनी: नहीं हुआ समाधान तो जयपुर में होगा निर्णायक आंदोलन जिला कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद पाटीदार और जिला उपाध्यक्ष परमानंद गुर्जर ने कहा कि इन मांगों को लेकर तृतीय श्रेणी शिक्षकों सहित पूरे शिक्षक समुदाय में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने सरकार से शिक्षक संगठनों को शीघ्र वार्ता के लिए बुलाकर समस्याओं का सकारात्मक समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं हुआ तो संगठन जयपुर में व्यापक एवं निर्णायक आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद प्रदर्शन में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष चंदन चतुर्वेदी, महामंत्री राजेश गौतम, जिला उपाध्यक्ष मुस्ताक अहमद, शिक्षक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरविंद गोचर, भवानीमंडी ब्लॉक अध्यक्ष महेश कुमार जाट, बकानी ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष गोपाल निगम, सुनेल ब्लॉक अध्यक्ष हजारीलाल दांगी, सभा अध्यक्ष तूफान सिंह सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

विश्व हिंदू परिषद ने जयपुर में किए संगठनात्मक बदलाव:वरिष्ठ प्रचारक आनंद को क्षेत्रीय संगठन मंत्री बनाया, सुभद्र पापड़ीवाल बने जयपुर प्रांत अध्यक्ष

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जयपुर क्षेत्र और जयपुर प्रांत में संगठनात्मक बदलाव किए हैं। नई दिल्ली में हुई केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक आनंद को जयपुर क्षेत्र (राजस्थान) का क्षेत्रीय संगठन मंत्री और सुभद्र पापड़ीवाल को जयपुर प्रांत का प्रांत अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जयपुर प्रांत के प्रचार-प्रसार प्रमुख गजेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया- विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की 2 दिवसीय बैठक 19 और 20 जुलाई को नई दिल्ली के तेरापंथ भवन, छतरपुर में हुई। बैठक में देशभर से केंद्रीय पदाधिकारी और प्रबंध समिति के सदस्य शामिल हुए। इसी दौरान संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई। पहले पटना क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं आनंद आनंद इससे पहले विश्व हिंदू परिषद के पटना क्षेत्र में क्षेत्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बाद अब उन्हें जयपुर क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। पहले प्रांत उपाध्यक्ष थे सुभद्र पापड़ीवाल सुभद्र पापड़ीवाल पहले जयपुर प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष थे। वे उद्योग जगत से जुड़े हैं और सीतापुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व यूकोरी के संस्थापक संरक्षक भी हैं। अब उन्हें जयपुर प्रांत का नया अध्यक्ष बनाया गया है।