मोहाली में बच्चों के अंतिम संस्कार में पहुंची कातिल मां:लोगों ने चेहरा नहीं देखने दिया, कहा- तुझे ये हक नहीं; 3 बच्चे नहर में फेंके थे

मोहाली में अपने तीन बच्चों को नहर में फेंकने वाली मां शकुंतला को अंतिम संस्कार के समय बच्चों का मुंह नहीं देखने दिया गया। परिजन ने कहा कि जिसने हत्या की, उसे मुंह देखने का हक नहीं। वह अपने भाई और भाभी के साथ ऑटो में श्मशान घाट पहुंची थी। मुंह न दिखाने पर शकुंतला ने कहा- मैंने कौन सी गलती की है। मैंने खुद भी उनके साथ ही छलांग लगाई थी। मुझे वहां मौजूद लोगों ने देख लिया था और तुरंत नहर से निकाल लिया। इसी कारण मैं बच गई। शंकुतला ने कहा कि जब से उसके पति कमल की मौत हुई है, तब से ससुराल पक्ष उसे परेशान कर रहा है। उसके साथ उसका देवर, सास, ससुर, ननद और नंदोई सभी मारपीट करते हैं। इसी वजह से वह परेशान रहती थी। शकुंतला ने कहा कि वह इस मामले को लेकर अलग-अलग लोगों से मिली थी, लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। यहां तक कि वह परेशान होकर प्रधान के पास भी गई थी, लेकिन वहां से भी उसे कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा बच्चों के अंतिम संस्कार में पहुंचे लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर गुस्सा है। अंतिम संस्कार में पहुंचे राजू नाम के युवक ने बताया कि दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बच्चों के शव तो नहर से बरामद कर लिए, लेकिन आरोपी महिला को खुला छोड़ रखा है और वह अपने मायके में रह रही है। दो पॉइंट में परिजन के आरोप… ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब में मां ने की 3 बच्चों की हत्या:मोहाली से आकर रोपड़ नहर में फेंके; 4, 7 और 10 साल उम्र, खुद भी सुसाइड करने कूदी रोपड़ में मोहाली की एक महिला ने अपने 3 बच्चों को नहर में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी आत्महत्या करने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में तीनों बच्चों की मौत गई। इनमें से 2 बच्चों के शव गोताखोरों ने बरामद कर लिए। जबकि, एक बच्चे की तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर…

अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू से रवाना:सिर्फ रजिस्टर्ड श्रद्धालुओं को एंट्री मिली; बद्रीनाथ में 14.5 लाख, केदारनाथ में 13.75 लाख श्रद्धालु पहुंचे

जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से गुरुवार सुबह 4 बजे अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को रवाना किया। श्रद्धालु ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए। 57 दिन की यात्रा 3 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों रास्ते से शुरू होकर 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। पहले जत्थे में सिर्फ उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से रजिस्ट्रेशन कराया था। जिन्होंने RFID कार्ड बनवाया था और ई-केवाईसी पूरी की थी। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 1 जुलाई तक बद्रीनाथ में 14.5 लाख और केदारनाथ में 13.75 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा से जुड़ी 2 तस्वीरें… अमरनाथ यात्रा के लिए 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक करीब 4 लाख श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, मेडिकल, परिवहन और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को बेस कैंप पहुंचकर सुरक्षा, मेडिकल, ठहरने, बिजली-पानी, हेल्प डेस्क और दूसरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा को लेकर सिक्योरिटी हाईअलर्ट पर बद्रीनाथ में रोजाना 18 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे चारधाम यात्रा में महज 20 दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 31 मई तक केदारनाथ में दर्शनार्थियों की संख्या बद्रीनाथ से दो लाख से ज्यादा थी, लेकिन जून के तीसरे सप्ताह से रुझान बदला और 30 जून तक बद्रीनाथ आगे निकल गया। अब तक 13,92,584 श्रद्धालु बद्रीनाथ और 13,68,170 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच चुके हैं। यानी बद्रीनाथ करीब 24 हजार श्रद्धालुओं ज्यादा पहुंचे है। मई के आखिर तक केदारनाथ में रोजाना 25 से 28 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे, जबकि बद्रीनाथ में यह संख्या 15 से 18 हजार के बीच थी। जून के तीसरे सप्ताह से बद्रीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी और दोनों धामों के बीच दो लाख से ज्यादा का अंतर खत्म हो गया। अमरानाथ यात्रा के दो रूट, इस साल 57 दिन की यात्रा… ———————- ये खबर भी पढ़ें… 2029 से अमरनाथ के लिए केबल कार चलाने की तैयारी:अप्रैल 2027 से काम शुरू होगा; 5-8 घंटे का सफर 30 मिनट में पूरा होगा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु 2029 से बालटाल रूट पर केबल कार से सफर कर सकेंगे। केंद्र सरकार अगले साल अप्रैल से 11.6 किमी लंबे रोपवे प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू करने की तैयारी में है। परियोजना पूरी होने के बाद बालटाल से संगम टॉप तक पहुंचने में 5 से 8 घंटे की जगह 25 से 30 मिनट लगेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

हिमाचल में आफत की बारिश, 46 सड़कें बंद:मरीज को जेसीबी से नाला पार कराया, किन्नौर की पेजर खड्ड में बाढ़, पुल-घरों को खतरा

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही बारिश तबाही मचा रही है। लाहौल स्पीति में केलांग में आज सुबह धोनंधल नाले में मुंह धो रहे HRTC के कंडक्टर ज्ञान सिंह की पत्थर लगने से मौत हो गई। मंडी से संबंध रखने वाले ज्ञान सिंह केलांग डिपो में तैनात थे। लाहौल स्पीति में बर्फ पिघलने से आई बाढ़ से भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। जहालमा नाले में बाढ़ से सड़क बह जाने के बाद एक मरीज को जेसीबी की बकेट से बिठाकर नदी को पार कराया गया। वहीं सिरमौर के पांवटा साहिब में बुधवार रात में सबसे ज्यादा 100.4 मिमी और सोलन के कसौली में 86 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। किन्नौर के लिप्पा गांव में आधी रात भारी बारिश के बाद पेजर खड्ड (नाला) में बाढ़ आ गई। इससे पुल और तीन से चार घरों को खतरा पैदा हो गया है। रिस्पा गांव को जोड़ने वाली सड़क बही किन्नौर के रिस्पा गांव को जोड़ने वाली सड़क भी चेरंग खड्ड के तेज बहाव में बह गई। कांगड़ा और चंबा में सुबह 10 बजे तक तेज बारिश होती रही। मगर दिन में ज्यादातर भागों में हल्की धूप या आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। राज्य में दो दिन से हो रही बारिश से 46 सड़कें और 181 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े है। इनमें कुल्लू में सबसे ज्यादा 18 सड़कें, मंडी में 15, मंडी में 2, लाहौल स्पीति 2, सिरमौर में 9 और ऊना में भी 2 सड़कें अवरुद्ध है। आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट आज कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिला में यलो अलर्ट है। इस दौरान कुछेक भागों में दो से तीन स्पेल भारी बारिश के हो सकते है। राज्य में इससे फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड और जलभराव जैसी घटनाएं देखने को मिल सकती है। किन्नौर व लाहौल स्पीति के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्का हिमपात और अन्य भागों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है। कल 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट कल (3 जुलाई) भी कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिला में कुछेक भागों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू और शिमला जिला में हल्की से मध्यम बारिश होगी। चार जुलाई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दिन मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में ही यलो अलर्ट की चेतावनी है। पांच-छह जुलाई को फिर भारी बारिश राज्य में पांच जुलाई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर स्ट्रांग होगा। इसे देखते हुए अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। पांच व छह जुलाई को मंडी व सिरमौर जिला में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। IMD ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्कता बरतने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। इसी तरह, धुंध के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। चार से पांच डिग्री गिरेगा तापमान IMD के मुताबिक- राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट आ सकती है। बीते 24 घंटे में भी राज्य के ज्यादातर भागों में तेज बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 5.4॰C कम हुआ है। ताबो का अधिकतम तापमान 15.4॰C गिरा लाहौल स्पीति के ताबो के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 15.4॰C की गिरावट आने के बाद पारा 17.0॰C रह गया है। केलांग का पारा 8.0॰C कम होने के बाद 21.1॰C, भुंतर का पारा 8.1॰C लुढ़कने के बाद 26.9॰C, शिमला का पारा 6.7॰C गिरने के बाद 19.7॰C और मनाली का 5.4॰C कम होने के बाद 22.2॰C रह गया है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई भारी बारिश से 34 सड़कें और 127 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हुए हैं। लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड इनकी बहाली में जुटे हुए है।

MP-UP, महाराष्ट्र में भारी बारिश, सड़कें डूबीं, कार-बाइकें बहीं:मुंबई में समुद्र से दूर रहने का अलर्ट, 15 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं

महाराष्ट्र में मानसून आने के बाद चार जिलों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में रेड अलर्ट है। मुंबई में पिछले 24 घंटे में 172 मिमी बारिश हुई। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है। लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। उधर मध्य प्रदेश के 7 जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। इंदौर में बारिश में कार नाले में गिर गई। सीहोर जिले में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहने लगा। इसमें बाइक भी बह गईं। बिहार में बिजली गिरने से तीन और झारखंड में दो लोगों की मौत हो गई। यूपी के 25 शहरों में बुधवार को बारिश हुई। आजमगढ़, बिजनौर, मिर्जापुर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। फतेहपुर में आंधी से ई-रिक्शा पलट गया। दिल्ली-राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंचा मानसून ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में एंट्री कर ली। अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि जुलाई में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। देशभर से बारिश की 4 तस्वीरें… अगले 2 दिन के मौसम का हाल 3 जुलाई: 4 जुलाई: राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: मानसून ने 7 संभाग कवर किए, आज 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मध्य प्रदेश में मानसून आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ने शहडोल, नर्मदापुरम समेत 7 संभाग कवर कर लिए हैं। आज ग्वालियर-चंबल संभाग पहुंच सकता है। आज राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट जिले शामिल हैं। अगले 24 घंटे में यहां 100mm-200mm के बीच बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: आज सभी 75 शहरों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 20 जिलों में बारिश जारी उत्तर प्रदेश सभी 75 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट है। गुरुवार सुबह से कानपुर-सहारनपुर समेत 20 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में भी बारिश जारी है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अगले 24 से 48 घंटे में यह पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: जयपुर-दौसा 25 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट, मानसून अगले 24 घंटे में राज्य में एंट्री कर सकता है मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले 24 घंटे में मानसून की एंट्री हो सकती है। फिलहाल प्री-मानसून बारिश जारी है। आज भी जयपुर-दौसा समेत 25 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इधर राजस्थान-पाकिस्तान के बॉर्डर वाले जिलों में अब भी तेज गर्मी का असर है। बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 44°C के करीब रहा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 30 जिलों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली से 4 की मौत बिहार में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में 40kmph की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। पूरी खबर पढ़ें…

खबर हटके- रिटायर होने के बाद मिला जॉइनिंग लेटर:ऐसा गांव जहां ज्यादातर परिवारों में एक मूक-बधिर; तोते में अंडा फंसा, सर्जरी होगी

झारखंड में सरकारी शिक्षक भर्ती के लिए नियुक्ति पत्र बांटे गए जहां एक शिक्षक को रिटायर होने के बाद लेटर मिला। वहीं, जम्मू-कश्मीर में एक ऐसा गांव हैं जहां ज्यादातर परिवारों में कोई न कोई मूक बधिर है। उधर, पश्चिम बंगाल में एक तोते में अंडा फंस गया, जिसे सर्जरी के बाद निकाला जाएगा। हरियाणा में एक शख्स ऐसा है जिसे गर्मी के मौसम में सर्दी के मौसम में गर्मी लगती है। वहीं, अफ्रीका में एक ऐसा मकड़ा पाया जाता है जो किसी बिस्किट जैसा दिखता है। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

बेंगलुरु में डे-केयर में बच्चे को बाथरूम में बंद किया:वॉशिंग मशीन में बैठाया, टॉयलेट जेट से पानी डाला, नामी कैपजैमिनी कंपनी का सेंटर

बेंगलुरु में आईटी कंपनी कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस में चल रहे डे-केयर सेंटर में 2-3 साल के बच्चे के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। सेंटर के कुछ वीडिया वायरल हैं, जिसमें यहां का महिला स्टाफ एक बच्चे से गलत व्यवहार करता दिख रहा है। वीडियो में बच्चा टॉयलेट में बंद है, फर्श पर लेटा हुआ है और जोरों से रो रहा है। एक महिला बच्चे के बिलखने का वीडियो बना रही है। एक और वीडियो में महिला बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके मुंह पर जेट स्प्रे से पानी डाल रही है। इसके अलावा बच्चे को फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाकर रखा गया है। उसके डराया जा रहा है, बच्चा रो रहा है। बताया गया कि डे-केयर के वीडियो 29 जून को वायरल हुए। सेंटर की पुष्टि होने की बाद पुलिस ने 5 महिला केयरगिवर के खिलाफ केस दर्ज किया। हालांकि, कितने बच्चों के साथ गलत व्यवहार हुआ इसकी डिटेल सामने नहीं आई है। घटना से जुड़ी तस्वीर… पुलिस बोली- बच्चों के माता-पिता IT प्रोफेशनल डीसीपी सैदुलु अडावथ ने कहा कि डे-केयर में आने वाले बच्चे कैंपस में काम करने वाले प्रोफेशनल्स के हैं, जिन्हें उनके माता-पिता ड्यूटी के दौरान यहां छोड़ते थे। वीडियो देखकर माता-पिता और अधिकारी दोनों हैरान रह गए। बच्चों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद गंभीर है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या कंपनी परिसर में किसी बाहरी एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। पांचों महिला कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग अधिकारियों से रिपोर्ट मांगेगा और अपने स्तर पर जांच करेगा। कंपनी ने डे-केयर सेंटर बंद किया कैपजेमिनी ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। 50 से ज्यादा देशों में फैली हैं कंपनी कैपजेमिनी दुनिया की बड़ी IT कंपनियों में शामिल है। इसका हेडक्वॉर्टर फ्रांस की राजधानी पेरिस में है। कंपनी सॉफ्टवेयर, क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी और कंसल्टिंग से जुड़ी सेवाएं देती है। इसके ऑफिस 50 से ज्यादा देशों में है। दुनियाभर में करीब 3.5 लाख कर्मचारी काम करते हैं। भारत में बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता समेत कई शहरों में इसके बड़े ऑफिस हैं। अब जानिए क्या होते हैं डे-केयर डे-केयर सेंटर वह जगह है, जहां छोटे बच्चों की दिनभर देखभाल, सुरक्षा और शुरुआती सीखने की गतिविधियों का ध्यान रखा जाता है। बड़े शहरों में माता-पिता दोनों की नौकरी पेशा हैं तो ऐसे में कपल अपने बच्चों को इन डे-केयर में तय समय के लिए छोड़ देते हैं, यहां बच्चों की देखभाल की है। इसके बदले में हर महीने तय फीस ली जाती है। कई कंपनिया भी अपने डे-केयर सेंटर चलाती हैं, जहां उनके कर्मचारी अपने छोटे बच्चों को नौकरी करने के समय तक छोड़ देते हैं। छुट्टी के बाद बच्चों को अपने साथ ले जाते हैं। कैपजेमिनी की ही तरह अन्य कंपनियां भी अपने कर्मचारियों को डे-केयर की सुविधा देती हैं। डे-केयर में बच्चों के साथ गलत व्यवहार पर माता-पिता क्या कानूनी एक्शन लें? अगर किसी डे-केयर में बच्चों के साथ गलत व्यवहार होता है तो माता-पिता सबसे पहले घटना की रिपोर्ट संबंधित पुलिस थाने में दर्ज कराएं। साथ ही सेंटर के खिलाफ स्थानीय बाल सुरक्षा अधिकारी या बाल कल्याण समिति से शिकायत करें। कानूनी मदद लेने के लिए किसी वकील से संपर्क करें और बच्चों की मेडिकल जांच भी करवाएं। ऐसी घटनाओं को सोशल मीडिया या मीडिया के माध्यम से भी उजागर किया जा सकता है ताकि अन्य माता-पिता सतर्क रहें। माता-पिता को डे केयर सेंटर की नियमित निगरानी कैसे करें माता-पिता को चाहिए कि वे समय-समय पर अचानक डे केयर विजिट करें ताकि वहां का वास्तविक माहौल देख सकें। बच्चे से प्यार से बातचीत करें और पूछें कि उसका दिन कैसा बीता, किसके साथ खेला और क्या खाया। स्टाफ से रोजमर्रा की दिनचर्या, खाने-पीने और व्यवहार में आए बदलावों की जानकारी लें। अगर संभव हो तो समय-समय पर CCTV फुटेज देखने की आदत डालें। बच्चे के पहनावे, चोट-खरोंच या मूड में अचानक बदलाव को हल्के में न लें। ये संकेत किसी समस्या की ओर इशारा कर सकते हैं। ………………… ये खबर भी पढें… बेंगलुरु में 2 युवतियों समेत 3 का मर्डर:युवक ने डिनर पर बुलाकर गला काटा, फिजियोथेरेपिस्ट कमरे में मृत मिली; बीच रोड पर युवक की हत्या बेंगलुरु में दो अलग-अलग मामलों में दो युवतियों की हत्या कर दी गई। दोनों युवतियों की हत्या का आरोप उनके बॉयफ्रेंड पर है। एक युवती के परिवार ने बॉयफ्रेंड पर लव जिहाद का आरोप लगाया है। वहीं एक अन्य मामले में तीन लोगों ने बीच रोड पर एक शख्स का मर्डर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…

भागवत बोले- विभाजन के बाद भारत आए लोग शरणार्थी नहीं:उन्होंने संपत्ति नहीं, देश चुना; ताकि बिना डरे अपने धर्म का पालन कर सकें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि 1947 के विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आने वाले लोगों को शरणार्थी कहना सही नहीं है। वे ‘संघर्ष के योद्धा’ थे, जिन्होंने कई पीढ़ियों की बनाई जमीन, कारोबार और संपत्ति छोड़कर भारत को चुना। उन्होंने कहा कि ये लोग इसलिए भारत आए, क्योंकि यहां बिना डर अपने धर्म का पालन कर सकते थे। भारत को एक रखने की लड़ाई हम सब हार गए थे, लेकिन उन्होंने अपना विश्वास नहीं छोड़ा। भागवत ने बुधवार को नागपुर में सिंधु एजुकेशन सोसाइटी के 75वें स्थापना दिवस समारोह में ये बातें कही। इसी दौरान RSS ने 10 से 12 जुलाई तक कर्नाटक के बेलगावी में होने वाली अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक का भी ऐलान किया। भागवत बोले- शिक्षा सिर्फ नौकरी के लिए नहीं होनी चाहिए, स्पीच के 2 पॉइंट्स…. प्रचारकों के जीवन पर आधारित 100 वीडियो जारी करेंगे RSS के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के तहत भागवत शुक्रवार को प्रचारकों के जीवन पर आधारित 100 वीडियो जारी करेंगे। इसी दिन ‘डॉ. हेडगेवार : आधुनिक युग के शालिवाहन’ शीर्षक यूट्यूब वीडियो का सार्वजनिक प्रसारण भी होगा। 5 जुलाई को वे नागपुर में ‘सनमार्ग माइंड वेलनेस सेंटर’ का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी शामिल होंगे। मोहन भागवत की पिछले 2 स्पीच… 15 जून: भागवत बोले- RSS गुप्त संगठन नहीं, सरकार जानती है, 100 साल में किसी ने रजिस्ट्रेशन करवाने को नहीं कहा RSS प्रमुख मोहन भागवत ने केरल के त्रिशूर में संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के दौरान रजिस्ट्रेशन के सवाल पर कहा- देश में कई ऐसी संस्थाएं हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। संघ के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। दरअसल, भागवत से पूछा गया था कि कर्नाटक सरकार ने RSS की गतिविधियों को गुप्त बताते हुए कहा है कि संगठन को रजिस्ट्रेशन कराना चाहिए। इसके जवाब में उन्होंने कहा- संघ को किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं है। यह कोई गुप्त संगठन नहीं है, बल्कि खुलकर काम करता है। सरकार जानती है कि संघ का अस्तित्व है। पूरी खबर पढ़ें… 7 फरवरी: भागवत बोले- संघ कहे तो पद छोड़ दूंगा, कोई भी हिंदू RSS प्रमुख बन सकता है; सावरकर को भारत रत्न देने से पुरस्कार की गरिमा बढ़ेगी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि यदि संघ उनसे पद छोड़ने को कहेगा, तो वे तुरंत ऐसा करेंगे। आमतौर पर 75 साल की उम्र के बाद किसी पद पर नहीं रहने की परंपरा की बात कही जाती है। RSS प्रमुख ने कहा कि सरसंघचालक बनने के लिए क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र या ब्राह्मण होना कोई योग्यता नहीं है। जो हिंदू संगठन के लिए काम करता है। वही सरसंघचालक (RSS प्रमुख) बनता है। पूरी खबर पढ़ें… —————- ये खबर भी पढ़ें… भागवत बोले- संघ की शाखा में मुस्लिम-ईसाई भी आते हैं:हम नहीं पूछते- कौन क्या है; संघ में भगवा रंग गुरु, तिरंगे का भी बहुत सम्मान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के चीफ मोहन भागवत ने कहा कि संघ की सोच समावेशी है। शाखा में मुस्लिम भी आते हैं, ईसाई भी आते हैं और हिंदू भी आते हैं। हम यह नहीं पूछते कि कौन क्या है। हम सब भारत माता के पुत्र हैं। यही संघ की कार्यशैली है। पूरी खबर पढ़ें…

श्याम-नगर में दो कारों की भिड़ंत, हादसे में लोग घायल:आमने- सामने से टक्कर से एक कार पलटी, पुलिस ने शुरू की जांच

राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित निर्वाण नगर इलाके में बुधवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार लोगों को चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल एक कार का नंबर UP 16 DP 0726 और दूसरी कार का नंबर RJ 45 CS 1664 है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और उनमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और किसी पक्ष की लापरवाही तो इसका कारण नहीं थी।

पूर्व संयुक्त-आयुक्त राजीव गर्ग पर ACB का एक और शिकंजा:आय से 98.55% अधिक संपत्ति का मामला दर्ज, 3 लाख की रिश्वत ट्रैप के बाद जांच में खुली करोड़ों की अवैध संपत्ति

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रतापगढ़ में संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र रहे राजीव गर्ग के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का एक और मामला दर्ज किया है। ब्यूरो की जांच में राजीव गर्ग के पास उनकी वैध आय से 98.55 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, ACB ने अगस्त 2024 में राजीव गर्ग को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद उनके ठिकानों पर तलाशी और वित्तीय दस्तावेजों की जांच की गई। इसी दौरान आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य सामने आए। जांच में पाया गया कि राजीव गर्ग के पास उनकी ज्ञात वैध आय से 98.55 प्रतिशत अधिक, यानी 1 करोड़ 73 लाख 64 हजार 893 रुपये की अवैध परिसंपत्तियां हैं। इस आधार पर ACB ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का अलग मुकदमा दर्ज किया है। ACB के अनुसार अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रतन सिंह राजपुरोहित करेंगे। जांच के दौरान राजीव गर्ग की संपत्तियों के स्रोत, निवेश, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जाएगी। ACB का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

झोटवाड़ा में गैराज पर फायरिंग से मची अफरा-तफरी:लेन-देन के विवाद में दो हवाई फायर, वारदात के बाद कार में फरार; पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में

राजधानी के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में संचालित एक गैराज पर फायरिंग होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और गोली किसी को नहीं लगी। सूचना मिलते ही झोटवाड़ा थाना पुलिस और वेस्ट जिले की डीएसटी टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार निवारू रोड पर जितेन्द्र शर्मा का महालक्ष्मी मोटर गैराज संचालित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनका दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के साथ लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 6 बजे दूसरे पक्ष से यश और अमन अपने कुछ साथियों के साथ गैराज पर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और झगड़े में बदल गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने कथित रूप से दो हवाई फायर कर दिए। अचानक फायरिंग होने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद सभी आरोपी एक कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग की घटना के पीछे लेन-देन का विवाद सामने आया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।