राष्ट्रीय युवा संसद में किशनगढ़ की कुसुमलता कुमावत सम्मानित:'बेस्ट मीडिया पर्सन' अवॉर्ड मिला, गृह राज्य मंत्री ने किया सम्मानित

किशनगढ़ क्षेत्र के सिलोरा गांव की कुसुमलता कुमावत ने राष्ट्रीय युवा संसद के तीसरे संस्करण में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट मीडिया पर्सन’ अवॉर्ड अपने नाम किया है। जयपुर नगर निगम में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से आए 35 प्रतिभागियों के बीच कुसुमलता ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से अलग पहचान बनाई। उनकी इस उपलब्धि से सिलोरा गांव के साथ पूरे अजमेर जिले में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कुसुमलता कुमावत को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कुसुमलता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर रखे प्रभावशाली विचार कार्यक्रम के दौरान कुसुमलता कुमावत ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने, सुशासन को बढ़ावा देने, नवाचार को अपनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। आईएएस बनकर देश सेवा करने का लक्ष्य कुसुमलता के भाई एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता कमल कुमावत ने बताया कि यह सम्मान पूरे परिवार, समाज और अजमेर जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कुसुमलता का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित होकर देश और समाज की सेवा करना है और वह इसी लक्ष्य के साथ लगातार मेहनत कर रही हैं। पिता ने सफलता का श्रेय मेहनत और अनुशासन को दिया सिलोरा में सिलाई का व्यवसाय करने वाले कुसुमलता के पिता अमरचंद कुमावत ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर लगन के दम पर कुसुमलता ने राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान हासिल किया है। उनकी इस सफलता पर परिवार, समाज के लोगों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *