हुडला में बेटे ने पिता की हत्या की:बाल्टी सिर पर मारी, मानसिक रूप से विक्षिप्त है आरोपी
महवा थाना क्षेत्र के हुडला गांव में एक बेटे ने अपने पिता की बाल्टी से वार कर हत्या कर दी। यह घटना रविवार शाम को हुई। आरोपी बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। थाना प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया- हुडला निवासी 55 वर्षीय नाथूराम बैरवा का बेटा अनिल कुमार बैरवा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। रविवार शाम को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान अनिल ने अपने पिता नाथूराम के सिर पर बाल्टी से जोरदार वार कर दिया। वार से नाथूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल महुवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना पुलिस जयपुर के अस्पताल पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

