ब्रेकिंग न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़ जिला कांग्रेस की पहली बैठक:बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर चर्चा की

कोटपूतली-बहरोड़ जिला कांग्रेस कमेटी की पहली बैठक सोमवार को हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की और जन समस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया जिला प्रभारी राजपाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया, इसे कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर ने घोषणा की कि जिले में जल्द ही संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर तक नई टीमों का गठन कर संगठन को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। गुर्जर ने कार्यकर्ताओं से निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने का आग्रह किया। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ये रहे मौजूद इस बैठक में जिला प्रभारी राजपाल शर्मा, सहप्रभारी सरलेश राणा, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, मुण्डावर विधायक ललित यादव, पूर्व विधायक महिपाल यादव, रामचन्द्र रावत, रामस्वरूप कसाना, बहरोड़ से कांग्रेस प्रत्याशी रहे संजय यादव, डॉ. आर.सी. यादव, पूर्व चेयरमैन उर्मिला योगी, पीसीसी सचिव जगदीश मीणा, विजय यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र पारीक, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष मेहरसिंह धनकड़, पूर्व चेयरमैन प्रकाश सैनी और प्रधान प्रतिनिधि कन्हैयालाल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सरकारी स्कूल का टीचर छात्रा से गलत हरकत करते पकड़ा:किराए के मकान के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुटी; परिजनों ने FIR की

चित्तौड़गढ़ के गांव में सरकारी स्कूल के एक टीचर पर अपनी ही स्कूल की नाबालिग छात्रा के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद गांव में हंगामा मच गया। गुस्साए ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और टीचर को पकड़ लिया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीचर को भीड़ से निकालकर अपने साथ थाने ले गई। छात्रा के परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने टीचर को पकड़ा टीचर इन दिनों जनगणना के काम में भी लगा है। इसी दौरान वह अपने किराए के मकान पर था। आरोप है कि वहां स्कूल की एक नाबालिग छात्रा भी पहुंची हुई थी और टीचर उसके साथ गलत हरकत कर रहा था। किसी तरह इसकी जानकारी गांव के लोगों तक पहुंच गई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने टीचर को मौके पर ही पकड़ लिया और उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। छात्रा के परिजनों ने दी रिपोर्ट घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को शांत कराया और टीचर को लोगों के बीच से निकालकर थाने ले गई। एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा ने बताया- छात्रा के परिजनों की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दी गई है। उसी के आधार पर मामला दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।

किशोरी ने फंदे से लटक कर किया सुसाइड:पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया

सलूंबर में जिले के एक गांव में सोमवार को 16 वर्षीय किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर सेमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेमारी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेमारी थाना अधिकारी हरिशंकर मीणा,हिम्मत सिंह ASI, धर्मवीर सिंह कनि, भानु प्रताप सिंह, सत्यपाल सिंह, भरत सिंहपुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर सीएचसी सेमारी की मॉर्च्युरी पहुंचाया। परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच सेमारी थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। किशोरी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डूंगरपुर में पुलिस-जनता का संवाद:कानून व्यवस्था मजबूत करने पर मंथन, सुने लोगों के सुझाव

डूंगरपुर कोतवाली थाना परिसर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन से सीधा जुड़ाव स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एएसपी खींव सिंह, पुलिस उपाधीक्षक हेरंब जोशी और कोतवाली सीआई हिमांशु राजावत सहित सभी सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा और सामान्य कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल के लिए सूचनाएं साझा करने के तरीकों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सामने रखा और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिस अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और उन पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच यह संवाद अपराध नियंत्रण और शांति बनाए रखने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

शटर तोड़कर चोरी करने वाली गैंग के सरगना को दबोचा:जेल से छूटते ही फिर सक्रिय हो जाते थे आरोपी; हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 3 दर्जन केस दर्ज

जयपुर की करधनी थाना पुलिस ने रात में बंद दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना दीपू बावरिया उर्फ पारली उर्फ टीकू उर्फ चूचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में यूज की गई सफेद रंग की कार भी जब्त कर ली है। गैंग के सदस्य जेल से छूटते ही फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देने लग जाते है। आरोपी करधनी थाना क्षेत्र के साथ-साथ जयपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पहले से करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं और कई थानों में स्थायी वारंट भी लंबित हैं। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 14 जुलाई को परिवादी अंकित सैनी ने करधनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 13 जुलाई की रात करीब 1:44 बजे तीन लोग सफेद रंग की i20 कार से आए थे। उनके साथ तीन अन्य युवक भी थे, जिन्होंने चेहरा ढक रखा था। आरोपियों ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। मामले में करधनी थाने पर मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों का रूट चार्ट तैयार किया और तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 जुलाई को दीपु बावरिया को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। जेल से छूटते ही फिर सक्रिय हो जाती थी गैंग थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि दीपु बावरिया पहले भी अपने साथियों के साथ लूट, नकबजनी, वाहन चोरी और चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर अपनी गैंग के साथ सक्रिय हो जाता था। गैंग रात के समय बंद दुकानों के शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसती थी और कीमती सामान चोरी कर उसे बेचकर रकम आपस में बांट लेती थी। करधनी, झोटवाड़ा, शाहपुरा और मुहाना समेत कई थानों में केस दर्ज पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपु बावरिया के खिलाफ करधनी, झोटवाड़ा, कालवाड़, भांकरोटा, मानसरोवर, मुहाना, शाहपुरा, फुलेरा, दौसा और जोधपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी, लूट, वाहन चोरी, बिजली चोरी, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 32 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ करधनी, झोटवाड़ा, शाहपुरा, मुहाना और अन्य थानों में स्थायी वारंट भी लंबित है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी थानाधिकारी सवाई सिंह का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

जयपुर ज्वेलरी शो को मिला नया नेतृत्व:राजीव जैन सर्वसम्मति से बने चेयरमैन, पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें

रत्न एवं आभूषण उद्योग के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व राजीव जैन ने इस क्षेत्र में दशकों तक उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान की हैं और कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके द्वारा संभाले गए प्रमुख पदों में जेम्स एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित, के पूर्व चेयरमैन, कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई), राजस्थान के चेयरमैन, म्यूजियम ऑफ जेम्स एंड ज्वेलरी, जयपुर के संस्थापक चेयरमैन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जेम्स एंड ज्वेलरी (IIGJ), जयपुर के पूर्व चेयरमैन शामिल हैं। राजीव जैन अब विमलचंद सुराणा का स्थान लेंगे, जिन्होंने पिछले 19 वर्षों तक जयपुर ज्वेलरी शो का सफल नेतृत्व किया। आयोजन समिति ने विमलचंद सुराणा के विशिष्ट नेतृत्व, उत्कृष्ट सेवाओं और जयपुर ज्वेलरी शो के विकास एवं विस्तार में उनके अमूल्य योगदान के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से जयपुर ज्वेलरी शो का संरक्षक (पैट्रन) मनोनीत किया है। साथ ही, इन नियुक्तियों के बाद जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें दिनेश खटोरिया को वाइस चेयरमैन, कमल कोठारी को सचिव, अजय काला एवं अशोक सिंघी को संयुक्त सचिव और डॉ. नवल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, जमकर किया हंगामा:पत्थर फेंके, पुलिस ने नीचे उतारा; पहले भी चढ़ चुका था

शहर में सिंटेक्स के पास एक शराबी पानी की टंकी पर चढ़ गया। शराबी ने जमकर हंगामा मचाया। ऊपर से पत्थर भी फेंके, लेकिन पुलिस ने ऊपर चढ़कर शराबी की नीचे उतारा ओर ले गए। इससे पहले भी शराबी टंकी पर चढ़ा था। जिसे डेरे पर रहने वाले लोगों ने नीचे उतारा था, लेकिन वह वापस चढ़ गया। दरअसल विक्रम नाथ पुत्र भंवर नाथ निवासी विजयपुरा डेगोट राजसमंद सिंटेक्स के पास ही तम्बू डालकर डेरे में रहता है। सोमवार शाम के समय वह शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया। जिसे तंबू में साथ रहने वाले लोगों ने नीचे उतारा, लेकिन कुछ देर बाद वह वापस टंकी पर चढ़ गया। टंकी के टॉप पर चढ़कर उसने जमकर हंगामा किया। शराबी थैले में पत्थर लेकर गया था। टंकी से वह पत्थर फेंकने लगा। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, बड़ी संख्या में लोग भी इकट्ठे हो गए, लेकिन वह टंकी के ऊपर से हंगामा करता रहा। पुलिस ने जोर चढ़कर उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे कोतवाली थाने ले गए। शराब के नशे में वह टंकी पर चढ़ना बताया जा रहा है।

कार पेड़ से टकराई, तीन लोग घायल:जन्मदिन मना रहे युवकों ने समय रहते बचाई जान, पहुंचाया अस्पताल

झालावाड़ शहर के निकट भवानीमंडी मार्ग पर ठंडी झिरी के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। संयोगवश, पास स्थित साईं मंदिर में जन्मदिन समारोह मना रहे तीन युवकों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की जान बचाई। उन्होंने घायलों को एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, कार सवार झालरापाटन की ओर से झालावाड़ आ रहे थे। अचानक ड्राइवर का वाहन बेकाबू हो गया और कार पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में भावेश मीणा, अनुराग यादव और अक्षय शर्मा नामक कार सवार घायल हुए। हादसे की सूचना मिलते ही, जन्मदिन समारोह में मौजूद अलफेज खान, अंकित गेहलोत और राहुल सूनम (निवासी रायपुर) तुरंत मौके पर पहुंचे। तीनों युवकों ने कार में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल झालावाड़ पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समय पर मिली मदद के कारण घायलों को शीघ्र इलाज मिल सका। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के बेकाबू होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

2 किलो 54 ग्राम गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार:पुलिस देखकर भागने लगा आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा

डीग की कुम्हेर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 2 किलो 54 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कुम्हेर थाना पुलिस टीम भटावली और नगला नवाब के बांध (डाकन मोरी) के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा लेकर आता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोरध्वज (44) पुत्र चंदराम, निवासी भटावली, थाना कुम्हेर, जिला डीग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक के कट्टे में रखा 2 किलो 54 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपी के पास गांजा रखने या परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस ने अवैध गांजा जब्त कर आरोपी मोरध्वज को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 52(1) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। कुम्हेर थाने में मुकदमा संख्या 503/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच खोह थाना प्रभारी शिवलहरी मीणा को सौंपी गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रमेश्वर सिंह और कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, मनोज कुमार तथा कुलदीप शामिल थे।

होटल-रिसोर्ट, लग्जरी विला में अवैध शराब की हो नियमित जांच:आबकारी कमिश्नर ने कहा- लक्ष्य पूरे नहीं हुए तो होगी कार्रवाई; विभाग की हुई प्रदेशस्तरीय बैठक

उदयपुर में आबकारी विभाग की प्रदेश स्तरीय बैठक सोमवार को हुई। बैठक में आबकारी कमिश्नर ने होटल-रिसोर्ट, लग्जरी विला में अवैध शराब की नियमित जांच करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि लक्ष्य पूरे नहीं किए गए तो कार्रवाई की जाएगी। उदयपुर के जिला परिषद सभागार में आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने चेतावनी दी कि जिन जिलों में राजस्व वृद्धि और विभागीय लक्ष्यों को पूरा नहीं किया जाएगा, वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क, नियमित समीक्षा और ठोस कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश देते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने पर जोर दिया। अवैध शराब पर अभियान तेज करने के निर्देश आयुक्त नमित मेहता ने कहा- राजस्व विभाग की प्राथमिकता है। सर्कलवार और दुकानवार नियमित समीक्षा कर राजस्व वसूली, बकाया राशि की वसूली और निरोधात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया जाए। कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों की माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग की जाएगी। अतिरिक्त आबकारी आयुक्तों को सर्कलवार और जिला आबकारी अधिकारियों को दुकानवार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त मेहता ने कहा- जिन जिलों में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई संतोषजनक नहीं है, वहां गिरफ्तारी और जब्ती की कार्रवाई बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा- दूसरे राज्यों से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाकर राजस्व लीकेज को कम किया जा सकता है। उन्होंने होटल, रिसोर्ट और लग्जरी विला में नियमित जांच अभियान चलाने तथा अवैध शराब के संबंध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। जिन क्षेत्रों से अवैध शराब की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। पुराने मामलों की निपटाने के निर्देश आयुक्त ने मुखबिर योजना के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण, 12 महीने से पुराने चालान और प्रकरणों का निपटारा, जब्त वाहनों की 15 अगस्त तक नीलामी, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान और लंबित अवमानना मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में विभाग में ई-ग्रास के स्थान पर रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम (आरएमएस) लागू करने की जानकारी भी दी गई। बैठक में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (नीति) प्रदीप सिंह सांगावत ने पीपीटी से जिलावार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान वित्तीय सलाहकार सुनीता विजय सहित प्रदेशभर के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी और निरोधक दल के अधिकारी उपस्थित रहे।