हाईकोर्ट एलडीसी-भर्ती परीक्षा-2022 में डमी-अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी पाने वाला गिरफ्तार:चार लाख रुपये देकर दिलवाई थी परीक्षा; चयन के बाद न्यायालय में मिली थी नियुक्ति, सरकारी सेवा से हो चुका है बर्खास्त

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी हासिल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पेपर लीक गिरोह के सरगना से चार लाख रुपये में सौदा कर अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाई थी और धोखाधड़ी कर एलडीसी पद पर चयनित हो गया था। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 का आयोजन 19 मार्च 2023 को हुआ था। मामले में गिरफ्तार आरोपी बृजेश कुमार मीणा (27) निवासी टिकरी जाफरान, तहसील महुवा, जिला दौसा है। पेपर लीक गिरोह के सरगना से किया था सौदा जांच में सामने आया कि आरोपी ने पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा से चार लाख रुपये में सौदा किया था। इसके बाद उसके स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाकर परीक्षा दिलवाई गई। परीक्षा का आयोजन दौसा के श्री रामकरण जोशी जीएसएसएस, लालसोट रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर हुआ था। डमी अभ्यर्थी ने दी परीक्षा, आरोपी बन गया एलडीसी एसओजी के अनुसार आरोपी ने डमी अभ्यर्थी के माध्यम से फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर परीक्षा दिलवाई और अनुचित लाभ प्राप्त करते हुए हाईकोर्ट एलडीसी पद पर चयनित हो गया। चयन के बाद उसकी नियुक्ति धौलपुर में एसीजेएम कोर्ट, बाड़ी में हुई थी। बाद में मामला उजागर होने पर न्यायालय ने उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया। पूछताछ में किया बड़ा खुलासा पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके स्थान पर महेंद्र कुमार नामक डमी अभ्यर्थी ने परीक्षा दी थी। फर्जी दस्तावेज और कूटरचित हस्ताक्षरों के जरिए नौकरी हासिल की गई थी। 6 जुलाई को हुई गिरफ्तारी मामले में एसओजी थाना, जयपुर में दर्ज मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहन चौधरी कर रहे हैं। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी बृजेश कुमार मीणा को 6 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी खुल सकते हैं राज एसओजी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *