गलती से कट्टे का ट्रिगर दबा, नदीम को लगी गोली:दोस्त को कट्‌टा देकर भेजा, खुद पहुंचा हॉस्पिटल, 18 घंटे पुलिस को किया गुमराह

गोली लगने से घायल हुए 21 साल के नदीम पर किसी ने गोली नहीं चलाई। नवलखा रोड पर भीड़ खड़े होने के दौरान गलती से देशी कट्‌टे का ट्रिगर दब गया। जिससे गोली उसकी जांघ में जाकर लग गई। उसके पास हथियार अवैध था। ऐसे में अपने दोस्त को कट्‌टा देकर भेज दिया और खुद इलाज के लिए हॉस्पिटल आ गया। पुलिस को गुमराह किया कि उस पर किसी ने गोली मारी है। लेकिन पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए शुक्रवार दूसरे दिन ही पूरा मामला खोल दिया तो आरोपी ने स्वीकार कर लिया। मामले में पुलिस ने उसके साथी फरदीन को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से देशी कट्‌टा बरामद किया। 18 घंटे तक पुलिस को किया गुमराह
बता दे कि पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी रहने वाले 21 साल के नदीम पुत्र शौकत अली को गुरुवार रात करीब दस बजे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसके जांघ में गोली लगी थी। डॉक्टरों ने एक्स-रे किया तो उसकी जांघ के अंदर की तरफ गोली धंसी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची मयजाप्ता मौके पर पहुंचे। जहां घायल ने बताया कि वह नवलखा रोड पर भीड़ में खड़ा था इस दौरान उसे किसी ने गोली लगी। किसने मारी पता नहीं। पुलिस को शुरू से ही शक था कोतवाल रवींद्र सिंह खींची ने जब आरोपी की पेंट देखी और तो पता चल गया था कि गोली बहुत नजदीक से चली है। लेकिन नदीम पुलिस को गुमराह करता रहा। आखिर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पूरा मामला खोला। जिसमें नदीम के दोस्त इंद्रा कॉलोनी निवासी 19 साल के फरदीन पुत्र मोहम्मद इस्माइल को गिरफ्तार कर उससे देसी कट्टा बरामद किया। आरोपी गलती से नदीम को गोली लगने के बाद कट्टा लेकर मौके से फरार हो गया था। घायल नदीम पर चार केस घायल नदीम पर पहले से चार केस दर्ज है। इसलिए वह अपने साथ देसी कट्टा रखता था। ताकि हमला होने पर मुकाबला कर सके। अवैध रूप से हाथियार रखने के मामले में पुलिस नदीम को भी हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने पर गिरफ्तार करेगी।

नशे की लत छिपाने के बजाय इलाज कराएं:एसपी ने की अपील- युवाओं को बचाने के लिए परिवार और समाज आगे आए

अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हनुमानगढ़ मेडिकल कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं में तेजी से बढ़ रही मेडिकल ड्रग्स और ‘चिट्टे’ की लत पर गहरी चिंता जताई गई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि देश विरोधी ताकतें युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने परिवार, समाज और प्रशासन से मिलकर इस चुनौती का मुकाबला करने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों का समय पर उपचार और काउंसलिंग कराने का आह्वान किया। नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने और नशे से दूर रखने की जिम्मेदारी परिवार और समाज दोनों की है। उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध कमाई से जुड़े लोगों को आदर्श नहीं बनाना चाहिए। यदि परिवार का कोई सदस्य नशे की चपेट में आता दिखाई दे तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेकर उपचार शुरू करवाना चाहिए। एएनटीएफ की कार्रवाई का दिया उदाहरण एसपी मीना ने बताया कि राज्य सरकार ने नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया है। यह टास्क फोर्स पूरे प्रदेश में लगातार कार्रवाई कर रही है। पश्चिमी राजस्थान में नशा तस्करी से अवैध कमाई करने वाले कई तस्करों की संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की जा चुकी हैं। नशे के दुष्प्रभाव और उपचार पर दी जानकारी कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान, उपलब्ध उपचार सुविधाओं और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। मानसिक रोग विशेषज्ञों ने नशे की लत के कारण, उसके दुष्प्रभाव, काउंसलिंग और उपचार की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास किसी भी नशा पीड़ित व्यक्ति की पहचान होने पर उसे उपचार और परामर्श के लिए प्रेरित करें। साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प कार्यक्रम के अंत में एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने सभी मौजूद लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति शेखावत, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी, भाजपा नेता अमित सहू, डॉ. भारतभूषण शर्मा, आशीष पारीक, कृष्ण तायल सहित चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ऐन केप प्रोजेक्ट में लापरवाही पर नाराज हुए निगम कमिश्नर:ठेकेदार का भुगतान रोका, कहा- घरों के बाहर से रैंप हटाकर ही लगाएं पेवर ब्लॉक

उदयपुर की सड़कों को बारिश में टूटने से बचाने के लिए ऐन केप प्रोजेक्ट का काम चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह योजना खुद मुसीबत बन रही है। नगर निगम कमिश्नर अभिषेक खन्ना शुक्रवार को जब मौके पर काम को देखने निकले, तो वे काम की खराब क्वालिटी देखकर अफसरों और ठेकेदार पर जमकर भड़क गए। कमिश्नर खन्ना ने रामपुरा चौराहा, सीपीएस स्कूल, न्यू भूपालपुरा, 100 फीट रोड, सेक्टर-3 बीएसएनएल ऑफिस और एफसीआई गोदाम इलाके में पेवर ब्लॉक के काम को देखा। उन्होंने मौके पर ही लापरवाह एजेंसी का पेमेंट रोकने और गड़बड़ी वाले काम को दोबारा शुरू करने के सख्त आदेश दिए। उनके साथ सुपरिटेंडेंट इंजीनियर मनीष अरोड़ा और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अखिल गोयल भी मौजूद रहे। कमिश्नर खन्ना ने जब मौके पर जाकर काम देखा तो उन्हें भारी तकनीकी कमियां मिलीं। उन्होंने देखा कि पहले भी सख्त निर्देश देने के बाद भी कुछ जगहों पर पेवर ब्लॉक का ढलान नालियों की तरफ नहीं रखा गया था। इसका सीधा मतलब यह था कि बारिश आते ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता। इस बड़ी लापरवाही को देखकर कमिश्नर ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया। उन्होंने अधिकारियों को साफ कह दिया कि गड़बड़ी करने वाली ठेकेदार कंपनी का पेमेंट तुरंत प्रभाव से रोक दिया जाए। जहां भी काम खराब हुआ है, उसे दोबारा सही तरीके से कराया जाए।
दौरे के समय कमिश्नर ने सड़कों पर जलभराव की एक और बड़ी वजह पकड़ी। कई लोगों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर पक्के रैंप बना रखे हैं। इसकी वजह से सड़क का ढलान बिगड़ रहा है और पानी रुक रहा है। कमिश्नर ने इंजीनियरों को सीधे निर्देश दिए कि इन सभी अस्थाई और अवैध रैंप को तुरंत हटाया जाए। इसके बाद ही वहां पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया जाए। ऐसा करने से बारिश का पानी सीधा नाली में चला जाएगा और सड़क पर जलभराव की नौबत नहीं आएगी।
कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने अधिकारियों को सख्त लहजे में समझाया कि जब सड़क पर पानी भरता है, तो डामर उखड़ जाता है। इससे सड़कें बार-बार टूटती हैं। सड़क टूटने से जनता परेशान होती है और निगम पर भी बार-बार मरम्मत का भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने साफ कहा कि काम की क्वालिटी में कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंजीनियरों को अब रोजाना मौके पर जाकर काम की मॉनिटरिंग करनी होगी, ताकि सारा काम तय नियमों के अनुसार समय पर पूरा हो सके।

झालावाड़ में श्रमिकों को कपड़े बांटे:भारत विकास परिषद ने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया, इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में कीर्तन

भारत विकास परिषद, शाखा झालावाड़ ने शुक्रवार को सेवा एवं सामाजिक सरोकार की भावना के तहत वस्त्र बैंक के माध्यम से वस्त्रों का वितरण किया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों में उत्साह देखा गया। परिषद के पदाधिकारियों ने शहर के निकट स्थित ग्राम पटपड़िया में मनरेगा कार्य में लगे श्रमिकों और प्राइम रेजिडेंसी, झालावाड़ में निर्माणाधीन भवन पर कार्यरत श्रमिकों को आवश्यक वस्त्र वितरित किए। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि वस्त्र बैंक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक उपयोगी कपड़े पहुंचाने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करने के साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। वस्त्र वितरण के दौरान श्रमिकों ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, ग्राम पटपड़िया में बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने और शिक्षा के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। परिषद सदस्यों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और उन्हें निरंतर स्कूल भेजने का आग्रह किया। इस सेवा कार्य में भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, शाखा अध्यक्ष डॉ. सीताराम पाटीदार, कोषाध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, कार्यक्रम संयोजिका राजुल गोयल, संस्कार संयोजक सालिगराम दांगी, रक्तदान प्रभारी सुमंत शर्मा, गिरिराज पाटीदार, सीए कौशल अग्रवाल, महिला सहभागिता संयोजक सरिता शर्मा, मनोज तथा ग्राम पंचायत कोलाना के सरपंच चंदर स्वामी सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने समाज के सक्षम लोगों से वस्त्र बैंक अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की। इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में भजन-कीर्तन झालावाड़ में निर्जला एकादशी के अवसर पर इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल, झालावाड़ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने भगवान विष्णु और बालाजी महाराज की आराधना की, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों से गूंज उठा। मंडल की अध्यक्ष मधु गुप्ता ने निर्जला एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में यह सबसे महत्वपूर्ण और कठोर व्रतों में से एक है। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को रखे जाने वाले इस व्रत में श्रद्धालु पूरे दिन जल ग्रहण किए बिना भगवान विष्णु की उपासना करते हैं। मान्यता है कि इस एक व्रत का पुण्य वर्षभर की 24 एकादशियों के व्रत के समान फलदायी होता है। कीर्तन के दौरान महिलाओं ने भगवान के मधुर भजनों का सामूहिक गायन किया। इस भक्तिपूर्ण आयोजन ने सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का समापन भगवान को भोग अर्पित करने और उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर मंडल की अध्यक्ष मधु गुप्ता, सचिव खुशबू माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष स्नेहा खंडेलवाल, राजदुलारी गोयल, निर्मला सोमानी, रानी झंवर, रुक्मणी गर्ग, नीलिमा अग्रवाल, ममता गुप्ता और विमला शर्मा सहित बालाजी महिला मंडल की कई सदस्याएं उपस्थित थीं। सभी सदस्यों ने ऐसे धार्मिक आयोजनों को आध्यात्मिक चेतना और आपसी सौहार्द बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

जयपुर का शुक्रिया करने आएंगे फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली:अलग-अलग सिनेमाघरों में फिल्म देख रहे दर्शकों से मिलेंगे, देशभर में चर्चा बटोर रही फिल्म

बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली शनिवार को अपनी चर्चित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को मिले शानदार समर्थन के लिए जयपुर पहुंचेंगे। वे अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को देखने पहुंचे दर्शकों से शहर के अलग-अलग सिनेमाघरों में मुलाकात करेंगे और फिल्म को लेकर उनकी प्रतिक्रियाएं जानेंगे। इस दौरान इम्तियाज अली शहर के विभिन्न आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स में जाकर दर्शकों से बातचीत करेंगे और फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स का भी जायजा लेंगे। देशभर में चर्चा का विषय बनी इस फिल्म को जयपुर से मिले खास प्यार के लिए निर्देशक का यह दौरा दर्शकों के साथ सीधे संवाद का अनूठा अवसर भी होगा। बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने ‘जब वी मेट’, ‘रॉकस्टार’, ‘हाईवे’, ‘तमाशा’ और ‘अमर सिंह चमकीला’ जैसी दिल को छू लेने वाली फिल्मों का निर्देशन किया है। इसके बाद से ही इम्तियाज अली चर्चाओं में आए थे। फिल्म रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा में है। खासकर इसकी भावनात्मक कहानी, संगीत और कलाकारों के अभिनय को खूब सराहा जा रहा है। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म ने दूसरे सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाई हुई है। कई प्रमुख मल्टीप्लेक्स में पहुंचकर दर्शकों से सीधे रूबरू होंगे इम्तियाज जयपुर विजिट के दौरान इम्तियाज अली शहर के कई प्रमुख मल्टीप्लेक्स में पहुंचकर दर्शकों से सीधे रूबरू होंगे। उनका कार्यक्रम पिंक स्क्वायर मॉल स्थित आईनॉक्स, ज्वैल ऑफ इंडिया मॉल के सिनेपॉलिस, वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी) स्थित सिनेपॉलिस, जवाहर सर्किल स्थित मिराज सिनेमा और देर रात वैशाली नगर स्थित पीवीआर मॉल ऑफ जयपुर में रखा गया है। हर सिनेमाघर में वे फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का शो देखने आए दर्शकों से बातचीत करेंगे, उनके अनुभव जानेंगे और फिल्म को मिल रहे रेस्पॉन्स का फीडबैक भी लेंगे। निर्देशक के इस इंटरैक्टिव दौरे को लेकर जयपुर के फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रिश्तों और जज्बातों की कहानी है ‘मैं वापस आऊंगा’ ‘मैं वापस आऊंगा’ एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा है, जिसकी कहानी प्रेम, बिछड़ने, यादों और वापसी की भावनात्मक यात्रा के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है, जो एक बार फिर अपने खास अंदाज की कहानी लेकर दर्शकों के सामने आए हैं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ शरवरी, वेदांग रैना और दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा मनीष चौधरी, राजत कपूर, अंजना सुखानी, संजय सूरी सहित कई कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इम्तियाज अली और नयनिका माहतानी ने लिखी फिल्म की कहानी फिल्म की कहानी इम्तियाज अली और नयनिका माहतानी ने लिखी है। सिनेमैटोग्राफी सिल्वेस्टर फोंसेका, एडिटिंग आरती बजाज, संगीत ए.आर. रहमान और गीत इरशाद कामिल ने दिए हैं। फिल्म का निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। संवेदनशील कहानियों के लिए पहचाने जाते हैं इम्तियाज अली इम्तियाज अली बॉलीवुड के उन फिल्मकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए रिश्तों, प्रेम और इंसानी भावनाओं को बेहद संवेदनशीलता से पर्दे पर उतारा है। जब वी मेट, रॉकस्टार, हाईवे, लव आज कल, तमाशा और चमकीला जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे अलग और प्रभावशाली निर्देशकों की कतार में खड़ा किया है। उनकी फिल्मों की खासियत गहरे भाव, खूबसूरत संगीत और यादगार किरदार माने जाते हैं।

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दूध लूटने की मची होड़:बाल्टी-बोतलों और पिकअप में ड्रम भरकर ले गए; ड्राइवर को झपकी आने पर पलटा टैंकर

जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर दूध से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसके ढक्कन की सील टूट गई और लोगों में दूध लूटने की होड़ मच गई। कोई बाल्टी तो कोई बोतल लेकर पहुंचा। हाल ये हो गया कि पिकअप में रखे ड्रम में लोग दूध भरकर ले गए। हादसा कोटपूतली-बहरोड़ के दहमी गांव में शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे हुआ। हादसे में टैंकर ड्राइवर गंभीर घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करवाया गया। पहले देखें घटना से जुडे़ PHOTOS… अब सिलेसिलेवार पढ़ें घटनाक्रम… 1. गुजरात से हरियाणा जा रहा था टैंकर बहरोड़ थाने के एएसआई ब्रजेश शर्मा ने बताया- शुक्रवार शाम को 30 हजार लीटर दूध से भरा टैंकर गुजरात के पालमपुर से हरियाणा के फरीदाबाद जा रहा था। इस दौरान NH-48 पर बहरोड़ के गांव दहमी गांव में ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे टैंकर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड की तरफ चला गया और नाले के पास पलट गया। 2. दूध बहने लगा, पहले ड्राइवर को हॉस्पिटल भेजा टैंकर के पलटते ही उसके ढक्कन पर लगी सील टूट गई और दूध बहने लगा। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। सबसे पहले पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से ड्राइवर श्यामलाल (48) निवासी बनारस, यूपी को बहरोड़ उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। श्मामलाल के सिर और पैर में गंभीर चोट आई थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। 3. बाल्टी, बोतल, कैन लेकर पहुंचे लोग टैंकर से लगातार दूध बहता देख लोग बाल्टी, बोतल और कैन लेकर मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और बहते दूध को बाल्टियों में भरकर ले जाने लगे। कुछ लोगों ने बाल्टियां और ड्रम भरकर पिकअप में रख लिए।

मनियां वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू:उद्घाटन मैच में कृष्णा मोटर्स ने दर्ज की जीत, 15 दिन तक होंगे मुकाबले

मनियां नगरपालिका क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सीओ खलील अहमद की मुख्य अतिथि में संपन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामकृष्ण यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीओ मनियां खलील अहमद ने स्टेडियम की पिच पर क्रिकेट खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। मंच संचालन हरदयाल कर्दम ने किया। उद्घाटन मैच पीएस मोबाइल (वार्ड 5-6) और कृष्णा मोटर्स (वार्ड 17-18) की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएस मोबाइल ने निर्धारित 12 ओवर में 100 रन बनाए। जवाब में कृष्णा मोटर्स ने एक विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए जीतू शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले में नरदेव कुशवाह और संदीप त्यागी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि कृष्णकांत त्यागी स्कोरर रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रदीप ठाकुर, बीपी पोसवाल, शाहरुख खान, विशाल पुंडीर, सत्यपाल ठाकुर, माजिद खान, बाबू कुशवाह, संदीप चंदेला, भोलू राजपूत, दीपक गुर्जर, सुधांशु सोनी और सारांश गुप्ता सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को 31 हजार रुपए और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।

झुंझुनूं के 55 शूटर्स ने प्री नेशनल के लिए क्वालीफाई:राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, अब देहरादून में दिखाएंगे निशानेबाजी

जयपुर के जगतपुरा स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में झुंझुनूं के शूटर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। चैंपियन स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी, झुंझुनूं के 55 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देहरादून में होने वाली प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
14 जून से चल रही है राज्यस्तरीय प्रतियोगिता राजस्थान राज्य खेल परिषद (RSSC) की ओर से जयपुर के जगतपुरा स्थित आरएसएससी ओएसिस शूटिंग रेंज में 14 जून से 24वीं राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप (एयर वेपंस, स्मॉल बोर राइफल और पिस्टल) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 29 जून 2026 तक चलेगी। राइफल और पिस्टल इवेंट्स में हुए कड़े मुकाबलों के बीच झुंझुनूं के खिलाड़ियों ने शानदार निशानेबाजी करते हुए क्वालिफिकेशन राउंड में अपनी जगह पक्की की। देहरादून में होगा अगला मुकाबला राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में क्वालीफाई करने वाले 55 शूटर्स अब देहरादून में आयोजित होने वाली ‘जसपाल राणा मेमोरियल इंडिया ओपन’ प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 13 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें राइफल, पिस्टल और पैरा शूटिंग इवेंट्स शामिल रहेंगे। खिलाड़ियों की नजर अब राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर झुंझुनूं और राजस्थान का नाम रोशन करने पर है। कोच ने खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा शूटिंग कोच सुशील दुलड़ ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने लंबे समय तक लगातार मेहनत और अभ्यास किया, जिसका परिणाम अब सामने आया है। इस उपलब्धि पर राजेश जानू सहित झुंझुनूं के कई नागरिक एकेडमी पहुंचे और प्री नेशनल के लिए क्वालीफाई करने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

रतनगढ़ में गर्म भट्टी पर गिरने से रसोइया झुलसा:रसोई से सामान लाते समय पैर फिसलने से हादसा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रतनगढ़ स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शुक्रवार को खाना बनाते समय एक रसोइया गर्म भट्टी पर गिरकर झुलस गया। रसोइया महावीर (50) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। नेपाल निवासी महावीर ने बताया कि वह फैक्ट्री में मजदूरों के लिए खाना बनाता है। शुक्रवार को भी उसने भट्टी पर खाना बना रहा था। रसोई से कोई सामान लेकर आते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गर्म भट्टी के कोयलों पर जा गिरा। इस घटना में उसकी कमर और पेट झुलस गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत महावीर को गर्म कोयलों से हटाया और निजी वाहन से रतनगढ़ के जालान अस्पताल पहुंचाया। वहां घायल का प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि, महावीर की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

36 लाख की अवैध शराब जब्त, 198 पेटी पकड़ी:पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही खेप पर संगरिया पुलिस का शिकंजा

हनुमानगढ़ की संगरिया थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही करीब 36 लाख रुपए मूल्य की 198 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। भारतमाला रोड स्थित नगराना टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान शराब से भरी पिकअप को पकड़ा गया। मौके से पिकअप ड्राइवर अनिल कुमार बिश्नोई (25), निवासी भादू गोयतो की ढाणी, जिला जालौर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गोपनीय सूचना पर की नाकाबंदी यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे नशा तस्करी विरोधी अभियान के तहत की गई। डीएसटी हनुमानगढ़ से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संगरिया थाना पुलिस ने भारतमाला रोड स्थित नगराना टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

198 पेटी शराब और पिकअप जब्त तलाशी के दौरान पिकअप में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने 198 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। मौके से ड्राइवर अनिल कुमार बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब से गुजरात भेजी जा रही थी खेप प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब का स्रोत क्या है, इसे किसके लिए भेजा जा रहा था और इस तस्करी में किन-किन लोगों की भूमिका है। पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।