रिटायर्ड जज से भरत की मां बोलीं-हत्यारों को फांसी हो:प्रशासन गुंडा है, SDM को भी फंदे से लटकाओ; विनोद कुमार ने मुठभेड़ वाली जगह देखी

भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा अपनी टीम के साथ भरत तिवारी के गांव बिलौटी पहुंचे। उनके साथ शाहबाद रेंज के DIG सत्य प्रकाश, भोजपुर के DM तनय सुल्तानिया, भोजपुर के SP राज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद हैं। रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा ने भरत तिवारी के माता-पिता और भाई से भी मुलाकात की है। साथ ही वारदात से जुड़े जगहों का निरीक्षण किया। विनोद कुमार सिन्हा से मुलाकात के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बताया, उन्होंने मुझसे कहा कि आप लिखकर दीजिए क्या चाहती हैं। मैंने जज साहब से कहा कि मेरे बेटे को को जिस-जिस ने मारा है, उसे फांसी होनी चाहिए।जिस SDM का मेरे बेटे की हत्या में हाथ था वो भी उनके साथ आया था। मैंने उनके सामने कहा कि इसे फांसी दो। प्रशासन गुंडा है, गुंडे का एक ही इलाज है फांसी। मुझे कोर्ट पर विश्वास है। CBI जांच होनी चाहिए। 17 जून को भरत तिवारी का एनकाउंटर हुआ था। परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस वालों पर FIR दर्ज कराई है। इसके बाद CM ने इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। अब मौके से आई कुछ तस्वीरें देखिए… एनकाउंटर के 8 दिन बाद परिवार से मिले भोजपुर SP इधर, एनकाउंटर के 8वें दिन जिले के एसपी राज भरत के परिजनों से मिले। भरत तिवारी के घर से एसपी दफ्तर की दूरी 28 किलोमीटर है। एसपी को 28 किलोमीटर की दूरी तय करने में 8 दिन का वक्त लग गया। बुधवार को रात के अंधेर में जिले के कप्तान दलबल के साथ भरत तिवारी के घर पहुंचे। करीब एक घंटे तक परिजन से मिले। इस दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि वह बोलने नहीं, बल्कि परिवार की पीड़ा और पक्ष सुनने आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी। मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बेटे की मौत के मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। आज बीजेपी एमएलसी पवन सिंह भरत तिवारी के घर वालों से मिलेंगे। इधर, बुधवार को भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में बिलौटी गांव में महापंचायत हुई। महापंचायत में शामिल लोगों का कहना था कि भरत तिवारी की जो मांग थी, उसे पूरा किया जाए, नहीं तो श्राद्धकर्म के बाद वे विधानसभा का घेराव करेंगे। भरत तिवारी के एनकाउंटर के सवाल पर सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि जो भी पुलिसकर्मी दोषी हैं, उनपर कार्रवाई होनी चाहिए। NDA सरकार में उनके परिवार को न्याय जरूर मिलेगा। पवन सिंह आज भरत तिवारी के परिवार से मिलने जाएंगे। भरत तिवारी एनकाउंटर केस में अबतक क्या-क्या हुआ ये खबरें भी पढ़िए… भरत एनकाउंटर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….

पंजाब CM वायरल VIDEO केस, चौथा खुलासा:फर्जी रिपोर्ट के ₹10 लाख देने के सबूत मिले; हरियाणा पुलिस लुधियाना CP-SP से पूछताछ कर सकती है

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जोड़े जा रहे सिख गुरूओं की फोटो पर शराब के छींटे वाले वीडियो की फर्जी रिपोर्ट मामले में चौथा खुलासा हुआ है। इस मामले में गुरुग्राम में केस दर्ज कराने वाले फॉरेंसिक एक्सपर्ट जसप्रीत जस्सी ने दावा किया था कि फर्जी रिपोर्ट के लिए 10 लाख रुपए में डील हुई। अब पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने इन्हीं 10 लाख के बैंक के लेन-देन के सबूत जारी किए हैं। मजीठिया का दावा है कि यह रकम इसी फर्जी रिपोर्ट के लिए दी गई। वहीं इस मामले में गुरुग्राम पुलिस जल्द लुधियाना के पुलिस कमिश्नर व DIG स्वपन शर्मा और SP जशनदीप गिल से पूछताछ कर सकती है। केस दर्ज कराने वाले जस्सी का दावा था कि इन्हीं दोनों अफसरों ने फर्जी रिपोर्ट के लिए गुरुग्राम के फाइव स्टार होटल क्राउन प्लाजा में सीक्रेट मीटिंग कर डील की थी। रिपोर्ट में भी मनचाहे करेक्शन कराए थे। हालांकि दैनिक भास्कर इन दावों की पुष्टि नहीं करता। CM से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट में अब तक के 4 बड़े खुलासे:- 1. सिरसा के बैंक खातों में डिपॉजिट हुए 10 लाख
अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने फर्जी रिपोर्ट तैयार के लिए 10 लाख रुपए के लेन-देन के सबूत का दावा किया। मजीठिया का दावा है कि एक अकाउंट में 18 जून को 7.50 लाख रुपए कैश डिपोजिट हुए हैं जबकि दूसरे में 2.5 लाख रुपए डिपोजिट हुए हैं। ये दोनों खाते सिरसा में ही हैं। 2. सीक्रेट मीटिंग से जुड़े 2 CCTV फुटेज
फोरेंसिक एक्सपर्ट जसप्रीत सिंह और पुलिस अफसरों की गुरुग्राम के होटल क्राउन प्लाजा में हुई मीटिंग की दो सीसीटीवी फुटेज सामने आई। दावा किया गया कि इसमें एक लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा हैं और दूसरे एडीसीपी जशनदीप सिंह गिल हैं। यह भी दावा किया गया कि यह मीटिंग CM के वीडियो मामले की जांच को प्रभावित करने और उनके पक्ष में फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करवाने के मकसद से की गई थी। 3. वॉट्सएप चैट आई सामने
SP जशन गिल पंजाब के नाम से मोबाइल में सेव एक नंबर की वॉट्सऐप चैट भी सामने आई है। दावा है कि यह चैट जसप्रीत सिंह के साथ हुई है। इसमें CM की वीडियो रिपोर्ट में बदलाव को लेकर बातचीत हो रही है। इसमें बकायदा रिपोर्ट से पूरे पैराग्राफ तक हटाने के लिए कहा जा रहा है। 4. CP और SP के होटल क्राउन प्लाजा के बिल
अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने गुरुग्राम के होटल क्राउन प्लाजा के बिल जारी किए हैं। मजीठिया का दावा है कि 15 जून से 17 जून तक होटल में कमरा बुक कराया गया। इसी दिन DIG (लुधियाना CP) स्वपन शर्मा और SP जशनदीप गिल होटल क्राउन प्लाजा पहुंचे। SP का रूम नंबर 3000 था। 15 से 16 जून तक DIG स्वपन शर्मा का रूम नंबर 3004 था। 17 जून को स्वपन शर्मा रूम नंबर 6004 में शिफ्ट हो गए। हालांकि, भास्कर इन बिलों की पुष्टि नहीं करता। CM भगवंत मान बोले- BJP खुद फंसी
फर्जी वीडियो रिपोर्ट के केस मामले में 24 जून को CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा कि जिन लैब में टेस्ट हुए उसके मालिकों को FIR की धमकी देकर डराया गया है। भाजपा खुद फंस गई है। यह मुझे धर्म वाली साइड से बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबरें भी पढ़ें… पंजाब CM वायरल VIDEO विवाद में 3 नए खुलासे, सीक्रेट मीटिंग की फुटेज, CP-SP के रूम बिल, वॉट्सऐप चैट सामने आई पंजाब के CM भगवंत मान से जोड़े जा रहे शराब के छींटे वाले वायरल वीडियो को लेकर बुधवार को 3 नए खुलासे हुए। गुरुग्राम में फर्जी रिपोर्ट का केस दर्ज कराने वाले फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने दावा किया कि पंजाब के बड़े अफसरों ने गुरुग्राम के पॉश इलाके में स्थित फाइव स्टार होटल क्राउन प्लाजा में एक सीक्रेट मीटिंग कर फर्जी रिपोर्ट तैयार कराई। (पढ़ें पूरी खबर) हरियाणा पुलिस का दावा- CM मान के वीडियो की रिपोर्ट फर्जी, ₹10 लाख में बनवाई पंजाब CM भगवंत मान ने जिन 2 लैब रिपोर्ट के जरिए खुद को विवादित वीडियो से क्लीन चिट दी थी, उसे हरियाणा पुलिस ने फर्जी करार दिया है। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में गुरुग्राम में 2 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

दिन में बॉडी मसाज, रात में 'स्पेशल सर्विस':कुख्यातों से किशोर बंदियों को नोंचवाते थे, 7 अफसर सस्पेंड, क्या जाएगी नौकरी, बेऊर की हैवानियत की कहानी

पटना के बेऊर जेल के अधीक्षक नीरज कुमार झा सहित 7 अफसरों को गृह विभाग ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। कार्रवाई 20 जून 2026 को जिला प्रशासन और कारा निरीक्षणालय की टीम की करीब 8 घंटे की औचक छापेमारी और जांच रिपोर्ट के बाद की गई है। रिपोर्ट में जेल के अंदर की हैवानियत को उजागर किया गया है। बेऊर जेल के अंदर किशोरों का कैसे शोषण होता था, अफसर पैसे के लिए क्या-क्या करते थे, जानेंगे, आज के एक्सप्लेनर बूझे की नाही में…। सवाल-1ः बेऊर जेल के अंदर क्या होता था? जवाबः बिहार पुलिस मुख्यालय की जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि जेल के भीतर एक ऐसा ‘नरक’ बना दिया गया था, जहां कानून के रक्षक (जेल अधीक्षक) ही भक्षक बन चुके थे और पैसों के लालच में इंसानी गरिमा और मानवाधिकारों का खुलेआम सौदा कर रहे थे। सिलसिलेवार तरीके से जानिए अंदर की कहानी… कुख्यातों से पैसा लेकर बंदियों से मालिश करवाते थे अफसर पैसा लेकर कुख्यात को देते हैं स्पेशल सर्विस जेल प्रशासन और कुख्यात अपराधियों के बीच एक गठजोड़ था। खूंखार बंदियों को जेल के अंदर विशेष सुविधाएं जैसे मोबाइल, अच्छा खाना, नशा की व्यवस्था करने के बदले पैसा लिया जाता था। पैसे के लिए बंदियों को करते थे टॉर्चर पैसा देने पर मनपसंद खाने की व्यवस्था मनमाने दामों पर सामान बेचते थे सवाल-2ः कैसे सामने आई बेऊर के अंदर की हैवानियत? जवाबः कुछ दिन पहले सहयोग पोर्टल पर कैदियों और बंदियों ने बेऊर जेल प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए ऑनलाइन आवेदन दिया था। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा। इसके बाद गृह सचिव कुंदन कुमार और जेल आईजी को जांच के निर्देश दिए गए। 20 जून को कारा मुख्यालय और पुलिस की टीम ने करीब आठ घंटे तक जेल में जांच की। सभी वार्डों का निरीक्षण हुआ। कैदियों, बंदियों से पूछताछ भी की गई। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि जेल की अव्यवस्थाएं अचानक नहीं हुई हैं। वे लंबे समय से संस्थागत रूप ले चुकी हैं। बंदियों के भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। सवाल-3ः सरकार ने आरोपियों पर क्या कार्रवाई की? जवाबः बेऊर जेल में कथित भ्रष्टाचार, शारीरिक शोषण और संगठित अनियमितताओं के मामले में जेल प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जेल अधीक्षक, उपाधीक्षक, चार सहायक अधीक्षक और एक उच्च कक्षपाल समेत कुल 7 अधिकारी-कर्मियों को निलंबित किया गया है। जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में नीरज कुमार झा को विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर भेजा गया है। इधर, नीरज झा ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। बेऊर जेल के उपाधीक्षक अजय कुमार को भी निलंबित किया गया है। उन्हें मंडल कारा सुपौल भेजा गया है। सहायक जेल अधीक्षक शालिनी को निलंबित कर मंडल कारा शिवहर भेजा गया है। सहायक अधीक्षक अभिषेक कुमार को निलंबित कर मंडल कारा भभुआ भेजा गया है। सहायक अधीक्षक कुंदन कुमारी को निलंबित कर मंडल कारा शेखपुरा भेजा गया है। वहीं, सहायक अधीक्षक मनीष ठाकुर को निलंबित कर मंडल कारा कटिहार भेजा गया है। नीरज पर जांच में सहयोग नहीं करने का भी आरोप सवाल-4ः क्या आरोपियों की नौकरी जा सकती है? जवाबः बिल्कुल। हालांकि, इसके लिए पहले इन पर FIR करनी होगी। सरकार ने अभी सिर्फ इनको निलंबित किया है। कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के मुताबिक, ऐसे गंभीर मामलों में निलंबन केवल पहला कदम होता है ताकि आरोपी अधिकारी अपने पद पर रहकर जांच को प्रभावित न कर सके। नीरज कुमार झा सहित बाकी अफसरों पर लगे आरोप, केवल विभागीय लापरवाही के नहीं हैं, बल्कि वे आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आते हैं। इसलिए उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य विशेष कानूनों के तहत तुरंत FIR दर्ज होनी चाहिए, क्योंकि…

री-नीट- 8 राज्यों से बिहार लाए गए 200 सॉल्वर:50 करोड़ तक की डील, कैंडिडेट्स को दूर बैठाकर देना था एग्जाम, NTA की सुरक्षा कैसे टूटी

री-नीट फर्जीवाड़े की परतें जैसे-जैसे ‎खुल रही हैं, वैसे-वैसे एक ऐसे सॉल्वर सिंडिकेट का चेहरा ‎सामने आ रहा है, जिसे MBBS के छात्र ‎चला रहे थे। केंद्र सरकार ने सख्ती बरतकर पेपर लीक होने से तो रोक लिया, लेकिन बिहार में मेडिकल के छात्रों ने NTA की सुरक्षा में सेंध लगा दी। सॉल्वर सिंडिकेट का सरगना मुजफ्फरपुर का अर्पित यादव है। उसने कोटा में पढ़ाई के दौरान तीन दोस्तों के साथ मिलकर गिरोह बनाया था। री-नीट-यूजी 2026 में बिहार में करीब 200 फर्जी परीक्षार्थियों के बैठाने की प्लानिंग थी। ये मेडिकल स्टूडेंट्स 8 राज्यों से बिहार बुलाए गए। जिनकी जगह पर पेपर देना था, उन कैंडिडेट्स से करीब 50 करोड़ रुपए तक की डील हुई। औसतन हर कैंडिडेट से 40 लाख रुपए लेने थे। ये चौंकाने वाले तथ्य लोकल पुलिस, EOU और अन्य जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में सामने आए हैं। री-नीट-यूजी 2026 में सॉल्वर गैंग ने कैसे फर्जीवाड़ा किया? किस तरह फर्जी परीक्षार्थी बैठाए? गैंग में कौन से लोग शामिल हैं? पढ़िए स्पेशल रिपोर्ट मेडिकल की तैयारी करने कोटा गया, बनाई सॉल्वर गैंग अर्पित ने राजस्थान के कोटा में सॉल्वर गैंग शुरू की थी। वह मेडिकल की तैयारी करने गया था। कोचिंग में उसकी दोस्ती मयंक कुमार, उर्फ अश्विनी कुमार, रंजीत कुमार और रवि शंकर से हुई। चारों ने मिलकर फर्जी परीक्षार्थी बैठाने का खेल शुरू किया। अपने गिरोह से कोटा में कई कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों को जोड़ लिया। खुद मेडिकल की तैयारी करने और बाद में MBBS के छात्र होने के चलते इन्हें आसानी से सॉल्वर मिल गए। री-नीट-यूजी 2026, गिरोह ने बुलाए 200 फर्जी परीक्षार्थी री-नीट फर्जीवाड़ा की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) और पुलिस कर रही है। सूत्रों के अनुसार पता चला है कि सॉल्वर गैंग ने बिहार में करीब 200 फर्जी परीक्षार्थियों को बुलाया था। इनमें से 9 परीक्षा के दौरान लखीसराय में पकड़े गए। एक हाजीपुर में पकड़ा गया। मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले कुल 12 छात्र पकड़े गए हैं। 8 राज्यों में फैला है गिरोह का नेटवर्क अब तक की जांच से पता चला है कि सॉल्वर गैंग का नेटवर्क आठ राज्यों में फैला है। बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और झारखंड में पढ़ रहे मेडिकल के छात्रों से इस गिरोह के शातिर संपर्क में हैं। इसमें अधिकतर बिहार के छात्र हैं। कुछ सॉल्वर दूसरे राज्यों के भी हैं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह बीते तीन साल से मेडिकल की परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठा रहा है। फर्जी निकला अर्पित यादव का पता गैंग के सरगना अर्पित यादव गया के ANMCH (अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल हॉस्पिटल) में MBBS फोरथ ईयर का छात्र है। उसने खुद को भगवानपुर थाना क्षेत्र के यादव नगर के पवन कुमार सिंह का बेटा बताया है। हालांकि, पुलिस जांच में उसका पता और पिता का नाम दस्तावेजों से मेल नहीं खाया। पता फर्जी निकला है। पुलिस को शक है कि अर्पित ने फर्जी दस्तावेजों से अपनी पहचान बनाई है। मोबाइल नंबर की जांच में संदिग्ध तथ्य मिले हैं। लखीसराय में फर्जी परीक्षार्थियों में पकड़ा गया विवेक कुमार भी गया के ANMCH में पढ़ता है। विवेक का नाम पहले ही सॉल्वर गैंग से‎ जुड़े मामले में सामने आ चुका है। 50 करोड़ से अधिक की डील, सॉल्वर को देते थे 15-20 लाख सॉल्वर गैंग ने परीक्षार्थियों से नीट-यूजी 2026 की परीक्षा पास कराने के लिए 30-40 लाख रुपए लिए। सूत्रों के अनुसार इस बार की परीक्षा में बिहार में सॉल्वर गैंग ने 50 करोड़ रुपए से अधिक का खेल किया था। गिरोह के लोग असली परीक्षार्थी की जगह फर्जी परीक्षार्थी या सॉल्वर को बैठाते थे। उन्हें एक बार परीक्षा में बैठने पर 15-20 लाख रुपए मिलते थे। इन चारों ने बनाई सॉल्वर गैंग 1- अर्पित सिंह: मुजफ्फरपुर का अर्पित सिंह पूरा नेटवर्क संभाल रहा था। असली परीक्षार्थियों से संपर्क करने, पैसे लेने, सॉल्वर चुनने और बायोमेट्रिक जांच एजेंसी को सेट करने में इसकी बड़ी भूमिका है। पुलिस ने मगध मेडिकल कॉलेज स्थिति हॉस्टल में अर्पित के रूम में छापेमारी की है। यहां से एक टैब मिला है। इसकी जांच की जा रही है। 2- अश्विनी कुमार उर्फ मयंक: अश्विनी PMCH में MBBS का छात्र है। पता चला है कि इसने गिरोह को कुछ अभ्यर्थी भी लाकर दिए थे। इसके लिए प्रति अभ्यर्थी 60 लाख रुपए में डील की थी। 25 लाख रुपए खुद लिए थे। अश्विनी लखीसराय के एक सेंटर में बायोमेट्रिक कर्मी बनकर घुसा था। फर्जी अभ्यर्थियों को प्रवेश दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अंदर बैठे परीक्षार्थियों की मदद कर रहा था। 3. रविशंकर: अर्पित के कहने पर काम करता था। इसने 2025 में नीट में अपनी पत्नी की जगह सॉल्वर को बैठाया, लेकिन वह पकड़ी गई। इस साल भी रविशंकर ने पत्नी की जगह सॉल्वर के रूप में पूनम को परीक्षा देने भेजा, लेकिन वह पकड़ी गई। 4. रंजीत कुमार: सॉल्वर गैंग के शुरुआती लोगों में से एक है। इसने अपने भाई संजीत कुमार की जगह मंतोष को सॉल्वर के रूप में परीक्षा केंद्र भेजा। पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाला मंतोष 21 जून को लखीसराय में परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार हुआ। 20-20 हजार में बिक गए बायोमेट्रिक एजेंसी के लोग सॉल्वर गैंग ने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में सेंध लगाकर असली अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोगों को बैठाने की कोशिश की। लखीसराय में 18 बायोमेट्रिक कर्मी गिरफ्तार किए गए हैं। छात्रों के बायोमेट्रिक जांच के लिए लगाए गए कई कर्मी 400 रुपए रोज के भुगतान पर रखे गए थे। सॉल्वर गैंग ने इन्हें प्रति फर्जी परीक्षार्थी 20-20 हजार रुपए दिए। ब्लैकलिस्ट कंपनी को मिला ठेका NTA ने री-नीट परीक्षा के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का ठेका ईडीसीआईएल को दिया था। ईडीसीआईएल ने यह काम ‘इनोवेटिव व्यू’ कंपनी को सौंप दिया। झारखंड और तमिलनाडु सरकार ने 2025 में और यूपी सरकार ने 2022 में ‘इनोवेटिव व्यू’ को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए ब्लैकलिस्ट किया था। इसके बाद भी बिहार में इस कंपनी को काम मिला। जांच के क्रम में पता चला है कि गिरोह ने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन एजेंसी को ही सेट कर लिया था। ऐसे रची गई बायोमेट्रिक हैक की साजिश री- नीट के दिन PMCH के 88 छात्र एबसेंट, विभाग ने जवाब मांगा
इधर, री-नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दौरान PMCH के 88 अनुपस्थित एमबीबीएस छात्र अब स्वास्थ्य विभाग की जांच के दायरे में हैं। विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए PMCH प्रशासन से इन छात्रों का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। इसमें नाम, रोल नंबर, बैचवार सूची, नामांकन रिकॉर्ड और अनुपस्थिति से जुड़ी जानकारी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई सूची में एमबीबीएस के 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के छात्र शामिल हैं। PMCH सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक 39 छात्र 2024 बैच के एबसेंट पाए गए। इसके अलावा 2023 बैच के 19 छात्र कॉलेज नहीं पहुंचे थे। शेष छात्र 2022 और 2025 बैच से संबंधित हैं। कई छात्रों ने गैर हाजिरी की कोई पहले से सूचना भी कॉलेज प्रशासन को नहीं दी थी। जानकारों का कहना है कि 2024 बैच के छात्र हाल में ही नीट परीक्षा पास कर मेडिकल कॉलेज पहुंचे हैं। इसलिए वे नीट के प्रश्न हल करने में अपेक्षाकृत अधिक सक्षम माने जाते हैं। इसके अलावा जांच में सामने आया है कि बिहार के नालंदा मेडिकल कॉलेज से दो छात्र गायब हैं। पुलिस उनको तलाश रही है। उनसे पूछताछ करेगी।

40 हजार में हथियार से लैस गार्ड,मर्डर भी करवा लीजिए:सिक्योरिटी एजेंसियों से डील; बोले- खान जैसा करना है तो हर गोली के 1000 लगेंगे

“गोली चलाने के लिए किसी से पूछना नहीं है। हमारे गार्ड्स गोली चलाने में एक्सपर्ट हैं। एक फायरिंग के लिए एक हजार रुपए देने होंगे। अगर कोई प्रॉपर्टी का डिस्प्यूट है तो वो भी कब्जा करा देंगे। जम्मू कश्मीर का हथियार है, गार्ड भी वहीं के हैं। किसी से डरने वाले नहीं, अगर किसी को उठाना भी होगा तो वह भी हो जाएगा। बिहार का जेठुली और फतुहा कांड नेट पर सर्च कर लीजिएगा, हमारे गार्ड्स ने ही दोनों कांड किए थे। आप बस सिक्योरिटी लीजिए, जैसा चाहेंगे वैसा होगा..।” ये दावा बिहार में सिक्योरिटी गार्ड मुहैया कराने वाली एजेंसी कर रही है। कोचिंग विवाद में फायरिंग के बाद खान सर के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स जेल में हैं। बिहार में प्राइवेट सिक्योरिटी के नाम पर चल रहे खेल को एक्सपोज करने के लिए दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम ने 50 से ज्यादा एजेंसी से गार्ड्स के लिए डील की। खुद को डॉक्टर बताकर रिपोर्टर ने जब सिक्योरिटी एजेंसियों से गार्ड की डील की तो 2 जून को हुई खान सर की कोचिंग जैसी फायरिंग के लिए एक हजार का रेट बताया गया। भास्कर इन्वेस्टिगेशन में पढ़िए बिहार में प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स के फायरिंग कराने से लेकर अपहरण कराने तक की पूरी डील। कैसे प्राइवेट गार्ड्स पर डिपेंड हो रहे लोग। भास्कर रिपोर्टर ने डॉक्टर का स्टाफ बनकर पटना में बाउंसर सर्विस चलाने वाले पुनदेव यादव से डील की। पुनदेव बिहार के किसी भी जिले में बाउंसर और गार्ड देने को तैयार हो गया। जानिए पुनदेव ने सिक्योरिटी को लेकर क्या प्लान बताया।
रिपोर्टर – बाउंसर सर्विस चाहिए। पुनदेव – कितने लोग चाहिए?
रिपोर्टर – आप बताइए, कितने लोगों का पैकेज है? पुनदेव – किसके लिए चाहिए?
रिपोर्टर – एक महिला डॉक्टर हैं, उनके लिए। पुनदेव – भइया, वो किस तरह की डॉक्टर हैं?
रिपोर्टर – बाहर से आती हैं, मरीजों की काफी भीड़ होती है। पुनदेव – कितनी भीड़ होती होगी?
रिपोर्टर – लगभग 2 से 4 हजार लोगों की भीड़ हो ही जाती है। पुनदेव – कितने दिनों के लिए आती हैं?
रिपोर्टर – महीने में 7 से 8 दिनों तक तो रहती हैं। पुनदेव – हो जाएगा।
रिपोर्टर – किस तरह से सुरक्षा दीजिएगा? पुनदेव – जैसे चाहिए, वैसे ही हो जाएगा।
रिपोर्टर – अगर फायरिंग की जरूरत पड़ी तो क्या कीजिएगा? पुनदेव – पहले मैनेज करेंगे, मामला शांत नहीं होता है तो फायरिंग की जरूरत पड़ेगी तो वह भी करेंगे। फायरिंग करने के लिए किसी से पूछना थोड़ी है।
रिपोर्टर – मतलब फायरिंग हो जाएगी ना? पुनदेव – हां, हो जाएगी, लेकिन शादी या कार्यक्रम में फायरिंग करने के लिए आदमी नहीं आता। हथियार से लैस गार्ड के लिए 4 हजार रुपए रोज के लगते हैं। अगर कोई अलग से फायरिंग करवाना चाहता है तो उसका अलग चार्ज होता है।
रिपोर्टर – फायरिंग का क्या चार्ज है? पुनदेव – एक फायर का 1 हजार रुपए चार्ज है।
रिपोर्टर – अगर 10 फायर हो जाएं तो? पुनदेव – उसके लिए परमिशन लेनी पड़ेगी।
रिपोर्टर – किससे परमिशन लेनी होगी? पुनदेव – थाने से परमिशन लेनी पड़ेगी।
रिपोर्टर – अगर अचानक कोई हमला हो जाए तो? खेसारी और पवन सिंह के पास हमारे गार्ड हैं, हथियार देखकर लोग भाग जाते हैं डील के दौरान पुनदेव ने बताया कि अचानक हमला होगा तो ऐसी स्थिति में सुरक्षा के लिए गार्ड फायरिंग कर सकते हैं। वैसे अगर आप सिर्फ बाउंसर रखेंगे तो भी काफी होगा, हथियार देखकर ही ज्यादातर लोग दूरी बना लेते हैं। आज तक मेरा रिकॉर्ड अच्छा रहा है। खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम पटना में हुआ था। जुलाई में भागलपुर में भी एक कार्यक्रम है। हम लोग ही मैनेज कर रहे हैं। पवन सिंह जैसे बड़े कलाकारों के कार्यक्रमों में भी हमारे गार्ड ही जाते हैं। ये कोई फर्जी या ऑनलाइन वाली कंपनी नहीं है, बल्कि रजिस्टर्ड है। जहां तक हवाई फायरिंग की बात है, हम सामान्य रूप से इसकी परमिशन नहीं देते। केवल गंभीर और विशेष परिस्थितियों में ही इसकी बात हो सकती है। वैसे प्रशासन से इसकी परमिशन मिलनी भी आसान नहीं होती। रिपोर्टर – क्या हथियार रखने के लिए परमिशन है?
पुनदेव – हां, कोई दिक्कत नहीं है। सुरक्षा के लिए थाने से परमिशन लेनी पड़ती है। बाकी सभी औपचारिकताएं कंपनी के जरिए पूरी की जाती हैं। रिपोर्टर – खर्च का बिल मिलेगा?
पुनदेव – हां, कंपनी की ओर से बिल दिया जाता है। कंपनी के पास GST, करंट अकाउंट, लाइसेंस और अन्य सभी जरूरी दस्तावेज हैं। रिपोर्टर – अगर एक्स्ट्रा पैसे दिए जाएं तो फायरिंग हो जाएगी?
पुनदेव – नहीं, हर्ष फायरिंग की अनुमति आसानी से नहीं मिलती। इसलिए नॉर्मल स्थितियों में यह संभव नहीं है, लेकिन बात कुछ बिगड़ती है तो फायरिंग की जाएगी। रिपोर्टर – ठीक है, मैं मैडम से बात करके आपको बताता हूं।
पुनदेव – ठीक है। पटना में प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले बिट्‌टू से भास्कर रिपोर्टर ने डॉक्टर बनकर डील की। बिट्‌टू ने बताया कि जैसी सिक्योरिटी चाहिए मिल जाएगी। रिपोर्टर – मैं पटना में डॉक्टर हूं, मुझे सिक्योरिटी चाहिए?
बिट्टू – कितने समय के लिए चाहिए? रिपोर्टर – 24 घंटे के लिए, मतलब हमेशा मेरे साथ सुरक्षा गार्ड रहें।
बिटूटू – कोई दिक्कत नहीं, हो जाएगा। रिपोर्टर – खाने-रहने की सब व्यवस्था देंगे।
बिट़्टू – ठीक है। रिपोर्टर – मेरे परिवार में जमीन का विवाद है, उसके लिए हमको अपने साथ 3 से 4 बॉडीगार्ड्स रखने थे। उन्हें घर की तरह रहना है जो बोला जाए वह करना होगा।
बिट्‌टू – हो जाएगा, कोई दिक्क्त नहीं आएगी। रिपोर्टर – बस अच्छे और वफादार लोग चाहिए, जरूरत पड़े तो फायरिंग वगैरह सब कर सकें।
बिट्‌टू – सामने वाली पार्टी परेशान कर रही है क्या? रिपोर्टर – विवाद है, लोग परेशान कर रहे हैं, तो उसके लिए गार्ड साथ में रखना जरूरी है।
बिट्टू – अच्छा, बिना हथियार वाले या बिना हथियार वाले गार्ड चाहिए? हथियार वाले में पैसे ज्यादा लगेंगे। रिपोर्टर – हथियार वाले चाहिए तब तो फायरिंग करेंगे, पैसे की कोई दिक्कत नहीं है।
बिट्‌टू – हो जाएगा, जैसा चाहिएगा वैसा ही होगा। रिपोर्टर – कोई इश्यू तो नहीं होगा ना?
बिट्‌टू – नहीं कोई दिक्कत नहीं होगी, सभी बाहर के आदमी रहेंगे? रिपोर्टर – हां, कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए, देखिएगा गार्ड सामने वाली पार्टी से नहीं मिल जाएं। जमीन खाली करा देंगे, गार्ड सब कुछ कर देंगे रिपोर्टर ने बिट्‌टू को बताया कि मेरी प्रॉपर्टी 25 करोड़ की है, जिसको खाली कराना है। बहुत दिक्कत है। लोग पीछे पड़े हुए हैं। इसलिए अगर कभी ऐसी जरूरत पड़े कि फायरिंग करनी है, किसी को मारना है, तो वो लोग कर सकें। ऐसे ही हवा में फायरिंग नहीं करना है। इस पर बिट्‌टू ने कहा, मार देना है? थोड़ा देर रुककर उसने कहा हो जाएगा, जैसी सिचुएशन होगी हो जाएगा। बिट्टू – मतलब मार देना है?
रिपोर्टर – हां? बिट्टू – सब हो जाएगा? फतुहा के जेठुली गांव में जो हुआ था, उसमें अपनी ही सिक्योरिटी लगी हुई थी।
रिपोर्टर – क्या हुआ था उसमें? बिट्टू – गोली चली थी 5 लोगों को लगी थी, 3 की मौत हुई थी?
रिपोर्टर – अच्छा, आपने ही करवाया था? बिट्टू – नहीं, मेरी सिक्योरिटी लगी थी वहां पर?
रिपोर्टर – जिन सिक्योरिटी वालों ने गोली चलाई थी उनका क्या हुआ? बिट्टू – बेल हुई, बेल पर बाहर हैं?
रिपोर्टर – हां, जो लोग मेरे साथ रहेंगे, उनका वीडियो फोटो भेज दीजिए? बिट्टू – हां, सब वॉट्सऐप नंबर पर भेज देंगे।
रिपोर्टर – अपने पैकेज और क्या फैसिलिटीज देते हैं, इसकी डिटेल भी भेज दीजिएगा। बिट्टू – ठीक है।
रिपोर्टर – अच्छा, मान लीजिए वो लोग फायरिंग करेंगे, तो मार देंगे या घायल करेंगे? रिपोर्टर – परिस्थिति जैसे होती है उसी हिसाब से काम होगा। रिपोर्टर – तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है ना? बिट्टू – इतना तो सबको थोड़ा-बहुत पता है, थोड़ी बहुत परेशानी होती है। अब फोन पर ज्यादा बात करना ठीक नहीं है।
रिपोर्टर – हम पटना आते हैं, आपसे मिल लेंगे। बिट्टू – देखिएगा ज्यादा बात बाहर ना जाए।
रिपोर्टर – ठीक है। बिट्टू – पटना से बाहर हमको थोड़ी दिक्कत आएगी, लेकिन पटना में कोई दिक्क्त नहीं होगी।
रिपोर्टर – बस काम करवा दीजिए, पैसे का कोई इश्यू नहीं है। बिट्‌टू – 15 मिनट से आधे घंटे में हम लोग पहुंच जाएंगे, सब संभाल लेंगे।
रिपोर्टर – हां, फिर तो सही है। रिपोर्टर – आप हमको बॉडीगार्ड्स की डिटेल्स दे दीजिए, पैकेज वगैरह दे दीजिए।
बिट्टू – बॉडीगार्ड्स यूपी और बिहार के रहेंगे या पंजाब के? रिपोर्टर – पंजाब के।
बिट्‌टू – हां, वह हर तरह का रिस्क ले लेंगे। रिपोर्टर ने खुद को डॉक्टर बताकर प्राइवेस्ट सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले एन राव से संपर्क किया। राव ने एक सिंगर के कार्यक्रम में 40 राउंड फायरिंग का दावा किया। रिपोर्टर – सिक्योरिटी के लिए बात करनी थी, क्या-क्या सुविधाएं हैं?
राव – हमारी कंपनी का पूरा सेटअप है, गूगल पर भी जानकारी उपलब्ध है। मंत्रालय से अप्रूव्ड है। रिपोर्टर – हमें अपने लिए गार्ड चाहिए थे, रेट वगैरह क्या है आपका?
राव – कहां के लिए चाहिए? रिपोर्टर – प्रॉपर पटना के लिए ही चाहिए।
राव – किस तरह के गार्ड चाहिए, हथियारबंद या बिना हथियार वाले? रिपोर्टर – दोनों के बारे में बताइए।
राव – 24 घंटे की ड्यूटी के लिए चाहिए? रिपोर्टर – जी, 24 घंटे के लिए दो लोग चाहिए।
राव – ठीक है, आप अधिकतम कितना बजट रख सकती हैं? रिपोर्टर – पहले आप ही बता दीजिए क्या बजट आएगा, हथियार के साथ चार्ज क्या होगा?
राव – बिना हथियार वाले गार्ड का पैकेज लगभग 25 से 30 हजार है। रिपोर्टर – पटना से बाहर के लिए गार्ड का क्या रेट है?
राव – अगर ऑल इंडिया लाइसेंस वाले हथियारबंद गार्ड चाहिए तो 45 हजार से कम नहीं होगा, बड़े हथियार वाले गार्ड 50 से 55 हजार रुपए के बीच आते हैं। वे 24 घंटे आपके साथ रहेंगे। रहने और खाने की व्यवस्था आपको करनी होगी और महीने में 4 छुट्टियां रहेंगी। रिपोर्टर – अगर कभी जरूरत पड़े, जैसे हवाई फायरिंग करनी पड़े, तो क्या गार्ड करेंगे?
राव – संबंधित थाने को पहले सूचना सूचना दी जाती है। जान-माल के खतरे की जानकारी भी दी जाती है। गार्ड केवल बचाव के लिए फायरिंग करेंगे। किसी की जान नहीं लेंगे, जरूरत पड़ने पर हवाई फायरिंग कर हमलावरों को भगाने की कोशिश करेंगे। रिपोर्टर – लाइसेंस बिहार का होगा या ऑल इंडिया?
राव – दोनों तरह का लाइसेंस उपलब्ध कराया जा सकता है। रिपोर्टर – वेरिफिकेशन कौन कराएगा?
राव – अगर आपकी पहचान वहां है तो आप जानकारी दे सकती हैं। बाकी जरूरी कागजात हम तैयार कर देंगे। रिपोर्टर – गार्ड पूरी तरह ट्रेंड रहते हैं?
राव – जी, सभी प्रोफेशनल और ट्रेंड गार्ड होते हैं। रिपोर्टर – झारखंड और बिहार में काम है, इसलिए कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। सुरक्षा के लिए गार्ड चाहिए।
राव – इसमें कोई दिक्कत नहीं, हम थाने को सूचना देकर ही गार्ड उपलब्ध कराते हैं। अभी भी कई बिल्डरों और अन्य लोगों को हमारी कंपनी सुरक्षा दे रही है। रिपोर्टर – गार्ड का भुगतान कैसे होगा? आयकर या किसी विभाग को टैक्स देना होगा?
राव – नहीं, भुगतान हमारी कंपनी को होगा। कंपनी की ओर से आपको बिल दिया जाएगा और वहीं से गार्डों का भुगतान किया जाएगा। फायरिंग में हमारे गार्ड पीछे नहीं हटेंगे डील के दौरान राव ने दावा किया कि फायरिंग में उनके गार्ड पीछे नहीं रहेंगे। जब भी जरूरत पड़ी वह फायर करने को तैयार होंगे। रिपोर्टर- मतलब गार्ड किसी पर भी गोली चला सकते हैं।
राव- अगर मालिक पर हमला हो जाए तो गार्ड किस सीमा तक सुरक्षा देते हैं। सिक्योरिटी का काम ही व्यक्ति और उसकी संपत्ति की सुरक्षा करना है। लेकिन हम किसी को धमकाने, जमीन कब्जाने या गैरकानूनी काम के लिए नहीं जा सकते। रिपोर्टर – उस फायरिंग वाले मामले में बाद में कोई दिक्कत हुई थी?
राव – अगर कोई हमला करता है तो गार्ड जवाबी कार्रवाई करते हैं। घटना के बाद पुलिस पहले मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर जांच करती है। दस्तावेज और परिस्थितियों की जांच के बाद अगर ये साबित होता है कि कार्रवाई आत्मरक्षा में हुई थी, तब उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होती है। रिपोर्टर – पटना में किन नेताओं को सुरक्षा दी है?
राव – हम हर किसी का नाम सार्वजनिक नहीं करते, जो हमसे गार्ड्स लेते हैं हम उनकी गोपनीयता बनाए रखते हैं। रिपोर्टर ने डमी डॉक्टर बनकर पटना के WTEC सिक्योरिटी एजेंसी के निर्भय से डील की। निर्भय ने भी सुरक्षा गार्ड्स के सहारे कुछ भी करने का दावा किया। रिपोर्टर – मेरा क्लिनिक शुरू होने वाला है, सुरक्षा के लिए गार्ड रखना चाहती हूं।
निर्भय – हां, ठीक है, छोटे हथियार या बड़े हथियार वाले गार्ड चाहिए? रिपोर्टर – दोनों का रेट बताइए और यह भी कि वे कहां के हैं और कैेस सुरक्षा देते हैं।
निर्भय – अगर एक गार्ड चाहिए तो 50 हजार लगेंगे। रिपोर्टर – अगर दो राइफलधारी गार्ड रखेंगे तो?
निर्भय – एक लाख लगेंगे। रिपोर्टर – अगर कभी फायरिंग करनी पड़ी तो वे लोग करेंगे?
निर्भय – हां, हो जाएगा, जैसी जरूरत होगी, वैसा गार्ड करेंगे। रिपोर्टर – अच्छा, उनका लाइसेंस होता है?
निर्भय – बिना लाइसेंस का कोई नहीं होता। रिपोर्टर – कहां-कहां के गार्ड हैं?
निर्भय – सभी जगह के होते हैं, हमारे पास सबकी डिटेल रहती है। आप किस विभाग की डॉक्टर हैं? रिपोर्टर – स्किन की डॉक्टर हूं, झारखंड में मेरे दो सेंटर हैं। अब पटना में भी शुरू करना है।
निर्भय – बिहार में पहली बार शुरू कर रही हैं? रिपोर्टर – बिहार में क्राइम ज्यादा है, कुछ पर्सनल दिक्कत भी है। कभी फायरिंग जैसी स्थिति आ जाए या कोई बड़ी समस्या हो जाए, तो क्या वे फायरिंग करेंगे?
निर्भय – वह तो समय पर निर्भर करेगा। भास्कर रिपोर्टर ने डमी डॉक्टर बनकर जब पटना के इंटेलिजेंस सिक्योरिटी के अमित से बात की तो उन्होंने भी सुरक्षा को लेकर कई बड़े-बड़े दावे किए। बताया कि उनके पास रिटायर्ड जवानों की टीम हैं जो गोली चलाने में एक्सपर्ट हैं। रिपोर्टर – सिक्योरिटी के लिए बात करनी थी?
अमित – पटना के लिए चाहिए? रिपोर्टर – जी, एक बार हमें थोड़ी डिटेल्स जाननी थी कि आपकी क्या-क्या सुविधाएं हैं, क्या रेट है।
अमित – यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपको किस प्रकार की सुरक्षा चाहिए। रिपोर्टर – 24 घंटे के लिए चाहिए।
अमित – 24 घंटे के लिए कम से कम दो गार्ड रखने होंगे, 12-12 घंटे की ड्यूटी में। रिपोर्टर – कोई दिक्कत नहीं है, हथियार वाले ही चाहिए।
अमित – आपको अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गार्ड चाहिए। रिपोर्टर – पहले से कुछ केस है, कुछ लोग पीछे पड़े हैं। गार्ड ऐसे ट्रेंड हों जो फायरिंग भी कर सकें।
अमित – जो भी हथियारबंद गार्ड होते हैं, उनके पास लाइसेंस होता है। जरूरत पर सब काम करते हैं। रिपोर्टर – उनका क्या चार्ज रहेगा?
अमित – एक हथियारबंद गार्ड के लगभग 40 हजार रुपए महीने लगेंगे। रिपोर्टर – दोनों गार्ड का मिलाकर?
अमित – नहीं, एक गार्ड का 40 हजार, 24 घंटे सुरक्षा चाहिए तो दो गार्ड रखने होंगे। रिपोर्टर – मतलब 24 घंटे के लिए करीब 80 हजार रुपए महीने के देने होंगे।
अमित – जी हां, एक गार्ड 12 घंटे ड्यूटी करेगा, दूसरे गार्ड की अलग ड्यूटी होगी। रिपोर्टर – जो गार्ड आप देंगे, उनका पुलिस वेरिफिकेशन हमें कराना होगा या आप लोग कराएंगे?
अमित – पुलिस वेरिफिकेशन कराकर ही हम आपको गार्ड उपलब्ध कराते हैं। रिपोर्टर – जो गार्ड होंगे, क्या वे रिटायर्ड सेना के जवान हैं या निजी तौर पर रखे गए लोग?
अमित – जरूरत के अनुसार दोनों तरह के देते हैं। अगर आप चाहें तो रिटायर्ड जवान दे देंगे। रिपोर्टर – अगर कभी हवाई फायरिंग की जरूरत पड़ जाए तो उसके लिए अलग से पैसा देना होगा?
अमित – नहीं, ऐसा कोई नियम नहीं है। लेकिन फायरिंग तभी होगी जब कानूनन आवश्यकता हो। सिर्फ किसी कार्यक्रम या दिखावे के लिए फायरिंग नहीं की जा सकती। रिपोर्टर – मतलब बहुत गंभीर स्थिति हो तो?
अमित – अगर जान का खतरा हो तब अलग बात है। रिपोर्टर – तब फायरिंग की जा सकती है ना?
अमित – हां रिपोर्टर ने बिहार में प्राइवेट सिक्योरिटी के बढ़ते दायरे और कारोबार की हकीकत जानने के लिए पटना की रिया सिक्योरिटी के मोहन से बात की। रिपोर्टर – मैं डॉक्टर हूं, मुझे अपने लिए गार्ड चाहिए।
मोहन – ठीक है, आपको महिला और पुरुष किस तरह के गार्ड चहीए, दोनों की सुविधा है। रिपोर्टर – पुराने मामले हैं और सुरक्षा को लेकर भी समस्या है। लोग परेशान कर रहे हैं।
मोहन – हथियार या बिना हथियार वाले गार्ड चाहिए? रिपोर्टर – हथियार और बिना हथियार वाले गार्ड के लिए क्या चार्ज करते हैं?
मोहन – सुरक्षा को देखते हुए, जिस तरह की व्यवस्था उसी तरह के पैसे लगेंगे। रिपोर्टर – जिन गार्ड्स के पास हथियार नहीं होता, उनका क्या रेट होता है?
मोहन – यह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। रिपोर्टर – 8 घंटे की ड्यूटी वाले गार्ड चाहिए, कितना देना होगा? ये ट्रेनिंग वाले हैं क्या?
मोहन – हमारे गार्ड ट्रेंड होते हैं। रिपोर्टर – हथियारबंद गार्ड चाहिए तो उनका क्या चार्ज होगा?
मोहन – उनका चार्ज अलग होता है, आप आकर मिलिए तो बाकी बातें हाेंगी। बिहार में प्राइवेट सिक्योरिटी के बढ़ते दायरे और कारोबार को लेकर रिपोर्टर ने डॉक्टर बनकर रामवीर सिंह सिक्योरिटी एजेंसी के रामवीर से बातचीत की। रिपोर्टर – गार्ड रखना चाहती हूं।
राजेश – हम सलाह देंगे, हथियार वाला गार्ड ले लिजिए? रिपोर्टर – जी, क्या चार्ज है और आप लोग कैसे काम करते हैं? कहां से ट्रेनिंग दी गई है?
राजेश – हमारे गार्ड ट्रेंड हैं, आर्मी के भी रिटायर्ड जवान भी मिल जाऐंगे। रिपोर्टर – पहली बार गार्ड रख रही हूं, इसलिए जानना चाहती हूं कैसे काम करते हैं?
राजेश – गार्ड 24 घंटे आपके साथ रहेगे। जरूरत पड़ी तो सुरक्षा के लिए हथियार भी चलाएंगे । रिपोर्टर – हमें दो हथियारबंद गार्ड चाहिए, उनका क्या चार्ज होगा?
राजेश – पहले आप अपना बजट बताइए। रिपोर्टर – आप ही बताइए कि सबसे अच्छी सुरक्षा व्यवस्था का क्या खर्च आता है?
राजेश – उनके पास हथियार रहते हैं। रिपोर्टर – हथियार काे कब चलाते है?
राजेश – सुरक्षा को लेकर, जब जरूरी होगा, तभी उसका इस्तेमाल किया जाएगा। रिपोर्टर – आपकी कंपनी बिहार की है या बाहर की?
राजेश – जी, बिहार की ही कंपनी है। रिपोर्टर – एक गार्ड के कितने पैसे लगेंगे?
राजेश – एक हथियारबंद गार्ड का 40 हजार के साथ 18 प्रतिशत GST लगेगा। रहने से लेकर खाने-पीने की व्यवस्था के साथ महीने में 4 छुट्टी भी देनी होगी। रिपोर्टर – क्या आप कुछ बड़े लोगों को भी सुरक्षा देते हैं?
राजेश – बहुत लोगों को सुरक्षा दे चुके हैं, सरकारी विभागों और कई बड़े प्रोजेक्ट्स में हमारे गार्ड्स लगे हैं। डॉक्टर्स, नेताओं या अन्य स्पेशल लोगों को भी सुरक्षा दी है? रिपोर्टर ने बिहार के एस के सिक्योरिटी के सोनू कुमार से बात की है। साेनू ने बिहार में प्राइवेट सिक्योरिटी की बढ़ती डिमांड के बीच बाहर से आने वाले गार्ड्स का पूरी गणित समझाया। रिपोर्टर – मैं एक डॉक्टर हूं, खतरे में हूं इसलिए सिक्योरिटी चाहती हूं।
सोनू – आपको बाउंसर चाहिए क्या? रिपोर्टर – चार लोग चाहिए, जो मेरे साथ रहेंगे। अगर कोई ऐसा व्यक्ति हो जिसके पास राइफल हो तो ठीक रहेगा? कभी जरूरत पड़े, फायरिंग करनी पड़े तो कर ले।
सोनू – वो सिक्योरिटी के लिए ही रहते हैं। रिपोर्टर – क्या?
रिपोर्टर – मतलब गोली चला देंगे, मार देंगे?
सोनू – हां, लेकिन सुरक्षा के लिए, दिखाना पड़ेगा कि खतरा था। रिपोर्टर – अगर गोली मारनी पड़े, तो कैसे मारेंगे? पैर में मारेंगे या कैसे करेंगे?
सोनू – कैसे मारना है या नहीं मारना है, यह बात नहीं है। आपको बचाना है तो सुरक्षा के लिए सब किया जाएगा। रिपोर्टर – अचानक से होगा ना, इसका तो कोई पहले से पता होगा नहीं?
सोनू – सेल्फ डिफेंस के लिए करना होगा, आपकी जान बचाने के लिए जो जरूरी होगा किया जाएगा। रिपोर्टर – मतलब गोली चलाएंगे, इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी? आपके पास कहां के गार्ड हैं?
सोनू – मेरे पास जम्मू-कश्मीर से भी हैं, बिहार से भी हैं, यूपी से भी हैं। रिपोर्टर – मतलब ट्रेंड लोग चाहिए, जो लंबे समय से काम कर रहे हों और जिन्हें काम का आइडिया हो।
सोनू – गार्ड के हिसाब से पैसे देने होंगे। रिपोर्टर ने जी सिक्योरिटी के जीवन कुमार से सुरक्षा गार्ड्स को लेकर बात की तो उन्होंने जेड प्लस की सिक्योरिटी देने का दावा किया। बताया कि जिस तरह की सिक्योरिटी चाहिए सब मिल जाएगी, पैसा दीजिए तो गार्ड की पूरी फौज लगा दी जाएगी। रिपोर्टर – सिक्योरिटी के लिए पूरा पैकेज बताइए, कितना लगेगा?
जीवन – परमानेंट चाहिए या कुछ समय के लिए? रिपोर्टर – हां, परमानेंट ही सिक्योरिटी चाहिए।
जीवन – 24 घंटे के लिए परमानेंट 20 फोर्स तक कर सकते हैं। एक के 35 हजार रुपए लगेंगे। रिपोर्टर – ठीक है, जेड प्लस सिक्योरिटी रहेगी ना?
जीवन – हां उसमें कोई दिक्कत नहीं है। रिपोर्टर – किसी विधायक या मंत्री को आपकी कंपनी ने गार्ड दिए हैं?
जीवन – हां, हम लोग देते ही रहते हैं, कई VIP को बड़ी सुरक्षा दी है। रिपोर्टर – बिहार में किसी को आपने सुरक्षा दी है क्या?
जीवन – बहुत लोगों को दी है। रिपोर्टर ने डॉक्टर बनकर जब लेडीज गार्ड सप्लायर जसवंत से बात की तो पता चला कि बिहार में ऐसी लेडीज गार्ड की डिमांड है जो समय पर गोलियां चला सकती हैं। रिपोर्टर – मैं एक डॉक्टर हूं, मुझे सिक्योरिटी के लिए गार्ड चाहिए।
जसवंत – लेडीज गार्ड या मेल गार्ड क्या चाहिए? रिपोर्टर – झारखंड में मेरा क्लिनिक है, अब पटना में भी काम कर रही हूं।
जसवंत – अच्छा, यहां भी सेंटर है। रिपोर्टर – यहां मेरा थोड़ा पुराना केस है, सेफ्टी को लेकर इश्यू है। विरोधी लोग परेशान करते हैं।
जसवंत – कोई दिक्क्त नहीं हो जाएगा, व्यवस्था बन जाएगी। रिपोर्टर – आपका रेट और हथियार वाले और बिना हथियार वाले गार्ड का क्या सिस्टम है?
जसवंत – आपके बारे में पूरी जानकारी ली जाती है, उसके बाद गार्ड दिया जाता है। रिपोर्टर – उनके पास हथियार तो होता है ना?
जसवंत – हां सब रहता है, यह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। रिपोर्टर – मंथली चार्ज क्या है? ट्रेनिंग मिली होती है? किस तरह के गार्ड देते हैं?
जसवंत – गार्ड 25 से 30 साल की उम्र के होते हैं, उन्हें ट्रेनिंग दी जाती है। रिपोर्टर – जिनके पास हथियार रहता है वो जरूरत पड़ने पर फायरिंग करते हैं ना?
जसवंत – हां अगर वैसी स्थिती बनती है तो फायरिंग भी करते हैं कोई दिक्कत नहीं है। खान सर की कोचिंग विवाद के बाद सुरक्षा एजेंसियों पर भास्कर की इन्वेस्टिगेशन खान और रौशन के बीच हुए कोचिंग विवाद के बाद सबसे अधिक चर्चा निजी सुरक्षा गार्डों की हुई। आरोप है कि रौशन के खिलाफ मामला मजबूत करने के लिए खान के गार्डों ने फायरिंग की थी। फायरिंग के आधार पर रौशन के खिलाफ केस दर्ज हुआ और पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। बाद में खान के निजी सुरक्षा गार्ड का फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद खान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गोली चलाने वाले निजी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना के बाद कोचिंग संस्थानों के साथ-साथ निजी सुरक्षा गार्ड भी चर्चा में आ गए। बिहार में निजी सुरक्षा सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में 12 से अधिक बाहरी एजेंसियां राज्य में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का काम कर रही हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के गार्डों की संख्या अधिक बताई जाती है। बिहार में बढ़ते निजी सुरक्षा कारोबार और एजेंसियों के नेटवर्क को लेकर दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम ने डमी डॉक्टर बनकर पड़ताल की। इस जांच में दावा किया गया कि कुछ निजी सुरक्षा गार्ड जमीन कब्जाने से लेकर अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम देने तक की बात कर रहे थे। भास्कर की पड़ताल में यह भी सामने आया कि कई मामलों में सुरक्षा गार्डों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से नहीं कराया जाता। किस व्यक्ति या संस्थान के पास कौन-से सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस के पास भी नहीं होती। कई एजेंसियों का कहना था कि वे पहले से ही रजिस्टर्ड हैं, इसलिए हर बार पुलिस को अलग से सूचना देने की जरूरत नहीं होती।

हिमाचल में मानसून की एंट्री में देरी के आसार:29 व 30 जून को भारी बारिश का अलर्ट, जून में अब तक 29% कम बारिश

हिमाचल प्रदेश में जून महीने में अब तक सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में 1 से 24 जून के बीच सामान्य तौर पर 71 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार अभी तक केवल 50.1 मिलीमीटर बादल बरसे हैं। वहीं, प्रदेश में मानसून की एंट्री को लेकर अभी कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। मानसून अपने तय समय से करीब चार दिन पीछे चल रहा है। IMD के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में भी मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना कम है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है IMD ने अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान 28 जून तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 29 और 30 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई है। इससे कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, सुंदरनगर में सबसे ज्यादा 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला में 9.6 मिलीमीटर और सोलन में 12 मिलीमीटर बारिश हुई। पहाड़ों पर मौसम सुहावना हुआ पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के असर से प्रदेश के कई शहरों के अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे देशभर से पहाड़ों पर पहुंच रहे टूरिस्ट सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। शिमला का पारा 4.3 डिग्री गिरा राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री की गिरावट के बाद 21.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, सोलन का तापमान 3.2 डिग्री कम होकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों में बारिश और खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

राजस्थान में तेज बारिश, पानी भरने से गाड़ियां फंसीं:यूपी में आंधी से पोल गिरे, कारें दबीं; दिल्ली में आंधी-बारिश, मानसून एमपी-गुजरात पहुंचा

देश के 6 राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। यूपी के आगरा में बुधवार को आंधी से सड़क किनारे खड़ी कारों पर पोल गिर गया। दो कारों का पिछला हिस्सा दब गया। राजस्थान के सीकर और चूरू के कई इलाकों में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे बाइक-कारें फंस गईं। दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बादल फटने से काचरंग नाला में बाढ़ आ गई। मुंबई में अंधेरी सब-वे में पानी भरने के बाद इसे अस्थाई तौर पर बंद किया गया था। विक्रोली वेस्ट में रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़े, जिसकी चपेट में आने से वाहनों को नुकसान पहुंचा। अरुणाचल प्रदेश में एक हफ्ते से हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को कीयी पन्योर जिले की नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 4 लोग लापता हैं और 18 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को मानसून ने 9 दिन की देरी से एंट्री की। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों में पहुंच चुका है। 5 जुलाई तक बाकी राज्यों को भी कवर कर सकता है। पहले मैप में देखिए, कहां तक पहुंचा मानसून… जुलाई-अगस्त में उमस रहेगी, कहीं ज्यादा बारिश, कहीं लंबा ब्रेक दिखेगा विश्व मौसम विज्ञान संगठन के सदस्य डॉ. पंकज कुमार के मुताबिक, सुपर अल नीनो में प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से काफी ज्यादा गर्म हो जाता है। इससे मानसून की गति, दिशा और निरंतरता प्रभावित हो सकती है। नतीजा यह होता है कि बारिश का पैटर्न असंतुलित हो जाता है। यही कारण है कि इस बार मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य के 90 से 92 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया जा रहा है। यानी प्रदेश के कुछ हिस्सों में ज्यादा बारिश हो सकती है, जबकि दूसरे क्षेत्रों में लंबे ब्रेक देखने को मिल सकते हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई और अगस्त जैसे सबसे ज्यादा बारिश वाले महीनों में भी लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए इस बार नजर सिर्फ मानसून की एंट्री पर नहीं, बल्कि इस बात पर रहेगी कि आने वाले हफ्तों में वह कितना सक्रिय बना रहता है। देशभर से बारिश की 5 तस्वीरें… 5 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2°C दर्ज किया गया। वहीं, यूपी के प्रयागराज में 43.4°C, राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42.5°C, एमपी के खजुराहो 41.2°C और बिहार के पटना में 40.6°C रहा। बिहार के मुजफ्फरपुर में गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों को 27 जून तक बंद कर दिया गया है। अगले 2 दिन के मौसम का हाल 26 जून: 27 जून: राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: 46 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, मानसून पूरे राज्य के अगले 2-3 दिन में कवर करेगा मध्य प्रदेश में दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में मानसून की एंट्री हो गई है। प्रदेश के बाकी हिस्सों को अगले 2 से 3 दिन में मानसून कवर कर लेगा। मौसम विभाग के अनुसार- गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में तेज बारिश, 26 जिलों में अलर्ट; मानसून के 3 दिन में आने की संभावना उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में आज बारिश और 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिन में मानसून यूपी पहुंच सकता है। यह 28 जून तक बिहार बॉर्डर से गोरखपुर-महराजगंज के रास्ते प्रदेश में एंट्री कर सकता है। 29 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: जयपुर, सीकर, भरतपुर, नागौर में 1 इंच तक बारिश, आज 25 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी राजस्थान में प्री-मानसून बारिश जारी है। आज 25 जिलों में गुरुवार को आंधी-बारिश का अलर्ट है। बुधवार को भरतपुर, जयपुर, नागौर, सीकर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में 1 इंच या उससे ज्यादा बारिश हुई। श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 42.5°C रहा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 13 जिलों में हीटवेव, 13 में बारिश का अलर्ट; 60kmph की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है बिहार के तिरहुत, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया और सारण ब्लॉक समेत 13 जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट है। राज्य में अभी प्री-मानसून बारिश हो रही है। साथ ही तेज गर्मी का भी असर है। मौसम विभाग ने पटना, दरभंगा समेत 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: मानसून में देरी के आसार, 29-30 जून को lभारी बारिश का अलर्ट; जून में अब तक 29% कम बारिश हिमाचल प्रदेश में जून महीने में अब तक सामान्य से 29% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 1 से 24 जून के बीच सामान्य तौर पर 71mm बारिश होती है, लेकिन इस बार अभी तक केवल 50.1mm बारिश हुई है। इस बार मानसून में भी देरी के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: पंजाब और चंडीगढ़ में 2 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट: जून के आखिर में मानसून के आसार पंजाब और चंडीगढ़ में आज और कल आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मानसून जून के अंत तक आ सकता है। वहीं, राज्य के तापमान में 0.7°C की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 41.6°C रहा। पूरी खबर पढ़ें…

खबर हटके- भालू बनने के लिए ₹14 लाख की नौकरी:छोटी दाढ़ी रखने पर उठा ले गई पुलिस; जेट जितनी तेज आवाज निकालने वाला शख्स

चीन का एक चिड़ियाघर इंसानों को भालू बनने के लिए 14 लाख रुपए की नौकरी दे रहा है। वहीं, अफगानिस्तान में छोटी दाढ़ी रखने पर 20 लोगों को हिरासत में लिया गया। उधर, ऑस्ट्रेलिया में एक शख्स ने जेट प्लेन जितनी तेज आवाज निकालकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। चीन में एक शख्स ने फ्लैट में 300 अजगर पाल रखे थे। वहीं, महाराष्ट्र में एक किसान बैल पर सवार होकर सरकारी ऑफिस में घुस गया। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

हाईकोर्ट ने SP-SDM कुल्लू की ट्रांसफर के आदेश दिए:जंगलों में रेव पार्टियों पर सख्त; ऑर्गेनाइजरों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज, प्रशासन पर सवाल

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कसोल के जंगलों में होने वाली रेव पार्टियों के मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुल्लू और संबंधित एसडीएम को ट्रांसफर करने के आदेश दिए है। यह आदेश रेव पार्टी के आयोजनकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं होने दिए गए है। अब यह मामला 6 अगस्त को दोबारा सुना जाएगा। चीफ जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया और जस्टिस बीसी नेगी की बैंच ने कहा कि जंगलों में इस तरह की पार्टियों का आयोजन नहीं होना चाहिए। इससे कानून व्यवस्था प्रभावित होती है। पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है। दरअसल, मई महीने में हाईकोर्ट ने इन पार्टियों के आयोजनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। आदेशों की अनुपालना नहीं होने पर कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। अश्लील डांस पार्टियों का मामला हाईकोर्ट कैसे पहुंचा… एनवायरमेंट प्रोटेक्शन सोसाइटी ने हाईकोर्ट में PIL डाली: हिमाचल एनवायरमेंट प्रोटेक्शन सोसाइटी ने एक साल पहले हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) डालकर इस तरह की पार्टियों के आयोजन और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जाहिर की है। याचिका में कहा गया है कि कुल्लू के अलग अलग क्षेत्रों में ऐसी पार्टियों का आयोजन हो रहा है। इन पार्टियों के वीडियो वेबसाइटों पर उपलब्ध है और खुलेआम ड्रग्स की उपलब्धता बताई गई। मीडिया में छपी खबर पर हाईकोर्ट सख्त: सोसाइटी की याचिका एक साल से हाईकोर्ट में विचाराधीन है। सरकार से पहले भी हाईकोर्ट जवाब तलब कर चुका है। इस बीच कुछ दिन पहले मीडिया में छपी खबर कोर्ट के ध्यान में लाई गई। जिसमे रिपोर्ट किया गया कि कसोल में 7 जून से 11 जून 2026 तक होने वाली रेव पार्टी का सोशल मीडिया में बड़े स्तर पर प्रचार किया जा है। इसमें बड़ी संख्या में चंडीगढ़, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा और इज़राइल से लोगों के आने के दावे किए जा रहे है। ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को आकर्षित करके पैसे कमाने के लिए तेज़ आवाज़ वाले संगीत के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। 10 से 16 हजार में बिकती है टिकटें: खबरों के अनुसार, रेव पार्टी के लिए टिकट की कीमत 10 हजार से 16 हजार रुपए तक रखी गई थी। इसमें देश के कई राज्यों और विदेशों से लोगों के पहुंचने की बात सामने आई थी। आयोजनकर्ताओं द्वारा इसका जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा था। इस पर कोर्ट ने संज्ञान लिया। जंगलों और होटल परिसर में भी होता है आयोजन कसोल के जंगलों और कई बार होटलों के भीतर व होटल परिसर में भी इस तरह की पार्टी का आयोजन होता है। इनमें अश्लील डांस के साथ नशा करते हुए लोग देखे जा सकते हैं। बीते सप्ताह भी एक विदेशी महिला डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई थी। तब बताया गया कि महिला की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। हालांकि, पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परमिशन लेकर होती है पार्टी इन पार्टियों का आयोजन बाकायदा प्रशासन की परमिशन से होता है। ज्यादातर रेव पार्टियां विदेशी लोग ऑर्गेनाइज करते हैं और परमिशन के लिए लोकल लोगों को आगे किया जाता है। लिहाजा प्रशासन भी लोकल लोगों को कल्चरल पार्टी की परमिशन देता है। मगर वहां कल्चरल पार्टी के बजाय अश्लील डांस और नशा परोसा जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में स्मोकिंग अश्लील डांस अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरेआम स्मोकिंग, अश्लील डांस के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन पर सोशल मीडिया यूजर ‘नग्नता, फूहड़ता, ड्रग्स और अश्लीलता परोसने को लेकर सरकार पर ही सवाल खड़े कर रहे हैं। कुल्लू के कसोल, जीभी, कलगा, मणिकरण, मलाणा, आदि क्षेत्रों में ऐसे दृश्य आम हो गए हैं। क्या होती रेव पार्टी? ऐसी पार्टी को कहा जाता है जिसमें आमतौर पर तेज इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक, डीजे, डांस और देर रात तक मनोरंजन होता है। ये पार्टियां अक्सर खुले स्थानों, क्लबों या निजी जगहों पर आयोजित की जाती हैं। कुछ रेव पार्टियां सामान्य संगीत और मनोरंजन कार्यक्रम होती हैं, लेकिन कई मामलों में इन पर नशीले पदार्थों के इस्तेमाल या अवैध गतिविधियों के आरोप भी लगते रहे हैं। इसलिए पुलिस और प्रशासन ऐसी पार्टियों पर निगरानी रखते हैं।

भास्कर अपडेट्स:कोलकाता गोदाम हादसे में मरने वालों आंकड़ा 9 पहुंचा, रेस्क्यू जारी

कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार शाम निर्माणाधीन गोदाम ढह गया था। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक एक घायल की हालत नाजुक है। 4 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री अधिकारी ने कल दावा किया था कि गोदाम के भवन नक्शे पर पूर्व मेयर और मंत्री फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में बस ने टैक्सी और 3 बाइक को टक्कर मारी, एक की मौत दिल्ली के नंद नगरी बस डिपो के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार बस ने पहले एक टैक्सी को टक्कर मारी और फिर तीन मोटरसाइकिल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तमिलनाडु- सरकारी अस्पताल में डिलीवरी तो नवजात को एक ग्राम सोने की अंगूठी मुफ्त मिलेगी तमिलनाडु के सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले स्थानीय निवासियों के बच्चों को राज्य सरकार एक ग्राम सोने की अंगूठी का तोहफा देगी। लड़का-लड़की, दोनों योजना के पात्र होंगे। परिवार में कितने भी बच्चे हों, अंगूठी हर नवजात को मिलेगी। मुख्यमंत्री विजय की सरकार ने थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना लागू करने का आदेश दिया है। शुरुआत 15 सितंबर 2026 (पूर्व सीएम अन्नादुरई की जयंती) से शुरू होगी। लाभ 22 जून 2026 (विजय के जन्मदिन) से जन्मे बच्चों को मिलेगा। एक ग्राम की अंगूठी का दाम 14,218 रुपए है। गौरतलब है कि सरकारी अस्पताल में डिलीवरी खर्च 1,364 रुपए है, जबकि निजी अस्पतालों में 63,000 रुपए से अधिक होता है। योजना लागू होने से अब महिलाएं सरकारी अस्पतालों का रुख करेंगी। SPG प्रमुख आलोक शर्मा का कार्यकाल 9 महीने बढ़ा, पीएम की सुरक्षा करती है SPG केंद्र सरकार ने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के प्रमुख आलोक शर्मा के कार्यकाल में 9 महीने का विस्तार कर दिया है। अब वे 31 मार्च 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे। आलोक शर्मा 1991 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें 17 नवंबर 2023 को SPG प्रमुख नियुक्त किया गया था। इस महीने 60 साल की आयु पूरी होने पर वे रिटायर होने वाले थे। SPG प्रधानमंत्री की सुरक्षा करती है।