पीएम मोदी करेंगे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्धाटन:4 जुलाई को आएंगे; मंत्री शेखावत बोले- हवाई चप्पल पहनने वाले हवाई जहाज में कर रहे सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का 4 जुलाई को उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जोधपुर दौरे में एयरपोर्ट पर यह जानकारी दी। शेखावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा- पीएम मोदी जोधपुर में आकर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की सौगात देंगे। नया टर्मिनल केवल जोधपुर ही नहीं, पूरे पश्चिचमी राजस्थान की एयर कनेक्टिविटी को मजबूती देगा। शेखावत ने कहा- देश में अर्थव्यवस्था के विकास होने से अब हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज की यात्रा कर रहा है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र मोदी सबसे पहले जोधपुर आएंगे। यहां एयरपोर्ट के टर्मिनल का उद्घाटन कर वे बाड़मेर के पचपदरा के लिए निकलेंगे। वहां पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन और जयपुर की मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास करेंगे। तैयारियां अंतिम चरण में, कल आएगी टेक्निकल टीम केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में कुछ टेक्निकल क्लियरेंस की प्रोसेस अंतिम चरण में है। इसे लेकर एक्सपर्ट टीम शनिवार तक नए टर्मिनल का निरीक्षण करेगी। टेक्निकल मंजूरी भी कल तक मिल जाएगी। इसके बाद रिवाइज्ड इंस्पेक्शन का प्रोसेस बाकी रहेगा, जो 4 जुलाई से पहले कर दिया जाएगा। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को नए टर्मिनल की शुरुआत करेंगे। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए टर्मिनल से हवाई यात्रा की सुविधा मिलने लगेगी। 37 एकड़ में तैयार किया गया नया टर्मिनल जोधपुर में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है। यह पुराने एयरपोर्ट से 6 गुना बड़ा है। इस पर लगभर 480 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा- पहले जो लोग हवाई यात्रा की कल्पना भी नहीं करते थे, वे आज विमान से सफर कर रहे हैं। बढ़ती यात्री संख्या के कारण पुराने टर्मिनल पर काफी दबाव था, इसलिए नए और आधुनिक टर्मिनल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नया टर्मिनल भवन यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा- यह प्रोजेक्ट न केवल जोधपुर, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान के विकास, पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पीएम मोदी-रिफाइनरी और मेट्रो फेस-2 का भी करेंगे उद्घाटन राजस्थान को 4 जुलाई को चार बड़ी सौगात मिलेगी। पीएम मोदी जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल के साथ रिफाइनरी का उद्घाटन और जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास भी करेंगे। पीएम की मौजूदगी में यमुना जल समझौते को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (MOA) भी होगा। इसके अलावा पीएम मोदी 45 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी देंगे। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

ग्रामीण क्षेत्रों में BSNL उपभोक्ताओं को मिलेगा सस्ता नेट:259 रुपए में ग्रामीण फाइबर योजना शुरू, 25 एमबीपीएस इंटरनेट और मुफ्त इंस्टॉलेशन मिलेगा

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भारतनेट कार्यक्रम के तहत 259 रुपए प्रतिमाह की ग्रामीण फाइबर एंट्री योजना शुरू की है। यह योजना भारतनेट के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों के लिए शुरू की गई है। योजना के जरिए फाइबर टू द होम (FTTH) तकनीक से हाई स्पीड ब्रॉडबैंड सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवार अपने घर में वाई-फाई कनेक्शन लगाकर डिजिटल सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। 25 एमबीपीएस स्पीड के साथ मिलेगी ब्रॉडबैंड सुविधा बीएसएनएल के जिला प्रबंधक वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि 259 रुपए प्रतिमाह की इस योजना में उपभोक्ताओं को प्रति माह 700 जीबी तक 25 एमबीपीएस स्पीड वाली एफटीटीएच ब्रॉडबैंड सेवा मिलेगी। इसके अलावा पूरे भारत में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत इंस्टॉलेशन और ओएनटी (मॉडेम) की सुविधा भी निशुल्क दी जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को बीएसएनएल वेव्स (Waves) ओटीटी का मुफ्त सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा। ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन जिला प्रबंधक ने बताया कि कनेक्शन बुक करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। इच्छुक उपभोक्ता ruralftth.bsnl.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद उपभोक्ता अपने कनेक्शन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800 4444 पर संपर्क कर सकते हैं। इसी नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए “Hi” भेजकर भी योजना की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। गांव-गांव तक डिजिटल भारत पहुंचाने का लक्ष्य जिला प्रबंधक वेदप्रकाश वर्मा ने कहा कि बीएसएनएल प्रत्येक ग्रामीण नागरिक को विश्वसनीय और हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना है कि कंपनी का उद्देश्य डिजिटल भारत के सपने को गांव-गांव तक पहुंचाना और ग्रामीण भारत को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है।

55-साल बाद मिली तो मारवाड़ी गानों पर थिरकती 170 सहेलियां:1965 से 1975 बैच का एल्युमिनाई मीट, स्कूल ड्रेस में पहुंची तीन दोस्त; बोली- बुढ़ापे में बचपन को जिया

पाली में शुक्रवार को डीजे पर मारवाड़ी गानों पर नाचती-गाती 60 से 72 साल की महिलाएं बच्चों की तरह थिरकती नजर आई। जिन्होंने भी इन्हें देखा वो एक बार ठहर गया। कुछ महिलाएं बन-ठनकर आई, तो कुछ स्कूल की ड्रेस में पहुंची। वहीं कुछ महिलाएं ग्रुप में बच्चों की तरह गेम खेलती नजर आई। मौका था एल्युमिनाई मीट। बालिया स्कूल की साल 1965 से 1975 बैच की पढ़ने वाली करीब 170 महिलाओं ने एक बार फिर से अपना स्कूली जीवन जीया। यह अनौखा आयोजन रोटरी क्लब में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के समय की यादों को ताजा किया। उन्होंने कहा- सालों बाद मिले है और बचपन की यादें एक बार फिर ताजा हो गई। सच कहे तो बुढ़ापे में बचपन को जीया है। 55 साल बाद मिले तो खिल उठे चेहरे शहर के रोटरी क्लब में हुए इस कार्यक्रम में बालिका स्कूल के पूर्व स्टूडेंट करीब 55 साल बाद मिले थे। संयोजक कमला बोहरा ने बताया- इस विशेष पुनर्मिलन में देश के विभिन्न शहरों से लगभग 170 पूर्व स्टूडेंट ने हिस्सा लिया। इनमें से कई सहेलियां तो ऐसी थी जो बचपन के बाद अब जाकर इस कार्यक्रम में मिली। उन्होंने बताया- कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली जीवन की मधुर स्मृतियों को वापस याद और बिछड़े दोस्तों को एक मंच पर लाना और आपसी संबंधों को मजबूत बनाना है। पुरानी तस्वीरों और वीडियो क्लिप्स दिखाए कार्यक्रम में सभी का परिचय सत्र हुआ। साथ ही पुरानी तस्वीरों और वीडियो क्लिप्स को दिखाया गया। इस दौरान उस दौर के अनुशासन, शिक्षण व्यवस्था और गुरुजनों के योगदान को भी याद किया गया। रेखा रतन कटारिया और चंद्रा मुथा ने कहा- इस आयोजन सैकड़ों किलोमीटर दूर से पूर्व स्टूडेंट पहुंचे। यह महज एक मिलन नहीं, बल्कि मित्रता, संस्कारों और यादों का उत्सव है। सास ने आइडिया दिया तो बनाया कार्यक्रम रेखा कटारिया ने बताया- उनकी सास रतन कटारिया ने एक दिन कहा- कई स्कूलों में सालों पुराने दोस्त वापस मिलते है क्योंकि उन उनके समय की साथ पढ़ने वाली सहेलियों को फिर से एक साथ एक मंच पर मिलाया जाए। जिससे पुरानी यादे ताजा हो जाए। इस पर सोशल मीडिया ग्रुप बनाया। सभी के नंबर जुटाए। जिसमें करीब डेढ़ महीने का समय लगा। 26 जून को आयोजन रखा। जिसमें देश भर से बालिया स्कूल में पढ़ने वाली स्टूडेंट यहां पहुंची और करीब 55 साल बाद सभी एक साथ मिले। शक्ले बदली, परिचय हुआ तो पहचाना जोधपुर से आई लता पारीक ने कहा- स्कूल और बचपन की याद ताजा हो गई। बहुत डांस किया। कमला पंच ने बताया- करीब 55 साल बाद सभी मिले थे। शक्ले तक बदल गई। एक-दूजे को पहचानने में भी दिक्कत होने लगी। ऐसे में सभी ने सबसे पहले अपना परिचिय दिया ताकि एक-दूजे को पहचान सके। रेखा जैन ने बताया कि कार्यक्रम में उन्होंने खूब इंजॉय किया। समारोह में ये भी रहे मौजूद कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, राजेंद्र मेड़तिया, पूर्व पार्षद विकास बुबकिया सहित कई जने इस आयोजन का हिस्सा मिले और आयोजन की सराहना की। देखिए…एल्युमिनाई मीट की PHOTOS

अग्रवाल महासभा की नई जिला कार्यकारिणी गठित:राधाकिशन सिंगला जिलाध्यक्ष, कमजोर वर्ग को जोड़ने पर जोर

अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की जिला इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन शुक्रवार को हनुमानगढ टाउन स्थित एक होटल में किया गया। प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल के निर्देशानुसार गठित इस नई टीम ने समाज के संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया है। नई जिला कार्यकारिणी में राजेश दादरी को संरक्षक और राधाकिशन सिंगला को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, महक गर्ग को सचिव, दिनेश गोयल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मुरलीधर गर्ग को कोषाध्यक्ष, योगेश गुप्ता को सह-कोषाध्यक्ष और मनोज सिंगला को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज हित में सक्रियता से कार्य करने का आश्वासन दिया। संरक्षक राजेश दादरी ने बताया कि महासभा का मुख्य उद्देश्य अग्रवाल समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर एक मजबूत और सक्रिय संगठन तैयार करना है। उन्होंने विशेष रूप से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने पर प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि वे भी संगठन की गतिविधियों और सामाजिक विकास से जुड़ सकें। दादरी ने जानकारी दी कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा सदस्यता अभियान चलाने के लिए लगभग एक माह का समय निर्धारित किया गया है। वर्तमान में 18 सदस्यों के साथ जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिसका आगामी दिनों में विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्साह और वरिष्ठजनों के अनुभव का समन्वय कर जिले में एक मजबूत टीम तैयार की जाएगी। राजेश दादरी ने यह भी कहा कि संगठन महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट, एक रुपया’ के आदर्श को आगे बढ़ाएगा, जिससे समाज में सहयोग, सेवा और समरसता की भावना मजबूत होगी। जिले की सभी तहसीलों में भी महासभा की इकाइयों का गठन कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सामाजिक एकजुटता और सेवा कार्यों को नई गति प्रदान करेगी।

महिला का मुंह दबाकर लूट की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार:दांत तक तोड़ दिए थे; ऑपरेशन अश्ववेग के तहत बालोतरा पुलिस की कार्रवाई

बालोतरा जिले की सिवाना पुलिस ने चोरी का प्रयास और दांत तोड़ने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के 4 दिन में 4 युवकों को पकड़ा है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई ऑपरेशन अश्ववेग के तहत की गई। पुलिस के अनुसार- समदड़ी निवासी महिला ने 25 जून को पुलिस थाना समदड़ी में रिपोर्ट दी थी। बताया कि 22 जून की रात को खाना खाकर गर्मी के कारण अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। रात में करीब 25 साल के दो युवक पैदल आए और आते ही उसके मुंह पर हाथ रखकर उसका मुंह दबा दिया। गले व कानों में पहने हुए आभूषण चोरी करने का प्रयास किया। उसके साथ में मारपीट की। इससे उसका एक दांत टूट गया। शोर मचाने पर पास ही स्थित घर से जोराराम दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों युवक मौके से भाग गए। समदड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। कड़ी से कड़ी जोड़ने हुए संदिग्ध चतराराम पुत्र मोटाराम निवासी मेली हाल दुर्गापुरा, सांवलाराम पुत्र चुनीलाल निवासी मोकलसर, रमेश पुत्र मालमसिंह निवासी महिलावास, भटाराम पुत्र पोकराराम निवासी सिवाना बालोतरा को डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों के घर में घुसकर चोरी करना, मारपीट कर उसके दांत तोड़ने की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

मुहर्रम पर धौलपुर में उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम:या हुसैन की सदाओं के बीच कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक हुए 500 ताजिए

धौलपुर जिले में मुहर्रम की दसवीं तारीख पर शुक्रवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में शहर और जिलेभर में ताजियों के भव्य जुलूस निकाले गए। मातमी धुनों, ढोल-ताशों और अखाड़ों के हैरतअंगेज करतबों के बीच शहर में करीब 500 ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। वहीं, जिले के विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो हजार ताजियों का शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विसर्जन हुआ। आयोजन के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। 500 ताजिए, बैंड-ढोल और अखाड़ों का प्रदर्शन शहर में तलैया, पुराना शहर, पटपरा, बजरिया, बड़ेपीर, गडरपुरा, हाथीवान, कच्ची कुई और पुरानी सराय सहित विभिन्न मोहल्लों से ताजियों के जुलूस निकले। सुबह से देर शाम तक चले आयोजन में सभी ताजिए एक मुख्य जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में करीब 500 ताजिए, लगभग दो दर्जन बैंड, एक दर्जन ढोल-ताशा दल और पांच अखाड़ों ने भाग लिया। मातमी धुनों के बीच अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। प्रमुख मार्गों से होकर कर्बला पहुंचे ताजिए ताजियों के जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कर्बला पहुंचे, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती रही। पूरे जुलूस की लगातार निगरानी की गई ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। रोशनी, लंगर और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल आयोजन के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर रोशनी, पेयजल और लंगर की व्यवस्था की गई। ताजियों के दर्शन के लिए विभिन्न समुदायों के बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़े। पूरे आयोजन में गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सौहार्द की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। जिलेभर में भी निकले ताजियों के जुलूस धौलपुर के अलावा बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा, मनियां, सरमथुरा और सैंपऊ सहित अन्य कस्बों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुहर्रम पर ताजियों के जुलूस निकाले गए। मातमी धुनों के बीच करीब दो हजार ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे जिले में आयोजन शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कांग्रेस ने नीट पेपर लीक पर केंद्र को घेरा:शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, जनजागरण अभियान का ऐलान

नीट पेपर लीक प्रकरण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अन्य जन मुद्दों को लेकर करौली में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा सुधार के लिए प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया। शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उनका आरोप था कि लगातार हो रही अनियमितताओं से विद्यार्थियों का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदेशभर में चलेगा जनजागरण अभियान नेताओं ने बताया कि युवाओं को जागरूक करने और शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन की मांग को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। स्थानीय मुद्दों पर भी सरकार को घेरा कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर लगातार आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। ये रहे मौजूद इस दौरान करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव, टोडाभीम विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम महर, हिंडौन विधायक अनीता जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष अलका मीणा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खेत में बकरियां चराने पर किसान पर हमला:चचेरे भाइयों ने लाठियों से पीटा, गंभीर हालत में डीबी अस्पताल में भर्ती

जिले की ढाणी रणवां में खेत में बकरियां चराने को लेकर हुए विवाद में किसान पर उसके चचेरे भाइयों ने लाठियों से हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने डीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना तब हुई जब किसान शिशपाल (55) अपनी बकरियां खेत में चरा रहा था। उसी दौरान परिवार के ओमप्रकाश और महावीर की बकरियां भी वहीं चर रही थीं। दोनों के रेवड़ आपस में मिल जाने पर शिशपाल की ओमप्रकाश और महावीर से कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने पर ओमप्रकाश और महावीर ने लाठियों से शिशपाल पर हमला कर दिया। हमले में शिशपाल की कमर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और गहरे जख्म हो गए। मारपीट का शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। घायल शिशपाल को तुरंत एक निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उसका इलाज शुरू किया। घायल के भाई भागीरथ ने बताया कि जब वे पहुंचे तब शिशपाल जमीन पर तड़प रहा था। डॉक्टरों ने घायल की आवश्यक जांचें और एक्स-रे भी करवाए हैं। फिलहाल शिशपाल की हालत स्थिर बताई जा रही है।

महिला के दिमाग से निकाला 100 ग्राम का ट्यूमर:बार-बार आते थे चक्कर; मिर्गी का दौरा पड़ने पर जांच में सामने आई बीमारी

कोटा में डॉक्टरों ने 53 साल की महिला के मस्तिष्क( दिमाग) से 100 ग्राम का ट्यूमर निकाला है। इस पूरी जांच और बेहद महंगे इलाज के लिए मरीज को एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ा। महिला का यह इलाज मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग में किया गया है। डॉ. एस. एन. गौतम ने बताया- बारां जिले की रहने वाली रुकसाना पिछले करीब एक साल से लगातार सिरदर्द और चक्कर आने की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। रुकसाना ने कई जगह इलाज करवाया, लेकिन उन्हें कोई आराम नहीं मिला।
डॉ. एस. एन. गौतम ने बताया- 26 मई को अचानक उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें बारां के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत कोटा रेफर कर दिया गया। मरीज को कोटा के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती किया गया। अस्पताल में डायग्नोस्टिक मशीनों से जब रुकसाना के मस्तिष्क की जांच की गई, तो डॉक्टर भी हैरान रह गए। उनके मस्तिष्क के ‘ओल्फैक्टरी ग्रूव’ क्षेत्र में एक बड़ा ट्यूमर था, जिसे मेडिकल भाषा में ‘ओल्फैक्टरी ग्रूव मेनिन्जियोमा’ कहा जाता है। जटिल ऑपरेशन और टीमवर्क की बड़ी जीत मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. एस. एन. गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सभी जरूरी प्री-ऑपरेटिव जांचों के बाद सर्जरी का ब्लूप्रिंट तैयार हुआ। यह ऑपरेशन बेहद संवेदनशील था क्योंकि ट्यूमर दिमाग के बेहद नाजुक हिस्से में था। डॉक्टरों की टीम ने इस बेहद जटिल और उच्च-स्तरीय ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के दौरान मरीज को 3 यूनिट रक्त भी चढ़ाया गया। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज रुकसाना की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर और संतोषजनक है। सालभर से परेशान कर रही सिरदर्द और चक्कर आने की समस्या अब पूरी तरह ठीक हो चुकी है।

सरमथुरा में बाघिन के हमले में बाघ मित्र घायल:हाथ और पैर हुए जख्मी, जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की जांच करने गए थे

धौलपुर के सरमथुरा वन क्षेत्र के रीझौनी बनखंड में शुक्रवार सुबह टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघिन टी-117 ने एक बाघ मित्र पर हमला कर दिया। इस हमले में बाघ मित्र राजवीर मीना घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार राजवीर मीना अपने साथी सोनू मीना के साथ नियमित टाइगर ट्रैकिंग पर थे। वे जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की जांच कर रहे थे, तभी पास में छिपी बाघिन टी-117 ने अचानक राजवीर मीना पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर पर घाव हो गए। बाघिन हमला करने के बाद जंगल में लौट गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे। घायल राजवीर मीना को तत्काल सरमथुरा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धौलपुर रेफर कर दिया गया। क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि बाघ मित्र राजवीर मीना की स्थिति खतरे से बाहर है। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। वन विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।