ऐन केप प्रोजेक्ट में लापरवाही पर नाराज हुए निगम कमिश्नर:ठेकेदार का भुगतान रोका, कहा- घरों के बाहर से रैंप हटाकर ही लगाएं पेवर ब्लॉक

उदयपुर की सड़कों को बारिश में टूटने से बचाने के लिए ऐन केप प्रोजेक्ट का काम चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह योजना खुद मुसीबत बन रही है। नगर निगम कमिश्नर अभिषेक खन्ना शुक्रवार को जब मौके पर काम को देखने निकले, तो वे काम की खराब क्वालिटी देखकर अफसरों और ठेकेदार पर जमकर भड़क गए। कमिश्नर खन्ना ने रामपुरा चौराहा, सीपीएस स्कूल, न्यू भूपालपुरा, 100 फीट रोड, सेक्टर-3 बीएसएनएल ऑफिस और एफसीआई गोदाम इलाके में पेवर ब्लॉक के काम को देखा। उन्होंने मौके पर ही लापरवाह एजेंसी का पेमेंट रोकने और गड़बड़ी वाले काम को दोबारा शुरू करने के सख्त आदेश दिए। उनके साथ सुपरिटेंडेंट इंजीनियर मनीष अरोड़ा और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अखिल गोयल भी मौजूद रहे। कमिश्नर खन्ना ने जब मौके पर जाकर काम देखा तो उन्हें भारी तकनीकी कमियां मिलीं। उन्होंने देखा कि पहले भी सख्त निर्देश देने के बाद भी कुछ जगहों पर पेवर ब्लॉक का ढलान नालियों की तरफ नहीं रखा गया था। इसका सीधा मतलब यह था कि बारिश आते ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता। इस बड़ी लापरवाही को देखकर कमिश्नर ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया। उन्होंने अधिकारियों को साफ कह दिया कि गड़बड़ी करने वाली ठेकेदार कंपनी का पेमेंट तुरंत प्रभाव से रोक दिया जाए। जहां भी काम खराब हुआ है, उसे दोबारा सही तरीके से कराया जाए।
दौरे के समय कमिश्नर ने सड़कों पर जलभराव की एक और बड़ी वजह पकड़ी। कई लोगों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर पक्के रैंप बना रखे हैं। इसकी वजह से सड़क का ढलान बिगड़ रहा है और पानी रुक रहा है। कमिश्नर ने इंजीनियरों को सीधे निर्देश दिए कि इन सभी अस्थाई और अवैध रैंप को तुरंत हटाया जाए। इसके बाद ही वहां पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया जाए। ऐसा करने से बारिश का पानी सीधा नाली में चला जाएगा और सड़क पर जलभराव की नौबत नहीं आएगी।
कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने अधिकारियों को सख्त लहजे में समझाया कि जब सड़क पर पानी भरता है, तो डामर उखड़ जाता है। इससे सड़कें बार-बार टूटती हैं। सड़क टूटने से जनता परेशान होती है और निगम पर भी बार-बार मरम्मत का भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने साफ कहा कि काम की क्वालिटी में कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंजीनियरों को अब रोजाना मौके पर जाकर काम की मॉनिटरिंग करनी होगी, ताकि सारा काम तय नियमों के अनुसार समय पर पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *