नशे की लत छिपाने के बजाय इलाज कराएं:एसपी ने की अपील- युवाओं को बचाने के लिए परिवार और समाज आगे आए

अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हनुमानगढ़ मेडिकल कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं में तेजी से बढ़ रही मेडिकल ड्रग्स और ‘चिट्टे’ की लत पर गहरी चिंता जताई गई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि देश विरोधी ताकतें युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने परिवार, समाज और प्रशासन से मिलकर इस चुनौती का मुकाबला करने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों का समय पर उपचार और काउंसलिंग कराने का आह्वान किया। नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने और नशे से दूर रखने की जिम्मेदारी परिवार और समाज दोनों की है। उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध कमाई से जुड़े लोगों को आदर्श नहीं बनाना चाहिए। यदि परिवार का कोई सदस्य नशे की चपेट में आता दिखाई दे तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेकर उपचार शुरू करवाना चाहिए। एएनटीएफ की कार्रवाई का दिया उदाहरण एसपी मीना ने बताया कि राज्य सरकार ने नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया है। यह टास्क फोर्स पूरे प्रदेश में लगातार कार्रवाई कर रही है। पश्चिमी राजस्थान में नशा तस्करी से अवैध कमाई करने वाले कई तस्करों की संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की जा चुकी हैं। नशे के दुष्प्रभाव और उपचार पर दी जानकारी कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान, उपलब्ध उपचार सुविधाओं और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। मानसिक रोग विशेषज्ञों ने नशे की लत के कारण, उसके दुष्प्रभाव, काउंसलिंग और उपचार की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास किसी भी नशा पीड़ित व्यक्ति की पहचान होने पर उसे उपचार और परामर्श के लिए प्रेरित करें। साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प कार्यक्रम के अंत में एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने सभी मौजूद लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति शेखावत, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी, भाजपा नेता अमित सहू, डॉ. भारतभूषण शर्मा, आशीष पारीक, कृष्ण तायल सहित चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *