डीडवाना जिला कारागृह में बंदियों से लिया फीडबैक:विजिटर बोर्ड ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डीडवाना में मंगलवार को विजिटर बोर्ड ने जिला कारागृह का औचक निरीक्षण किया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा, प्राधिकरण के सचिव विकास एचरा, जिला कलेक्टर अवधेश मीणा और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान शामिल थे। इनके साथ विजिटर बोर्ड के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उप निदेशक (समाज कल्याण) जयपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जोगेन्द्र ठोलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, अधिशासी अभियंता जितेन्द्र जांगिड़, जिला उद्योग अधिकारी हरेन्द्र बेनीवाल और जिला रोजगार अधिकारी राकेश चौधरी ने जेल इंचार्ज नरेश कुमार की मौजूदगी में कारागृह की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। बंदियों से बातचीत कर जानी सुविधाएं
विजिटर बोर्ड के सदस्यों ने बंदियों से भोजन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। बंदियों ने बताया कि भोजन बनाने और साफ-सफाई का कार्य सभी बंदियों की बारी-बारी से ड्यूटी लगाकर कराया जाता है। प्रत्येक बैरक की सफाई की जिम्मेदारी उसी बैरक के बंदियों के पास रहती है। निरीक्षण के बाद हुई बैठक
निरीक्षण के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में लंबे समय से लंबित पीड़ित प्रतिकर प्रकरणों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

