झुंझुनूं के 55 शूटर्स ने प्री नेशनल के लिए क्वालीफाई:राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, अब देहरादून में दिखाएंगे निशानेबाजी
जयपुर के जगतपुरा स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में झुंझुनूं के शूटर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। चैंपियन स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी, झुंझुनूं के 55 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देहरादून में होने वाली प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
14 जून से चल रही है राज्यस्तरीय प्रतियोगिता राजस्थान राज्य खेल परिषद (RSSC) की ओर से जयपुर के जगतपुरा स्थित आरएसएससी ओएसिस शूटिंग रेंज में 14 जून से 24वीं राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप (एयर वेपंस, स्मॉल बोर राइफल और पिस्टल) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 29 जून 2026 तक चलेगी। राइफल और पिस्टल इवेंट्स में हुए कड़े मुकाबलों के बीच झुंझुनूं के खिलाड़ियों ने शानदार निशानेबाजी करते हुए क्वालिफिकेशन राउंड में अपनी जगह पक्की की। देहरादून में होगा अगला मुकाबला राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में क्वालीफाई करने वाले 55 शूटर्स अब देहरादून में आयोजित होने वाली ‘जसपाल राणा मेमोरियल इंडिया ओपन’ प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 13 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें राइफल, पिस्टल और पैरा शूटिंग इवेंट्स शामिल रहेंगे। खिलाड़ियों की नजर अब राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर झुंझुनूं और राजस्थान का नाम रोशन करने पर है। कोच ने खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा शूटिंग कोच सुशील दुलड़ ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने लंबे समय तक लगातार मेहनत और अभ्यास किया, जिसका परिणाम अब सामने आया है। इस उपलब्धि पर राजेश जानू सहित झुंझुनूं के कई नागरिक एकेडमी पहुंचे और प्री नेशनल के लिए क्वालीफाई करने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

