ब्रेकिंग न्यूज़
साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा:किसान को ₹25,500 लौटाए, 15 दिन में साइबर ठगी का पूरा पैसा वापस

बारां के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए एक किसान को पुलिस ने महज 15 दिन में बड़ी राहत दिलाई। सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए ठगे गए 25,500 रुपए तकनीकी जांच, भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और संबंधित वित्तीय संस्था के समन्वय से पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करा दिए गए। सोशल मीडिया विज्ञापन से हुई ठगी पुलिस के अनुसार, सिमलोद निवासी नेमीचंद लोधी 1 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन के झांसे में आ गए। ठगों ने उनसे 25,500 रुपए की धोखाधड़ी कर ली। घटना के बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी जांच से मिली सफलता शिकायत मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी। भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के समन्वय से संबंधित वित्तीय संस्था प्रामेरिका लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड से पत्राचार और लगातार संपर्क किया गया। त्वरित फॉलोअप के बाद शनिवार को ठगी गई पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में रिफंड कर दी गई। पुलिस टीम की रही अहम भूमिका पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के सुपरविजन तथा शाहाबाद वृत्ताधिकारी आशीष भार्गव के निर्देशन में नाहरगढ़ थानाधिकारी विवेक हरसाना की टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। इस सफलता में नाहरगढ़ थाने के कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती घंटों में शिकायत करने पर ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

महिला से गहने लूटने का आरोपी युवक गिरफ्तार:सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया, सोने की बाली भी बरामद

हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से सोने की बाली छीनने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संगरिया के फतेहपुर निवासी मंगल सिंह (28) के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की बाली भी बरामद कर ली है। यह घटना 14 जुलाई को हुई थी। टिब्बी तहसील के नाईवाला निवासी राकेश कुमार ने हनुमानगढ़ टाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी वृद्ध मां सरकारी अस्पताल में दवा लेने आई थीं।
शिकायत के अनुसार, दवा लेकर अस्पताल से बाहर निकलते समय एक युवक उनकी मां के कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गया था। इस रिपोर्ट के आधार पर टाउन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी एएसआई उम्मेदराम और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
इसके बाद फतेहपुर (संगरिया) निवासी मंगल सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसने पूर्व में ऐसी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या उसके साथ कोई गिरोह भी सक्रिय है।

विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:धौलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, पुलिस जांच जारी

धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र के कृपा का पुरा गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, कृपा का पुरा निवासी अनुष्का (22) पत्नी आकाश का शव शनिवार को घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मनियां अस्पताल भिजवाया। रविवार को मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी गई। पीहर पक्ष के पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

बारां के जैन मंदिर में अभिषेक-शांतिधारा संपन्न:मुनिश्री गुरुदत्त सागर ने बच्चों को दिए संस्कार के संदेश

बारां में आचार्य 108 निर्भय सागर मुनिराज के शिष्य मुनिश्री गुरुदत्त सागर महाराज और क्षुल्लक मेरुदत्त सागर महाराज ससंघ संत भवन में विराजमान हैं। रविवार को उनके सान्निध्य में जैन जोड़ला मंदिर में भगवान का अभिषेक और शांतिधारा श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विद्यासागर पाठशाला के बच्चों ने धर्मोपदेश का लाभ लिया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री गुरुदत्त सागर महाराज ने कहा कि जिस प्रकार कुम्हार साधारण मिट्टी को संवारकर दीपक, घड़ा या मूर्ति का रूप देता है, उसी तरह गुरु भी अज्ञान रूपी जीवन को ज्ञान, संस्कार और सदाचार से श्रेष्ठ बनाते हैं। उन्होंने गुरु के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गुरु ही आत्मा को अज्ञान के अंधकार से निकालकर मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर करते हैं। मुनिश्री ने माता-पिता के दायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका कर्तव्य केवल बच्चों का पालन-पोषण करना नहीं है। उन्हें धर्म, संस्कार, भगवान की भक्ति, देव-शास्त्र-गुरु के प्रति श्रद्धा और जिनवाणी के अध्ययन का संस्कार देना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में धर्म को सर्वोच्च स्थान देने का आह्वान किया। मुनिश्री ने कहा कि जब जीवन के सभी रास्ते बंद हो जाते हैं, तब धर्म का मार्ग हमेशा खुला रहता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिसके जीवन में गुरु नहीं, उसका वास्तविक जीवन अभी प्रारंभ ही नहीं हुआ है। धर्मसभा के बाद मुनिश्री की आहारचर्या संपन्न हुई। संत भवन में इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन धार्मिक और ज्ञानवर्धक कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें धर्म, संस्कार, आचार-विचार और आध्यात्मिक ज्ञान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत:कोटा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर जंगल में सड़क क्रॉस करते हादसा; गाड़ी की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगालेगा विभाग

कोटा-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे में एक गाड़ी की टक्कर से हुए हादसे में वयस्क पैंथर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पैंथर जंगल से निकलकर सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह हादसा चित्तौड़गढ़ जिले के मांडलगढ़ क्षेत्र में रविवार को करीब 12 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- घायल पैंथर सड़क किनारे काफी देर तड़पता रहा। हाईवे से गुजर रहे कई लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर उसे बचाने का प्रयास किया। वहीं वन विभाग को सूचना दी, लेकिन कुछ ही देर में पैंथर ने दम तोड़ दिया। कोटा मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के डीएफओ मुथू एस ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सड़क पार कर पैंथर दूसरी ओर जा रहा था, तभी किसी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। वन विभाग हादसे की जांच में जुटा है। हाईवे पर तड़पते हुए पैंथर और उसकी मदद करते लोगों की देखें PHOTOS विभाग थाने में दर्ज कराएगा शिकायत घटना की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ रेंज के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पैंथर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना हुई। हाईवे पर पैंथर का शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। डीएफओ मुथू एस ने बताया- अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। साथ ही हाईवे के टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम के बाद वन विभाग पैंथर का अंतिम संस्कार करेगा।

अमन सिंह कोल्ड स्टोर ने जीता वार्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट:कृष्णा मोटर्स को 6 विकेट से हराया, सत्यपाल ठाकुर और अजय कुशवाह बने मैन ऑफ द सीरीज

धौलपुर में मनियां वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। इसमें अमन सिंह कोल्ड स्टोर (वार्ड 1/2) ने कृष्णा मोटर्स (वार्ड 17/18) को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
कृष्णा मोटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 97 रन बनाए। जवाब में अमन सिंह कोल्ड स्टोर की टीम ने 6 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। संदीप चंदेला को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने सिर्फ 9 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 34 रन की तेज पारी खेली और गेंदबाजी में 2 महत्वपूर्ण विकेट भी लिए। जीतू शर्मा रहे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्यपाल ठाकुर (222 रन, 9 विकेट) और अजय कुशवाह (159 रन, 9 विकेट) को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। सत्यपाल ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और 12 विकेट लेने वाले जीतू शर्मा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के प्रदीप ठाकुर, विराट महेंद्र कुशवाह, इरशाद खान, विशाल पुंडीर, माजिद गोरी, नरदेव कुशवाह, धीरज सोनी, शाहरुख खान, कुलदीप, नीरज शर्मा, ब्रजमोहन कुशवाह, गिरीश राजपूत, मोंटी कुशवाह, उमादत्त त्यागी और बाबू कुशवाह सहित सभी सदस्यों के सहयोग से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

छत की पट्टी टूटी, 30 फीट नीचे गिरा मजदूर:गंभीर हालत में चूरू रेफर, राजगढ़ में निर्माणाधीन मकान में हादसा

चूरू के राजगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। घर के कमरे पर छत की पट्टी चढ़ाते समय अचानक पट्टी टूटने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना राजगढ़ के वार्ड छह स्थित सोनी धर्मशाला गोगाजी मंदिर के पास हुई। मजदूर छत पर काम कर रहे थे, तभी अचानक एक पट्टी टूट गई, जिससे वह नीचे गिर गया और गंभीर चोटें आईं। घायल मजदूर की पहचान महाराणा प्रताप चौक, राजगढ़ निवासी राजेश कुमार प्रजापत (30) के रूप में हुई है। वह कंस्ट्रक्शन का काम करता है। हादसे में राजेश कुमार के सिर और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने राजेश को राजगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे चूरू के डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बहरोज में 15 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण:पुलिया, स्कूल के कमरों और मंदिर मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने जताया आभार

मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहरोज में रविवार को विधायक ललित यादव ने लगभग 15 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। ग्रामीणों ने विधायक ललित यादव का स्वागत करते हुए राज्य बजट लेखानुदान में राजकीय स्कूल के लिए स्वीकृत दो नए कक्षों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में लंबे समय से अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता थी, जिससे अब विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। पुलिया से आमजन को मिलेगी राहत इसके अलावा, ग्रामीणों ने विधायक की अनुशंसा पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 80 लाख रुपए की लागत से बन रही पुलिया के लिए भी धन्यवाद दिया। उनका कहना था कि इस पुलिया के निर्माण से वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान होगा और विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने चंद्रनाथ मंदिर मार्ग की सड़क स्वीकृत कराने पर भी विधायक का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 25 वर्षों से वन विभाग का हवाला देकर इस सड़क निर्माण को टाला जा रहा था। विधायक ललित यादव के प्रयासों से अब सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में सरपंच दिलावर चौधरी, ब्लॉक उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि तरुण शर्मा, विजय चौधरी, शिवनारायण गुर्जर, माड़ाराम, कैप्टन मोतीलाल, शेरसिंह, रामानंद, राजकुमार, कालूराम, दयाराम सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

हरसौली में महिला आरक्षण को लेकर बैठक:पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर और मिस्ड कॉल अभियान चलाया, OBC महिलाओं को शामिल करने की मांग

खैरथल-तिजारा जिले के हरसौली स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को महिला आरक्षण विधेयक लागू करने की मांग को लेकर एक अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं ने पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर और मिस्ड कॉल के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। अभियान में ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण के दायरे में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग अभियान जिला महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान के नेतृत्व में और महिला कांग्रेस की सहप्रभारी नीरमति मीना की उपस्थिति में आयोजित किया गया। महिलाओं ने महिला आरक्षण विधेयक को शीघ्र लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल करने की मांग की। जल्द महिला आरक्षण लागू करने की मांग जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने कहा कि देश की आधी आबादी को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे पर संघर्ष कर रही है और अब इसे जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। सहप्रभारी नीरमति मीना ने जानकारी दी कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने और ओबीसी महिलाओं को भी इसमें शामिल करने की मांग को लेकर 21 जुलाई को महिला कांग्रेस के नेतृत्व में देशभर से महिलाएं संसद पहुंचेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से इस अभियान में जुड़ने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने एकजुट होकर महिला अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

फलोदी में पुष्करणा प्रतिभा परीक्षा 2026 संपन्न:170 स्टूडेंट्स ने लिया हिस्सा, बाहरी पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति

फलोदी में ‘पुष्करणा प्रतिभा परीक्षा 2026’ हुई। श्री फलवृद्धिका शैक्षणिक विकास समिति की ओर से इसका आयोजन किया गया। शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता का संदेश देते हुए इस परीक्षा के लिए कुल 200 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 170 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई परीक्षा संस्था के उपाध्यक्ष किशोर बोहरा ने बताया-परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्न-पत्र बाहरी संस्था द्वारा तैयार करवाए गए थे। इसके अतिरिक्त, परीक्षा हॉल में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी बाहरी व्यक्तियों द्वारा की गई थी, ताकि विद्यार्थियों को एक समान और पारदर्शी अवसर मिल सके। आयोजन को मील का पत्थर बताया संस्था सचिव सीए उमेश व्यास ने इस आयोजन को समाज के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था। यह आयोजन संस्था की कार्यक्षमता और टीम के समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। कोषाध्यक्ष दिलीप व्यास ने विद्यार्थियों की इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति को समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया। इस अवसर पर, संस्था के संरक्षक बृजमोहन बैनावत ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक अशोक पालीवाल और ऋषिकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक हरदेव कल्ला की सराहना की। सभी प्रतियोगियों को उपहार भी भेंट किए गए। उत्कृष्ट पहल बताया पुष्करणा न्याति के अध्यक्ष नरेश व्यास ने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह परीक्षा समाज के विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल है। इस आयोजन में संस्था के लाइफ मेंबर जयप्रकाश पुरोहित, राजेश कल्ला, कामधेनु डिजिटल लाइब्रेरी के विनोद पुरोहित, राजेन्द्र बोहरा, राजकुमार पुरोहित, सीए सचिन पुरोहित, मनमोहन चंदा और सावन थानवी ने सक्रिय भूमिका निभाई।