ब्रेकिंग न्यूज़
40 लाख की नौकरी छोड़ संत बनेंगे सॉफ्टवेर इंजीनियर:प्रवचन सुनकर वैराग्य जागा, 30 साल के शुभम 4 सितंबर को लेंगे दीक्षा

पाली में 30 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम श्रीश्रीमाल 40 लाख रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर दीक्षा लेंगे। उन्होंने संयम मार्ग पर चलने का निर्णय लिया है। शुभम श्रीश्रीमाल (30) 4 सितंबर 2026 को बीकानेर में आचार्य रामलाल म.सा. एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि की निश्रा में दीक्षा ग्रहण करेंगे। पढ़िए…. शुभम के वैराग्य की पूरी कहानी 1. इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में किया बीटेक
पाली शहर के बापू नगर विस्तार स्थित अमरनाथ कॉलोनी निवासी शुभम श्रीश्रीमाल (30) का जन्म 18 सितंबर 1995 को ब्यावर में हुआ था। वे प्रदीप श्रीश्रीमाल और पुष्पा श्रीश्रीमाल के बेटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पाली में हुई। साल 2011 में वे आगे की पढ़ाई के लिए कोटा चले गए और 2014 से 2018 तक पटियाला से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक किया। बाद में उन्हें एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी मिली, जहां वे करीब 40 लाख रुपए सालाना पैकेज पर कार्यरत हैं। 2. घर से दूर रहकर की पढ़ाई
शुभम के बड़े भाई अंकित के अनुसार, पिता व्यवसायी हैं और मां गृहिणी। परिवार में दो ही भाई हैं। शुभम पढ़ाई और करियर के कारण अधिकतर समय घर से बाहर ही रहे। कोटा और फिर पटियाला में पढ़ाई के बाद उन्होंने नौकरी शुरू कर दी। 3. जून 2025 में जागा वैराग्य
जून 2025 में शुभम ने मुमुक्षुओं के लिए आयोजित उन्नयन शिविर में भाग लिया। वहां संतों के प्रवचन सुनने के बाद उनके मन में वैराग्य का भाव जागा। उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़कर संयम के मार्ग पर चलने का निश्चय कर लिया और अपनी इच्छा परिवार को बताई। 4. परिवार ने समय लेकर दी सहमति
शुरुआत में परिजन हैरान रह गए। उन्होंने शुभम से कहा कि इतनी पढ़ाई और अच्छी नौकरी के बाद वैराग्य का निर्णय क्यों ले रहे हैं। हालांकि, शुभम अपने फैसले पर अडिग रहे। अंकित के अनुसार, गुरुदेव से उन्हें पिछले साल नवंबर में ही परमिशन मिल गई थी, लेकिन परिवार ने कुछ समय उनके साथ बिताने के लिए आज्ञा पत्र देने में देर की। आखिरकार उनकी खुशी को देखते हुए परिवार ने अनुमति दे दी। 5. समाज ने किया सम्मान, सितंबर में लेंगे दीक्षा
पाली के तिलक नगर स्थित समता भवन में श्री साधुमार्गी जैन संघ ने शुभम और उनके परिवार का अभिनंदन किया। समारोह में संघ के संरक्षक मोहनलाल तलेसरा, अध्यक्ष प्रेमचंद ढेढीया, मंत्री जीवराज खिंवसरा, अशोक श्रीश्रीमाल, शांतिलाल सिंघवी, पदमचंद लोढ़ा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। शुभम 4 सितंबर 2026 को बीकानेर में परम पूज्य आचार्य प्रवर 1008 रामलाल म.सा. की निश्रा में दीक्षा ग्रहण करेंगे।

जालोर में बोलेरो, ओमनी और बाइक की टक्कर, 6 घायल:दो महिलाओं समेत तीन घायलों को किया गया रेफर

जालोर जिले के सायला क्षेत्र में रविवार देर शाम चौराऊ रोड स्थित तूरा के पास दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में दो महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सायला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया। इन लोगों को आई चोटें हादसे में उनड़ी निवासी पकाराम, मंजू देवी और फेंसा देवी, रेवतड़ा निवासी नकलाराम और कुपाराम तथा पुनवास निवासी लूंणदान घायल हो गए। इनमें दो महिलाओं सहित तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन घटना की सूचना मिलने पर सायला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। अन्य घायलों का सायला हॉस्पिटल में उपचार जारी है। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दौसा में 6 मिनट तक एटीएम तोड़ने की कोशिश:रेकी करने के बाद रॉड लेकर घुसे बदमाश, सफल नहीं हुए तो भाग छूटे

दौसा में कार से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने पहले इलाके की रैकी की, फिर एटीएम बूथ का ताला तोड़कर लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद वे बूथ में घुसे और लोहे की रॉड से कैश बॉक्स उखाड़ने की कोशिश की। करीब छह मिनट तक प्रयास करने के बाद भी सफलता नहीं मिली और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर वे फरार हो गए। हालांकि, बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस बूथ व आसपास के कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों व उनकी कार की पहचान में जुटी है। घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे सिकराय कस्बे में एसबीआई बैंक के बाहर स्थित एटीएम बूथ पर हुई। देर रात एटीएम लूट की कोशिश, वारदात कैमरे में कैद
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे कार से आए तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से शटर का ताला तोड़ा और बूथ में घुस गए। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और एटीएम मशीन को उखाड़ने की कोशिश की। हालांकि, सड़क पर वाहनों की आवाजाही देखकर वे वारदात अधूरी छोड़कर भाग निकले। पूरी घटना बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। रैकी के बाद 6 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने वारदात से पहले सिकराय कस्बे की सड़कों पर घूमकर रैकी की थी। इसके बाद दो नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर एटीएम बूथ में घुसे और कैश बॉक्स को तोड़ने का प्रयास किया। करीब 6 मिनट तक कोशिश करने के बाद सफलता नहीं मिलने पर वे कार में बैठकर फरार हो गए। एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, पुरानी वारदात भी रही चर्चा में
सूचना पर एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी और मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार सुबह मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने टीम के साथ बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बदमाशों और उनकी कार की पहचान में जुटी है। इसी एटीएम बूथ से नवंबर 2022 में करीब 10 लाख रुपए से भरा कैश बॉक्स लूट लिया गया था। उस दौरान गश्त कर रहे एक होमगार्ड जवान को बदमाशों ने वाहन से कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इनपुट: देवेन्द्र सैंहणा

तीन युद्ध लड़ चुके रिटायर्ड कैप्टन की जमीन पर कब्जा:फर्जी हमशक्ल खड़ा कर 25 लाख में बेची जमीन; उधार के पैसों से कर रहे न्याय की लड़ाई

देश के लिए सीमा पर तीन ऐतिहासिक युद्ध लड़ चुके एक बुजुर्ग सैनिक को अपने जीवन के आखिरी पड़ाव में अपनी ही जमीन बचाने के लिए सरकारी दफ्तरों और थानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मामला राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके का है, जहां 1962 में चीन और 1965 व 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ जंग में शामिल रहे 92 साल के रिटायर्ड कैप्टन चुन्नीलाल की कृषि जमीन को भू-माफियाओं ने फर्जी डाक्यूमेंट्स के जरिए अपने नाम करवा लिया। आरोप है कि असली सैनिक की जगह 75 साल के एक फर्जी बुजुर्ग को खड़ा कर रजिस्ट्री करवाई गई और बाद में जमीन करीब 25 लाख रुपए में बेच दी गई। मामले में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत मिली थी जमीन पीड़ित कैप्टन चुन्नीलाल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं और पोंग बांध परियोजना के विस्थापित हैं। बांध निर्माण के दौरान उनकी पैतृक जमीन अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले सरकार ने उन्हें इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके में कृषि भूमि का मुरब्बा आवंटित किया था। परिवार का कहना है कि दशकों पहले जिस बंजर मरुस्थल को उन्हें दिया गया था, उसे उन्होंने अपने खून-पसीने की मेहनत से उपजाऊ कृषि भूमि में बदल दिया। 16 जून को हुई रजिस्ट्री, 22 जून को हुआ नामांतरण रिटायर्ड कैप्टन के बेटे मुल्तान सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें 16 जून को हुई रजिस्ट्री और 22 जून को हुए म्यूटेशन यानी नामांतरण की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार न्याय के लिए अधिकारियों के पास पहुंचा। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन का रवैया निराशाजनक रहा। परिवार को क्षेत्राधिकार का हवाला देकर मोहनगढ़ थाने से पीटीएम थाने और फिर कोतवाली थाने भेजा गया। वहीं राजस्व अधिकारियों ने म्यूटेशन निरस्त करवाने के लिए कोर्ट जाने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। भागदौड़ से बिगड़ी 92 साल के कैप्टन की तबीयत परिजनों के अनुसार लगातार मानसिक और शारीरिक भागदौड़ के कारण दिल के मरीज 92 साल के कैप्टन चुन्नीलाल की तबीयत भी बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि देश के लिए तीन युद्ध लड़ने वाले सैनिक को अपनी जमीन बचाने के लिए इस तरह भटकना पड़ रहा है। उधार के पैसों से कर रहे न्याय की लड़ाई रिटायर्ड सार्जेंट लालाराम चौधरी, जो इस मामले में परिवार की मदद कर रहे हैं, ने बताया कि देश के लिए तीन-तीन युद्ध लड़ने वाला सैनिक पिछले आठ दिनों से टैक्सी का किराया भी उधार लेकर न्याय की गुहार लगा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री होते ही दलालों और भू-माफियाओं ने 25 लाख रुपए की रकम आपस में बांट ली। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। एसपी के निर्देश के बाद दर्ज हुई एफआईआर शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत और पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद कोतवाली थाने में भू-माफियाओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 92 साल के रिटायर्ड सैनिक की जगह किसी अन्य व्यक्ति को हमशक्ल बनाकर खड़ा किया गया और फर्जी नाम से जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच शुरू कर दी गई है। फर्जी डाक्यूमेंट्स तैयार करने वालों और इस पूरे गिरोह में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

झुंझुनूं में थानाधिकारी उमाशंकर को मिली बिसाऊ की जिम्मेदारी:चंद्रभान को साइबर क्राइम थानाधिकारी बनाया, 8 थानों के प्रभारियों के तबादले

झुंझुनूं जिले में पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने जिले के 18 में से 8 पुलिस थानों के प्रभारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। वहीं अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अजमेर डिस्कॉम) ने भी अभियंताओं की नई सूची जारी करते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। 8 पुलिस थानों में बदले थानाधिकारी वीके खीचड़ बने झुंझुनूं के नए एसई सहायक अभियंताओं के भी हुए तबादले कई जेईएन की भी बदली जिम्मेदारी अन्य कर्मचारियों की भी बदली पोस्टिंग पुलिस और बिजली विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में नए अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने पदों पर कार्यभार संभालेंगे।

श्रीगंगानगर में मौसम ड्राई, उमस से परेशान लोग:14-15 को बारिश की संभावना, फसल उत्पादन में होगी कमी

राजस्थान में मानसून का दौर धीमा पड़ गया है। जिसके कारण श्रीगंगानगर जिला पूरी तरह ड्राई है। गर्मी और उमस से लोग परेशान है। बारिश नहीं होने से किसान भी चिंतित हैं, क्योंकि फसल बिजाई का समय भी लगभग निकल चुका है। इस वजह से किसानों ने कम बिजाई की और बिजाई हो चुकी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जिससे फसल उत्पादन में कमी भी होगी। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, शनिवार को यहां 29.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। 14-15 जुलाई को हनुमानगढ़ जिले में एक्टिव होने से कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। किसके साथ ही दो-तीन दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी करवाएंगे। हालांकि कई दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

सांवलाजी मंदिर भूमि विवाद में सिरोही में महापड़ाव:पाली से पहुंचेंगे कार्यकर्ता, निष्पक्ष जांच की मांग

भगवान सांवलाजी मंदिर की भूमि से जुड़े प्रकरण के विरोध में 13 जुलाई को सिरोही के रामझरोखा मैदान में जनआक्रोश प्रदर्शन और महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर पाली में श्री राजपूत करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें पाली जिले से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और कार्यकर्ताओं की महापड़ाव में भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। मंदिर भूमि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष अजयपाल सिंह हेमावास ने कहा कि सांवलाजी मंदिर की भूमि का मुद्दा सनातन धर्म की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। युवाओं में भी दिख रहा आक्रोश
श्री राजपूत युवा संगठन के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह चांदावत ने कहा कि इस विषय को लेकर युवाओं में भी व्यापक आक्रोश है। उन्होंने बताया कि पाली जिले से बड़ी संख्या में युवा और समाजजन सिरोही पहुंचकर महापड़ाव में भाग लेंगे। साथ ही सभी सनातन धर्म प्रेमियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। आंदोलन की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी वीरेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि बैठक में आंदोलन की तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में गोपाल सिंह शेखावत, जितेंद्र सिंह भाटी, चैन सिंह राठौड़, अर्जुन सिंह भाटी, भूपेंद्र सिंह कुंपावत, उम्मेद सिंह कुंपावत, विक्रम सिंह राजावत, भानु प्रताप सिंह भाटी, लक्ष्मण सिंह, दिलीप सिंह जोधा, प्रवीण सिंह भाटी, उम्मेद सिंह भाटी, पीयूष सिंह उदावत, शक्ति सिंह कुंपावत सहित करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नशा तस्कर के मकानों को बुलडोजर से तोड़ा:सरकारी जमीन पर कब्जा कर करोड़ों की लागत से बनाये जा रहे थे

झालावाड़ में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। मानपुरा गुजरान स्थित वन भूमि पर कब्जा कर बनाए गए इन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में एक तस्कर गिरिराज का लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा मकान भी शामिल था। एसपी अमित कुमार ने बताया कि कालूलाल पुत्र चंदालाल तंवर (निवासी महुआखोह) और गिरिराज पुत्र रामचंद्र तंवर (निवासी महुआखोह) ने मानपुरा गुजरान में वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकानों का निर्माण कराया था। ये दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त थे। नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की कार्रवाई
उप वन संरक्षक सागर पंवार के निर्देश पर वन विभाग ने इन अवैध मकानों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान एसीएफ मुकेश सहजवानी के नेतृत्व में राजेंद्र मीणा (क्षेत्रीय वन अधिकारी, अकलेरा) सहित अकलेरा, असनावर और गश्ती दल का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस की ओर से अकलेरा डीवाईएसपी मनोज सोनी और सीआई धर्माराम भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई पूर्व में दिए गए नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की। अवैध निर्माण नहीं हटाने पर विभाग ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान सुबह से ही वन विभाग का दस्ता और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। 2 तस्करों के खिलाफ 2-2 मामलें दर्ज
तस्कर कालूलाल के खिलाफ दोनों ही मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए है। कालूलाल लम्बे समय से नशा तस्करी का काम कर रहा है। उसके के खिलाफ वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट का पहला मामला दर्ज किया था।
कालूलाल के खिलाफ वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी का दूसरा मामला दर्ज किया था, मामले में 1 करोड़ 20 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री बरामद हुई थी। वही तस्कर गिरिराज तंवर निवासी महुआखोह के खिलाफ दर्ज 2 मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुडे हुए है। गिरिराज के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2017 में मादक पदार्थ तस्करी का दर्ज किया था, इसमें 5 लाख बाजार मूल्य के अवैध नशा सामग्री बरामद की थी। वर्ष 2019 में गिरिराज के खिलाफ दर्ज मामले में गिरिराज से 4 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री जप्त की थी।

अलवर में मानसून के 11 दिन बीते, अच्छी-बारिश का इंतजार:रूपारेल नदी बही, पर जयसमंद बांध तक नहीं पहुंचा पानी; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

अलवर जिले में पिछले तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप निकलने और हवा बंद रहने के कारण लोग पसीने से तरबतर हैं। सोमवार को भी तीखी धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 15 जुलाई तक उमस का यह दौर जारी रहेगा और बीच-बीच में केवल हल्के बादल छाएंगे। हालांकि, 16 से 18 जुलाई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को इस दमघोंटू उमस से राहत मिल सकती है। मानसून की एंट्री हुए 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। हालांकि, बीच-बीच में एक-दो दिन अच्छी बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन जिले के अधिकांश बांध अब भी खाली पड़े हैं। रूपारेल नदी में हाल ही की बारिश से पानी की आवक तो हुई है, लेकिन यह पानी अभी तक ऐतिहासिक जयसमंद बांध तक नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में जिले के सूखे बांधों को भरने और उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए आमजन को अब भी एक अच्छी और झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

कैंपर सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़:तीन किलोमीटर तक किया पीछा, युवक जान बचाने के लिए घर में छुपा

बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात कैंपर सवार तीन लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवक का लाठी-डंडों के साथ पीछा किया। युवक करीब 3 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते हुए जान बचाकर एक घर में जा छिपा, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। स्थानीय लोग फायरिंग की बात कह रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मौके से ऐसे कोई साक्ष्य मिलने से इनकार किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर के पास हुई शुरुआत
जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र उर्फ जोगाराम पुत्र भारूराम पुनिया रात करीब 10 बजे हनुमानजी मंदिर के पास मातासर की किराना दुकान पर सामान ले रहा था। तभी कैंपर में सवार प्रेम पुत्र गणेशराम निवासी मातासर, जोगाराम पुत्र भैराराम निवासी चवा और जेठाराम वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों पिस्तौल और डंडे लेकर जोगेंद्र की ओर बढ़े। इस दौरान जोगेंद्र स्कॉर्पियो स्टार्ट कर वहां से निकल गया। टायर फटने पर घर में छिपा युवक
जोगेंद्र स्कॉर्पियो भगाते हुए करीब 3 किलोमीटर दूर भूरटिया गांव पहुंचा। रास्ते में गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके बाद उसने स्कॉर्पियो गिरधारीराम के घर के आगे खड़ी की और खुद अंदर जाकर छुप गया। आरोपियों ने उसे गाड़ी में नहीं पाया तो स्कॉर्पियो के आगे, पीछे और साइड के शीशे तोड़ दिए। फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नकारा
स्थानीय लोगों का कहना है कि टायर पर फायरिंग की गई थी। हालांकि, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को न तो घटनास्थल पर और न ही गाड़ी में फायरिंग के कोई सबूत मिले। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।