गेहूंखेड़ी आयुर्वेदिक अस्पताल में 'ग्रीन क्लिनिक' तैयार:औषधीय पौधे बता रहे बीमारियों के प्राकृतिक उपचार का तरीका

झालावाड़ जिले के अकलेरा उपखंड की ग्राम पंचायत गेहूंखेड़ी स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में एक हर्बल गार्डन विकसित किया गया है। यह गार्डन ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य शिक्षा का केंद्र बन गया है, जहां छोटी-मोटी बीमारियों के लिए प्राकृतिक उपचार की जानकारी दी जा रही है। अस्पताल परिसर में तैयार इस हर्बल गार्डन में तुलसी, अर्जुन, हरसिंगार, पत्थरचट्टा, मीठा नीम, पपीता, सप्तपर्णी और एलोवेरा सहित कई औषधीय पौधे लगाए गए हैं। प्रत्येक पौधे के पास हिंदी और अंग्रेजी में नेम प्लेट लगी है, जिससे आम व्यक्ति और छात्र आसानी से पौधे की पहचान और उसके औषधीय गुणों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। घरों में भी औषधीय पौधे लगाने के लिए कर रहे प्रेरित
आयुर्वेद विभाग का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत उन्हें अपने घरों में भी औषधीय पौधे लगाकर सामान्य बीमारियों का प्राथमिक स्तर पर उपचार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अनावश्यक रूप से अस्पताल आने की जरूरत कम हो। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनिका मीणा ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और ग्रामीणों को हर्बल गार्डन का भ्रमण कराकर प्रत्येक पौधे के औषधीय उपयोग के बारे में विस्तार से बताया जाता है। उदाहरण के तौर पर एलोवेरा का गूदा जलने या त्वचा संबंधी सामान्य समस्याओं में लाभदायक माना जाता है। लोगों में औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ रही
डॉ. मीणा ने बताया कि तुलसी और नीम का काढ़ा सर्दी, खांसी और जुकाम में राहत पहुंचाने में सहायक हो सकता है, जबकि अर्जुन की छाल हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि लोगों में औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और कई ग्रामीण अपने घरों में भी ऐसे पौधे लगाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
विभाग का प्रयास है कि आयुर्वेद की परंपरागत ज्ञान-परंपरा को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को प्राकृतिक और सरल स्वास्थ्य विकल्प उपलब्ध कराए जाएं।

प्लॉट दिलवाने के नाम पर 5 लाख लूटे:बुकिंग अमाउंट लेने के बहाने बुलवाया,फिर थैला लूटकर भागे

सीकर के सदर थाना इलाके में प्लॉट दिलवाने के नाम पर 5 लाख रुपए लूटने का मामला सामने आया है। बुकिंग अमाउंट लेने के बहाने पीड़ित को बुलवाया गया। इसके बाद दो गाड़ियों में बैठे लोग रुपए का थैला लेकर वहां से फरार हो गए। डूकिया के मूलनिवासी ओमप्रकाश जाट ने सीकर के सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि वह वर्तमान में सीकर में पालवास चौराहे के पास किराए के मकान में रहते हैं। उनके पास पड़ोसी आदित्य का कॉल आया। जिसने कहा कि पालवास रोड पर कोई प्लॉट है जो किसी को अर्जेंट बेचना है। इसके बाद 30 जून की दोपहर करीब 1:30 बजे योगेश पुत्र महेंद्र वर्मा निवासी कूदन और नरेंद्र भामू ओमप्रकाश के फ्लैट पर आए और कहा कि हमें 5 लाख रुपए का बुकिंग अमाउंट दे दो। इसके बाद ओमप्रकाश अपने फ्लैट से योगेश और नरेंद्र के साथ गाड़ी में बैठकर पालवास चौराहे पर आ गया। चौराहे पर पहले से एक गाड़ी खड़ी थी। योगेश और नरेंद्र ने भी गाड़ी को वहीं खड़ा किया और फिर फोन पर बात करते हुए कहा कि दूसरी गाड़ी में पैसे लेकर जाओ। जैसे ही ओमप्रकाश दूसरी गाड़ी की तरफ जाने लगा तो योगेश,नरेंद्र और उनके साथी रुपए का थैला छीनकर वहां से फरार हो गए। फिलहाल ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने योगेश और नरेंद्र के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है। मामले की जांच ASI संतकुमार कर रहे हैं। फर्जी साइन और मोहर लगाकर रजिस्ट्री करवाकर लाखों रूपए हड़पने वाला गिरफ्तार सीकर की नेछवा थाना पुलिस ने तहसीलदार की फर्जी साइन और मोहन लगाकर रजिस्ट्री करके जमीन बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रकाश जाट(28) पुत्र हुक्माराम जाट निवासी जायल को उसके गांव में दबिश देकर पकड़ा है। आरोपी के गिरोह में और भी कई लोग शामिल हैं। जिनकी अब पुलिस तलाश कर रही है।

पाकिस्तान में 125 साल पुराना गुरुद्वारा ध्वस्त:पूर्वमंत्री बोले- भारत सरकार पाक पर दबाव बनाए; शाहबाज शरीफ का पुतला फूंका

पाकिस्तान के फारूकाबाद में 125 साल पुराने ऐतिहासिक श्री गुरुद्वारा साहिब को ध्वस्त करने से सिख समाज में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में भाजपा और सिख समाज के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान रोष रैली निकाली गई और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी के नेतृत्व में रोष जुलूस बाजार से होते हुए लाइटवाला चौंक पहुंचा। जहां पाकिस्तान के खिलाफ संबोधन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने और पाकिस्तान पर दबाव बनाने की मांग की। सुरेंद्रपाल टीटी बोले- यह पहली घटना नहीं सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने सम्बोधित करते हुए कहा- पाकिस्तान में गुरुद्वारा में हुई यह बेअदबी पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी हिंदू मंदिरों पर हमले होते आए हैं, मंदिर तोड़े गए और हिंदुओं के साथ अत्याचार किया जाता रहा है। अब फारूकाबाद के गुरुद्वारा साहिब को तोड़ दिया गया है और वहां कब्जा कर लिया गया है। गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की गई है। टीटी ने कहा- हिंदुस्तान सरकार को मजबूती के साथ पाकिस्तान को इसका जवाब देना चाहिए। भारत सरकार को पाकिस्तान सरकार से सीधे बात कर इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करना चाहिए। धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत पर हमला बताया प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को सिख समाज की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत पर सीधा हमला बताया। उन्होंने मांग की कि भारत सरकार इस मुद्दे को तुरंत कूटनीतिक स्तर पर उठाए और सिख तीर्थ स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित कराए। अनूपगढ़ और घड़साना में भी हुआ विरोध श्रीकरणपुर के साथ-साथ अनूपगढ़ और घड़साना में भी सिख समाज के लोगों ने इस घटना का विरोध जताया। उन्होंने भारत सरकार से पाकिस्तान पर दबाव बनाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तान में सिख गुरुद्वारों और हिंदू मंदिरों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर भारत में सिख और हिंदू समाज में आक्रोश बढ़ रहा है।

चढ़ाई से लुढ़का बेकाबू ट्रक शोरूम पार्किंग में घुसा, VIDEO:पोल से टकराकर रुका, पास में लगे सीसीटीवी में कैद हुई घटना

चूरू शहर में भालेरी रोड पर चढ़ाई चढ़ रहा एक अनियंत्रित ट्रक पीछे की ओर लुढ़कते हुए एक शोरूम की पार्किंग में जा घुसा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बारह चक्का ट्रक चढ़ाई पर चढ़ते समय असंतुलित हो गया और तेजी से पीछे की ओर लुढ़कने लगा। इससे आसपास के राहगीरों और वाहन ड्राइवरों में अफरातफरी मच गई। ट्रक अनियंत्रित होकर पास के एक शोरूम की पार्किंग में घुस गया। वहां एक पोल से टकराकर रुकने के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि पोल बीच में नहीं आता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के समय कई लोग मौजूद थे, लेकिन वे समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए। घटना में शोरूम की पार्किंग में बने टीनशेड को नुकसान पहुंचा है। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे हादसे की तस्वीरें सामने आई हैं। शोरूम संचालक अर्जुन प्रजापत ने बताया कि पार्किंग शेड को क्षति पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क का स्तर वैज्ञानिक तरीके से नहीं बनाए जाने के कारण भारी वाहन चढ़ाई पर संतुलन खो देते हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस स्थान का तकनीकी निरीक्षण कर सड़क की ऊंचाई और ढाल का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने अपील की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

जमीनी विवाद में परिवार पर हमला, महिलाओं के कपड़े फाड़े:कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, बोले-कोर्ट में स्टे के बावजूद कब्जे का प्रयास कर रहे

टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि कोर्ट में स्टे होने के बावजूद 20-25 लोग खेत पर पहुंचे और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना के विरोध में पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने गुरुवार कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई कर छोड़ा पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले से पाबंद थे, फिर भी उनके खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। इससे परिवार में डर का माहौल है। खेत में घुसकर फसल खराब करने और तारबंदी का आरोप पीड़ित पक्ष का कहना है कि उनके परिवार की खातेदारी और कब्जे वाली जमीन पर मूंग की फसल बोई हुई है। आरोप है कि कुछ लोग 20-25 लोगों के साथ खेत में पहुंचे और फसल खराब करने के साथ वहां तारबंदी शुरू कर दी। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। महिलाओं से मारपीट और मंगलसूत्र छीनने का आरोप पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। एक महिला के कपड़े फाड़ दिए गए, उसके साथ मारपीट की गई और वह बेहोश हो गई। परिवार का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। मामले में पीड़ित पक्ष ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चोरी करने फ्लैट में घुसी पड़ोसी महिला, VIDEO:CCTV देख मालिक को चला पता, पड़ोसी से कहकर गेट करवाया लॉक

जयपुर में गुरुवार रात को एक फ्लैट में चोरी करने पड़ोसी महिला घुस गई। चोरी की घटना कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फ्लैट के मालिक ने अपने मोबाइल में घर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो वीडियो में पड़ोसी महिला नजर आई। मालिक ने तुरंत पड़ोसी से कहकर बाहर से लॉक करवाकर अंदर घुसी महिला को बंद करवा दिया। घटना गुरुवार रात करीब 8:15 बजे की है। फ्लैट के मालिक ने मौके पर पहुंचकर महिला के पकड़े जाने का वीडियो बनाने लगा तो महिला ने हंगामा कर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे डाली। मुहाना थाने में पीड़ित की ओर से महिला के खिलाफ गुरुवार रात को शिकायत दर्ज करवाई गई है। 7 लाख की चोरी होने के बाद लगाया था CCTV कैमरा पुलिस ने बताया कि मुहाना के एक रेजीडेंसी में रहने वाले युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि करीब एक साल पहले उनके फ्लैट में चोरी हुई थी। फ्लैट से करीब 7 लाख रुपए कीमत के गहने-कैश चोरी हुए थे। उसे पड़ोस के फ्लैट में रहने वाली महिला पर ही चोरी का शक था। फिर से चोरी पकड़ने के लिए उसने चोरी-छिपे कमरे में CCTV कैमरा भी लगवाया था। फुटेज में अलमारी खंगालते दिखी पीड़ित का कहना है कि गुरुवार शाम को वह परिवार के साथ परिचित के बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने गया था। रात करीब 8:15 बजे CCTV फुटेज देखने पर पड़ोस में रहने वाली महिला उसके फ्लैट के अंदर घूमते हुए नजर आई। अलमारी खोलकर उसमें रखे सामान को खंगाल रही थी। फुटेज देखकर तुरंत उसने दूसरे पड़ोसी को कॉल कर मदद मांगी। पड़ोसी को कहकर उसके फ्लैट का गेट बाहर से लॉक करवा दिया। डूप्लीकेट चाबी से खोला लॉक चोरी करने फ्लैट में घुसी आरोपी महिला कैमरे में कैद हो गई। इस दौरान ऑनर भी पार्टी छोड़कर घर के लिए रवाना हो गया। कुछ देर बाद आरोपी महिला ने खुद को फ्लैट के अंदर कैद होना पाया। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान ही ऑनर भी पहुंच गया। जाली गेट के अंदर मौजूद आरोपी महिला का ऑनर ने वीडियो बनाया तो महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया। खुद के कपड़े फाड़कर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। फ्लैट में चोरी करने घुसी महिला के पकड़ने की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाइश कर मामले को शांत करवाया। पीड़ित फ्लैट ऑनर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। SHO (मुहाना) गुर भूपेंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर महिला के खिलाफ गलत तरीके से फ्लैट में घुसने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पड़ोसी महिला ने डूप्लीकेट चाबी से लॉक खोलकर फ्लैट में चोरी करने घुसी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

केंद्रीय मंत्री बोले-मोदी सरकार में जोधपुर का इंफ्रास्ट्रक्चर बदला:शेखावत ने कहा- नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल से मारवाड़ को होगा फायदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित जोधपुर दौरे से पहले केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 4 जुलाई का दिन जोधपुर और पूरे मारवाड़ के लिए ऐतिहासिक होगा। सालों के लंबे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों जोधपुर के नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण होने जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा- नया टर्मिनल केवल जोधपुर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की जरूरतों को पूरा करेगा। वर्तमान एयरपोर्ट की तुलना में इसकी यात्री संभालने की क्षमता लगभग दस गुना बढ़ जाएगी, जिससे बढ़ती हवाई सेवाओं और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। शेखावत ने कहा कि पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पित होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। ऐसे में बेहतर एयर कनेक्टिविटी निवेश, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। 12 साल के बाद संकल्प हो रहा पूरा शेखावत ने कहा कि करीब 12 साल पहले सांसद बनने के बाद उन्होंने जोधपुरवासियों से एयरपोर्ट के विस्तार का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद आज वह सपना साकार हो रहा है और यह जोधपुर की जनता के विश्वास की जीत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार के कार्यकाल में जोधपुर के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव आया है। शहर को नई सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग, लगभग 2 हजार करोड़ रुपए की रिंग रोड, आधुनिक रेलवे स्टेशन, 42 नई लंबी दूरी की ट्रेनें, वंदे भारत एक्सप्रेस तथा एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं। पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को देगी नई दिशा शेखावत ने कहा- जोधपुर को जिस स्तर का विकास मिलना चाहिए था, वह अब लगातार हो रहा है। नया एयरपोर्ट टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। शेखावत ने जोधपुर और पूरे मारवाड़ की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा पश्चिमी राजस्थान के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शेखावत का स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात दिलाने पर एयरपोर्ट कार टैक्सी समिति ने भी केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान के नेतृत्व में शेखावत का साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी कल पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे:दोपहर 12 से 2 बजे तक रुकेंगे, मुख्यमंत्री आज तैयारियों का जायजा लेने पहुंचेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री कल बालोतरा जिले की पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री परियोजना का निरीक्षण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे, साथ ही उड़ान योजना के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री लेंगे तैयारियों का जायजा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज पचपदरा पहुंचकर तैयारियों की अंतिम समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे मंडापुरा पहुंचेंगे, जहां एचपीसीएल के नए आउटलेट का उद्घाटन करेंगे और पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे रिफाइनरी परिसर में अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे और शाम करीब 6 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं, राज्य मंत्री के. के. विश्नोई भी बालोतरा में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 से 2 बजे तक प्रधानमंत्री पचपदरा में रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 9:30 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10:40 बजे जोधपुर वायुसेना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे पुराने टर्मिनल के रास्ते नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन पहुंचेंगे। करीब 20 मिनट के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दो मिनट की वीडियो प्रस्तुति देखेंगे, नए टर्मिनल का अवलोकन करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विधायकों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सुबह 11:20 बजे हेलिकॉप्टर से पचपदरा के लिए रवाना होंगे और दोपहर करीब 12 बजे रिफाइनरी परिसर पहुंचेंगे। यहां वे राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद परियोजना का निरीक्षण करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। लगभग दो घंटे के कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 2 बजे पचपदरा से रवाना होंगे। गेट नंबर-7 से होगी आमंत्रितों की एंट्री प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। आमंत्रितों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर-7 पर बनाई गई है, जहां करीब 3 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता है। पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल तक शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी और आमंत्रितों का प्रवेश भी गेट नंबर-7 से कराया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा जांच और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। देश की सबसे हाईटेक रिफाइनरी यह रिफाइनरी HPCL (74%) और राजस्थान सरकार (26%) का संयुक्त उपक्रम है। 15 साल के लंबे इंतजार और ₹42,229 करोड़ की अतिरिक्त लागत (शुरुआती लागत से तुलना) के बाद अब यह रेगिस्तान की तस्वीर बदलने को तैयार है। पचपदरा रिफाइनरी की सबसे बड़ी खासियत इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स (NCI) है। यह लगभग 17 है। तकनीकी भाषा में इसका मतलब है कि यह देश की सबसे उन्नत, हाई-कन्वर्जन रिफाइनरी है। यह दुनिया के किसी भी कोने से आने वाले भारी, निम्न गुणवत्ता (लो क्वालिटी) वाले कच्चे तेल को भी बेशकीमती पेट्रोल, डीजल, पेट्रोकेमिकल में बदलने की क्षमता रखती है। आत्मनिर्भर भारत का जीवंत उदाहरण देते हुए इस रिफाइनरी के अधिकांश रिएक्टर, कॉलम, भारी टैंक भारत में ही बने हैं। इसका दिमाग यानी कंट्रोल सिस्टम, हाई-प्रेशर कंप्रेसर के लिए अमेरिका, जापान, यूरोप की तकनीक का सहारा लिया गया है। इसकी फिनिशिंग, वेल्डिंग की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनाए रखने के लिए नीदरलैंड के तकनीशिय ने पचपदरा की तपती धूप में पसीना बहाया है। खास हीटिंग पाइपलाइन बिछाई गई कच्चे तेल की प्रकृति वैक्सी (मोम जैसी) होती है। इसे पाइपलाइन में जमने से रोकने के लिए मुंद्रा (गुजरात) से पचपदरा तक एक विशेष हीटिंग पाइपलाइन बिछाई गई है। इसमें जगह-जगह हीटिंग स्टेशन, थर्मल इंसुलेशन लगाया गया है। इससे तेल का तापमान बना रहेगा। इस मेगा प्रोजेक्ट के पीछे दुनिया के सबसे बड़े तकनीकी दिमाग काम कर रहे हैं। इंजीनियर्स इंडिया इसकी कमान संभाल रही है। लमस टेक्नोलॉजी, यूओपी, यूनिवेशन टेक्नोलॉजीज जैसी ग्लोबल कंपनियों ने अपनी पेट्रोकेमिकल, क्रैकर यूनिट्स की तकनीक प्रदान की है। लाखों टन स्ट्रक्चरल स्टील और विशेष एलॉय स्टील से स्ट्रक्चर बनाए गए हैं। हजारों किलोमीटर की केबलिंग और मोटरों में कॉपर का अधिक उपयोग किया गया है, जिससे वायरिंग फ्रिक्वेंसी मजबूत रहे। रिफाइनरी शुरू होते ही राजस्थान भी मजबूती से आर्थिक क्षेत्र में उभरेगा। रिफाइनरी से प्रोडक्शन शुरू होने के बाद राजस्थान केवल कच्चा तेल निकालने वाला राज्य नहीं रहेगा। वह उसे प्रोसेस कर वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट (जैसे पॉलीप्रोपाइलीन और पॉलिमर) बनाने वाला हब बन जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक, केमिकल उद्योगों की बाढ़ आएगी।

रेप के प्रयास मामले में भाजपा नेता को मिली जमानत:हाईकोर्ट से मिली जमानत, पुलिस ने 28 मई 2026 को गिरफ्तार किया था

रेप के प्रयास मामले में आरोपी उदयपुर के भाजपा नेता को जोधपुर हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने साफ किया कि ट्रायल में लंबा समय लगने की संभावना को देखते हुए आरोपी को लंबे सयम तक जेल में रखने से कोई ठोस मकसद पूरा नहीं होगा। जज सुनील बेनीवाल की एकल पीठ ने याचिकाकर्ता की जमानत अर्जी को स्वीकार करते हुए ये आदेश दिए। बता दें कि आरोपी को उदयपुर शहर की घंटाघर थाना पुलिस ने 28 मई 2026 को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद जेल भेज दिया ​था। करीब एक महीने जेल में रहने के बाद जमानत मिली है। जबरन घर में घुसने का आरोप जानकारी के अनुसार, यह मामला 5 जून 2025 का है, जिसमें पीड़ित ने अगले दिन 6 जून को एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ जबरन घर में घुसने, बदसलूकी करने और रेप के प्रयास के आरोप लगाए थे। जिसके बाद आरोपी ने भी दूसरे दिन क्रॉस केस दर्ज कराया था। जिसमें आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया था। 4 अगस्त 2025 को आरोपी की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। जिसे मई महीने के अंत में निरस्त कर दिया था। आरोपी ने इसे व्यापारिक विवाद बताते हुए फंसाने की साजिश बताई थी। पुलिस ने दोनों ही एफआईआर के मामलों में अपनी जांच पूरी ली।

वीबीजीरामजी का जिला स्तरीय कार्यक्रम,योजनाओं की जानकारी दी:लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र दिए, महिलाओं को मातृत्व किट मिली

सलूम्बर के सराडा तहसील में वीबीजीरामजी का जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभ वितरित किए गए। क्षेत्रीय विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक शांता मीणा ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए। श्रमिकों को टूल किट तथा माताओं को मातृत्व किट प्रदान की गईं। सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता भी उपलब्ध कराई गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के समापन पर, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तहसील परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में एसीईओ दिनेश पाटीदार, उपखंड अधिकारी बिंदुबाला राजावत, विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह चुंडावत, तहसीलदार आस्था रानी बामणिया, सारड़ा मंडल अध्यक्ष करण जोशी और जयसमंद मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।