सांप के डसने से साढ़े 3साल के बच्चे की मौत:खांडी ओबरी गांव में आंगन में खेलते समय काटा था

उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के खांडी ओबरी गांव में सर्पदंश से साढ़े 3 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को गंभीर हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना सुबह के समय हुई जब बच्चा आर्यन डामोर अपने घर के आंगन में खेल रहा था। उसकी मां पास में ही बर्तन मांज रही थी। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने आर्यन को डस लिया। बच्चे के चिल्लाने पर परिजनों को घटना का पता चला। पुलिस मामले की जांच में जुटी
सांप के काटने के बाद परिजन तुरंत अचेत होते बच्चे को लेकर खेरवाड़ा अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बिना समय गंवाए बच्चे को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने मासूम आर्यन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना खेरवाड़ा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आमेर महल के होमगार्ड ने पेश की ईमानदारी की मिसाल:1.06 लाख नकद, कीमती सामान और दस्तावेजों से भरा बैग ओडिशा के पर्यटक को लौटाया

आमेर महल में तैनात होमगार्ड जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। आमेर महल घूमने आए ओडिशा निवासी पर्यटक नित्यानंद साहू का बैग कहीं छूट गया था। बैग में ₹1.06 लाख नकद, अन्य कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। आमेर महल में ड्यूटी पॉइंट पर तैनात होमगार्ड जवान फैज़ल खान (बेल्ट नंबर 1041) को शीश महल के पास यह लावारिस बैग दिखाई दिया। बैग की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान मिला। फैज़ल खान ने बिना देर किए इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और पर्यटक की तलाश शुरू कराई। इस बीच पर्यटक नित्यानंद साहू बैग मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे। जब उन्हें सूचना दी गई कि उनका बैग और उसमें रखा पूरा कैश व सामान सुरक्षित है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आमेर महल प्रशासन की मौजूदगी में फैज़ल खान ने बैग में रखे ₹1.06 लाख नकद, कीमती सामान और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक को सौंप दिए। अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर पर्यटक ने भावुक होकर होमगार्ड जवान फैज़ल खान का धन्यवाद किया और उनकी ईमानदारी की सराहना करते हुए एक वीडियो भी बनाया। फैज़ल खान की इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर “अतिथि देवो भवः” की भावना को साकार करते हुए पर्यटकों के बीच राजस्थान की सकारात्मक छवि को मजबूत किया।

पाकिस्तान आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़ा युवक बाड़मेर से गिरफ्तार:ATS के इनपुट पर कार्रवाई; कुछ महीने पहले गांव लौटा था आरोपी

बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान हैंडलर और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एटीएस के इनपुट पर की गई। पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र के गागरिया गांव निवासी युवक को गिरफ्तार कर रामसर थाने में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस और एटीएस की टीम उससे पूछताछ करेगी। अधिकारियों को पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। गागरिया गांव से गिरफ्तार किया युवक एसपी चूनाराम जाट ने बताया – गागरिया निवासी बशीर (20) पुत्र आमदन खान के खिलाफ रामसर थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में बसीर का संबंध गैंगस्टर शहजाद भट्टी से सामने आया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही पूरे मामले में और जानकारी सामने आ सकेगी। सोशल मीडिया पर रखी जा रही थी नजर जानकारी के अनुसार एटीएस लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शहजाद भट्टी को फॉलो करने वाले लोगों पर नजर रखे हुए थी। शुक्रवार को प्रदेशभर में हुई कार्रवाई के दौरान ऐसे कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। उनके सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। कुछ महीने पहले गांव लौटा था आरोपी पुलिस के अनुसार, बशीर पहले गुजरात में काम करता था। पिछले कुछ महीनों से वह अपने गांव गागरिया में ही रह रहा था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका शहजाद भट्टी से किस तरह संपर्क था और वह किन गतिविधियों में शामिल रहा।

दौसा सांसद मीणा ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र:दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे हादसों की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी ग​ठित की मांग

दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हाे रहे लगातार भीषण सड़क हादसों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। सांसद ने कहा- एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों में हर माह कई लोगों की जान जा रही है। जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नितिन गडकरी को पत्र लिखा सांसद ने अपने पत्र में 1 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के NE-4 एवं NE-4C जंक्शन पर हुई भीषण बस-ट्रक दुर्घटना का जिक्र करते हुए बताया- हादसे में 8 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात करने और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करने का भी उल्लेख किया। एक्सप्रेस-वे पर कमियों में सुधार की मांग पत्र में सांसद ने एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था में कई कमियां गिनाते हुए कहा- इंटरचेंज और एग्जिट पर पर्याप्त एवं स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड नहीं हैं, कई पुलों और फ्लाईओवरों पर सड़क की सतह असमान है, जगह-जगह गड्ढे एवं लहरदार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। सांसद ने बताया- इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की रात्रिकालीन प्रतिक्रिया, क्षतिग्रस्त किलोमीटर संकेतक, अग्निशमन सुविधाओं की कमी तथा स्पीड मैनेजमेंट सिस्टम की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित किया है। उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग सांसद ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का तकनीकी अध्ययन कर स्थायी समाधान लागू किए जा सकें। साथ ही एक्सप्रेसवे पर एसी स्लीपर बसों के सुरक्षा मानकों की विशेष जांच कर उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराई जाए।

किशनगढ़बास में कई सरकारी विभागों के मुखिया के पद खाली:तहसीलदार, ईओ जैसे पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं, अतिरिक्त प्रभार से चल रहा काम

खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में कई सरकारी विभाग लंबे समय से नियमित अधिकारियों के बिना चल रहे हैं। महत्वपूर्ण पदों पर अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है, जिससे आम जनता को सरकारी कार्य कराने में परेशानी हो रही है। तहसीलदार-ईओ, बीडीओ पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं राजस्व विभाग सबसे अधिक प्रभावित है। किशनगढ़बास तहसील में नियमित तहसीलदार का पद रिक्त है। खैरथल तहसील के तहसीलदार अभिषेक यादव को इसका अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दोनों तहसीलों का कार्यभार संभालने से राजस्व संबंधी कार्यों में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी तरह, किशनगढ़बास नगरपालिका में अधिशासी अधिकारी (ईओ) का पद भी खाली है। वर्तमान में राहुल अग्रवाल बर्डोद किशनगढ़बास, कोटकासिम और बड़ौदा मेव सहित चार नगरपालिकाओं का कार्यभार देख रहे हैं। इससे नगर निकाय से जुड़े विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों पर असर पड़ रहा है। ग्रामीण विकास विभाग की स्थिति भी ऐसी ही है। किशनगढ़बास पंचायत समिति में विकास अधिकारी (बीडीओ) का पद रिक्त है। मुंडावर के बीडीओ संजय यादव को इसका अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जो दोनों पंचायत समितियों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। लोग बोले-अधिकारी नहीं मिलने पर बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर स्थानीय निवासियों का कहना है कि अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अधिकारी के दूसरे क्षेत्र के दौरे पर होने से कई बार आवश्यक फाइलें लंबित रह जाती हैं और कार्य समय पर पूरे नहीं हो पाते। क्षेत्रवासियों ने कहा है कि यदि रिक्त पदों पर जल्द नियमित नियुक्तियां नहीं की गईं तो प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावित होगी। लोगों ने राज्य सरकार से मांग की है कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी रिक्त पदों पर स्थायी अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि सरकारी कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो सके।

नूंह में ट्रेलर ने राजस्थान रोडवेज बस को मारी टक्कर:बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, अलवर से दिल्ली जा रही, सभी यात्री सुरक्षित

नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-अलवर नेशनल हाईवे-248ए पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा होते-होते टल गया। पाटखोरी गांव के पास एक ट्रेलर ने सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में राजस्थान रोडवेज की बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ, लेकिन कुछ को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुआ। राजस्थान रोडवेज की एक बस अलवर से दिल्ली जा रही थी। पाटखोरी गांव के बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ड्राइवर ने सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के लिए अपनी साइड दबाई, जिससे वह बस से टकरा गया। बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों की जान बचाने के लिए बस को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। ट्रेलर मौके पर छोड़कर ड्राइवर हुआ फरार हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके पर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सोलपुर, ढाढोली और पाटखोरी गांव के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर थाना सदर फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। फरार ड्राइवर की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। स्थानीय लोग बोले- गड्‌ढों की वजह से हो रहे हादसे स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बने गहरे गड्ढों को दुर्घटनाओं की मुख्य वजह बताया है। उन्होंने प्रशासन से इन गड्ढों की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

वर्धमान बैटरी हाउस ने जीता उद्घाटन मैच:वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में मनिया टॉपर्स को रोमांचक मुकाबले में हराया

धौलपुर जिले के मनियां कस्बे में चल रही वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तहत खेले गए 2 मुकाबलों में वर्धमान बैटरी हाउस और कृष्णा मोटर्स ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। पहले मुकाबले में वर्धमान बैटरी हाउस का सामना मनिया टॉपर्स से हुआ। मनिया टॉपर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 128 रन बनाए। जवाब में वर्धमान बैटरी हाउस की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 गेंद शेष रहते रोमांचक जीत हासिल की। राहुल पोसवाल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच में विजेंद्र त्यागी और मोहित त्यागी ने अंपायरिंग की। कृष्णा मोटर्स ने अमन सिंह कोल्ड स्टोरेज की टीम को हराया
दूसरे मुकाबले में कृष्णा मोटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमन सिंह कोल्ड स्टोरेज की पूरी टीम 70 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह कृष्णा मोटर्स ने बड़े अंतर से यह मैच जीता। रोहित कुशवाहा को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में प्रदीप ठाकुर और बीपी पोसवाल ने अंपायर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता कमेटी के सदस्य विशाल पुंडीर ने बताया कि सत्यपाल ठाकुर ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली, जबकि सोनू नेकड़ी ने अपनी कमेंट्री से दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

राजसमंद में मानसून की एंट्री, तेज हवा के साथ बारिश:नो चोकी पर उठी 3 फिट पानी की ऊंची लहरे, लोगों को मिली उमस से राहत

राजसमंद में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने दस्तक दे दी। शुक्रवार सबुह आसमान में काले घने बादलों से शहर ढका रहा। जिससे सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो गई और दिन में ही अंधेरा छा गया। वहीं पर्यटन स्थल नो चोकी पर तेज हवाओं के कारण करीब 3 फिट पानी की ऊंची लहरे देखी गई। तेज हवा के साथ हुई बारिश सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 15 से 20 मिनट तक हुई। बारिश के चलते सड़कों और नालियों में पानी बहने लगा। भीषण गर्मी और उमस से ​राहत मिली मानसून की पहली बारिश से मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों के चेहरों पर खुशी देखी गई। किसानों के साथ-साथ आमजन भी मानसून की इस शुरुआत को शुभ संकेत मान रहे हैं। लोगों की निगाहें आने वाले दिनों में अच्छी और लगातार बारिश पर टिकी हुई हैं।

कुचामन ITI में प्रवेश प्रक्रिया शुरू:16 तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, गर्ल्स की नहीं लगेगी फीस

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) कुचामन सिटी में सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीकृत ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आईटीआई के सहायक निदेशक योगेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के लिए पात्र हैं। प्रथम सीट आवंटन 24 जुलाई को किया जाएगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई तक संबंधित ITI में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। महिला अभ्यर्थियों को मिलेगा फ्री प्रवेश
शर्मा ने यह भी बताया कि ITI उत्तीर्ण युवाओं को अग्निपथ योजना के तहत भर्ती में 50 अंकों तक का बोनस प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
संस्थान में वार्षिक प्रवेश शुल्क 2,400 रुपए निर्धारित है। महिला अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। कुचामन सिटी ITI में एनसीवीटी (NCVT) के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, फिटर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग (RAC) तथा कोपा (COPA) जैसे ट्रेडों में प्रवेश दिए जाएंगे।
इसके अलावा राजकीय ITI मौलासर में फिटर ट्रेड और राजकीय आईटीआई परबतसर में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में एससीवीटी (SCVT) योजना के तहत प्रवेश प्रक्रिया संपन्न होगी।

मानसून की पहली बारिश में भीगा शहर, 22 एमएम दर्ज:किसानों के चेहरे खिले, 6 जुलाई तक तेज हवा और बारिश का अलर्ट

बांसवाड़ा में मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई। बड़े दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। शहर सहित ग्रामीण अंचलों में गुरुवार शाम को बदले मौसम और लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह शुरू हुए मूसलाधार बारिश का दौर करीब दो घंटे तक लगातार जारी रहा। जिससे मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार सुबह हुई 22एमएम बारिश ​मौसम विभाग के वैज्ञानिक महिपाल सिंह चौधरी ने बताया- अरब सागर वाली मानसून शाखा ने जिले में धमाकेदार दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक जिले में 22एमएम बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। ​सुबह दो घंटे तक चली मूसलाधार बारिश के चलते शहर के मुख्य बाजारों और तंग गलियों में सैलाब आ गया। बारिश का वेग इतना तेज था कि सड़कों पर बहता पानी किसी उफनते नाले की तरह वेग मारता दिखाई दिया। खेती को मिला जीवनदान ​यह बारिश ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों के लिए अमृत बनकर बरसी है। लंबे समय से अच्छी बारिश की आस लगाए बैठे अन्नदाताओं के चेहरे खिल उठे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक महिपाल सिंह चौधरी ने बताया- जिले में मानसून सक्रिय हो गया है और 6 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आगामी 14 जुलाई से जिले में रेगुलर मानसून की बारिश शुरू होने की संभावना है। महिपाल सिंह चौधरी ने बताया- मानसून की दस्तक के साथ ही किसानों को खेतों में उतरते समय कुछ खास सावधानियां बरतनी चाहिए। ​बुवाई का सही समय: खेतों में पर्याप्त नमी आ चुकी है। किसान भाई मक्का, ज्वार, बाजरा, उड़द और मूंग की बुवाई का काम शुरू कर सकते हैं। ध्यान रहे, बीज का उपचार करके ही बुवाई करें।