चोरी करने फ्लैट में घुसी पड़ोसी महिला, VIDEO:CCTV देख मालिक को चला पता, पड़ोसी से कहकर गेट करवाया लॉक

जयपुर में गुरुवार रात को एक फ्लैट में चोरी करने पड़ोसी महिला घुस गई। चोरी की घटना कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फ्लैट के मालिक ने अपने मोबाइल में घर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो वीडियो में पड़ोसी महिला नजर आई। मालिक ने तुरंत पड़ोसी से कहकर बाहर से लॉक करवाकर अंदर घुसी महिला को बंद करवा दिया। घटना गुरुवार रात करीब 8:15 बजे की है। फ्लैट के मालिक ने मौके पर पहुंचकर महिला के पकड़े जाने का वीडियो बनाने लगा तो महिला ने हंगामा कर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे डाली। मुहाना थाने में पीड़ित की ओर से महिला के खिलाफ गुरुवार रात को शिकायत दर्ज करवाई गई है। 7 लाख की चोरी होने के बाद लगाया था CCTV कैमरा पुलिस ने बताया कि मुहाना के एक रेजीडेंसी में रहने वाले युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि करीब एक साल पहले उनके फ्लैट में चोरी हुई थी। फ्लैट से करीब 7 लाख रुपए कीमत के गहने-कैश चोरी हुए थे। उसे पड़ोस के फ्लैट में रहने वाली महिला पर ही चोरी का शक था। फिर से चोरी पकड़ने के लिए उसने चोरी-छिपे कमरे में CCTV कैमरा भी लगवाया था। फुटेज में अलमारी खंगालते दिखी पीड़ित का कहना है कि गुरुवार शाम को वह परिवार के साथ परिचित के बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने गया था। रात करीब 8:15 बजे CCTV फुटेज देखने पर पड़ोस में रहने वाली महिला उसके फ्लैट के अंदर घूमते हुए नजर आई। अलमारी खोलकर उसमें रखे सामान को खंगाल रही थी। फुटेज देखकर तुरंत उसने दूसरे पड़ोसी को कॉल कर मदद मांगी। पड़ोसी को कहकर उसके फ्लैट का गेट बाहर से लॉक करवा दिया। डूप्लीकेट चाबी से खोला लॉक चोरी करने फ्लैट में घुसी आरोपी महिला कैमरे में कैद हो गई। इस दौरान ऑनर भी पार्टी छोड़कर घर के लिए रवाना हो गया। कुछ देर बाद आरोपी महिला ने खुद को फ्लैट के अंदर कैद होना पाया। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान ही ऑनर भी पहुंच गया। जाली गेट के अंदर मौजूद आरोपी महिला का ऑनर ने वीडियो बनाया तो महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया। खुद के कपड़े फाड़कर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। फ्लैट में चोरी करने घुसी महिला के पकड़ने की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाइश कर मामले को शांत करवाया। पीड़ित फ्लैट ऑनर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। SHO (मुहाना) गुर भूपेंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर महिला के खिलाफ गलत तरीके से फ्लैट में घुसने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पड़ोसी महिला ने डूप्लीकेट चाबी से लॉक खोलकर फ्लैट में चोरी करने घुसी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *