केंद्रीय मंत्री बोले-मोदी सरकार में जोधपुर का इंफ्रास्ट्रक्चर बदला:शेखावत ने कहा- नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल से मारवाड़ को होगा फायदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित जोधपुर दौरे से पहले केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 4 जुलाई का दिन जोधपुर और पूरे मारवाड़ के लिए ऐतिहासिक होगा। सालों के लंबे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों जोधपुर के नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण होने जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा- नया टर्मिनल केवल जोधपुर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की जरूरतों को पूरा करेगा। वर्तमान एयरपोर्ट की तुलना में इसकी यात्री संभालने की क्षमता लगभग दस गुना बढ़ जाएगी, जिससे बढ़ती हवाई सेवाओं और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। शेखावत ने कहा कि पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पित होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। ऐसे में बेहतर एयर कनेक्टिविटी निवेश, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। 12 साल के बाद संकल्प हो रहा पूरा शेखावत ने कहा कि करीब 12 साल पहले सांसद बनने के बाद उन्होंने जोधपुरवासियों से एयरपोर्ट के विस्तार का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद आज वह सपना साकार हो रहा है और यह जोधपुर की जनता के विश्वास की जीत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार के कार्यकाल में जोधपुर के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव आया है। शहर को नई सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग, लगभग 2 हजार करोड़ रुपए की रिंग रोड, आधुनिक रेलवे स्टेशन, 42 नई लंबी दूरी की ट्रेनें, वंदे भारत एक्सप्रेस तथा एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं। पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को देगी नई दिशा शेखावत ने कहा- जोधपुर को जिस स्तर का विकास मिलना चाहिए था, वह अब लगातार हो रहा है। नया एयरपोर्ट टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। शेखावत ने जोधपुर और पूरे मारवाड़ की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा पश्चिमी राजस्थान के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शेखावत का स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात दिलाने पर एयरपोर्ट कार टैक्सी समिति ने भी केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान के नेतृत्व में शेखावत का साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

