जयपुर में सीए स्टूडेंट्स नेशनल-कॉन्फ्रेंस में एआई-कैपिटल मार्केट पर चर्चा:एक्सपर्ट्स बोले- चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए नई टेक्नोलॉजी-स्किल अपग्रेड करना जरूरी; 2 हजार स्टूडेंट्स ने पार्टिसिपेट किया

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की जयपुर शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस ‘क्षितिज– Inspiring Excellence for India 2047’ रविवार को बिरला ऑडिटोरियम में हुई। इसमें करीब 2 हजार सीए स्टूडेंट्स ने पार्टिसिपेट किया। कॉन्फ्रेंस में एआई, कैपिटल मार्केट, लीडरशिप, करियर ग्रोथ और प्रोफेशनल स्किल्स जैसे विषयों पर एक्सपर्ट्स ने अलग-अलग सेशंस के जरिए स्टूडेंट्स का मार्गदर्शन किया। आईसीएआई जयपुर के चेयरमैन राजा मोरध्वज शर्मा ने कहा- बदलते प्रोफेशनल माहौल में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए नई टेक्नोलॉजी, लीडरशिप और लगातार स्किल अपग्रेड करना जरूरी है। कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य स्टूडेंट्स को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना रहा। एआई और फाइनेंस के बदलते दौर पर चर्चा चेयरमैन राजा मोरध्वज शर्मा ने बताया- कॉन्फ्रेंस के अंतिम दिन तीन स्किल-अप और दो टेक्निकल सेशन आयोजित किए गए। एआई एंड टेक्नोलॉजी सेशन में सीए ऋद्धि जैन ने बताया- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से फाइनेंस और बिजनेस की कार्यशैली बदल रहा है। वहीं कैपिटल मार्केट सेशन में सीए अनंत लड्ढा ने निवेश, पूंजी बाजार और नए वित्तीय अवसरों की जानकारी दी। सक्सेस स्टोरी और करियर पर मिला मार्गदर्शन ‘सक्सेस क्रॉनिकल्स दैट इंस्पायर’ सेशन में वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने अपने प्रोफेशनल सफर, इंडस्ट्री और प्रैक्टिस के अनुभव साझा किए। उन्होंने स्टूडेंट्स को करियर प्लानिंग, लगातार सीखने और बदलती जरूरतों के मुताबिक खुद को तैयार करने के टिप्स दिए। लीडरशिप और एडमिनिस्ट्रेशन से जुड़े अनुभव साझा किए ‘द एडमिनिस्ट्रेटर्स माइंडसेट’ सेशन में आईएएस, आरएएस और न्यायपालिका से जुड़े वक्ताओं ने लीडरशिप, निर्णय लेने की क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और राष्ट्र निर्माण में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका पर चर्चा की। नेटवर्किंग और सीखने का मिला बड़ा प्लेटफॉर्म आईसीएआई के सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए सतीश कुमार गुप्ता और सीए (डॉ.) रोहित रूवाटिया अग्रवाल ने कहा- कॉन्फ्रेंस ने स्टूडेंट्स को नई टेक्नोलॉजी, ग्लोबल अवसरों और बदलते बिजनेस माहौल को समझने का मौका दिया। दो दिन तक चले आयोजन में स्टूडेंट्स को सीखने के साथ देशभर के प्रतिभागियों और एक्सपर्ट्स से नेटवर्किंग का भी अवसर मिला। कल्चरल नाइट के साथ हुआ समापन जयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए राजा मोरध्वज शर्मा ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के समापन पर कल्चरल नाइट आयोजित की गई। लाइव म्यूजिक के साथ स्टूडेंट्स ने डांस, सिंगिंग और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सीकासा जयपुर के अध्यक्ष सीए शिव शर्मा ने आयोजन को अतिथियों, एक्सपर्ट्स, वॉलंटियर्स और देशभर से आए स्टूडेंट्स का आभार जताया।

सांसद इकरा हसन बोलीं- संसद में सिर्फ 2 मुस्लिम महिलाएं:यह स्थिति हमें आईना दिखाती है; तालीमी कॉन्फ्रेंस में कहा- बेटियों को जरूर पढ़ाएं

उत्तर प्रदेश के कैराना से सांसद चौधरी इकरा हसन ने कहा- देश की इतनी बड़ी आबादी के बावजूद संसद में केवल दो मुस्लिम महिला सांसद हैं। यह स्थिति हमें आईना दिखाती है कि हमें अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए कितना और प्रयास करने की जरूरत है। वे रविवार को झुंझुनूं शहर के कर्बला मैदान में मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट, झुंझुनूं की ओर से ‘इस्लाह-ए-मुआशरा एवं तालीमी कॉन्फ्रेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। उन्होंने शिक्षा को समाज और कौम की तरक्की की सबसे बड़ी ताकत बताया। साथ ही कहा कि बेटियों को जरूर पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बॉर्डर इलाकों में मस्जिदों को गिराए जाने की घटनाएं लोकतंत्र की हत्या है। यदि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है, तो यह कानून और संविधान की गरिमा के खिलाफ है। कॉन्फ्रेंस में आए पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी ने कहा- आज शिक्षा का व्यवसायीकरण हो गया है, जहां हर कोई टॉपर बच्चों के पीछे भागता है। लेकिन असली शिक्षा वह है, जो एक कमजोर और ‘लूजर’ माने जाने वाले बच्चे को काबिल बनाकर समाज की मुख्यधारा में खड़ा कर दे। ​फौलादी इरादों से ही लिखा जाता है इतिहास
​मोटिवेशनल स्पीकर मुनव्वर ज़मां ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा- बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आलीशान संस्थानों की नहीं, बल्कि फौलादी इरादों की जरूरत होती है। जो इंसान अपने काम में पसीना बहाता है, वही इतिहास बदलता है। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि आपसी गिले-शिकवे भुलाकर ‘माफ करने का जज्बा’ पैदा करें, क्योंकि यही एक सफल समाज की नींव है। ​​कॉन्फ्रेंस का समापन ‘तालीमी ही कामयाबी की सीढ़ी है और अच्छा अख्लाक समाज की रूह है’ के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने विश्वास दिलाया कि झुंझुनूं के मुस्लिम समाज में शिक्षा की यह अलख अब रुकने वाली नहीं है और आने वाले समय में यहां से बड़ी संख्या में युवा आईएएस, डॉक्टर और शिक्षाविद बनकर समाज का नाम रोशन करेंगे। अब देखिए तस्वीरें

मकान की तराई करते हुए करंट लगा,2 बच्चों की मौत:एक चपेट में आया तो दूसरा बचाने गया; गीली छत पर फैला करंट

कोटा में रविवार को शाम 5 बजे करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, दो बच्चे घायल हो गए। चारों बच्चे निर्माणाधीन मकान की तराई कर रहे थे। इस दौरान अचानक लोहे की रेलिंग में करंट दौड़ गया। रेलिंग में करंट दौड़ते ही आदिल (16) चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए समीर (10) आगे बढ़ा तो वो भी करंट की चपेट में आ गया। छत गीली होने के कारण दो अन्य बच्चे भी झुलस गए। घटना किशोरपुरा थाना क्षेत्र के साजी देड़ा इलाके की है। बच्चे तराई कर रहे थे मृतक आदिल के पिता शब्बीर ने बताया- उनका बेटा आदिल और भांजा समीर निर्माणाधीन मकान की छत पर पानी की तराई कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रेलिंग में अचानक करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद बच्चों को तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने आदिल और समीर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल भांजे रिजवान (12) का इलाज रामपुरा सेटेलाइट अस्पताल में जारी है। वहीं, एक को छुट्टी दे दी गई है। बिजली कंपनी पर लगाए आरोप उन्होंने आरोप लगाया कि मकान के पास से बिजली की लाइन गुजर रही है। निजी बिजली कंपनी KEDL की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है। मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पड़ोसी इमरान ने बताया- आदिल के पिता शब्बीर नगर निगम में ठेकेदार के पास मुंशी गिरी का काम करते हैं। आदिल आठवीं कक्षा में पढ़ता था। वहीं, समीर भी किशोरपुरा सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। परिवार ने नहीं करवाया पोस्टमार्ट किशोरपुरा थाना अधिकारी भूरी सिंह ने बताया- पुलिस ने दोनों शवों को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था, लेकिन मृतकों के पिता शब्बीर और रमजान ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की लिखित सहमति के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के दोनों शव उनके सुपुर्द कर दिए।

सीएम ने सिविल-सेवा-वन सेवा-2025 के चयनित अभ्यर्थियों से किया संवाद:कहा- युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका से विकसित भारत का संकल्प होगा साकार

जयुपर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- कड़ी मेहनत और अनुशासन से ही सिविल सेवा परीक्षा में चयन के सपने को पूरा किया जा सकता है। सिविल सेवा परीक्षा के जरिए युवाओं को लोक सेवक बनने का अवसर प्राप्त होता है। इसलिए वे विकसित भारत, विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के प्रयासों को गति प्रदान करें। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। इस दौरान युवा अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री निवास पर सिविल सेवा परीक्षा और भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित राजस्थान के अभ्यर्थियों के साथ रविवार को सीएम भजनलाल ने संवाद किया। सीएम ने कहा- युवा इससे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपने सेवाकाल में कर्मभूमि के साथ-साथ अपनी मातृभूमि की सेवा और उसके प्रति कर्तव्यों को भी निभाएं। सरकार रोडमैप बनाकर कर रही काम मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- पिछले ढाई साल में हमारी सरकार ने प्रदेश में विकास का रोडमैप बनाकर कई काम किए हैं। हम मूलभूत आवश्यकताओं की सुनिश्चितता के लिए विशेष रूप से पानी और बिजली क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से कर रहे हैं। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री से अनुज अग्निहोत्री, पक्षाल सेक्रेटरी, प्रवीण रत्नू, अदिति अरोड़ा, अनीता सहित अन्य सफल अभ्यर्थियों ने बातचीत की। इस अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना सीएम भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर अभ्यर्थियों के साथ पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें संस्करण को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन से आमजन को देश में हो रहे सामाजिक सरोकारों से जुड़े नवाचारों की जानकारी और उसे अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी की ताकत को भारत की बड़ी पूंजी बताया है।

बांसवाड़ा में भाजपा नेताओं ने सुना 'मन की बात' कार्यक्रम:आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प, जनजाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष भी रहे मौजूद

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड बांसवाड़ा में भी सुना गया। आनंदपुरी के बूथ संख्या 102 पर भाजपा नेताओं ने लाइव प्रसारण सुना। कार्यक्रम के बाद मौजूद लोगों ने देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और पीएम के विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। ​इस अवसर पर भाजपा और जनजाति मोर्चा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा, प्रदेश महामंत्री राजेश कटारा, प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू भाई मईड़ा, जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, मोर्चा जिलाध्यक्ष खेमराज गरासिया, जिलामंत्री कृष्णा कटारा, सरपंच रावजी भाई, पूर्व जिला परिषद सदस्य तोलाराम निनामा, मण्डल अध्यक्ष प्रकाश डामोर, नाहरपुरा मण्डल अध्यक्ष मनीष कुमार मसार, मोर्चा जिला महामंत्री विनोद कुमार डामोर सहित अन्य उपस्थित थे। ​देश सेवा और समाजहित का लिया संकल्प
​सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के आम नागरिकों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इस एपिसोड में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण और नवाचार विचारों को साझा किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इन विचारों से प्रेरणा लेते हुए पर्यावरण बचाने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अपना योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान कार्यक्रम में रतना भाई, गौतम लाल पारगी, मनोहर पारगी, पूर्व सरपंच ललित पाल पटेल, हिम्मतलाल गरासिया की भी मौजूदगी रही।

भीलवाड़ा में कुएं में गिरने से मासूम की मौत:पैर फिसलने से हुआ हादसा; ढाई घंटे बाद निकाली जा सकी बॉडी

भीलवाड़ा में रविवार को पांच साल के मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बकरियां चराने गया बच्चा खेलते-खेलते सार्वजनिक कुएं के पास पहुंच गया, जहां अचानक पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गया। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसा जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र के उपरेड़ा गांव में हुआ। उपरेड़ा गांव निवासी शंकर लाल दरोगा का बेटा हंसराज(5) गांव स्थित तेजाजी मंदिर के पास बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान वह अन्य बच्चों के साथ सार्वजनिक कुएं के आसपास खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। बच्चों ने दी सूचना, ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव
हंसराज के साथ खेल रहे बच्चों ने दौड़कर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया और पानी की मोटर लगाकर कुएं का जलस्तर कम करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों और गोताखोरों की टीम ने करीब ढाई घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर बनेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

EWS के अधिकारों और उत्थान को लेकर विचार गोष्ठी:राठौड़ बोले- पूरे देश में लागू हो राजस्थान का EWS मॉडल

झुंझुनूं में EWS के अधिकारों और उनके उत्थान को लेकर रविवार को एक विचार गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम श्री शार्दूल राजपूत छात्रावास में हुआ। EWS आरक्षण को समय की मांग बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पूर्व RTDC चेयरमैन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा- राजस्थान में EWS वर्ग के हित में जो सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं, उन्हें एक मॉडल के रूप में पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। अंतिम छोर तक पहुंचे EWS आरक्षण का लाभ राठौड़ ने कहा- EWS आरक्षण का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए वर्तमान प्रमाण-पत्र जारी करने की जटिल प्रक्रिया को पूरी तरह से सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना होगा। राठौड़ ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार और स्थानीय निकायों में भागीदारी की मांग की। अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहना होगा जिले की सभी तहसीलों से आए युवाओं, विद्यार्थियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा- जब तक समाज अपने अधिकारों के लिए जागरूक नहीं होगा, तब तक प्रशासनिक बदलाव लाना कठिन है। यह आयोजन EWS सरलीकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में नीति निर्धारण में इस वर्ग की आवाज को और अधिक मजबूती मिलेगी।
एक मंच पर ​दिखे संगठनों के प्रतिनि​धि गोष्ठी में सर्वसम्मति से मांग उठी कि जिस प्रकार सामान्य सीटों पर आरक्षण का लाभ मिलता है, उसी तर्ज पर पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में भी EWS वर्ग को आरक्षण का लाभ दिया जाए। राजस्थान सरकार द्वारा दी गई आयु-छूट और अन्य रियायतों के प्रावधानों को केंद्र सरकार के समक्ष रखकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए दबाव बनाया जाएगा। EWS का मुद्दा समाज के हर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों का जमावड़ा रहा। ये रहे मौजूद कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत, विप्र फाउंडेशन के जिला संयोजक उमाशंकर महमिया और जिलाध्यक्ष कमलकांत शर्मा, वैश्य समाज से बजरंग अग्रवाल, कायमखानी समाज के प्रदेश संयोजक कर्नल शौकत अली खान तथा कायमखानी महासभा के उम्मेद खान, डीसीसी के पूर्व जिलाध्यक्ष खलील बुडाना, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश खाजपुरिया तथा राजेन्द्र शर्मा मौजूद रहे।

बाजारों में फ्लैग मार्च, पुलिस ने दिखाई सख्ती:अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी, कानून व्यवस्था का लिया जायजा

डीग में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से रविवार शाम पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देश पर विशेष सायंकालीन गश्त अभियान के तहत आयोजित इस मार्च के दौरान पुलिस ने कानून व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की, अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी। अपराधियों व असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया कि जिले में कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रमुख मार्गों पर निकला फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च का नेतृत्व कोतवाली थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने किया। पुलिस बल के साथ निकला यह मार्च शहर के मुख्य बाजार, घंटाघर, लोहा मंडी, नई सड़क, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर, पुरानी अनाज मंडी और लक्ष्मण मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। पूरे रास्ते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। मार्च का समापन डीग कोतवाली थाना परिसर में हुआ। अतिक्रमण हटाने की दी चेतावनी फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने मुख्य बाजार और सड़कों पर अस्थायी अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों एवं अन्य लोगों को मौके पर ही समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर पुलिस और प्रशासन नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा। असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश पुलिस ने स्पष्ट किया कि फ्लैग मार्च केवल गश्त तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना भी था कि डीग पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। शहरवासियों ने किया स्वागत फ्लैग मार्च के दौरान कोतवाली थाना पुलिस के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शहरवासियों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

'प्राइवेट-स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने वाले टीचरों में निकम्मापन':दिलावर बोले-गुटखा खाने और शराब पीने वाले शिक्षकों की लिस्ट बना रहा हूं

शिक्षा मंत्री मदन दिलवार ने कहा- जो सरकारी टीचर अपने बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ा रहे हैं वे निकम्मापन कर रहे हैं। यानी उन्हें अपने बच्चों को पढ़ाना नहीं आता है। वे फ्री का वेतन ले रहे हैं। यदि उन्हें इस श्रेणी में नहीं आना है तो वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में डाल दें। दिलावर ने कहा- यदि किसी का मिलने वाला ऐसा आदमी हो तो उसे बता देना कि ठीक तरह से काम करें, वो मदन दिलावर बहुत खराब आदमी है। वो जाति से खटीक है, हमारे यहां दया का भाव नहीं है। हम अच्छे लोगों के प्रति दया रखते हैं। हम दुष्टों को दंड देते हैं और अच्छे लोगों को सम्मान देते है। दिलावर ने रविवार को टोंक में खटीक समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में ये बातें कही। उन्होंने कहा-अभी ग्रेड थर्ड के टीचरों के ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं। शिक्षामंत्री दिलावर की 5 बड़ी बातें…. 1. शिक्षा में सुधार के लिए मैंने गालियां: दिलावर ने कहा- शिक्षा में सुधार के लिए मैंने गालियां तो खाई हैं, लेकिन सुधार किया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई सख्त फैसले लिए हैं, जिससे शिक्षक मुझसे नाराज हैं। शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अब केवल शत-प्रतिशत परिणाम दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि 80 अंकों की परीक्षा में विद्यार्थियों को कम से कम 40 अंक लाने होंगे। यदि परिणाम खराब रहा तो संबंधित शिक्षक से जवाब-तलब किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर निलंबन या तबादले जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। 2.पहली बार सरकारी स्कूल के बच्चों ने टॉप किया: राजस्थान का शिक्षा का स्तर पहले देश में 14वें नंबर पर था। अब चौथा नंबर है। पहली बार सरकारी स्कूल के बच्चों ने टॉप किया है। प्राइवेट स्कूलों के बच्चे पीछे रह गए। अब निजी स्कूलों के मुकाबले सरकारी स्कूलों में भी बढ़िया पढ़ाई होती है, मैं गारंटी देता हूं। बच्चे पेरेंट्स और टीचर को देखकर संस्कार सीखते हैं, इसलिए पेरेंट्स की भी जिम्मेदारी है कि वे संस्कारित रहें। 3. गुटखा खाने और शराब पीने वाले शिक्षकों की सूची बना रहे: टीचर किधर देख रहा है, क्या कर रहा है, इन सबका भी बच्चों पर प्रभाव पड़ता है। इसी कारण हम गुटखा खाने वाले और शराब पीने वाले शिक्षकों की सूची बना रहे हैं, ये सूचियां बन रही हैं, इसके बाद बताएंगे कि हम क्या करेंगे। हमनें सभी अफसरों से कहा है कि राजस्थान साफ सुथरा दिखना चाहिए। इसमें जो लापरवाही करेगा, उसे एक बार तो चेतावनी देंगे और दूसरी बार छोड़ेंगे नहीं। चाहे किसी भी समाज का हो, किसी को छोड़ेंगे नहीं, कार्रवाई करेंगे। 4. सफाई का पैसा दूसरी जगह खर्च करने पर करेंगे वसूली: दिलावर ने कहा- ऐसी कोई पंचायत नहीं, जिसमें पैसा न हो, क्योंकि फाइनेंस कमीशन का पैसा आता है, उसका 40 प्रतिशत पैसा स्वच्छता पर खर्च करना ही होता है। पता नहीं किन कार्यों में पैसा खर्च करके मेरे पास आकर कहते हैं कि पैसा नहीं है। जो अन्य कार्यों में सफाई का पैसा खर्च करेगा, उनसे व्यक्तिगत पैसों की वसूली करेंगे। लोग कहते है कि भ्रष्टाचार होता है। कमीशनखोरी हो रही है, लेकिन कमीशनखोरी करके काम में कमी कर दी, गुणवत्ता में कमी कर दी तो पूरा का पूरा पैसा अधिकारी से वसूला जाएगा। दस लाख का काम है तो दस लाख अधिकारी से वसूले जाएंगे। 16 सीसी का नोटिस देने और सस्पेंड करने से काम नहीं चलेगा, हमने पौने तीन करोड़ रुपए की वसूली निकाली है। 12 प्रतिशत ब्याज की वसूली के साथ पूरा पैसा वसूलेंगे। 5. कुंए- बावड़ियां बंद कर दी, उन्हें साफ करें: कार्यक्रम में मौजूद जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी की तरफ देखते हुए दिलावर ने कहा कि लोग पानी के लिए मंत्री कन्हैया लाल जी को गाली देते हैं, लेकिन हमारी जिम्मेदारी नहीं समझते हैं, कुंए- बावड़ियां बंद कर दी, उन्हें साफ करें, जलस्रोत बढ़ाएं। कार्यक्रम में जलदाय मंत्री के अलावा पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही।

बंद मकान से 27 कार्टन अवैध शराब बरामद:12 साल से बंद मकान में मिली खेप, मालिक की तलाश में जुटी रतनगढ़ पुलिस

चूरू की रतनगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मालपुर गांव में एक बंद मकान से 27 कार्टन अवैध शराब जब्त की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रतनगढ़ थाना के एएसआई रामनिवास मीणा, जो मामले की जांच कर रहे हैं, ने बताया कि मालपुर निवासी अनिल मेघवाल ने पुलिस को सूचना दी थी। अनिल का मकान पिछले 12-13 साल से बंद पड़ा था। अनिल मेघवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोसी रणजीत मेघवाल ने इस सूने मकान का फायदा उठाकर अंदर अवैध शराब छुपाकर रखी है। सूचना मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर एएसआई भंवर सिंह और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान की तलाशी ली, तो रसोई घर के अंदर से 27 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। इसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में थाना पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब किसकी है और इसका मालिक कौन है।