मायके जा रही पत्नी का मर्डर करने वाला पति गिरफ्तार:कुल्हाड़ी-लाठी से हमला किया, हाथ-पैर तोड़ डाले; अवैध संबंधों के शक में हत्या

झगड़े के दौरान मायके जाने की बात पर गुस्साए पति ने पत्नी को मार डाला। कुल्हाड़ी से सिर पर और लठ से हाथ पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। पत्नी निढाल होकर गिर पड़ी तो भाग निकला। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां महिला ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने फरार पति को पकड़ लिया। यह गांव के बाहर ही छिपा था। आज कोर्ट में पेश कर 2 दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपी पति ने कहा- उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। ऐसे में रोज लड़ाई-झगड़े होते थे। हत्या वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था और पत्नी मायके जाने की कह रही थी। वहीं पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया- आरोपी ने पत्नी के लठ मारकर दोनों हाथ और एक पैर तोड़ दिया था। कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया। मामला बांसवाड़ा के ​सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के इटाला गांव का है। अवैध संबंधों का शक था सज्जनगढ़ SHO धनपत सिंह ने बताया- अखिलेश गरासिया (32) को उसकी पत्नी शोभा (30) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। अखिलेश को अपनी पत्नी के चरित्र और अवैध संबंधों को लेकर शक था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मायके जाने निकली और कुल्हाड़ी मार दी SHO ने बताया- शुक्रवार को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद से तंग आकर शोभा अपने मायके जाने के लिए घर से निकल गई। तभी गुस्से में अखिलेश ने उसे रोक लिया और आवेश में आकर कुल्हाड़ी और लठ से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अधमरी हालत में महिला ने अपने मायके में फोन कर हमले की जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल शोभा को परिजन तुरंत सज्जनगढ़ अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा रेफर किया गया। लेकिन घावों के गहरे होने के कारण अस्पताल पहुंचे ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति 2 दिन की रिमांड पर; हाथ-पैर तोड़ डाले पुलिस के अनुसार, ​शुक्रवार शाम को हुई इस हत्या के बाद शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। उदयपुर से आने वाली FSL की टीम के समय पर नहीं पहुंच सकी थी। इसके बाद आज रविवार तीसरे दिन दोपहर में शोभा का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उससे हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बांसवाड़ा के MG हॉस्पिटल पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉ. अमित भीमावत ने बताया- शव के दोनों हाथों की हड्डियां फ्रैक्चर थी और पैर की भी हड्डी टूटी थी। सिर पर कुल्हाड़ी के वार से खून बह जाने से मौत हुई है।

महू स्कूल को विधायक कोष से मिलेंगे दो नए कक्ष:करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने भंडारे में की घोषणा

करौली जिले के महू (हरनगर) स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में विद्यार्थियों को जल्द ही बैठने की समस्या से राहत मिलेगी। विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने विधायक कोष से स्कूल में दो नए कक्षों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की विद्युत एवं पेयजल समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। यह घोषणा मठ भानगिरी बाबा आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के समापन अवसर पर हुए विशाल भंडारे में की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। स्कूल को मिली नई सौगात महू (हरनगर) के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में लंबे समय से अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे देखते हुए विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने विधायक कोष से दो नए कक्षों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित के विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यक कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बिजली और पानी की समस्याओं के समाधान का भरोसा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने क्षेत्र में विद्युत और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धार्मिक आयोजन में उमड़ी आस्था एक सप्ताह से चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। कथा का वाचन आचार्य विकास शास्त्री ने किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण को भगवान का साक्षात स्वरूप बताते हुए कहा कि इसके श्रवण से धर्म, सदाचार और मानव सेवा की प्रेरणा मिलती है। भाईचारे और संस्कारों का संदेश आयोजन समिति ने विधायक दर्शन सिंह गुर्जर का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। विधायक ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करते हैं तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं। ग्रामीणों ने संभाली व्यवस्थाएं भंडारे में हजारों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पुआ और रामकोला की प्रसादी ग्रहण की। प्रसाद वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने संभाली, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। ये रहे मौजूद इस अवसर पर रामेश्वर ठेकेदार (संरक्षक, दक्ष प्रजापति विकास संस्थान), महू (हरनगर) के सरपंच नरेश मीणा, कैलाश माली, शिक्षक गंगाराम प्रजापत, गुर्रू मीणा, किरोड़ी माली, पप्पू माली, कवर सिंह माली, हुकम माली, हरिचरण, दर्शन माली, लेखराम मीणा, पप्पू मीणा, कमराज मीणा, नंदकिशोर शर्मा, मुकेश शर्मा, रामरूप प्रजापत, दोर्जगिरी गुसाईं, रमेश प्रजापत, भूरालाल प्रजापत सहित सर्व समाज के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

खेलना-शकमबरी में कल 2-2 घंटे की बिजली कटौती:सुबह 8 से 10, शाम 4 से 6 बजे तक बंद रहेगी सप्लाई, पावटा जीएसएस पर होगा मेंटेनेंस का काम

कोटपूतली के खेलना क्षेत्र में कल दो घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 8 से 10 बजे तक ये कटौती की जाएगी। इस दौरान 132 केवी जीएसएस पावटा पर मेंटेनेंस का काम होगा। एईएन कुणाल पटेल ने बताया- मेंटेनेंस केचलते 33 केवी शकमबरी फीडर की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। वहीं 33 केवी फीडर खेलना की बिजली शाम 4 बजे से 6 बजे तक बंद रहेगी। इस कटौती के कारण 33 केवी जीएसएस खेलना और भोनावास दुदावास से निकलने वाले सभी 11 केवी फीडरों की बिजली आपूर्ति भी दो घंटे के लिए प्रभावित होगी।

कल से खुलेगा हाईकोर्ट, समय भी बदलेगा:जोधपुर-जयपुर पीठ में नियमित रूप से होगी सुनवाई, अभी जरूरी मामले सुने जा रहे थे

गर्मियों की छुट्टियों (समर वैकेशन) के बाद राजस्थान हाईकोर्ट कल से खुलेगा। मुख्यपीठ जोधपुर और जयपुर पीठ में सोमवार से नियमित रूप से मामलों की सुनवाई होगी। हाईकोर्ट में 1 से 28 जून तक समर वैकेशन था। इसके चलते केवल जरूरी मामलों (अर्जेंट कैसेज) की ही सुनवाई हो रही थी। इसके साथ ही सोमवार से हाईकोर्ट में सुनवाई का समय भी बदलेगा। गर्मियों के कारण अभी तक हाईकोर्ट मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित हो रहा था। लेकिन 29 जून से हाईकोर्ट में अपने नियमित समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मामलों की सुनवाई होगी। वहीं, प्रदेश की अधीनस्थ अदालतें भी मॉर्निंग शिफ्ट की जगह नियमित समय से ही चलेगी। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जयपुर पीठ में करेंगे सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई के नए रोस्टर के अनुसार मुख्यपीठ जोधपुर में 18 और जयपुर पीठ में 21 न्यायाधीश मामलों की सुनवाई करेंगे। जयपुर पीठ में चार खंडपीठ (डिवीजन बैंच) और 13 एकलपीठ (सिंगल बैंच) का गठन किया गया है। इनमें 7 एकलपीठ सिविल मामले और 6 एकलपीठ आपराधिक मामले सुनेंगी। सोमवार से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा जयपुर पीठ में सुनवाई करेंगे।

द्वारकाधीश मंदिर कल लगेगा151 किलो आम का महाभोग:ज्येष्ठ पूर्णिमा पर होगा विशेष श्रृंगार, भक्ति कार्यक्रम भी आयोजित

ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष पूर्णिमा पर 29 जून को श्री द्वारकाधीश मंदिर में भगवान श्री द्वारकाधीश को 151 किलो आम का विशेष महाभोग अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, इस महाभोग में केसर, हापुस (अल्फांसो), लंगड़ा, दशहरी, तोतापुरी और बादाम आम जैसी प्रमुख किस्में शामिल होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंगला आरती के साथ होगी। इसके बाद महिला भक्त मंडली द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। भजन-कीर्तन के उपरांत भगवान श्री द्वारकाधीश को 151 किलो आम का विशेष महाभोग अर्पित किया जाएगा। सुबह 9:30 बजे ठाकुरजी की महाआरती संपन्न होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन का संचालन श्री द्वारकाधीश भक्त मंडल समिति कर रही है। समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर दर्शन, महाआरती और प्रसादी का लाभ लेने की अपील की है।

66 अवैध गैस सिलेंडरों से भरा टेंपो जब्त:ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिस-डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई

बूंदी पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगंज बालाजी में अवैध गैस सिलेंडर से भरा एक टेम्पो जब्त किया है। सदर थाना और डीएसटी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में 66 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। देवली से कोटा जा रहे इस टेम्पो के ड्राइवर रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पास सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रामगंज बालाजी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान देवली से कोटा की ओर जा रहे एक टेम्पो को रोका गया। जांच करने पर टेम्पो में 66 गैस सिलेंडर भरे हुए पाए गए। ड्राइवर से जब इन सिलेंडरों के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जिसके बाद जिला रसद अधिकारी को सूचित किया गया। प्रवर्तन अधिकारी बलराम अपनी टीम के साथ थाने पहुंचे और सिलेंडरों की जांच की। जांच में सभी सिलेंडर अवैध पाए गए। रसद विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार पुत्र कन्हैयालाल सिंधी (39) निवासी सुभाष नगर, कोटा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि ये सिलेंडर कहां से लाए गए थे और इनकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी भंवर सिंह, पुलिस निरीक्षक अर्जुन सिंह, पुलिस निरीक्षक जेठाराम, हेड कांस्टेबल नेतराम, कांस्टेबल हनुमान और कांस्टेबल कृष्ण कुमार शामिल थे। डीएसटी टीम से उपनिरीक्षक राजाराम, सहायक उपनिरीक्षक रणवीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक हरिराम और ड्राइवर लक्ष्मीकांत ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डूंगरपुर में देर शाम मौसम बदला:हल्की बारिश से गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट

डूंगरपुर जिले में रविवार देर शाम मौसम ने करवट ली। दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद हुई हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली। शहर और आसपास के क्षेत्रों में काले बादल छाने के बाद बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने रविवार को जिले में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। दोपहर तक गर्मी का असर बना रहा, लेकिन शाम करीब 6 बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी बहने लगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी बहने से मौसम में बड़ा बदलाव महसूस किया गया। हालांकि, जिले के किसान अब भी अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई और खेती-बाड़ी के लिए पर्याप्त बारिश की आवश्यकता है। फिलहाल हुई हल्की बारिश से केवल मौसम सुहावना हुआ है, लेकिन कृषि कार्यों के लिए और अधिक वर्षा की जरूरत है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी जिले में बारिश की संभावना जताई है।

चूरू में ओपन एज तैराकी प्रतियोगिता:25 युवक-युवतियों ने लिया भाग, विजेताओं को किया सम्मानित

चूरू के रतनगढ़ रोड स्थित फन वर्ल्ड वॉटर पार्क में रविवार को ओपन एज तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फन वर्ल्ड के उस्मान अंसारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 25 युवक-युवतियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के एज ग्रुप 5 से 8 साल में अशरफ ने स्वर्ण पदक, आद्विक ने रजत पदक और शौर्य ने कांस्य पदक जीता। एज ग्रुप 9 से 12 साल में भव्य, अभी और उदय ने संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक हासिल किया। अनस ने रजत पदक और अनवि ने कांस्य पदक प्राप्त किया। एज ग्रुप 13 से 60 साल में अयान और साराह ने संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक जीता। फलक को रजत पदक और सुम्मैय्या को कांस्य पदक मिला। जूनियर ग्रुप फ्लोटिंग में शौर्य ने प्रथम स्थान और भव्य चौधरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर ग्रुप में डॉ. राहुल कस्वां प्रथम और अयान खान द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक जोशी ने की, जबकि वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण वर्मा मुख्य अतिथि थे। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल कस्वां और मुज्जसिम भाटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कोच असलम खान ने बच्चों को तैराकी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रतियोगिता के सभी विजेता तैराकों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस पूरे कार्यक्रम का संचालन अमन ट्रस्ट के अध्यक्ष उस्मान अंसारी ने किया।

दिव्यांगजनों को सिंगल विंडो सिस्टम पर मिलेंगी सभी सुविधाएं:जिला कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

झालावाड़। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने रविवार को मिनी सचिवालय के सभा कक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दिव्यांगजनों के लिए शीघ्र ही सिंगल विंडो सिस्टम शुरू करने और शिविरों में पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एसआरजी अस्पताल, झालावाड़ में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू करने की योजना बनाई है। इसके माध्यम से दिव्यांगों को विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों के लिए केवल एसआरजी अस्पताल जाना होगा, जहां उनके सभी काम संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जाएंगे। बैठक में कलेक्टर ने ‘झगड़ा हटाओ समाज बचाओ’ विशेष जागरूकता अभियान को गति देने के भी निर्देश दिए, जिसका उद्देश्य कुछ समुदायों में प्रचलित ‘झगड़ा प्रथा’ जैसी कुप्रथा पर अंकुश लगाना है। उन्होंने मानसून के दौरान जिले में निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिन राजकीय भवनों के पट्टे जारी हो चुके हैं, उनका पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, जिले के आमजन को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं की गुणवत्ता, सुचारु संचालन और समयबद्ध आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्योराजमल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित कार्रवाई आवश्यक

जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक रविवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं हादसों में कमी लाने के लिए विभिन्न बिन्दुओं पर गंभीरता से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं गंभीरता के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं एवं रेबीज जीवित श्वानों को पकडकर सुरक्षित स्थानों पर छोडने की कार्यवाही निरन्तर जारी रखें। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अवैध स्थानों पर शराब की दुकानें संचालित नहीं हो तथा निर्धारित नियमों की पूर्ण पालना की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओवर स्पीड में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की जाए। बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले की सड़कों पर हो रहे अतिक्रमणों को हटाने के संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए नियमित कार्रवाई आवश्यक है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्योराजमल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार मीणा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कैथवाड़ा पुलिस ने दो साइबर ठग दबोचे:होटल बुकिंग और सेक्सटॉर्शन से करते थे ठगी

डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैथवाड़ा थाना क्षेत्र के झैंझपुरी निवासी शेरमौहम्मद (22) पुत्र जल्ली और धर्मशाला निवासी वसीम (24) पुत्र रत्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों गिरोह बनाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ऑनलाइन सस्ते होटल बुकिंग का झांसा देकर लोगों से एडवांस राशि जमा कराकर ठगी करते थे। वे सेक्सटॉर्शन के माध्यम से भी लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर इन दोनों आरोपियों के खिलाफ छह शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में कुल 75,470 रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।