ब्रेकिंग न्यूज़
हनुमानगढ़ एसपी बी. आदित्य ने संभाला पदभार:पहली क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण पर जोर, शाखाओं का किया निरीक्षण

हनुमानगढ़ जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस अधिकारियों के साथ पहली अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इससे पूर्व, कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी, सीओ सिटी मीनाक्षी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने एसपी बी. आदित्य का स्वागत किया। स्वागत के उपरांत एसपी बी. आदित्य ने कार्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने क्राइम ब्रांच, परिवाद शाखा, डीएसबी शाखा, फोर्स शाखा, सीसीटीएनएस, साइबर सेल और अभय कमांड सेंटर जैसी विभिन्न शाखाओं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक शाखा की कार्यप्रणाली को समझा और वहां तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से उनके दैनिक कार्यों, लंबित मामलों तथा व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए टीमवर्क और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इसके पश्चात, एसपी कार्यालय के सभागार में बी. आदित्य की अध्यक्षता में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की पहली अपराध समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों की समीक्षा, वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों, अपराध नियंत्रण की रणनीति तथा आगामी प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम, प्रभावी पुलिसिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साधु ने 500 रुपए नहीं देने पर हाथी से कुचलवाया:पसलियां टूटीं, पुलिस बोली- पैसे मांगने की बात गलत, बार-बार सूंड के पास जा रहा था

बांसवाड़ा में युवक को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैर से कुचल दिया। जिससे उसकी पसलियां टूट गईं। गंभीर हालत में युवक को उदयपुर रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि हाथी वाले बाबा ने 500 रुपए मांगे, नहीं देने पर हाथी से हमला करवा दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात गलत है। युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। जिससे हाथी ने गुस्से में आकर युवक पर हमला कर दिया। मामला पाटन थाना क्षेत्र का गुरुवार शाम करीब 7 बजे का है। युवक को गंभीर हालत में बांसवाड़ा से उदयपुर रेफर किया गया है। ​₹20 देने के बाद मांगे ₹500, मना करने पर बाबा भड़के घायल के भांजे कालू ने बताया- मामा प्रभु (50) पुत्र हकरिया, निवासी पणदा शाम को घर से गेहूं पिसवाने के लिए छोटी सरवा गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में उनको हाथी वाले साधु बाबा मिले। कालू ने कहा- मामा ने बाबा को 20 रुपए दिए। बाबा ने पैसे रख लिए। इसके बाद मामा से 500 रुपए और मांगने लगे। मामा ने पैसे देने से मना किया तो बात झगड़ने लगे। आरोप है कि हाथी पर बैठे बाबा ने हाथी को इशारा किया। हाथी ने अपनी सूंड से प्रभु को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं। डॉक्टर बोले- कई पसलियां टूटीं, फेफड़ों में जम रहा खून घटना के बाद बाबा हाथी के साथ मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल प्रभु को तुरंत कुशलगढ़ हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर शुक्रवार शाम उसे जिला हॉस्पिटल लाया गया। देर रात डॉक्टरों ने उदयपुर रेफर कर दिया। एमजी हॉस्पिटल के उपनियंत्रक डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि युवक की दोनों तरफ की कई पसलियां टूट गई थीं। फेफड़ों में खून जमा होने लगा था, जिससे उसे सांस लेने और ऑक्सीजन मिलने में दिक्कत हो रही थी। युवक गंभीर हालत में कुशलगढ़ से रेफर होकर आया था। पुलिस बोली- पैसों के लिए हमला करवाने की पुष्टि नहीं पाटन थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि युवक रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान हाथी ने गुस्से में उसे पटक दिया। सूचना पर पुलिस ने हाथी वाले बाबा से पूछताछ की, लेकिन अब तक पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया- बाबा के साथ करीब 13-14 लोग भी थे। पुलिस सभी को रात में थाने लेकर आई थी। शुक्रवार सुबह पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। पीड़ित की शिकायत ले ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

डंपर से बाइक टकराने से युवक की मौत:अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

चूरू के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। गांव चलकोई के पास एक डंपर से बाइक टकराने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। दूधवाखारा थाना के एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि भलाउ ताल निवासी जयपाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, जयपाल का बड़ा भाई रोहिताष कुमार (25) शुक्रवार रात चूरू से तारानगर होते हुए अपने गांव आ रहा था। चलकोई गांव के पास सड़क पर आगे चल रहे एक डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही रोहिताष की बाइक डंपर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जयपाल की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डीडवाना-कुचामन में 'मिशन बुनियाद' का शुभारंभ:प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मिलेगा नया आधार

डीडवाना-कुचामन जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग और रॉकेट लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में ‘मिशन बुनियाद’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल के साथ, डीडवाना-कुचामन राजस्थान का 41वां जिला बन गया है, जहां प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ECE) और प्री-प्राइमरी शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। कार्यक्रम में जिला उपनिदेशक गौरव चौधरी, जिले के सभी सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना अधिकारी) और पर्यवेक्षक मौजूद रहे। इस दौरान मिशन बुनियाद के उद्देश्यों, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के विभिन्न घटकों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी सेक्टरों के लिए व्हाट्सएप समूह बनाए गए हैं। इनके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा से संबंधित गतिविधियां नियमित रूप से साझा की जाएंगी। पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण मॉड्यूल और कार्यक्रम के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। रॉकेट लर्निंग की ओर से वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक धीरज जांगिड़, कार्यक्रम प्रबंधक अक्षय शर्मा, हनुमानगढ़ जिला समन्वयक मीनाक्षी स्वामी और नागौर जिला समन्वयक आशीष सिन्हा ने कार्यक्रम के संचालन और सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला एवं बाल विकास विभाग और रॉकेट लर्निंग का यह संयुक्त प्रयास जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और बच्चों के समग्र विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अयोध्या में 225 उद्यमियों की भजन संध्या:स्वाती मिश्रा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, वैष्णवी शर्मा की काव्य प्रस्तुति ने बांधा समा

अयोध्या में रामनगरी की पावन फिजाओं में शुक्रवार शाम भक्ति, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजस्थान के विजयबाड़ा से आए 225 से अधिक उद्यमियों ने विजयबाड़ा इलेक्ट्रिकल डीलर्स एसोसिएशन (वेडा) के ‘डिवाइन वाराणसी-अयोध्या टूर’ के तहत शहर के एक होटल में आयोजित भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे और पूरा माहौल ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत कवयित्री वैष्णवी शर्मा की काव्य प्रस्तुति से हुई। उन्होंने राग भैरवी में भगवान श्रीराम के आदर्श, त्याग और मर्यादा पर आधारित रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाती मिश्रा ने श्रीराम भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर तक तालियां बजाते और भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हनुमानगढ़ी के संत एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत संजय दास ने कहा कि सनातन संस्कृति को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक उसके संस्कार पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने वेडा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल दर्शन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बनती हैं। इस अवसर पर निर्माणी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत मुरलीदास भी मौजूद रहे। वेडा के अध्यक्ष रमेश जैन ने बताया कि 225 सदस्यीय दल ने सबसे पहले काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में शामिल हुआ। इसके बाद अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि रामनगरी की आध्यात्मिक ऊर्जा और यहां का आत्मीय वातावरण सभी श्रद्धालुओं के लिए जीवनभर की अविस्मरणीय स्मृति बन गया। कार्यक्रम में वेडा के उपाध्यक्ष अशोक जैन, सचिव तमन्ना, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाई को पढ़ाने के लिए होटलों में काम किया:सेना में जाने का सपना छोड़ा; मां ने मजदूरी कर पढ़ाया; पढ़िए री-नीट की सफलता की कहानियां

बाड़मेर में अपने भाई को डॉक्टर बनाने का सपना देखने वाले भाइयों ने मजदूरी की तो किसी ने सेना में जाने का सपना छोड़ कर पत्थर उठाए। किसी के पिता की मौत हुई तो मां ने मजदूरी कर बेटे को नीट की तैयारी करवाई। किसी ने 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ी और टीचर के कहने पर फिर से शुरुआत की। आज री-नीट के सफल स्टूडेंट्स की लिस्ट में इनका नाम है। बाड़मेर की फिफ्टी विलेजर्स सेवा संस्थान में पढ़ने वाले 4 स्टूडेंट्स ने नीट परीक्षा पास की है। ये संस्थान गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा देता है। हालही में नीट रिजल्ट जारी हुआ है। इसमें मगाराम ने नीट में ऑल इंडिया 27279वीं रैंक हासिल की है। वहीं, पोलाराम की 1041वीं रैंक आई है। इसके साथ ही लाखाराम ने ऑल इंडिया 15283 रैंक प्राप्त की है। सवाईसिंह ने नीट में ऑल इंडिया में 15039वीं रैंक हासिल की है। सभी ने पहली बार में ही सफलता हालिस कर संस्था और परिवार का नाम रोशन किया है। पढ़िए बाड़मेर से री-नीट में सफल होने वाले स्टूडेंट्स की कहानियां… मुझे पढ़ाने के लिए भाई ने अपनी पढ़ाई छोड़ी मगाराम ने नीट में ऑल इंडिया 27279वीं रैंक हासिल की है। 564 नंबर आए है। मगाराम ने 10वीं सरकारी स्कूल पचपदरा से की। मगाराम ने बताया- मैं जब 3 दिन का था मेरे पिताजी की रोड एक्सीडेंट में डेथ हो गई थी। उसके बाद घर की सारी जिम्मेदारी मेरे मां पर आ गई थी। मां ने दिहाड़ी मजदूरी करने के साथ नरेगा में काम करके हम दोनों भाइयों को पढ़ाया। 10वीं करने के बाद बड़े भाई ने मुझे पढ़ाने के लिए अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी। गुजरात जाकर बोरियां डालने का काम करने लगा। मगाराम ने आगे बताया- भाई को 15-20 हजार रुपए के आसपास मजदूरी मिलती थी। हम दो भाई और दो बहने है। बहनें ससुराल रहती है। डॉक्टर बनने के बाद जब भी मैं आऊंगा तो गांव में ही ड्यूटी लूंगा। गांव के लोगों की सेवा करूंगा। हमारे गांव में हेल्थ की सुविधा नहीं थी। उसको देखकर मैंने मन में ठान लिया कि मुझे डॉक्टर बनना है। मेरा सपना है कि मैं न्यूरोलॉजिस्ट बनने का सपना है। पिता बीमार रहते, मां का निधन हुआ नीट में 1041 रैंक हासिल करने वाले पोलाराम ने बताया- 10वीं मैंने गांव की सरकारी स्कूल से की थी। तब मुझे चूनाराम सर ने फिफ्टी विलेजर्स संस्थान के बारे में बताया। मैंने वहां पर फॉर्म भरा। फिर हमारे घर और आर्थिक स्थिति का वेरिफिकेशन किया गया। इसके बाद मेरा सलेक्शन हुआ। यहां पर फ्री में रहना, पढ़ना और रहना हो गया। दो साल में 11 और 12वीं की। फिर नीट की तैयारी की इस बार मेरा सलेक्शन हो गया। यहां पर तीन साल तैयारी की। दसवी 85 प्रतिशत नंबर आए थे। पोलाराम का कहना है कि मेरे पिता जी की उम्र 65 साल है। वो मजदूरी पर जा नहीं पा रहे। मां का देहांत साल 2021 में हो गया था। साल 2023 में मेरे भाई ने 12वीं की और कमाने वाला कोई नहीं था। भाई ने होटल पर मजदूरी करना शुरू की और मैं यहां पर पढ़ने के लिए यहां पर आ गया। मेरी चार बहने है तीन ससुराल जाती है और सबसे छोटी बहन घर का काम करती है। बड़े भाई ने कहा कि मैं मजदूरी पर चला जाता हूं, तूं पढ़ाई कर लें। हम दोनों ही पढ़ाई में होशियार थे। उसका सेना में जाने का सपना था और तैयारी कर रहा था। अग्निवीर दौड़ में रह गया था। फिर उसने तैयार की नहीं और घर की स्थिति खराब थी। कोचिंग जाकर हम पढ़ नहीं सकते है वहां पर लाखों रुपए लगते है। इतनी हमारी इनकम नहीं है। मैं यह नहीं सोचा कि मैं टॉप एक हजार के पास पहुंच जाऊंगा। मेरी रैक ऑल इंडिया में 1041 आई है। कैटगरी रैक 341 आई है। मेरा सपना डॉक्टर बनने के साथ अच्छा इंसान बनने का सपना था। पोलाराम ने कहा- मां की डेथ के बाद बड़ा दुख हुआ। कमाने वाला कोई नहीं था, लगा कि पढ़ाई छूट जाएगी। घर की स्थिति खराब थी। मजदूरी करने वाला बनेगा डॉक्टर लाखाराम ने नीट में ऑल इंडिया 15283 रैंक हासिल की है। ओबीसी रैंक 7120 रही। लाखाराम ने बताया- मेरी बहन के ससुराल में मैंने 5वीं तक पढ़ाई की। उसके बाद मेरे घर से 7 किलोमीटर दूर सरकारी स्कूल बोथिया जागीर स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की। टीचर महेश कुमार गुर्जर ने मेरा बहुत सपोर्ट किया। उन्होंने मुझे फिफ्टी विलेजर्स संस्थान के बारे में बताया। साल 2023 से अब तक 11वीं, 12वी पास की है। नीट रिजल्ट को क्रेक किया। लाखाराम ने मेरे पिता तुलसाराम जी किसान है पहले गुजरात में बोरियां डालने का काम करते थे। इसके बाद भाग्यम वेलपेड पर काम करते थे। वहां 11-12 हजार सैलेरी थी। 9 भाई बहन है। बहने ससुराल जाती है। तीन भाइयों ने घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पढ़ाई छोड़ दी थी। मजदूर करते है। लाखाराम ने कहां- गर्मी की छुटिट्यों में डेढ़ माह तक कमठा मजदूरी की। उस समय मुझे 350 रुपए मिलते थे। मेरा सलेक्शन बीकानेर फिफ्टी विलेजर्स में हुआ था। एक साल रहने के बाद मेरी तबीयत बिगड़ने के बाद मुझे बाड़मेर विफ्टी विलेजर्स में आ गया। यहां पर पढ़ाई 10-12 घंटे पढ़ाई हो जाती है। मुझे जितनी उम्मीद थी उससे मेरे कम नंबर आए है। लाखाराम के 10वीं 84 प्रतिशत और 12वीं 87.80 प्रतिशत नंबर प्राप्त किए है। नीट में 586 नंबर आए है। 10वीं के बाद पढ़ाई छुटी सवाईसिंह ने नीट में ऑल इंडिया में 15039वीं रैंक हासिल की है। EWS में 1709वीं रैंक आई है। 587 नंबर आए है। मेरे परिवार में 6 भाई बहनें है। इसमें चार बहनों की शादी हो रखी है। वहीं एक छोटी बहन है। मेरे पिता का देहांत 24 जून 2023 को गया था। इससे पहले पिता पैर से विकलांग थे। 10वीं के बाद मेरी पढ़ाई छूट गई। मैंने मजदूरी भी की, लेकिन मेरे टीचरों ने मुझे संस्थान के बारे में बताया। वहां पर मेरा एडमिशन हो गया।

बर्थडे-पार्टी से लौट रहे दोस्तों की कार पलटी, 1 मौत:हाईवे पर बेकाबू हुई थी गाड़ी, एक ने मौके पर दम तोड़ा; 3 घायल

जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे चार युवकों की कार राठौड़ फार्म हाउस के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का कुचामन के राजकीय चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। घटना डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार रात 11 बजे की है। जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा नावां थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सभी युवक नावा में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राठौर फार्म हाउस के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसा इतना तेज था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हादसे में लीचाणा निवासी मुरली पाराशर (26) पुत्र गिरधारीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं कार में सवार अन्य चार युवक घायल हैं, जिनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। लीचाणा निवासी युवक की मौत परिजनों के अनुसार मुरली भावता कस्बे में मोबाइल की दुकान चलाता था, जबकि उसके पिता गिरधारीलाल खेती करते हैं। युवक की मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका कुचामन के राजकीय चिकित्सालय में उपचार जारी है। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। इनपुट सहयोग : कमलेश पारीक।

अलवर जिले में पति-पत्नी को सरियों से पीटा:महिला के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, गांव में अवैध शराब बेचने पर टोका था

अलवर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के बहाला गांव में कच्ची शराब बेचने का विरोध करने पर एक दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने दंपति को सरियों से पीटा, जिससे महिला का हाथ टूट गया और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को लहूलुहान हालत में अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिजली ठीक करने गया था पीड़ित, वहीं बिक रही थी शराब जानकारी के अनुसार, बहाला निवासी प्रवीण जाटव शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव में बिजली गुल होने पर पड़ोस के पोल पर लाइट ठीक करने गया था। उसी दौरान वहां पड़ोसी बिट्टू अवैध रूप से कच्ची शराब बेच रहा था। प्रवीण ने सार्वजनिक स्थान पर शराब बेचने का विरोध किया। शोर सुनकर बचाने आई पत्नी को भी नहीं छोड़ा मना करने पर आरोपी बिट्टू तैश में आ गया। उसने तुरंत अपने बेटे चीकू और अन्य परिजनों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने लाठी और लोहे के सरियों से प्रवीण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रवीण की चीख-पुकार सुनकर उसकी पत्नी मानबाई बीच-बचाव करने दौड़ी, तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। सरिए के वार से मानबाई का हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोपी अवैध रूप से बेचते हैं शराब अस्पताल में भर्ती पीड़ित प्रवीण ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गांव में अवैध रूप से कच्ची शराब का धंधा कर रहे हैं। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। पुलिस को पहले भी कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। बगड़ तिराहा थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

पुष्कर मेले में पहली बार होगी 60KM की घुड़सवारी:घोड़ों की हार्ट बीट और फिटनेस की जांच की जाएगी; महिलाएं दौड़ाएंगी बैलगाड़ी

पुष्कर पशु मेले में पहली बार अरावली की तलहटी में एंड्योरेंस राइडिंग (एक लंबी दूरी की घुड़सवारी) होगी। इसमें घोड़े और राइडर 60 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जिसमें 20-20 किलोमीटर के तीन लूप होंगे। हर 20 किलोमीटर पर घोड़ों की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी। राइडर का भी स्टेमिना देखा जाएगा। मेडिकल अनफिट होने पर घोड़े को राइडिंग से बाहर कर दिया जाएगा। इसके अलावा रेवाल चाल (घोड़ों की एक विशेष चाल) और महिला किसानों की बैलगाड़ी परेड भी पर्यटकों व टूरिस्ट को आकर्षित करेगी। पशुपालन विभाग की ओर से गाय और ऊंटों को लेकर हर साल की तरह इस साल भी कई प्रतियोगिताएं होंगी। एडिशनल डायरेक्टर डॉ. नवीन परिहार ने बताया- पहली बार पुष्कर मेले में एंड्योरेंस राइडिंग होगी। इसमें घोड़े की सहनशक्ति और राइडर के तालमेल व हेल्थ की परीक्षा देखने को मिलेगी। ये एक लंबी दूरी की घुड़सवारी प्रतियोगिता है, जिसमें घुड़सवार और उनका घोड़ा 60 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस 60 किलोमीटर की दूरी में 20-20 किलोमीटर के तीन लूप होंगे। हर 20 किलोमीटर पर तय दूरी के बाद, घोड़ों की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी। इस राइडिंग के निर्णायक कमेटी में मेंबर रह चुके लोगों को बुलाकर ट्रैक फाइनल कर दिया गया है। राइडिंग के 20-20 किलोमीटर के तीन पड़ाव होंगे राइडिंग मोतीसर रोड पर पुराने हेलीपैड से शुरू होगी और अरावली की तलहटी के कच्चे रास्तों को ट्रैक का रूप देने की तैयारी की जाएगी। सबसे बड़ा लूप पिचोलिया की गोचर भूमि पर बनाया जाएगा। राइडिंग के 20-20 किलोमीटर के तीन पड़ाव होंगे और समापन मोतीसर रोड पर ही होगा। महिला किसानों की बैलगाड़ी परेड डॉ. परिहार ने बताया- साल 2026 को संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से महिला किसान वर्ष घोषित किया गया है। इसी थीम पर पुष्कर मेले में बैलगाड़ी चलाने वाली महिला किसानों को बुलाया जाएगा। इस दौरान महिला किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए समापन के दिन बैलगाड़ियों की परेड निकाली जाएगी। रेवाल चाल व ट्रिक राइडिंग होगी खास डॉ. परिहार ने बताया-रेवाल चाल भी पहली बार होगी। इसमें मारवाड़ी घोड़े की रफ्तार और सहनशीलता देख सकेंगे। ये एक किलोमीटर की होगी। इसमें शर्त यह होती है कि इसमें राइडर व हॉर्स को थकान नहीं होनी चाहिए नहीं तो बाहर कर दिया जाएगा। इसके अलावा ट्रिक राइडिंग भी होंगी। इसमें राइडर एक या एक से ज्यादा भी हो सकेंगे। इसके अलावा घोडे़ की ओर से कई प्रकार के करतब भी दिखाए जाएंगे। गाय-भैंस की संख्या बढ़ाने की कोशिश डॉ. परिहार ने बताया कि पुष्कर पशु मेले में भैंस और गोवंश की संख्या काफी कम रहती है। इस बार इनकी संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए राजस्थान के अन्य जिलों व आसपास के राज्यों में भी पशुपालकों से संपर्क किया जा रहा है ताकि वे अपने पशु लेकर मेले में आएं।
हजारों पशु एवं लाखों श्रद्धालु आते हैं मेले में पुष्कर पशु मेले में हजारों ऊंट, घोड़े समेत अलग-अलग प्रजाति के पशु आते हैं। वहीं पशुपालकों के बीच करोड़ों रुपयों का लेन-देन होता है। लाखों श्रद्धालु सरोवर में स्नान और मंदिरों के दर्शन करते हैं। अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, जिसमें राजस्थानी लोक कलाकारों के साथ-साथ कई अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाता है। मेले के दौरान देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। पशुओं की भी कई रोमांचक प्रतियोगिता होती है, इनमें ऊंट दौड़, ऊंट का नृत्य, नाचने वाली घोड़ियों की प्रतियोगिता और सर्वश्रेष्ठ नस्ल के घोड़ों व दुधारू गायों का प्रदर्शन शामिल है। इसके अलावा पशुओं के स्वास्थ्य और सौंदर्य की भी प्रतियोगिताएं होती हैं।

अलवर में आज और कल हल्की बारिश के आसार:20-22 जुलाई को बिजली गिरने का अलर्ट जारी, IMD ने दी खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह

अलवर में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार रात शहर के कुछ इलाकों में करीब 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में बूंद तक नही गिरी। देर रात हुई बारिश से लोगों को दिन-भर की उमस से राहत मिली। इन दिनों जिले का मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी घने बादल छा जाते हैं तो कभी तेज धूप निकल जाती है, जिससे उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को जिले में सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 18 और 19 जुलाई को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं 20 से 22 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। इस बार जिले में मानसून की बारिश सामान्य से काफी कम हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में अब तक आधी भी बारिश नहीं होने से किसानों के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों की चिंता भी बढ़ गई है। अच्छी बारिश होने पर सरिस्का, सिलीसेढ़ झील, बालाकिला और वाटरफॉल जैसे पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। वहीं नदियों, बांधों और जलाशयों में पानी भरने का इंतजार भी लोगों को है। अब सभी की नजरें मानसून के फिर से सक्रिय होने और अच्छी बारिश पर टिकी हैं।