डीग में बिना फायर NOC 3 लाइब्रेरी सीज:नगर परिषद का अभियान जारी, शिक्षण संस्थानों में हड़कंप

डीग में बिना फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) संचालित हो रही 3 लाइब्रेरियों को नगर परिषद ने सीज कर दिया है। आयुक्त कुलदीप सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से शिक्षण संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया है। नगर परिषद की टीम ने लैक्सिकॉन लाइब्रेरी (बहताना रोड), वृंदा लाइब्रेरी (सहारई रोड) और जीनियस लाइब्रेरी (भूडा गेट) को सीज किया। ये सभी लाइब्रेरी बिना फायर एनओसी के संचालित पाई गईं। कार्रवाई के दौरान संबंधित संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों में पढ़ने आते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और फायर एनओसी होना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजवीर सिंह, सहायक कर्मचारी भूरी सिंह, फायरमैन सुनील कुमार बेरवा, अवधेश फौजदार और नीटू फौजदार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अग्नि सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नागौरी गांव में लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष:महिला सहित 4 लोग घायल; हालत गंभीर होने पर 3 धौलपुर रेफर

धौलपुर जिले के बसेड़ी उपखंड क्षेत्र के नागौरी गांव में 2 पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक महिला सहित 4 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें धौलपुर रेफर किया गया है। घायलों में भरत (28) पुत्र रामभरोसी, विशम्भर (40) पुत्र रामभरोसी और दशरथ (25) पुत्र सोना शामिल है। ये तीनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनके अलावा 1 महिला को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल बसेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धौलपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि महिला का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। दोनों पक्षों में है पुराना विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके कारण यह संघर्ष हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बसेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग को बचाया:घायल महिला को देख अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

डीग में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे डीग शहर के भरतपुर रोड स्थित अऊ गेट के पास एक सड़क हादसे में घायल वृद्ध महिला को एसपी शरण गोपीनाथ कांबले ने अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
एसपी नाकाबंदी की जांच के लिए जा रहे थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे घायल महिला को देखा और तत्काल सहायता प्रदान की। महिला का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय वीरवती सड़क किनारे एक पशु को भगा रही थीं। इसी दौरान डीग की ओर से आ रहे एक स्कूटी सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। टक्कर के बाद स्कूटी सवार भी घायल हो गया। घायल महिला को देख अपनी गाड़ी रूकवाई
एसपी शरण गोपीनाथ कांबले नाकाबंदी का निरीक्षण करने के लिए भरतपुर रोड से गुजर रहे थे। उनकी नजर सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी वृद्धा पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और पुलिसकर्मियों की सहायता से घायल महिला को सरकारी वाहन में बैठाकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। पुलिस ने महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

लेक्चरर-कोच भर्ती एग्जाम की 10 विषयों की आंसर-की जारी:आज से दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, ऑथेंटिक बुक्स से प्रमाण अटैच करना जरूरी

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से लेक्चरर एंड कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के तहत सोशियोलॉजी, इकोनॉमिक्स, म्यूजिक, ड्राइंग, उर्दू, पंजाबी, एग्रीकल्चर, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, होम साइंस एवं राजस्थानी विषय की मॉडल आंसर-की जारी कर दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया-यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल आंसर-की पर कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ आज से 3 जुलाई 2026 को रात्रि 12 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाईन दर्ज करवा सकते हैं। आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही दर्ज करनी होगी। परीक्षा के मॉडल प्रश्न पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। बिना प्रमाण आपत्ति पर विचार नहीं होगा मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्तियां केवल इन मॉडल प्रश्न-पत्रों के क्रम के अनुसार ही दर्ज की जा सकती हैं। हर आपत्ति के साथ प्रामाणिक (स्टैंडर्ड और ऑथेंटिक) पुस्तकों से प्रमाण अटैच करना जरूरी है। बिना प्रमाण के आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्ति केवल अभ्यर्थी स्वयं ही दर्ज कर सकते हैं। कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल नहीं हो सकता। फीस और पेमेंट की प्रोसेस यहां करें कॉन्टेक्ट ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल से अथवा फोन नम्बर 9352323625 और 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं। …………. पढें ये खबर भी… CBSE-12वीं सप्लीमेंट्री एग्जाम 28 जुलाई को:आवेदन प्रोसेस शुरू, 8 जुलाई लास्ट डेट; 320 रुपए होगी प्रति सब्जेक्ट फीस केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की 12वीं की सप्लीमेंट्री एग्जाम के लिए रेग्यूलर व प्राइवेट स्टूडेन्ट्स की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (एलओसी) सबमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रति सब्जेक्ट फीस 320 रुपए होगा। इसकी अंतिम तिथि 8 जुलाई होगी। इस दौरान किसी विषय में इम्प्रूवमेंट करने वाले स्टूडेन्ट्स भी आवेदन कर सकेंगे। (पूरी खबर पढें)

अवैध बजरी से भरी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त:खनिज विभाग करेगा आगे की कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी में पकड़े गए

भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी है। बहलियास थाना पुलिस ने बुधवार सुबह 8 बजे अवैध बजरी परिवहन की सूचना पर दो अलग-अलग कार्रवाई की है। बजरी से भरी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी। ऐसे में नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए। मुखबीर की सूचना पर पकड़े बडलियास थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया- एएसआई जेठमल को सूचना मिली थी कि नाहरगढ की ओर से अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर निकल रहे हैं। इस सूचना पर नाकाबंदी करवाई गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बजरी से भरे बिना नंबरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा और उसे थाने लाकर खड़ा करवाया। आगे की कार्रवाई खनिज विभाग करेगा दूसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल जितेंद्र को सूचना मिली कि आकोला और जीव का खेड़ा के बीच में अवैध बजरी खनन और परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर नाकाबंदी के बाद अवैध बजरी का परिवहन करते हुए बजरी भरी हुई एक ट्रैक्टर टोली को जब्त किया गया। दोनों ही वाहनों को थाने लाकर खड़ा करवाया और खनिज विभाग की टीम को सूचना दी गई है।आगे कार्रवाई खनिज विभाग द्वारा की जाएगी। ये रहे टीम में शामिल कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी जसवंत, एएसआई जेठमल,हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल,संदीप, दिनेश, अशोक अनिल, नाहर सिंह और गंभीर सिंह शामिल रहे हैं।

हनुमानगढ़ में 4 घंटे तक रही 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी:एसपी ने किया निरीक्षण, सीओ-एसएचओ फील्ड में रहे

हनुमानगढ़ में मंगलवार शाम 4 घंटे की विशेष ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी की गई। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस अभियान का उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाना और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना था।
इस दौरान जिलेभर में प्रमुख चौराहों, अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं तथा संवेदनशील मार्गों पर नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की गई। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने खुद नाकाबंदी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित अग्रसेन चौक और राधास्वामी डेरा के पास बनाए गए पॉइंट्स का जायजा लिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की सतर्कता परखी तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई
इस अभियान में जिले के सभी सीओ और एसएचओ अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी स्थलों पर मौजूद रहे। पुलिस टीमों ने बिना नंबर वाले वाहनों, काली फिल्म लगी कारों और अन्य संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।

आदिवासियों के अधिकारों, योजनाओं पर हुआ मंथन:विस्थापन के मुद्दे जताई चिंता, सरमथुरा में सम्मेलन में उमड़े लोग

धौलपुर के सरमथुरा स्थित कन्हैया पैलेस में जिला स्तरीय आदिवासी कांग्रेस सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान आदिवासी समाज के अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और वन अधिकार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी, दलित, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा हेतु संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। घोघरा ने यह भी आश्वासन दिया कि सरमथुरा क्षेत्र की समस्याओं को विधायक संजय कुमार के साथ मिलकर विधानसभा में उठाया जाएगा। अभयारण्य के नाम पर विस्थापन के मुद्दे पर जताई चिंता
धौलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अभयारण्य के नाम पर होने वाले विस्थापन के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भूमि केवल निवास स्थान नहीं, बल्कि लोगों की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी धरोहर है, जिसकी रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा। प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के संगठन महासचिव हरगुण भोपर और प्रदेश उपाध्यक्ष रितु मीणा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है। मिलकर कार्य करने का आह्वान
सम्मेलन की अध्यक्षता जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामलखन मीणा ने की। उन्होंने धौलपुर जिले में आदिवासी समाज के हितों और उनकी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई। पूर्व प्रधान लाखन सिंह खिडोरा ने भी संगठन की एकजुटता और आदिवासी कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता धनेश जैन ने किया। इस अवसर पर जाटव समाज के जिला अध्यक्ष सुवालाल जाटव, ओबीसी जिला अध्यक्ष सोनू यादव, योगेश शर्मा, रघुवीर मीणा, रामेंद्र मीणा, विनेश, संजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम मित्तल, क्यू एम खान सहित जिले के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उदयपुर से अजमेर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव:2 और 15 जुलाई को दो ट्रेन लेट चलेंगी, एक गाड़ी जयपुर से एक घंटे देरी से चलेगी

अजमेर-चित्तौड़गढ़ ट्रैक पर रेलवे ट्रैक का काम चलने से 2 ट्रेनों पर इसका प्रभाव पड़ेगा। 2 जुलाई और 15 जुलाई को उदयपुर- जयपुर रूट पर सफर करने वाले लोगों को देरी का सामना करना पड़ेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस काम के कारण जयपुर से उदयपुर आने वाली और उदयपुर से अजमेर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। जयपुर से उदयपुर आने वाली जयपुर-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12992) 2 जुलाई और 15 जुलाई को जयपुर स्टेशन से अपने सही समय पर नहीं चलेगी। यह ट्रेन जयपुर से 1 घंटा देरी से रवाना होगी। इस वजह से यह ट्रेन उदयपुर स्टेशन पर भी अपने तय समय से 1 घंटा लेट पहुंचेगी। उदयपुर से अजमेर के मदार स्टेशन जाने वाली उदयपुर सिटी-मदार ट्रेन (गाड़ी संख्या 19606 ) 2 जुलाई और 15 जुलाई को उदयपुर स्टेशन से अपने सही समय पर रवाना होगी, लेकिन रास्ते में लेट होगी। उदयपुर से रवाना होने के बाद इस ट्रेन को चित्तौड़गढ़ और सिंगावल स्टेशनों के बीच रास्ते में 40 मिनट रोककर चलाया जाएगा। इस वजह से यह ट्रेन मदार स्टेशन पर देरी से पहुंचेगी। ट्रैक पर चल रहे इस काम की वजह से 2 और 15 जुलाई को उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और अजमेर रूट के यात्रियों को परेशानी होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले रेलवे ऐप पर अपनी ट्रेन की सही लोकेशन चेक कर लें।

मनीष भामू मर्डर मामले में कॉन्स्टेबल की जमानत खारिज:घटना के दिन पूरी रात साथ था, करोड़ों के जमीन विवाद में राजीनामा करवाने वाला था

सीकर के बहुचर्चित मनीष भामू मर्डर केस में सीकर की एडीजी कोर्ट 2 ने आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल प्रदीप सिंह उर्फ मुकेश की जमानत खारिज कर दी है। घटना की पूरी रात कॉन्स्टेबल मृतक मनीष के साथ ही था। मृतक मनीष श्रवण भादवासी और रविंद्र कटेवा गैंग के बीच चल रहे करोड़ों रुपए के जमीनी विवाद का राजीनामा करवाने वाला था। परिवादी के वकील राजेंद्र कुमार हुड्डा ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को सीकर के उद्योग नगर पुलिस थाने में प्यारेलाल ने मुकदमा दर्ज करवाया कि 29 सितंबर को दोपहर के समय मनीष को महिपाल नाम का एक आदमी नवलगढ़ रोड पर बगिया होटल के पास से अपनी गाड़ी में बैठाकर रानोली लेकर गया। जहां पर रविंद्र कटेवा गैंग की शराब पार्टी चल रही थी। शराब पार्टी का आयोजन इसलिए हो रहा था क्योंकि मनीष ने इस गैंग के श्रवण के साथ जमीन के लफड़े में कटराथल में हुए मारपीट के मामले में राजीनामा करवाने के लिए अपनी 5 बीघा जमीन श्रवण के पास गिरवी रख दी थी। गैंग को यही बात खटक रही थी। फोन करवाकर मांगी थी फॉर्च्यूनर गाड़ी शराब पार्टी होने के बाद गैंग के लोगों ने मनीष से उसके चाचा के लड़के दिनेश को कॉल करवाया और फॉर्च्यूनर गाड़ी मांगने को कहा। तब मनीष के भाई ने कहा कि फॉर्च्यूनर गाड़ी तो खिरोड़ में है। इसके बाद मनीष, रविंद्र कटेवा, महिपाल सिंह, मनोज और मुकेश उर्फ प्रदीप, रोहित करीब 10 बजे खिरोड़ गए और वहां से गाड़ी लेकर जयपुर के लिए निकल गए। जमकर शराब पिलाई थी रास्ते में मनीष को खूब शराब पिलाई गई। इसके बाद सुबह 6:30 बजे सतपाल धींवा ने सूचना दी कि मनीष की मौत हो गई, जिसको जयपुर से सीकर लेकर आ रहे हैं। यह मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इन्वेस्टिगेशन करते हुए कॉन्स्टेबल प्रदीप सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। कोर्ट में जमानत पर बहस के दौरान कॉन्स्टेबल प्रदीप के वकील ने कहा कि मनीष को इस मामले में झूठा फंसाया गया है। मृतक मनीष शराब पीने का आदी था उसकी मौत का कारण भी और ही है। प्रदीप के जेल में रहने के चलते परिवार आर्थिक रूप से काफी परेशान हो चुका है। मनीष के साथ था मुख्य आरोपी परिवादी के वकील राजेंद्र कुमार हुड्डा ने कोर्ट में कहा कि कॉन्स्टेबल प्रदीप के खिलाफ मनीष को जयपुर में फार्म पर ले जाकर जहर देकर स्विमिंग पूल के अंदर पानी में डालकर हत्या करने का आरोप है। कॉन्स्टेबल घटना के दिन पूरी रात मनीष के साथ ही था जो इस केस का मुख्य आरोपी है। दोनों पक्षियों के वकीलों की तर्क के आधार पर एडीजे कोर्ट 2 की जज डॉ वीनू नागपाल ने आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल प्रदीप की जमानत खारिज कर दी।

करौली में पैरामेडिकल कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च:हटाए गए कर्मचारियों की बहाली की उठाई मांग, जारी रहेगा आंदोलन

करौली सहित प्रदेशभर में मंगलवार को राजस्थान नर्सेज एवं पैरामेडिकल संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च दिवंगत कर्मचारी दीपक खारवाल की स्मृति में आयोजित किया गया। समिति ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं और हटाए गए कर्मचारियों की सेवाएं बहाल नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। करौली जिले में समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दीपक खारवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मृतक को न्याय दिलाने और अपनी मांगों को पूरा करने की पुरजोर मांग उठाई। 3 मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
समिति ने बताया कि करौली सहित प्रदेश के सभी जिलों में धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। इस आंदोलन को प्रदेशभर के नर्सेज, पैरामेडिकल कर्मचारियों और स्थायी कर्मचारियों का समर्थन मिल रहा है। जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल के गेट नंबर-3 पर भी आंदोलन लगातार जारी है, जिसका नेतृत्व वरिष्ठ कर्मचारी और संघर्ष समिति के प्रतिनिधि कर रहे हैं। संयुक्त संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि उनकी तीन प्रमुख मांगें पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। इनमें दिवंगत कर्मचारी दीपक खारवाल को न्याय दिलाते हुए उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। अन्य मांगों में आंदोलन के दौरान हटाए गए सभी संविदा नर्सेज एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की सेवाओं को तत्काल बहाल करना और नर्सेज एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की स्थायी भर्ती पूर्व की व्यवस्था के अनुसार 10, 20 और 30 अंकों की मेरिट तथा बोनस अंकों के आधार पर करना शामिल है। समिति ने कहा कि सरकार से सकारात्मक निर्णय होने तक प्रदेशव्यापी धरना और आंदोलन पूर्ववत जारी रहेगा।