उदयपुर से अजमेर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव:2 और 15 जुलाई को दो ट्रेन लेट चलेंगी, एक गाड़ी जयपुर से एक घंटे देरी से चलेगी

अजमेर-चित्तौड़गढ़ ट्रैक पर रेलवे ट्रैक का काम चलने से 2 ट्रेनों पर इसका प्रभाव पड़ेगा। 2 जुलाई और 15 जुलाई को उदयपुर- जयपुर रूट पर सफर करने वाले लोगों को देरी का सामना करना पड़ेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस काम के कारण जयपुर से उदयपुर आने वाली और उदयपुर से अजमेर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। जयपुर से उदयपुर आने वाली जयपुर-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12992) 2 जुलाई और 15 जुलाई को जयपुर स्टेशन से अपने सही समय पर नहीं चलेगी। यह ट्रेन जयपुर से 1 घंटा देरी से रवाना होगी। इस वजह से यह ट्रेन उदयपुर स्टेशन पर भी अपने तय समय से 1 घंटा लेट पहुंचेगी। उदयपुर से अजमेर के मदार स्टेशन जाने वाली उदयपुर सिटी-मदार ट्रेन (गाड़ी संख्या 19606 ) 2 जुलाई और 15 जुलाई को उदयपुर स्टेशन से अपने सही समय पर रवाना होगी, लेकिन रास्ते में लेट होगी। उदयपुर से रवाना होने के बाद इस ट्रेन को चित्तौड़गढ़ और सिंगावल स्टेशनों के बीच रास्ते में 40 मिनट रोककर चलाया जाएगा। इस वजह से यह ट्रेन मदार स्टेशन पर देरी से पहुंचेगी। ट्रैक पर चल रहे इस काम की वजह से 2 और 15 जुलाई को उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और अजमेर रूट के यात्रियों को परेशानी होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले रेलवे ऐप पर अपनी ट्रेन की सही लोकेशन चेक कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *