हनुमानगढ़ में 4 घंटे तक रही 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी:एसपी ने किया निरीक्षण, सीओ-एसएचओ फील्ड में रहे

हनुमानगढ़ में मंगलवार शाम 4 घंटे की विशेष ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी की गई। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस अभियान का उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाना और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना था।
इस दौरान जिलेभर में प्रमुख चौराहों, अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं तथा संवेदनशील मार्गों पर नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की गई। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने खुद नाकाबंदी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित अग्रसेन चौक और राधास्वामी डेरा के पास बनाए गए पॉइंट्स का जायजा लिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की सतर्कता परखी तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई
इस अभियान में जिले के सभी सीओ और एसएचओ अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी स्थलों पर मौजूद रहे। पुलिस टीमों ने बिना नंबर वाले वाहनों, काली फिल्म लगी कारों और अन्य संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *