करौली में पैरामेडिकल कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च:हटाए गए कर्मचारियों की बहाली की उठाई मांग, जारी रहेगा आंदोलन
करौली सहित प्रदेशभर में मंगलवार को राजस्थान नर्सेज एवं पैरामेडिकल संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च दिवंगत कर्मचारी दीपक खारवाल की स्मृति में आयोजित किया गया। समिति ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं और हटाए गए कर्मचारियों की सेवाएं बहाल नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। करौली जिले में समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दीपक खारवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मृतक को न्याय दिलाने और अपनी मांगों को पूरा करने की पुरजोर मांग उठाई। 3 मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
समिति ने बताया कि करौली सहित प्रदेश के सभी जिलों में धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। इस आंदोलन को प्रदेशभर के नर्सेज, पैरामेडिकल कर्मचारियों और स्थायी कर्मचारियों का समर्थन मिल रहा है। जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल के गेट नंबर-3 पर भी आंदोलन लगातार जारी है, जिसका नेतृत्व वरिष्ठ कर्मचारी और संघर्ष समिति के प्रतिनिधि कर रहे हैं। संयुक्त संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि उनकी तीन प्रमुख मांगें पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। इनमें दिवंगत कर्मचारी दीपक खारवाल को न्याय दिलाते हुए उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। अन्य मांगों में आंदोलन के दौरान हटाए गए सभी संविदा नर्सेज एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की सेवाओं को तत्काल बहाल करना और नर्सेज एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की स्थायी भर्ती पूर्व की व्यवस्था के अनुसार 10, 20 और 30 अंकों की मेरिट तथा बोनस अंकों के आधार पर करना शामिल है। समिति ने कहा कि सरकार से सकारात्मक निर्णय होने तक प्रदेशव्यापी धरना और आंदोलन पूर्ववत जारी रहेगा।

