महिला का मुंह दबाकर लूट की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार:दांत तक तोड़ दिए थे; ऑपरेशन अश्ववेग के तहत बालोतरा पुलिस की कार्रवाई
बालोतरा जिले की सिवाना पुलिस ने चोरी का प्रयास और दांत तोड़ने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के 4 दिन में 4 युवकों को पकड़ा है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई ऑपरेशन अश्ववेग के तहत की गई। पुलिस के अनुसार- समदड़ी निवासी महिला ने 25 जून को पुलिस थाना समदड़ी में रिपोर्ट दी थी। बताया कि 22 जून की रात को खाना खाकर गर्मी के कारण अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। रात में करीब 25 साल के दो युवक पैदल आए और आते ही उसके मुंह पर हाथ रखकर उसका मुंह दबा दिया। गले व कानों में पहने हुए आभूषण चोरी करने का प्रयास किया। उसके साथ में मारपीट की। इससे उसका एक दांत टूट गया। शोर मचाने पर पास ही स्थित घर से जोराराम दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों युवक मौके से भाग गए। समदड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। कड़ी से कड़ी जोड़ने हुए संदिग्ध चतराराम पुत्र मोटाराम निवासी मेली हाल दुर्गापुरा, सांवलाराम पुत्र चुनीलाल निवासी मोकलसर, रमेश पुत्र मालमसिंह निवासी महिलावास, भटाराम पुत्र पोकराराम निवासी सिवाना बालोतरा को डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों के घर में घुसकर चोरी करना, मारपीट कर उसके दांत तोड़ने की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

