चूरू में संत कबीरदास जयंती मनाई गई:176 प्रतिभाओं का सम्मान, समाज सुधार पर जोर

चूरू। शहर के टाउन हॉल में रविवार को संत कबीरदास की 629वीं जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज की 176 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। यह समारोह कबीर शिक्षा समिति और धानका समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. राम शंकर कठेरिया, नेपाल के प्रख्यात समाजसेवी गणेश मंडल और दिल्ली से लक्ष्मण इंदौरा मौजूद रहे। समिति की ओर से अतिथियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में वक्ताओं ने संत कबीरदास के संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कबीरदास ने समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने जीवनभर जाति-पांति, छुआछूत, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों का विरोध किया तथा समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. राम शंकर कठेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। कबीर ने मानवता, सत्य, परिश्रम और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रेरणादायक है। नेपाल के समाजसेवी गणेश मंडल ने कहा कि संत कबीर का संदेश किसी एक समाज या देश तक सीमित नहीं है। उनकी वाणी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। लक्ष्मण इंदौरा ने धानका समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम संयोजक सीताराम लुगरिया ने बताया कि संत कबीर केवल महान संत ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक, विचारक और मानवता के पुजारी थे। उन्होंने जाति-पाति, छुआछूत और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता का संदेश दिया। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि कबीर की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सामाजिक बुराइयों का त्याग करें तथा शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

उदयपुर में तेज बारिश, कई जगह पेड़-बिजली पोल गिरे:गाड़ियों पर पेड़ गिरने से हुई क्षतिग्रस्त; 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

उदयपुर में रविवार दोपहर को अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी से कई जगह पेड़ और बिजली पोल गिर गए। बड़ी गांव मुख्य रोड पर बिजली पोल पर पेड़ टूटकर गिर गया। वहीं, रूप सागर रोड पर एक खड़ी कार और बाइक पर पेड़ गिर गई। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। कई दिनों बाद हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। रविवार को छुट्टी होने से शहर के पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की खासी भीड़ नजर आई। लोगों ने फतहसागर झील और पिछोला झील किनारे सुहावने मौसम का आनंद उठाया। मौसम विभाग के अनुसार- पांच दिन 3 जुलाई तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है। सुबह से तेज धूप और गर्मी से बेहाल थे लोग सुबह से तेज धूप की तपन और गर्मी से लोग बेहाल थे। दोपहर 2 बजे अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम में गिरावट आने से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार- रविवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम पारा 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री था।

40 साल से बंद पड़ा भवन ट्रैफिक थाना बनेगा:एसपी सतनाम सिंह कल उद्घाटन करेंगे, नई सुविधा मिलेगी

राईका बाग स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप लगभग 80 वर्ष पुराने डीएसपी कार्यालय भवन का पुनरुद्धार कर उसे आधुनिक यातायात पुलिस थाना के रूप में तैयार किया गया है। इस नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन 29 जून को सुबह 10 बजे एसपी सतनाम सिंह करेंगे। यह भवन दशकों से उपेक्षा का शिकार था। इसकी हालत इतनी जर्जर हो गई थी कि इसके उपयोग से दुर्घटना का खतरा बना रहता था। पिछले लगभग 40 वर्षों से यह भवन पूरी तरह खाली पड़ा था और किसी भी सरकारी कार्य के लिए इस्तेमाल नहीं हो रहा था। कुछ समय पूर्व यातायात पुलिस अधिकारियों ने इंडिया स्टील्स के संचालक एवं समाजसेवी रोशन अली नागौरी से इस भवन के जीर्णोद्धार का आग्रह किया था। नागौरी ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण मानते हुए जिम्मेदारी संभाली। मुख्य पुलिस थाने पर कार्यभार कम होगा उन्होंने अपने सहयोगियों रामदेव गाडोदिया, बृजेश गुप्ता, प्रवीण अग्रवाल, अब्दुल रशीद और टीकमचंद सोनी के साथ मिलकर भवन के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करवाया। पुनरुद्धार के बाद भवन को पूरी तरह नया स्वरूप दिया गया है। सभी कमरों का नवीनीकरण किया गया है, और बीच के खुले हिस्से पर टीन शेड लगाकर बैठक तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया गया है। थाना परिसर के बाहर आमजन और यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए एक आधुनिक प्याऊ भी स्थापित की गई है। इस नए भवन से मुख्य पुलिस थाने पर कार्यभार कम होगा, जिससे यातायात प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

आकाशीय बिजली से 30 गांवों में 18 घंटे बिजली गुल:33 केवी लाइन ठप, तीन पावर हाउस बंद हुए

झालावाड़ में आकाशीय बिजली गिरने से 33 केवी विद्युत लाइन में बड़ा फॉल्ट हो गया। शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई इस घटना के कारण भीलवाड़ी, राजपुरा और झालावाड़ रोड के तीनों पावर हाउस बंद हो गए, जिससे लगभग 30 गांवों में 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी और उमस के बीच रात गुजारनी पड़ी। बिजली विभाग ने रात करीब 10 बजे फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन दो घंटे बाद लाइन में फिर खराबी आ गई और बिजली दोबारा गुल हो गई। बारिश के कारण लोग खुले में भी नहीं सो सके। बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई, जिससे लोगों और मवेशियों दोनों के लिए पानी का संकट खड़ा हो गया। जेईएन नवनीत सिंह हाड़ा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से 33 केवी लाइन के 5 से 6 बिजली पोलों पर लगे डिस्क इंसुलेटर टूट गए थे। बिजली कर्मचारियों ने रातभर मरम्मत कार्य किया और क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदले। विभाग ने जानकारी दी है कि मरम्मत कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। लगातार हो रहे फॉल्ट से नाराज ग्रामीणों ने मांग की है कि मानसून के दौरान बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थायी समाधान किए जाएं, ताकि भविष्य में इतनी लंबी बिजली कटौती से बचा जा सके।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:चलती ट्रेन से कूदकर मोबाइल लुटेरों को पकड़ा; कॉन्स्टेबल को हार्टअटैक आया, मौत; युवक की मूंछ-बाल काटे

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। युवती पर खौलता पानी फेंकने वाले कॉन्स्टेबल को पुलिस विभाग ने लाइन हाजिर कर दिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. युवती पर खौलता पानी फेंकने वाला पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में युवती पर खौलता पानी फेंकने वाले कॉन्स्टेबल नरेंद्र को पुलिस विभाग ने लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही सरकार ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है। पूरी खबर पढ़ें 2. 11-12 साल के 3 बच्चों ने काटा था दोस्त का सिर
जयपुर में 10 साल के बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। हत्या करने वाले 3 दोस्तों को पकड़ा गया है, जिनकी उम्र महज 11-12 साल है। बहन के लिए गलत बोलने के कारण आरोपी नाराज थे। पार्टी के बहाने लड़के को बुलाकर सिर काट दिया। पूरी खबर पढ़ें 3. उदयपुर में बारिश, अंधड़ के कारण पेड़ गिरे
उदयपुर में रविवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश हुई। आंधी के कारण कुछ जगह पेड़ भी गिर गए, जिनके नीचे गाड़ियां दब गईं। इससे पहले शनिवार को बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, पाली समेत कई जिलों में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई। उदयपुर जिले में बाकल नदी बहने लगी। पूरी खबर पढ़ें 4. एक्सरसाइज करते समय कॉन्स्टेबल को आया हार्टअटैक
सवाई माधोपुर पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल की हार्टअटैक से मौत हो गई। कॉन्स्टेबल SI भर्ती की तैयारी कर रहे थे। रविवार सुबह दौड़ लगाने के बाद एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हार्ट अटैक आया और अचेत होकर मैदान में गिर पड़े। पूरी खबर पढ़ें 5. बदमाशों ने मोबाइल लूटा, चलती ट्रेन से कूदा युवक
अजमेर में ट्रेन के कोच में गेट पर खड़े युवक का बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया और भागने लगे। युवक ने चेन पुलिंग की और ट्रेन से छलांग लगा दी। घायल होने के बाद करीब 1 किलोमीटर पीछा कर एक महिला और पुरुष को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों की पिटाई कर दी। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. युवक की मूंछ-बाल काटे, जूतों की माला पहनाई
बाड़मेर के एक गांव में घर में घुसने के आरोप में युवक को बंधक बनाकर मारपीट की गई। लोगों ने उसे अपमानित करने की नीयत से आधी मूंछ और बाल काटकर उसे चप्पल-जूतों की माला पहना दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें 7. JEE की छात्रा ने फ्लाईओवर से कूदकर सुसाइड किया
कोटा में JEE की तैयारी कर रही 17 साल की छात्रा ने फ्लाईओवर से छलांग लगाकर जान दे दी। छात्रा बिहार के अररिया जिले की रहने वाली थी। वह जनवरी से कोटा में पीजी में रह रही थी और एक कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें 8. तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, युवक की मौत
अलवर के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में गोपालपुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खेत में पलटी खा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार 1 युवक की मौत हो गई, जबकि उसके 2 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. पानी की फुहारों से प्रदूषण कम कर रही वैन
जयपुर की हवा साफ करने के लिए हाईटेक मोबाइल मशीन सड़क पर उतर गई है। IIT खड़गपुर की तकनीक से बनी यह वैन प्रदूषण वाले इलाकों में घूमकर पानी की फुहारें छोड़ रही है और हवा में मौजूद प्रदूषक कणों को कम करने का काम कर रही है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. भामाशाहों का सम्मान किया जाएगा
जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में सोमवार सुबह 11 बजे भामाशाह सम्मान समारोह होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भामाशाहों का सम्मान करेंगे।

प्रतापगढ़ में तेज बारिश, 300 फीट ऊंचा झरना चला:बड़ी संख्या में देखने पहुंचे लोग, कई इलाकों में जलभराव

प्रतापगढ़ सहित पूरे जिले में लगातार दूसरे दिन मानसून सक्रिय रहा। तेज बारिश के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। इस झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों ने भी इसका स्वागत किया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। लगातार हुई बारिश के चलते जिले के कई कस्बों और शहरी क्षेत्रों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मानसून की दस्तक के साथ ही जिले का प्रसिद्ध गौतमेश्वर तीर्थ अपनी प्राकृतिक छटा के साथ फिर से जीवंत हो उठा है। यहां पहाड़ियों से गिरने वाला करीब 300 फीट ऊंचा विशाल झरना पूरे वेग से बहने लगा है। झरने का यह मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। हरियाली से आच्छादित पहाड़ियां और तेज वेग से गिरता झरना गौतमेश्वर की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। मानसून के दौरान इस नज़ारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

स्कूली विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला:एक की हालत गंभीर, पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र की बाहुबली कॉलोनी में दो दिन पहले स्कूल में हुए विवाद के बाद एक युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फोन पर मिली सूचना, बचाने पहुंचे साथी गामड़ा निवासी कीर्ति कलाल को फैजल नामक व्यक्ति का फोन आया कि बाहुबली कॉलोनी में उसके चचेरे भाई के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कीर्ति कलाल अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। बीच-बचाव के दौरान चाकू से हमला मौके पर तीन युवक कीर्ति कलाल के भाई के साथ झगड़ा कर रहे थे। जब कीर्ति और उसके साथियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने धारदार चाकू से पीड़ित युवक की दाहिने बाजू पर वार कर दिया। इसके बाद बीच में आए अन्य के पेट के पीछे चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल के विवाद की रंजिश बताई जा रही वजह प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक और आरोपी के बीच दो दिन पहले स्कूल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजना बनाकर हमला किया। आरोपी मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शोर-शराबा होने पर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। कीर्ति और उसके साथियों ने दोनों घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज प्रार्थी कीर्ति कलाल की शिकायत पर सागवाड़ा थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

जोधपुर में 71.84 प्रतिशत अभ्यर्थी वनपाल भर्ती परीक्षा देने पहुंचे:कैंडिडेट्स ने पेपर को आसान बताया, मैरिट ज्यादा जाने की जताई संभावना

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को जोधपुर जिले के कुल 88 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के लिए जिले के 51 राजकीय और 37 निजी स्कूलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर दौलतराम चौधरी ने बताया- परीक्षा के लिए जोधपुर, जोधपुर ग्रामीण, बाड़मेर, बालोतरा, नागौर, पाली, फलोदी और जालोर सहित विभिन्न जिलों के कुल 25,533 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 18,342 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 7,191 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 71.84 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही सत्र में आयोजित की गई। कड़ी जांच के बाद मिली एंट्री वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा के लिए स्टूडेंट की सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच की गई। स्टूडेंट्स की फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। लोहावट से पेपर देने आए देवकरण ने बताया कि इस बार पेपर बहुत ही आसान था। पेपर में जनरल नॉलेज के सवाल बहुत आसान थे और गणित सामान्य स्तर की थी। वही विज्ञान का पोर्शन थोड़ा टफ था। इससे मेरिट ज्यादा जा सकती है।
वही, कमलेश कुमार ने बताया कि वह पहली बार वनपाल का एग्जाम दे रहे हैं और पेपर काफी आसान था। मैथ कैलकुलेटिव था और साइंस के सवाल ठीक थे। उन्होंने बताया कि पोस्ट की संख्या कम है ऐसे में मेरिट ज्यादा ही रहेगी। सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से रही निगरानी परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई। साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड को भी सक्रिय रखा गया। परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी पुलिस बंदोबस्त किया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। दौलतराम चौधरी ने बताया- परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केन्द्रों पर बिना रुके बिजली सप्लाई, पेयजल तथा रेल एवं बस परिवहन की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन की समुचित व्यवस्थाओं एवं सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।

जयपुर-तेज रफ्तार कार की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत:ठेले पर कर रहा था आराम; दोस्त का जन्मदिन मनाकर आ रहे युवक ने उड़ाया

जयपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। वह सर्विस लाइन में रोड किनारे खड़े ठेले पर आराम कर रहा था। टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार के ड्राइवर को लोगों ने पकड़ रामनगरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। SHO (रामनगरिया) चन्द्रभान ने बताया- हादसे में जगतपुरा के महल रोड निवासी राधेश्याम (58) की मौत हो गई। वह महल रोड पर स्थित खाटूश्याम मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। शनिवार रात करीब 1:30 बजे मंदिर के सामने सर्विस लाइन में रोड किनारे खड़े ठेले पर राधेश्याम लेटकर आराम कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सर्विस लाइन में आकर ठेले को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ लिया। एक्सीडेंट की सूचना पर रामनगरिया थाना पुलिस के पहुंचने पर ड्राइवर और कार को हवाले कर दिया। पुलिस ने गंभीर हालत में राधेश्याम को हॉस्पिटल पहुंचाया, डॉक्टर्स ने चेक कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि कार ड्राइवर अपने दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था। पुलिस ने कार को जब्त कर ड्राइवर भावेश पंवार निवासी जोधपुर को डिटेन किया है।

40 साल से वीरान श्मशान में हरियाली की नई शुरुआत:गांव के लोगों ने मिलकर लगाए 151 पौधे, विकास कामों ने बदल दी पूरी तस्वीर

कभी वीरान और उपेक्षित रहने वाली गोपालनगर की श्मशान भूमि अब धीरे-धीरे नई पहचान बना रही है। यहां सिर्फ अंतिम संस्कार की व्यवस्था ही नहीं सुधर रही, बल्कि इसे हरियाली और बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की भी कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को मोक्षधाम सेवा समिति की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह “आक्या” ने पहला पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने मिलकर 151 पौधे लगाए। कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ पेड़ लगाना नहीं था, बल्कि मोक्षधाम को ऐसा स्थान बनाना था जहां साफ-सफाई, हरियाली और बेहतर व्यवस्थाएं एक साथ दिखाई दें। कार्यक्रम में सभी लोगों ने पौधों की देखभाल करने और पूरे परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प भी लिया। गांव के सहयोग से साकार हो रहा सपना कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस मोक्षधाम को सुंदर और व्यवस्थित बनाने का सपना स्वर्गीय विनोद कुमार जैन ने देखा था। आज गांव के लोगों, मोक्षधाम सेवा समिति और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वह सपना धीरे-धीरे पूरा होता नजर आ रहा है। ग्रामवासियों ने छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग और जनभागीदारी से इस अभियान को आगे बढ़ाया। मंडल प्रवक्ता सत्यनारायण वैष्णव ने बताया कि पौधारोपण अभियान में नवयुवक मंडल, मोक्षधाम सेवा समिति और पूरे गांव ने मिलकर काम किया। उनका कहना था कि जब समाज किसी अच्छे काम के लिए एकजुट होता है तो उसका परिणाम भी लंबे समय तक दिखाई देता है। इसलिए अब पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी की जाएगी, ताकि आने वाले समय में पूरा परिसर हरियाली से भर सके। 40 साल बाद बदली मोक्षधाम की तस्वीर सत्यनारायण वैष्णव ने बताया कि करीब 35 से 40 साल तक यह श्मशान भूमि लगभग वीरान रही। धीरे-धीरे यहां विकास काम शुरू हुए और आज इसकी तस्वीर काफी बदल चुकी है। विधायक चंद्रभान सिंह “आक्या” के सहयोग से यहां बाउंड्री वॉल, खुला बरामदा, तीन शेड और बोरवेल जैसी कई सुविधाएं तैयार हुई हैं। अभी भी कुछ विकास काम बाकी हैं, जिन्हें आगे पूरा करने की योजना है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी, मोक्षधाम सेवा समिति के अध्यक्ष रतन गेंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि और समिति सदस्य मौजूद रहे। सभी ने कहा कि मोक्षधाम का विकास सिर्फ निर्माण कामों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।