सीकर में नाली, सड़क से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान:नालों की सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समस्याओं से लोग परेशान

सीकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। कहीं दो साल से नाले की सफाई नहीं होने से बरसात में जलभराव का खतरा बना हुआ है, तो कहीं सरकारी ट्यूबवेल के खराब वाल्व से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। वहीं कई क्षेत्रों में टूटी सड़कें और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। नागरिकों ने भास्कर समाधान ऐप के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज कर जल्द समाधान की मांग की है। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… आज के स्टार ऑफिसर बने वाजिद अली खटीकान प्याऊ के पास खुले चैंबर से लोगों को हादसे का खतरा बना हुआ था। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका रहती थी। स्थानीय निवासी रंजीत पंवार ने य़ह समस्या भास्कर समाधान पर पोस्ट की थी। समस्या के बाद नगर परिषद सीकर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुले चैंबर को ठीक कर सुरक्षित करवा दिया। समस्या का समय पर समाधान कराने पर नगर परिषद सीकर के एईएन वाजिद अली को आज का ‘स्टार ऑफिसर’ चुना गया है। उनकी पहल से संभावित हादसे का खतरा टल गया और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल गई। भास्कर समाधान का असर सीकर शहर के वार्ड नंबर 8, खटीकान, सेवादशी बगीची और खटीकान स्कूल के आसपास लंबे समय से सीवर चैंबर खुले होने, नल से पानी बहने, नाली निर्माण अधूरा रहने, गंदगी और जर्जर सड़कों जैसी कई समस्याएं बनी हुई थीं। स्थानीय निवासी रंजीत पवार ने इन समस्याओं को भास्कर समाधान ऐप के माध्यम से उठाया था। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए आवश्यक कार्य पूरे कर दिए हैं। खुले सीवर चैंबर और लीकेज की समस्या दूर क्षेत्र में खुले पड़े सीवर चैंबर बंद करवाए गए और मरम्मत का कार्य कराया गया। साथ ही खुले नल की लीकेज भी ठीक कर दी गई, जिससे दुर्घटना की आशंका समाप्त हुई और पानी की बर्बादी पर रोक लगी। नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था में सुधार रामदेवजी मंदिर के पास अधूरी नाली का निर्माण पूरा कराया गया। इसके साथ ही क्षेत्र की नालियों की सफाई कराई गई, जिससे गंदगी की समस्या में राहत मिली और जल निकासी व्यवस्था बेहतर हुई। जर्जर सड़क की मरम्मत से लोगों को राहत वार्ड की खराब सड़कों, विशेषकर श्मशान भूमि तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराई गई। इससे स्थानीय लोगों और अंतिम यात्रा में आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली। समस्याओं के समाधान के बाद शिकायतकर्ता रंजीत पवार ने भास्कर समाधान ऐप पर समाधान की पुष्टि करते हुए संबंधित विभाग और भास्कर समाधान टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली। सड़क के गड्ढे की समस्या का हुआ समाधान दीपक कुमार सेन ने भास्कर समाधान पर शिकायत पोस्ट कर बताया था कि बस डिपो तिराहा स्थित बंसल ट्रेनिंग कंपनी के सामने सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया था। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को हादसे का डर बना रहता था। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने गड्ढे की मरम्मत कर समस्या का समाधान कर दिया। अब लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है। दो साल से नहीं हुई नाले की सफाई, बरसात में जलभराव का खतरा फतेहपुर रोड स्थित रोशनगंज मोहल्ले के निवासी सिकंदर रंगरेज ने बताया कि पिछले दो वर्षों से नाले की सफाई नहीं हुई है। नाला मिट्टी, बजरी और कचरे से भर चुका है। बरसात के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होने से आसपास के घरों में जलभराव और गंदगी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने समय रहते नाले की सफाई कराने की मांग की है। सरकारी ट्यूबवेल का वाल्व खराब, रोजाना हजारों लीटर पानी हो रहा व्यर्थ दूजोद गांव के वार्ड नंबर-3 के निवासी नरपत सिंह ने सरकारी ट्यूबवेल का वाल्व खराब होने की समस्या उठाई है। उनका कहना है कि वाल्व खराब होने से लगातार पानी बह रहा है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है। पलवास रोड की टूटी सड़क बनी परेशानी, राहगीरों को हो रही दिक्कत शहर के पलवास रोड क्षेत्र में राकेश कुमार ने सड़क टूटने की समस्या सामने रखी है। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। जयपुर रोड पर कई दिनों से बंद स्ट्रीट लाइट, रात में बढ़ा हादसों का खतरा जयपुर रोड स्थित किया कार शोरूम से सर्किट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर अभिनव ने कई दिनों से स्ट्रीट लाइट बंद होने की समस्या बताई है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को जानकारी देने के बावजूद अब तक लाइटें चालू नहीं हुई हैं। रात के समय अंधेरा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने स्ट्रीट लाइट जल्द शुरू कराने की मांग की है। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए…. 1.भास्कर समाधान : स्ट्रीट लाइट की समस्या का हुई हल:शहर में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्याओं से परेशान, सुरेंद्र जाट बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 2.भास्कर समाधान: गोकुलपुरा में खुले में फैला कचरा हटाया:पेयजल रिसाव, गंदी नालियां, टूटी सड़कें और बंद स्ट्रीट लाइट से शहरवासी परेशान, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 3.‘भास्कर समाधान’ से एक क्लिक पर मिलता हल:कहीं 7 साल में 30 दिन ही जली लाइट, तो कहीं सड़क के बीच जानलेवा गड्ढे से हादसे का खतरा 4.’भास्कर समाधान’ का बड़ा असर:कहीं बरसों पुराना जानलेवा गड्ढा हुआ दुरुस्त, तो कहीं दूर हुई लो-वोल्टेज की समस्या 5.सीकर में ‘भास्कर समाधान’ का असर:AEN नीरज कुमारी ने दूर की पानी की किल्लत, सीवर और कचरे से जूझ रहे शहर को मिली राहत 56.सीकर में खुली समस्याओं की पोल:एक तरफ ट्रांसफॉर्मर का खौफ, तो दूसरी तरफ लाइट चालू और सड़क निर्माण के साथ एक्शन में आया प्रशासन 7.सीकर में ‘भास्कर समाधान’ का असर:सीवर लाइन दुरुस्त होने से राहत, कचरे से अटी नाली साफ, नगर परिषद AEN अमित स्वामी बने ‘स्टार ऑफिसर’ 8.JEN हरिराम बने आज ‘स्टार ऑफिसर’:एक ही दिन में पानी की 3 समस्याओं का किया समाधान, ‘भास्कर समाधान’ बना प्रशासन और जनता के बीच का ब्रिज 9.सीकर में कहीं टूटी नई सड़क तो कहीं जलभराव:क्षेत्र में अंधेरे से लोग परेशान, कई समस्याओं का हुआ समाधान, नगर परिषद AEN सुरेंद्र गोदारा बने ‘स्टार ऑफिसर’ 10.रोशनगंज मोहल्ले में जर्जर मकान से खतरा:वैष्णव कॉलोनी में गंदी पड़ी नालियां; न्यू इंदिरा कॉलोनी में हुआ समाधान

सलूंबर में तेज आंधी-बारिश:रात 10 बजे बदला मौसम, सड़कों पर जलभराव हुआ

सलूंबर जिले में शुक्रवार रात मौसम ने अचानक करवट बदली। दिनभर की तेज धूप और उमस के बाद रात करीब 10 बजे तेज आंधी, बादलों की गर्जना और बारिश से लोगों को राहत मिली। बारिश से पहले चली तेज और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट देखने को मिली , जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के दौरान बादलों की तेज गर्जना और आकाशीय बिजली की चमक भी देखी गई। अचानक हुई तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। बाजार से घर लौट रहे लोग और दोपहिया वाहन चालक आंधी व बारिश से बचने के लिए दुकानों तथा सुरक्षित स्थानों पर रुकने को मजबूर हो गए। मौसम में आए इस बदलाव ने भले ही लोगों की आवाजाही प्रभावित की, लेकिन लंबे समय बाद चली ठंडी हवाओं और झमाझम बारिश ने सलूम्बरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दी। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे वातावरण खुशनुमा हो गया।

हर सरकारी स्कूल की सेफ्टी ऑडिट होगी:असुरक्षित भवन मिलने पर तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट होंगे स्कूल, खुले में पढ़ाई पर भी रोक

राज्य में लगातार हो रही बारिश और जर्जर स्कूल भवनों से जुड़े हादसों के बीच शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्कूल शिक्षा) की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में किसी छात्र या शिक्षक को जर्जर अथवा असुरक्षित भवन में नहीं बैठाया जाएगा। राज्य के सभी सरकारी स्कूल भवनों का सुरक्षा ऑडिट कर 7 जुलाई तक रिपोर्ट निदेशालय और समग्र शिक्षा को भेजना अनिवार्य किया गया है। जो भवन असुरक्षित, वहां क्लास नहीं बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यदि कोई विद्यालय भवन असुरक्षित या जर्जर पाया जाता है तो वहां कक्षाएं तुरंत बंद कर विद्यार्थियों और स्टाफ को निकट के सुरक्षित सरकारी विद्यालय अथवा अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। यदि सुरक्षित विद्यालय अधिक दूरी पर हो तो विद्यार्थियों के आवागमन के लिए परिवहन अथवा ट्रांसपोर्ट वाउचर का प्रस्ताव भेजा जाए। आवश्यकता होने पर स्कूलों का संचालन दो पालियों में भी किया जा सकता है। खुले मैदान या टीन शेड के नीचे नहीं बैठेंगे विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को खुले मैदान, टीन शेड, छप्पर या पेड़ों के नीचे बैठाकर पढ़ाई नहीं कराई जाएगी। यदि किसी भवन से छात्रों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता है तो उस नए भवन का भी पहले सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा, उसके बाद ही वहां कक्षाएं संचालित होंगी। जर्जर भवन पर लगेंगे “लाल निशान” बैठक में निर्देश दिए गए कि जर्जर भवनों को तुरंत बैरिकेडिंग कर लाल निशान लगाया जाए और उसकी फोटो रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखी जाए। हाल ही में जहां भी भवन गिरने की घटनाएं हुई हैं, वहां समग्र शिक्षा के अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। सफाई पर रहेगा विशेष जोर मानसून को देखते हुए सभी स्कूलों में छतों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई कराने, भवनों का प्रतिदिन निरीक्षण करने और कहीं भी छत टपकने या भवन कमजोर होने की आशंका मिलने पर उस हिस्से को तत्काल प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। भवन की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक वहां किसी भी छात्र या कर्मचारी को बैठाने पर रोक रहेगी। संस्था प्रधान हर रोज करेंगे निरीक्षण समीक्षा बैठक में यह भी कहा गया कि प्रत्येक दिन स्कूल खुलने से पहले संस्था प्रधान पूरे भवन, कक्षाओं, बरामदों और शौचालयों का निरीक्षण करेंगे। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। भारी बारिश या जलभराव की स्थिति में स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने और जरूरत पड़ने पर अवकाश घोषित करने के निर्देश भी दिए गए।

40 दिन में घटकर 4 फीट के हुए बाबा बर्फानी:अमरनाथ यात्रा का आज दूसरा दिन, 23 मई को जारी पहली तस्वीर में आकार 7 फीट था

अमरनाथ में बनने वाले पवित्र शिवलिंग का आकार 4 फीट रह गया है। 23 मई को BSF के जवानों ने जो तस्वीर जारी की थी, उसमें शिवलिंग का आकार करीब 7 फीट था। 29 जून को प्रथम पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई 5 फीट से ज्यादा थी। 3 जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग लगभग 4 फीट का दिखाई दे रहा है। इसकी चौड़ाई भी घट गई है। यात्रा का शनिवार को दूसरा दिन है। पहले दिन 12 हजार यात्रियों ने अमरनाथ गुफा में दर्शन किए हैं। दूसरा जत्था आज पहुंचेगा, जबकि तीसरा जत्था भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हो गया है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… आइस स्टैलेग्माइट हैं अमरनाथ के बाबा बर्फानी अमरनाथ का हिम शिवलिंग किसी बर्फ के ब्लॉक को तराशकर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट है। जैसे चूना-पत्थर की गुफाओं में जमीन से खनिज जमा होकर स्टैलेग्माइट बनते हैं, उसी तरह अमरनाथ गुफा में छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर साल मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग होता है। यही इसकी सबसे अनोखी विशेषता है। शिवलिंग इसलिए तेजी से घट रहा है क्योंकि गुफा में बढ़ती मानवीय और प्राकृतिक गतिविधियों से मौसम गर्म हो रहा है। ऊपर से टपकने वाला पानी पहले की तरह जम नहीं पा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ यात्रियों को दिलाए 5 संकल्प इधर, यात्रा के पहले दिन यात्रियों के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने एक पत्र लिखा है, जो शुक्रवार को यात्रियों को भी दिया गया। इसमें तीर्थयात्रा को महान सौभाग्य बताते हुए तीर्थयात्रियों से 5 संकल्प लेने को अपील की गई है। रजिस्ट्रेशन वाली डेट से पहले एंट्री नहीं जम्मू प्रशासन ने कहा है कि रजिस्टर्ड तारीख से पहले पहुंचने वाले यात्रियों को यात्रा की इजाजत नहीं दी जाएगी। बिना रजिस्ट्रेशन आने वाले यात्रियों को तत्काल सुविधा देना संभव नहीं है। यात्रा के 2 रूट, एक 48km लंबा लेकिन सरल, दूसरा 14km का लेकिन कठिन चढ़ाई अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से की जाती है। पारंपरिक रास्ता 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम से है। दूसरा रास्ता गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल से है। यात्रा 28 अगस्त को खत्म होगी।

कृषि मंत्री डॉ. मीणा पहुंचे सवाई माधोपुर:कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने पूर्व संगठन महामंत्री रामलाल के पारिवारिक विवाह में शिरकत

सवाई माधोपुर में गुरुवार और शुक्रवार को भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। यहां भाजपा नेता भाजपा पूर्व संगठन महामंत्री रामलाल के पारिवारिक विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे। इसी कड़ी में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल हुए। रणथंभौर रोड स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में डॉ. मीणा ने नवविवाहित दंपति आकाश और किरण को शुभाशीष प्रदान करते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। नव दंपति को दिए शुभाशीष
इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि उन्हें समारोह में अनेक वरिष्ठ जनों एवं आत्मीयजनों से आत्मीय भेंट का अवसर भी प्राप्त हुआ। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए नवविवाहित युगल के जीवन में सुख, समृद्धि, सौहार्द, उत्तम स्वास्थ्य तथा पारिवारिक मूल्यों से परिपूर्ण जीवन की कामना की। समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने भी इस शादी में शिरकत की थी। हलांकहालांकि वह गुरुवार शाम को यहां पहुंची थी और गुरुवार रात को ही सवाई माधोपुर से वापस लौट गई थी।

काशी-विश्वनाथ मंदिर गेट पर कार्बाइन से गोलियां चलीं:जवान पकड़े था, अचानक फायर हुए; गोली सड़क पर लगी, पत्थर उखड़कर लगने से 3 जख्मी

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर शनिवार सुबह 6:44 बजे पर पीएसी जवान की कार्बाइन से फायरिंग हो गई। दो गोलियां चलीं। गनीमत रही कि गोलियां सीधे सड़क पर लगीं। इसके बाद सड़क की गिट्टी उखड़कर लगने से 3 लोग घायल हो गए। अचानक भीड़ के बीच गोलियां चलने से वहां भगदड़ जैसा माहौल हो गया। कुछ देर किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। गोलियों की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए। मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। लोगों को बताया कि गलती से गोलियां चल गई हैं। बाकी, सब ठीक है। घटना का 57 सेकेंड का सीसीटीवी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि पीएसी जवान बाएं हाथ में कार्बाइन पकड़े हुए था। फिर दाहिने हाथ में पकड़ ली।कार्बाइन का मुंह सड़क की तरफ था। तभी अचानक फायरिंग होती है। आवाज सुनकर खुद जवान चौंक जाता है। वो अपने कार्बाइन को देखने लगता है और फिर वहां से निकल जाता है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तीनों घायल निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव को अस्पताल पहुंचाया। ये सभी मंदिर के बाहर माला-फूल बेचते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी ठीक हैं। दो के हाथ में और तीसरे को कमर में पत्थर के टुकड़े लगे हैं। हादसा काशी विश्वनाथ मंदिर के वीआईपी गेट नंबर-4 पर हुआ। हादसे के 3 सीसीटीवी- डीआईजी बोले- भीड़ को हटाते समय घटना हुई, जांच की जा रही डीआईजी शिव हरि मीणा कबीरचौरा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया- काशी विश्वनाथ धाम के पास नंदू फेरी वाली गली में पीएसी का जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को हटा रहा था। तभी कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हुआ। सभी चीजों की जांच की जा रही है। घायलों को डॉक्टरों ने दवा दी है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। जिस जवान की कार्बाइन से फायर हुई, उसका नाम अमरनाथ चौहान है। 48वीं वाहिनी पीएसी में तैनाती थी। 1987 बैच का जवान है। 2027 में रिटायरमेंट है। फिलहाल, पुलिस उसे थाने ले गई है। हादसे की 3 तस्वीरें देखिए… घायल निक्कू ने कहा- सिपाही कार्बाइन को इधर-उधर कर रहे थे घायल हुए निक्कू गुप्ता ने बताया- काशी विश्वनाथ मंदिर के पास बालाजी की दुकान है। वहां पर एक पुलिस वाले अपनी कार्बाइन लेकर खड़े थे। उनसे गोली चल गई। वो कार्बाइन को इधर-उधर कर रहे थे। तीन लोग घायल हुए हैं। इसके बाद दूसरे पुलिसकर्मियों ने हालात को संभाला। राम बाबू बोले- मुझे पैर और हाथ में लगी घायल राम बाबू ने कहा- हम लोग दुकान पर खड़े थे। वहां पुलिस वाले बंदूक लेकर खड़े थे। तभी उनसे गोली अचानक चल गई। मुझे गिट्‌टी पैर और हाथ में लगी है। विकास ने कहा- पुलिस वाले गोली, छर्रा सब उठा ले गए विकास यादव ने बताया- हम बालाजी की दुकान पर काम करते हैं। वहां पुलिस वाले खड़े थे। तभी दुकान के पास बंदूक लेकर खड़े पुलिस वाले से गोली चल गई। तभी पुलिस वाले आए और सिपाही को हटा दिया। मौके से गोली, छर्रा सब उठा ले गए। मुझे हाथ और कमर में लगा है। DCP काशी गौरव बंसवाल ने कहा- पीएसी के जवान के हाथ से दो राउंड जमीन पर फायर हुए थे। गोली के छर्रे तीन माला-फूल बेचने वालों को लगे हैं। इसमें कोई गंभीर घायल नहीं है। ——————–
ये खबर भी पढ़ें…
‘मम्मी के पेट पर चढ़कर पापा ने चाकू मारे’:मेरठ में बेटा बोला- मां तड़पती-चीखती रही; पापा कहते रहे- वीडियो बना… मैं तेरी रील बनवाऊंगा मम्मी आंगन में पड़ी थीं। उनके पूरे कपड़े खून में लाल थे। हाथ, चेहरे और गले से खून बह रहा था। मम्मी चिल्ला रही थी- बचाओ-बचाओ छोड़ दो, लेकिन पापा मम्मी के पेट पर बैठे थे। उनके एक हाथ में चाकू था, दूसरे से मम्मी को पकड़ रखा था। चाकू से मम्मी को गोदे जा रहे थे। बस कह रहे थे, वीडियो बना, तू वीडियो ही बना ले। मैं तेरी रील बनवाऊंगा… पढ़ें पूरी खबर

2.20 करोड़ रुपए की ड्रग्स पकड़ी, 2 आरोपी गिरफ्तार:1.25 लाख कैश रुपए, 2.20KG एमडी की जब्त, रेतीले धोरों में छुपाकर करते थे सप्लाई

बालोतरा पुलिस ने अवैध मादक-पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 200 ग्राम एमडी जब्त की है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ड्रग्स की अनुमानित कीमत 2.20 करोड़ रुपए आंकी की गई है। वहीं आरोपियों से मादक-पदार्थ से अर्जित 1.25 लाख रुपए बरामद किए है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसपी रमेश ने नशाखोरी को रोकने के लिए पुलिस मुख्यालय की मंशा के अनुसार जिले में मादक-पदार्थो की तस्करी की रोकथाम के लिए स्पेशल अभियान ऑपरेशन विषभंजन चलाया जा रहा है। एएसपी हरफूलसिंह, डीएसपी सुखराम विश्नोई के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम बालोतरा एवं थाना प्रभारी रावताराम के नेतृत्व में टीम बनाई गई। धोरीमन्ना इलाके से ड्रग्स की शिकायतें मिल रही थी। इस पर एसपी गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाई गई। डीएसटी टीम का कैंप लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों की एक्टिविटी पर निरंतर निगरानी की गई। वहीं परंपरागत पुलिसिंग के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सूचनाए इकट्‌ठी की गई। रेतीलें धोरों में दबिश देकर पकड़ी एमडी बालोतरा डीएसटी और धोरीमन्ना पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्लानिंग तरीके से कारवाई को अंजाम दिया गया। आरोपियों का रहवासी मकान आबादी इलाके से दूर रेतीले धोरों के बीच स्थित ढाणी में होने के कारण टीमों ने करीब 4 किलोमीटर तक रेतीले धोरों में पैदल मार्च कर चारों तक घेराबंदी कर दबिश दी गई। दो आरोपी गिरफ्तार दबिश के दौरान आरोपी चैनाराम पुत्र रामचंद्र निवासी मायलों की बेरी खारी, धोरीमन्ना एवं उसका बेटा हनुमानराम के रहवासी मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान कमरे में छिपाकर रखी ई 2 किलो 200 ग्राम अवैध एमडी और 1 लाख 25 हजार रुपए कैश बरामद किए गए। एमडी की अनुमानित कीमत 2.20 करोड़ रुपए आंकी की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यू करते थे वारदात प्रारंभिक पूछताछ एवं जाच में सामने आया है कि आरोपी आबादी से दूर रेतीले धोरों के बीच स्थित ढाणी को सुरक्षित ठिकाने के रूप में उपयोग करते थे। अवैध मादक पदार्थ को मकान के भीतर छिपाकर रखा जाता था। इससे विभिन्न स्थानों पर इसकी सप्लाई कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।

15 दिन में रोजगार, वरना 16वें दिन से बेरोजगारी भत्ता:राजस्थान में वीबी-जी-राम-जी स्कीम लागू, आयुक्त से जानिए कैसे मिलेगा लाभ

राजस्थान में 1 जुलाई से ‘वीबी-जी राम जी’ स्कीम लागू हो गई है। योजना में कई नए प्रावधान शामिल किए गए हैं। आवेदन के 15 दिन के भीतर रोजगार देना अनिवार्य किया गया है। रोजगार नहीं देने की स्थिति में पात्र व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। 15 दिन में मजदूरी का भुगतान नहीं होने पर 16वें दिन से हर दिन की देरी पर 0.05% प्रतिदिन की दर से मुआवजा मिलेगा। योजना का लाभ कैसे मिलेगा? इस स्कीम में क्या नए प्रावधान किए गए हैं? जैसे सवालों के जवाब जानने के लिए भास्कर ने ‘वीबी-जी राम जी’ आयुक्त पुष्पा सत्यानी से बात की। आयुक्त पुष्पा सत्यानी से जानिए योजना का लाभ कैसे मिलेगा… भास्कर : कितने दिन का रोजगार मिलेगा? मनरेगा से कैसे भिन्न है नई स्कीम? सत्यानी : यह स्कीम पहले की तुलना में काफी बड़ी है। पहली बार हमने आधारभूत ढांचे की बात की है। पहले की योजना में ग्रामीण क्षेत्र में लेबर को 100 दिन का प्रावधान था। नई योजना में पात्र परिवार को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिन का रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान है। स्कीम में विकास के कार्य ज्यादा होंगे। गांवों की जरूरत पर ही काम होगा। किसानों की आय बढ़ाने वाले कार्य होंगे। भास्कर : 15 दिन में काम नहीं मिला तो क्या होगा? सत्यानी : यदि आवेदन करने के 15 दिन के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो आवेदक दैनिक बेरोजगारी भत्ते का हकदार होगा। पहले 30 दिन के लिए मजदूरी दर का 25 फीसदी और उसके बाद में 50 फीसदी भत्ता मिलेगा। भास्कर : मजदूरी कितनी मिलेगी? सत्यानी : मनरेगा में प्रतिदिन 281 रुपए मजदूरी मिलती थी। नई स्कीम में रोजाना 300 रुपये देने का प्रावधान किया गया है। मजदूरी साप्ताहिक आधार पर दी जाएगी। किसी भी स्थिति में काम करने की तारीख से 15 दिन के भीतर मजदूरी का भुगतान करना अनिवार्य होगा। भास्कर : मजदूरी में देरी हुई तो क्या होगा? सत्यानी : स्कीम में डिले कंपनसेशन (मुआवजा) एड किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मस्ट रोल बंद होने के 15 दिन बाद भी मजदूरी नहीं मिलती तो 16वें दिन से भुगतान होने तक बकाया मजदूरी पर प्रतिदिन 0.05% की दर से मुआवजा (कंपनसेशन) दिया जाएगा। इससे समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है। भास्कर : आवेदन की प्रोसेस क्या होगी? सत्यानी : अब आवेदन ऑनलाइन हो गया है। हर काम डिजिटलाइज कर दिया गया है। रोजगार के लिए आवेदन मौखिक, लिखित या डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन ग्राम पंचायत, वार्ड सदस्य, कार्यक्रम अधिकारी या अधिकृत पोर्टल पर किया जा सकेगा। आवेदन की रसीद भी अनिवार्य रूप से मिलेगी। भास्कर : फर्जीवाड़ा रोकने के लिए क्या प्रावधान? सत्यानी : फर्जी हाजिरी और भ्रष्टाचार रोकने के लिए सरकार फेस-बेस्ड (चेहरे की पहचान) अटेंडेंस अनिवार्य कर दी है। फेस-बेस्ड अटेंडेंस से काफी हद तक फर्जीवाड़ा रोकने में मदद मिली है। भास्कर : नई स्कीम में कौन आवेदन कर सकता है? सत्यानी : कोई भी व्यस्क व्यक्ति जिसकी उम्र 18 साल से ज्यादा है, वह आवेदन कर सकता है। सरकार रोजगार की गारंटी देगी। रोजगार नहीं मिलने की स्थिति में मुआवजा दिया जाएगा। भास्कर : गांवों में किस तरह के काम होंगे? कितने बजट का प्रावधान है? सत्यानी : गांवों में पहले कच्चे काम होते थे। अब चारागाह, पौधारोपण, तालाब, स्कूल बाउंड्री और भवन निर्माण के काम कर सकते हैं। इसके लिए हमने सरकार के सभी विभागों कह रखा है कि लेबर हमारे पास है, काम में ले सकते हैं। इस बार केंद्र एवं राज्य सरकार ने 9 महीने के लिए 1250 करोड़ का ज्यादा बजट दिया है। पहले हमें मनरेगा में इतना बजट नहीं मिला था। हमारे पास कुल एक्टिव जाॅब कार्ड 98 लाख हैं। योजना का क्रियान्वयन 60:40 के अनुपात में होगा, यानी केंद्र 60 फीसदी पैसा देगा और राज्य सरकार को 40 फीसदी वित्तीय भार उठाना पड़ेगा। भास्कर : मॉनिटरिंग कैसे और कौन करेगा? सत्यानी : स्टेट लेवल से मॉनिटरिंग होगी। जिला कलेक्टर की ही स्कीम को रन करने की जिम्मेदारी होगी। प्लानिंग गांव लेवल से होगी। स्कीम में जीपीएस, मोबाइल आधारित उपस्थिति, रियल-टाइम डैशबोर्ड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जाएगा। ———-

कोटा में आज चार घंटे तक बिजली बंद:30 से ज्यादा इलाकों में होगी कटौती, मेंटेनेंस के चलते नहीं होगी सप्लाई

कोटा शहर में बिजली की लाइनों के मेंटेनेंस कार्य के चलते आज सुबह से शाम तक कई इलाकों में बिजली कटौती रहेगी। निजी बिजली कंपनी की ओर से यह शटडाउन लिया गया है ताकि लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों का रखरखाव किया जा सके। इस दौरान तकनीकी टीमों द्वारा वायरिंग, पोल और फीडर की जांच का कार्य किया जा रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। मेंटेनेंस पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। इन इलाकों में की जाएगी बिजली कटौती सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक: टीचर्स कॉलोनी, मीरा मार्केट, केशवपुरा सेक्टर 4 इलाकों में 3 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक: साबरमती हरिजन बस्ती इलाकों में 3 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: देवली अरब रोड, मानसरोवर, देवली अरब, गणेश नगर, अमृत धाम, शगुन विला, अश्विनी नगर, अमृत धाम, श्रीराम नगर टेम्पोस्टैंड क्षेत्र, सरकारी स्कूल, श्रीराम नगर सामुदायिक भवन, श्रीरामनगर कच्ची बस्ती, श्रीराम रेयॉन्स कॉलोनी, राधा कृष्ण मंदिर श्रीरामनगर, चाणक्य नगर, लक्ष्मी विहार, शुवांगन कॉलोनी, रायपुरा पेट्रोल पंप, रामप्रसाद बिस्मिल स्कूल, गणपति विहार, रिद्धि सिद्धि, आरके धाम, राधे विहार, लक्ष्मी विहार, मेरी कॉलोनी, धन-धन सतगुरू कॉलोनी, गायत्री विहार 1,2,3, कौटिल्य नगर, नारायण विहार 1,2,3, कनक विहार, श्री जी विहार इलाकों में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक:केशवपुरा सेक्टर 4 और 6, केशव मार्केट, पटेल मार्केट इलाकों में 2 घंटे बिजली कटौती रहेगी। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक: 120 फीट रोड देवली अरब इलाके में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक:अपेक्षा विहार, खाटूश्याम रेजीडेंसी, लक्ष्मीचंद, मारुति नंदन रेजीडेंसी, मीराबाई आवासीय योजना, नारायण विहार, नोहरा रोड इलाकों में 3 घंटे बिजली कटौती रहेगी।

श्रीगंगानगर में 3 ट्रक आपस में भीड़े:2 क्रेन-जेसीबी से कैबिन काटकर बचाई ड्राइवर की जान, नींद की झपकी आने से हुआ हादसा

श्रीगंगानगर में नेतेवाला गांव के पास रीको मोड़ पर शुक्रवार रात 10:30 बजे तीन ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ड्राइवर को तो तुरंत बचाया गया, लेकिन दूसरे ड्राइवर के कैबिन में बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए दो क्रेन, एक जेसीबी और जनरेटर मंगवाने पड़े। करीब ढाई से तीन घंटे की लगातार मशक्कत के बाद रात 1:10 बजे कैबिन काटकर घायल ड्राइवर को बाहर निकाला गया और उसकी जान बचाई जा सकी। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरतगढ़ तहसील क्षेत्र की सीमेंट फैक्ट्री से सीमेंट लादकर पंजाब जा रहा ट्रक, खाली लौट रहे ट्रक और पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक के बीच चेन रिएक्शन में भयंकर भिड़ंत हुई। खाली ट्रक का चालक नेतेवाला से रीको मोड़ की ओर जाते समय झपकी आ जाने के कारण अनियंत्रित हो गया। एक्सीडेंट बचाने के चक्कर में उसने तेज कट मारा, जिससे ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। इस दौरान सीमेंट लोडेड ट्रक और पीछे आ रहे ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। दोनों ट्रक इस कदर फंस गए कि एक का कैबिन पूरी तरह टूटकर अलग हो गया। दूसरे ट्रक का चालक कैबिन में बुरी तरह फंस गया। उसके पैरों पर गंभीर चोटें आईं और वह दर्द से चीख-चीखकर मदद मांग रहा था। आसपास के नेतेवाला गांव और ढाणियों के लोग धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन बिना भारी उपकरणों के वे कुछ नहीं कर पाए। सदर थाना और रीको चौकी की पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। 108 एंबुलेंस की टीम ने पहले घायल ड्राइवर को तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। इसके बाद दो क्रेन, जेसीबी और जनरेटर की मदद से फंसे ड्राइवर के कैबिन को काटा गया। रात 1:10 बजे उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में ऐलनाबाद के गांव धर्मपुरा निवासी लवप्रीत सिंह (30) जिनके पूरे शरीर पर चोटें आई हैं, हालांकि वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दूसरे ड्राइवर के पैरों पर ज्यादा गंभीर चोटें हैं। एक्सीडेंट के कारण रात को करीब 2 बजे तक सड़क पर भारी जाम लगा रहा। वहीं, 108 के नर्सिंगकर्मी पायलट संदीप व शिव चौधरी लगातार घायलों को ट्रकों से बाहर निकालकर हॉस्पिटल में पहुंचाने को लगे रहे। हादसे के बाद सड़क पर दोनों ट्रक लटके हुए नजर आए, जिससे आसपास हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा थकान और झपकी के कारण हुआ माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।