डकैत जगन गुर्जर का हत्यारा बोला-मेरी जान को खतरा:डर है किसी भी गैंग के सदस्य बदला ले सकते हैं; पुलिस ने सीन रिक्रिएट करवाया

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी विष्णु जाट से सीन रिक्रिएट करवाया है। इस दौरान आरोपी ने बताया- मैं अपराधियों के बीच अपना दबदबा बनाना चाहता था, इसलिए हत्या का प्लान बनाया। इसके लिए पहले सीसीटीवी कैमरे पर टूथपेस्ट लगाया और फिर तौलिए से जगन गुर्जर का गला घोंटकर उसके ऊपर बैठ गया, जिसके कारण जगन को संभलने का मौका ही नहीं मिला। वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान विष्णु का रवैया बदला हुआ था। उसने पुलिसकर्मियों से कहा- जेल में मेरी जान को खतरा है। डर है कि किसी गैंग के सदस्य बदला ले सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसका ब्लॉक और वार्ड बदल दिया है। दरअसल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने शुक्रवार को विष्णु जाट को 1 दिन के लिए प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी कहानी बताई। इसके बाद पुलिस उसे जेल लेकर पहुंची और सीन रिक्रिएट कराया। शनिवार को विष्णु का मेडिकल कराया गया और कोर्ट में पेश कर उसे वापस जेल (ज्यूडिशियल कस्टडी) भेज दिया गया। जेल प्रशासन ने विष्णु की सुरक्षा को देखते हुए उसे अलग सेल में रखा है। जगन के भाई पप्पू गुर्जर से भी दूर रखा गया है। सीसीटीवी कैमरे पर टूथपेस्ट लगाया, फिर तौलिए से गला घोंट दिया
सीन रिक्रिएशन के दौरान विष्णु ने पुलिस को बताया- मैंने पहले सेल में लगे सीसीटीवी कैमरे पर टूथपेस्ट लगाया, ताकि वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सके। इसके बाद अपने माथे पर बंधा तौलिया उतारकर पीछे से जगन का गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी से पूरी वारदात दोबारा करवाई, ताकि उसके बयान और घटनास्थल के सबूतों का मिलान किया जा सके। तीन दिन पहले कर लिया था हत्या का फैसला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विष्णु लगातार जगन गुर्जर की टिप्पणियों और जेल में अपनी कमजोर छवि से परेशान था। वह अपराधियों के बीच अपना दबदबा बनाना चाहता था। उसने तीन-चार दिन पहले ही तय कर लिया कि जगन की हत्या करेगा, ताकि जेल में उसकी अलग पहचान बन सके। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पहले जेल में बंद अन्य गैंगस्टरों से भी भिड़ने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में उसने जगन गुर्जर को ही निशाना बनाना सही समझा। क्या किसी ने हत्या के लिए उकसाया था?
विष्णु ने हत्या अकेले करने की बात कही है, लेकिन पुलिस इस पर ही जांच खत्म नहीं कर रही। अब उसी ब्लॉक में बंद अन्य हार्डकोर अपराधियों और गैंगस्टरों से पूछताछ की जाएगी। इसके लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि हत्या का फैसला पूरी तरह विष्णु का था या किसी गैंग अथवा अन्य बंदी ने उसे कसाया था। जेल के अंदर क्यों होती है वर्चस्व की लड़ाई?
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल प्रदेश के सबसे संवेदनशील जेल में गिनी जाती है। यहां 88 हाई सिक्योरिटी सेल है, जिनमें करीब 264 हार्डकोर अपराधियों को रखा जा सकता है। यहां अलग-अलग गैंग से जुड़े अपराधी बंद हैं। ऐसे में हर नए बंदी की गैंग पृष्ठभूमि की जांच कर उसे विरोधी गैंग से अलग रखने की कोशिश की जाती है। इसके बावजूद जेल के भीतर दबदबा बनाने की होड़ खत्म नहीं होती। अपराध की दुनिया में बड़ा नाम बनाने, गैंग के भीतर अपनी हैसियत बढ़ाने और दूसरे अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाने के लिए कई बार कैदी हिंसक वारदातों तक पहुंच जाते हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में जगन गुर्जर हत्याकांड भी इसी वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा माना जा रहा है। जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने कहा कि जेल में हुए हत्याकांड के बाद विष्णु और जगन गुर्जर के भाई पप्पू की सेल को बदल दिया गया है। सभी अन्य बंदियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। भविष्य में ऐसी घटना नहीं हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। ये खबरें भी पढ़ें… तानों-वर्चस्व की जंग में हुई डकैत जगन गुर्जर हत्या:गैंग में दबदबा बनाने के लिए रची साजिश; जानिए 15 मिनट में कैसे हुआ मर्डर अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में 29 जून को हुई डकैत जगन गुर्जर की हत्या महज आवेश में आकर किया गया अपराध नहीं था, बल्कि जेल के भीतर वर्चस्व की लड़ाई और लगातार मिल रहे तानों का नतीजा है। (पूरी खबर पढ़ें) डकैत जगन गुर्जर की हत्या करने वाला विष्णु जाट गिरफ्तार, बोला- वह मुझसे कपड़े धुलवाता था, कमेंट भी करता था; झगड़े के कारण मार डाला अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी विष्णु सिंह जाट को शुक्रवार सुबह 10.30 बजे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। हथियारबंद जवान जेल से कड़ी सुरक्षा में उसे लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर) जगन गुर्जर की 3 मिनट में थम गई थीं सांसें:सुसाइड दिखाने की कोशिश; 13 फीट ऊंचे पंखे पर मिला गमछा, CCTV पर टूथपेस्ट लगाया अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में 29 जून को हुए कुख्यात डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस और जेल प्रशासन की जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी विष्णु जाट ने हत्या को सुसाइड (आत्महत्या) का रूप देने की पूरी कोशिश की थी। (पढ़ें पूरी खबर)

किसानों ने नहरी पानी की मांग को लेकर दी गिरफ्तारियां:कोटा बैराज की तरफ कूच करते समय पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे;दो दिन का अल्टीमेटम

धान की फसल बचाने के लिए नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर को बूंदी जिले के किसान सड़कों पर उतर आए। किसान कोटा बैराज की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस किसानों को पकड़कर थाने ले गई, बाद में जमानत पर छोड़ दिया। किसानों ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों में बैठकर किसानों ने केशवराय पाटन चौराहे से कोटा बैराज की तरफ कूच किया। रास्ते में किसानों को पुलिस ने त्रिकुटा गिरधरपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। किसानों को दोबारा महंगे बीज खरीदकर करनी पड़ी बुवाई किसान नेता गिर्राज गौतम ने आरोप लगाया कि एक महीने पहले प्रशासन को चेताने के बावजूद अब तक नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक धान की बुवाई हो चुकी है। कई किसानों को दोबारा महंगे बीज खरीदकर बुवाई करनी पड़ी है। पिछले तीन साल की तरह इस बार भी 1 जुलाई से नहरी पानी मिलने की उम्मीद थी। लेकिन ऐसा नहीं होने से किसानों को करोड़ों रुपए का नुकसान हो रहा है। पुलिस ने कोटा बैराज की तरफ कूच करते समय रोका गौतम ने कहा कि नहरी पानी किसानों का अधिकार है। इसके लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। आज क्षेत्र के किसान दोपहर 2 बजे ट्रैक्टर ट्राली और अन्य वाहनों में बैठकर केशोरायपाटन से कोटा बैराज की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर हमें रोक लिया। हमने ढाई घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान सीएडी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से समझाइश की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सोमवार को सरकार से वार्ता कर गांधी सागर और राणा प्रताप सागर से पानी छोड़ने के संबंध में निर्णय कराने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने किसानों को लिया हिरासत में, बाद में छोड़ा हालांकि, किसान तत्काल पानी छोड़ने की मांग पर अड़े रहे और बैराज की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसानों को हिरासत में लेकर नांता थाने पहुंचाया। जहां बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। पानी छोड़ने का निर्णय नहीं हुआ तो डालेंगे महापड़ाव किसानों ने प्रशासन को सोमवार तक का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि नहरों में पानी छोड़ने का निर्णय नहीं हुआ तो वे सोमवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय पर जुटेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वहां महापड़ाव भी डालेंगे। वरिष्ठ किसान नेता दशरथ कुमार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को खुली चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खैरथल-तिजारा में 380 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र:कलेक्टर और पूर्व विधायक ने दिए; पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन का लाइव प्रसारण भी देखा

खैरथल-तिजारा जिले में शनिवार को एचआरआरएल रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर रोजगार उत्सव कार्यक्रम के तहत 380 युवक-युवतियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पचपदरा (बालोतरा-बाड़मेर) स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खैरथल के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रधानमंत्री का उद्बोधन देखा। रोजगार उत्सव कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश और पूर्व विधायक रामहेत यादव सहित अन्य अतिथियों ने खैरथल-तिजारा जिले के कुल 380 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) धर्मवीर यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर सहित कई गणमान्य नागरिक और शहरवासी उपस्थित रहे। जिले की सभी पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भाग लिया। देखें कार्यक्रम से जुड़े PHOTOS

शिक्षा मंत्री बोले- अंग्रेजी मीडियम स्कूल बंद नहीं होंगे:यह केवल अफवाहें हैं; जहां स्टूडेंट्स नहीं होंगे, ऐसी जगह निर्णय लिया जा सकता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के अवसर पर कोटा में भी जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। शहर के सियाम ऑडिटोरियम में हुए आयोजन में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना से करीब 35 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और लगभग एक लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मंत्री ने बताया- यमुना जल परियोजना का लाभ शेखावाटी क्षेत्र के कई जिलों तक पहुंचेगा, जिससे लगभग 75 लाख लोगों को पेयजल राहत मिलेगी। अंग्रेजी माध्यम स्कूल बंद नहीं होंगे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को बंद किए जाने की खबरों पर लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अफवाहें हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में विद्यार्थी ही नहीं होंगे, ऐसे विद्यालयों के संबंध में नियमानुसार निर्णय लिया जा सकता है, लेकिन जहां बच्चे पढ़ रहे हैं, वहां के विद्यालय किसी भी स्थिति में बंद नहीं किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्यों पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है और इस संबंध में विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने खैरथल स्टेशन का किया निरीक्षण:नागरिकों ने दोनों प्लेटफार्म पर टीन शेड बढ़ाने, दूसरे प्लेटफार्म का गेट बनवाने की मांग

उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन ने शनिवार को खैरथल स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत हुए कार्यों का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, विशेष सुविधा कक्ष, फुटओवर ब्रिज, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, मुख्य द्वार और पार्किंग क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन ने बताया- रेल फाटक 93 पर ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने आमजन की मांग पर यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों प्लेटफार्म पर टीन शेड की लंबाई बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, प्लेटफार्म नंबर दो के लिए निकास रास्ते का प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी कहा गया है। ये रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान सहायक मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोड़, वरिष्ठ डीएसटी ललित कुमार, वरिष्ठ डीएन सतीश कुमार, सीनियर डीओएम अजीत कुमार, सीपीएम पीयूष जोशी, सीनियर डीईजी नितेश कुमार, सहायक जीएसयू पवन कुमार और डीसीएम जगदीश चौधरी सहित कई रेल अधिकारी मौजूद रहे।

राजापार्क के वन-वे सिस्टम से व्यापारियों में गुस्सा:पार्किंग और ट्रैफिक अव्यवस्था पर भड़के दुकानदार, बोले- 50 फीसदी तक घटा कारोबार

जयपुर के राजापार्क क्षेत्र में लागू वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि वन-वे सिस्टम लागू होने के बाद उनका व्यापार करीब 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि पार्किंग की कमी, अतिक्रमण और कमजोर ट्रैफिक प्रबंधन के कारण ग्राहकों की आवाजाही घट गई है। व्यापारियों ने प्रशासन से व्यवस्था की समीक्षा कर व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की है। इस व्यवस्था से ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होने के बजाय बाजार का कारोबार लगातार गिर रहा है। व्यापारियों का कहना है कि राजापार्क फैशन, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य रिटेल कारोबार का बड़ा बाजार है, जहां शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग खरीदारी के लिए आते हैं। लेकिन अब वन-वे सिस्टम के कारण ग्राहकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे बड़ी संख्या में लोग बाजार आने से बच रहे हैं। इसका सीधा असर दुकानदारों की आय पर पड़ रहा है। जाम कम करने के लिए लागू किया गया था सिस्टम यातायात पुलिस ने राजापार्क में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए वन-वे सिस्टम लागू किया था। इसके तहत गोविंद मार्ग पर परनामी मंदिर चौराहे से ध्रुव मार्ग तक वाहनों की आवाजाही एक दिशा में कर दी गई। वहीं विद्यालय मार्ग पर भी प्रवेश केवल गोविंद मार्ग की ओर रखा गया है। इसके अलावा रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों और सफेद पट्टी के बाहर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ लगातार चालान और नो-पार्किंग की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से ट्रैफिक में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ, बल्कि ग्राहकों की संख्या जरूर कम हो गई। कई इलाकों के ग्राहक बाजार आने से बच रहे व्यापारियों का कहना है कि पंचवटी सर्किल से परनामी चौराहे की ओर से जाने वाले मार्ग पर प्रतिबंध होने के कारण तिलक नगर, जवाहर नगर, आदर्श नगर सहित आसपास के इलाकों से आने वाले ग्राहकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कई लोग इसी वजह से राजापार्क आने के बजाय दूसरे बाजारों का रुख कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने लाखों रुपए निवेश कर बड़ी-बड़ी दुकानें ली हैं और हर महीने भारी किराया दे रहे हैं, लेकिन ग्राहकों की संख्या लगातार कम होने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। व्यापार आधा रह गया, किराया निकालना मुश्किल राजापार्क में मोबाइल शॉप संचालित करने वाले हरीश कुमार ने बताया कि मेरी दुकान का मासिक किराया करीब 60 हजार रुपए है। पहले बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रहती थी, लेकिन वन-वे सिस्टम लागू होने के बाद कारोबार लगभग 60 प्रतिशत तक घट गया है। उन्होंने कहा कि इतना अधिक किराया देने के बावजूद व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि बाजार में जगह-जगह ठेले लगे हुए हैं और लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे जाम लगता है, लेकिन इन समस्याओं पर कार्रवाई करने के बजाय केवल वन-वे लागू कर दिया गया, जिसका नुकसान व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है। काम कम हुआ तो स्टाफ भी घटाना पड़ा मोबाइल रिपेयरिंग का काम करने वाले अभिषेक ने बताया कि उनकी दुकान छोटी है, लेकिन हर महीने 30 हजार रुपए किराया और बिजली समेत करीब 40 हजार रुपए खर्च हो जाता है। पहले दुकान पर दो कर्मचारी काम करते थे, लेकिन कारोबार घटने के कारण अब केवल एक कर्मचारी ही रखा है। उन्होंने कहा कि वन-वे सिस्टम लागू होने के बाद दुकान पर आने वाले ग्राहकों की संख्या आधे से भी कम रह गई है। अगर यही स्थिति बनी रही तो छोटे व्यापारियों के लिए दुकान चलाना मुश्किल हो जाएगा। वन-वे नहीं, बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट की जरूरत व्यापारियों का कहना है कि अगर प्रशासन वास्तव में जाम की समस्या खत्म करना चाहता है तो वन-वे सिस्टम लागू करने के बजाय बाजार में पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाए। सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के वाहन तुरंत हटाए जाए और उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि बाजार में जगह-जगह अतिक्रमण और ठेले हटाए जाए, पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए और ट्रैफिक को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए। इससे व्यापार भी प्रभावित नहीं होगा और जाम की समस्या भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। पार्किंग, अतिक्रमण और सुविधाओं का भी अभाव व्यापारियों का आरोप है कि पूरे बाजार में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक प्रभावित होता है। वहीं जगह-जगह ठेले और अतिक्रमण भी सड़क की चौड़ाई कम कर रहे हैं। इसके अलावा इतने बड़े बाजार में सार्वजनिक महिला शौचालय तक उपलब्ध नहीं है, जबकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिवार और महिलाएं खरीदारी के लिए आती हैं। 400 से ज्यादा दुकानों पर असर राजापार्क में करीब 400 दुकानें संचालित हैं, जहां रेडीमेड गारमेंट्स, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और लेटेस्ट फैशन से जुड़े प्रतिष्ठान हैं। इनमें से अधिकांश दुकानें किराये पर हैं, जिनका मासिक किराया 40 हजार रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले समय में कई दुकानों को बंद करने या खाली करने की नौबत आ सकती है। व्यापारियों की मांग- अतिक्रमण हटाए प्रशासन व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वन-वे सिस्टम की दोबारा समीक्षा कर बाजार के हितों को ध्यान में रखते हुए नई ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी प्राथमिकता से काम किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो राजापार्क का व्यापार लगातार प्रभावित होता रहेगा।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:फंदे से नस दबी,अजीब हरकतें करने लगा युवक; डंपर ने छात्रा को कुचला; बदमाशों ने गहने लूटे,रसोई में आम खाए

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बालोतरा से है। यहां पीएम नरेंद्र मोदी ने HPCL रिफाइनरी का उद्घाटन किया। जोधपुर में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. PM ने HPCL रिफाइनरी का उद्घाटन किया
पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा के पचपदरा में HPCL रिफाइनरी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा- पश्चिमी एशिया में हुए युद्ध के कारण भारत में सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हो गया था। इस दौरान भारत की दृढ़ शक्ति के कारण सबसे बड़ा संकट भी छोटा हो गया। पूरी खबर पढ़ें 2. PM ने कॉन्स्टेबल से कहा- किसी से डरो मत, भागो मत
PM नरेंद्र मोदी ने पचपदरा में हुए समारोह में विभिन्न सरकारी सेवाओं में सिलेक्ट हुए युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान सिरोही निवासी कॉन्स्टेबल पिंटाराम गरासिया मंच पर हड़बड़ा गए। PM ने उनका हाथ पकड़कर रोका और कहा- किसी से डरो मत, भागो मत। इसके बाद उनकी पीठ थपथपाई। पूरी खबर पढ़ें 3. अलवर में नदी उफान पर, कई गांवों का रास्ता बंद
राजस्थान में बारिश का दौर तेज होने लगा है। अलवर में तेज बारिश से रूपारेल नदी उफान पर है। कई गांवों का रास्ता बंद हो गया है। डूंगरपुर में देर रात मूसलाधार बारिश से सड़कों पर 3 फीट तक पानी बहने लगा। कई कॉलोनियों में पानी भर गया। घर के बाहर खड़ी बाइक बह गई, जो सुबह कुछ दूरी पर मिली। पूरी खबर पढ़ें 4. RPSC ने सीनियर टीचर भर्ती में 886 पद घटाए
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सीनियर टीचर भर्ती के 886 पद घटा दिए गए हैं। अब यह भर्ती कुल 9 हजार 651 पदों पर की जाएगी। इस परीक्षा में 12 लाख 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा 12 से 18 जुलाई 2026 तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। पूरी खबर पढ़ें 5. बदमाशों ने घर में घुसकर गहने लूटे, आम भी खाए
अलवर में तीन नकाबपोश बदमाश GST विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर से 25 लाख से ज्यादा के गहने और 40 हजार कैश लूट ले गए। बदमाशों ने परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया। विरोध करने पर 14 साल के लड़के का सिर फोड़ दिया। बदमाशों ने किचन में जाकर आम भी खाए। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. डंपर ने मां के सामने बेटी को कुचला, मौत
भरतपुर के नदबई कस्बे में तेज रफ्तार डंपर ने मां के सामने 17 साल की बेटी को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां-बेटी मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इस दौरान खांगरी बाइपास पर डंपर ने बेटी को कुचल दिया, जबकि साथ में चल रही मां बाल-बाल बच गई। पूरी खबर पढ़ें 7. फंदे से युवक की नस दबी, अजीब हरकतें करने लगा
बांसवाड़ा में सुसाइड करने फंदे से लटके युवक को परिजनों ने बचाया और अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया। होश में आते ही युवक अजीब हरकतें करने लगा। डॉक्टर्स के अनुसार, गर्दन से दिमाग तक जाने वाली नस रस्सी से दब गई, जिसके कारण अजीब हरकतें कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें 8. पति का मर्डर कर बाथरूम में दफनाई लाश
भरतपुर के रहने वाले एक व्यक्ति की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। आरोपी महिला ने बॉडी को घर के बाथरूम में ही गाड़ दिया। उसके ऊपर टाइल्स लगवा दीं और इसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। करीब 45 दिन तक उसने हत्या की जानकारी छुपाकर रखी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री के मुखौटे लगाकर बैठे युवक
अलवर-बहरोड़ की बदहाली को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। दो कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री के मुखौटे पहनकर सड़क के बीच में बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान मौजूद 8 साल के बच्चे ने बताया- सड़क पर गड्ढों के कारण मेरे दादाजी भी गिरकर चोटिल हो गए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. ज्वेलर्स एसोसिएशन शो-2026 का कल आखिरी दिन
जयपुर कन्वेंशन सेंटर में JAS-2026 द प्रीमियम B2B शो का कल आखिरी दिन है। प्रदर्शनी में जयपुर के रंगीन रत्नों एवं जड़ाऊ आभूषणों की भव्य प्रस्तुत की जाएगी।

11KV लाइन की अवैध-शिफ्टिंग करने पर इंजीनियर समेत 4 सस्पेंड:3 कर्मचारियों को चार्जशीट; बांसवाड़ा में हादसे के बाद अजमेर डिस्कॉम की कार्रवाई

​अजमेर डिस्कॉम ने बांसवाड़ा ने तलवाड़ा में हुए अवैध विद्युत लाइन शिफ्टिंग और हादसे के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। डिस्कॉम ने लापरवाही बरतने के आरोप में एक कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) मनीष भगोरा और तीन तकनीकी कर्मचारियों में ​अभिषेक व्यास, ​हेमंत जोशी और ​नीरज जोशी को सस्पेंड कर दिया है। उपखंड के सहायक अभियंता (एईएन) ​महीप जोशी के साथ मुकेश पटेल और देवेंद्र भट्ट लापरवाही के लिए चार्जशीट दी गई है। ​कार्रवाई 20 जून को तलवाड़ा में बिना अनुमति के किए जा रहे अवैध विद्युत लाइन शिफ्टिंग के दौरान हुए हादसे के बाद की गई है। इस अवैध कार्य के दौरान एक ठेका कर्मी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया था। जांच कमेटी गठित, 5 दिन में मांगी रिपोर्ट
​मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है, जिसका नेतृत्व एक्सईएन कुशलगढ़ कर रहे हैं। ​एसई भगवानदास बैरवा ने बताया कि जांच कमेटी को अगले 5 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी खुद ही शिफ्ट कर रहे थे 11KV की लाइन
तलवाड़ा गांव में एक व्यक्ति बिजली की 11 केवी की लाइन शिफ्ट करवाना चाहता था। डिस्कॉम के कुछ कार्मिकों ने उसे डिस्कॉम में भेजने के बजाय खुद ही लाइन शिफ्ट करने का ठेका ले लिया। ये कर्मचारी दो पोल शिफ्ट भी कर चुके थे। 20 जून को तीसरा पोल शिफ्ट करते समय ठेका श्रमिक हरीश(35) करंट लगने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ था।

हॉस्पिटल में भर्ती विधायक से सीएम बोले-'ठीक है न भाई':मजाकिया अंदाज में कहा- 'भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए क्या'; थड़ी पर चाय पी

सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार को हॉस्पिटल में एडमिट सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां उनका हाथ पकड़ा, नब्ज देखी और पूछा- ‘ठीक है न भाई।’ इसके बाद मजाकिया अंदाज में विधायक जोशी से कहा- ‘भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए थे क्या ?’ फिर बोले- ‘भाई मैं तो तुम्हारा जयपुर में इंतजार कर रहा था।’ हॉस्पिटल से सर्किट हाउस जाते हुए सीएम ने थड़ी पर चाय भी पी। दरअसल, जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर सीएम दो दिन से जोधपुर दौरे पर थे। पीएम मोदी भी आज जोधपुर और पचपदरा पहुंचे थे। दोनों कार्यक्रम के बाद सीएम भजनलाल शर्मा शाम करीब 4 बजे जीवन ज्योति हॉस्पिटल में एड​मिट विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे थे। एक दिन पहले हुए थे एडमिट, हाथ पकड़कर पूछा क्या हो गया जानकारी अनुसार सूरसागर विधायक को शुक्रवार को डायरिया की शिकायत हुई थी। इसके बाद वे जीवन ज्योति हॉस्पिटल पहुंचे थे। दो दिन उन्हें ड्रिप चढ़नी थी, ऐसे में उन्हें एडमिट किया गया। इधर, सीएम भजनलाल शर्मा को जब इसके बारे में जानकारी मिली तो वे देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां जोशी से मिलते ही सीएम ने उनका हाथ पकड़ा और पूछा क्या हो गया भाई। साथ ही कहा…आप जयपुर आने का कह रहे थे। बताया जा रहा है कि जोशी जयपुर भी सीएम ने मिलने जा रहे थे लेकिन लंबे समय से तबीयत सही नहीं होने की वजह से उनका प्रोग्राम नहीं बन पाया। मजाकिया अंदाज में जोशी की पत्नी को कहा- ‘क्या खिला दिया आपने’ इस दौरान विधायक की पत्नी भी वहां मौजूद थी। सीएम ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा- ‘क्या खिला दिया आपने ?’ ये कह रहे थे- ‘दही खिला दिया, ​दही से कोई बीमार होता नहीं है।’ इस पर सीएम ने मजाकिया अंदाज में विधायक से कहा- ‘आप कुछ न कुछ भाभीजी से छिपकर खाकर आए हैं।’ सर्किट हाउस जाते चाय पीने के लिए थड़ी पर रुके इधर, हॉस्पिटल से रवाना होकर सीएम ​सर्किट हाउस के लिए निकले। इससे पहले वे भाटी चौराहे पर स्थित एक चाय की होटल पर रुके। यहां करीब पांच मिनट तक उन्होंने एक थड़ी पर बैठकर चाय पी। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान एक बच्ची से हंसी-मजाक में पूछा- ‘तुम्हें घर पर कौन डांटता है।’ बच्ची ने जवाब दिया, ‘मम्मी-पापा दोनों।’ इस पर सीएम हंसने लगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री जोगाराम पटेल और शहर विधायक अतुल भंसाली भी मौजूद थे।

राजसमंद में 402 युवाओं को मिले नियुक्ति-पत्र:PM के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण; देवासी बोले-रिफाइनरी से मिलेगी तेज गति

राजसमंद में शनिवार को मार्बल गैंगसा एसोसिएशन के सभागार में पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम लाइव देखा गया। इस दौरान जिले के 402 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी मुख्य अतिथि रहे। देवासी ने कहा- रिफाइनरी से राजस्थान को विकास के तेज गति मिलेगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से ₹1.05 लाख करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों के शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया। देवासी बोले-महत्वपूर्ण परियोजना राज्यमंत्री देवासी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है। आधारभूत संरचना, उद्योग, जल संसाधन, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना है। इससे रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र के साथ वेलकम किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला भाजपा अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।