हॉस्पिटल में भर्ती विधायक से सीएम बोले-'ठीक है न भाई':मजाकिया अंदाज में कहा- 'भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए क्या'; थड़ी पर चाय पी

सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार को हॉस्पिटल में एडमिट सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां उनका हाथ पकड़ा, नब्ज देखी और पूछा- ‘ठीक है न भाई।’ इसके बाद मजाकिया अंदाज में विधायक जोशी से कहा- ‘भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए थे क्या ?’ फिर बोले- ‘भाई मैं तो तुम्हारा जयपुर में इंतजार कर रहा था।’ हॉस्पिटल से सर्किट हाउस जाते हुए सीएम ने थड़ी पर चाय भी पी। दरअसल, जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर सीएम दो दिन से जोधपुर दौरे पर थे। पीएम मोदी भी आज जोधपुर और पचपदरा पहुंचे थे। दोनों कार्यक्रम के बाद सीएम भजनलाल शर्मा शाम करीब 4 बजे जीवन ज्योति हॉस्पिटल में एड​मिट विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे थे। एक दिन पहले हुए थे एडमिट, हाथ पकड़कर पूछा क्या हो गया जानकारी अनुसार सूरसागर विधायक को शुक्रवार को डायरिया की शिकायत हुई थी। इसके बाद वे जीवन ज्योति हॉस्पिटल पहुंचे थे। दो दिन उन्हें ड्रिप चढ़नी थी, ऐसे में उन्हें एडमिट किया गया। इधर, सीएम भजनलाल शर्मा को जब इसके बारे में जानकारी मिली तो वे देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां जोशी से मिलते ही सीएम ने उनका हाथ पकड़ा और पूछा क्या हो गया भाई। साथ ही कहा…आप जयपुर आने का कह रहे थे। बताया जा रहा है कि जोशी जयपुर भी सीएम ने मिलने जा रहे थे लेकिन लंबे समय से तबीयत सही नहीं होने की वजह से उनका प्रोग्राम नहीं बन पाया। मजाकिया अंदाज में जोशी की पत्नी को कहा- ‘क्या खिला दिया आपने’ इस दौरान विधायक की पत्नी भी वहां मौजूद थी। सीएम ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा- ‘क्या खिला दिया आपने ?’ ये कह रहे थे- ‘दही खिला दिया, ​दही से कोई बीमार होता नहीं है।’ इस पर सीएम ने मजाकिया अंदाज में विधायक से कहा- ‘आप कुछ न कुछ भाभीजी से छिपकर खाकर आए हैं।’ सर्किट हाउस जाते चाय पीने के लिए थड़ी पर रुके इधर, हॉस्पिटल से रवाना होकर सीएम ​सर्किट हाउस के लिए निकले। इससे पहले वे भाटी चौराहे पर स्थित एक चाय की होटल पर रुके। यहां करीब पांच मिनट तक उन्होंने एक थड़ी पर बैठकर चाय पी। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान एक बच्ची से हंसी-मजाक में पूछा- ‘तुम्हें घर पर कौन डांटता है।’ बच्ची ने जवाब दिया, ‘मम्मी-पापा दोनों।’ इस पर सीएम हंसने लगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री जोगाराम पटेल और शहर विधायक अतुल भंसाली भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *