बस ड्राइवर को हार्टअटैक आया, सूझबूझ से बचा गया जिंदगियां:हालत बिगड़ते ही साइड में रोकी, फिर हो गया बेसुध, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
नदबई में मंगलवार रात राजस्थान रोडवेज के एक बस ड्राइवर की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ड्राइवर ने आखिरी समय में भी सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सुरक्षित सड़क किनारे खड़ा कर दिया, जिससे बस में सवार दो यात्रियों की जान बच गई और संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ड्राइवर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयपुर के रामगढ़ निवासी वंशीधर पुत्र गिरधारीलाल राजस्थान रोडवेज के वैशाली नगर डिपो में ड्राइवर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह निर्धारित समय के अनुसार जयपुर से नदबई के लिए रोडवेज बस लेकर रवाना हुए थे। पूरे सफर के दौरान बस का संचालन सामान्य रूप से होता रहा, लेकिन नदबई शहर पहुंचने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चक्कर आते ही बस को सुरक्षित किनारे लगाया प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, जैसे ही बस नदबई के कुम्हेर रोड तिराहे के पास पहुंची, ड्राइवर को अचानक चक्कर आने लगे। इसके बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखा और बस को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर होते ही यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत राजकीय जिला अस्पताल में डॉक्टर्स ने ड्राइवर की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टर्स ने मौत का कारण हार्ट अटैक माना है। ड्राइवर के निधन की सूचना मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों में शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया, परिजनों को दी सूचना घटना की जानकारी मिलने पर नदबई थाने के एएसआई राजेश कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना भेज दी गई है। उनके नदबई पहुंचने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

