कोटा में कल होगा प्रतिभा सम्मान समारोह-2026:12वीं बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को मेहनत को मिलेगा मंच,दैनिक भास्कर-अपेक्स यूनिवर्सिटी की पहल

कोटा में बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक लाने वाले होनहार स्टूडेंट्स को सम्मानित करने के लिए ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन होगा। दैनिक भास्कर और अपेक्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सुबह 10 बजे श्रीनाथपुरम-डी स्थित शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रवेश गेट नंबर-4 से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरटीयू के कुलगुरु प्रो. निमित रंजन चौधरी, श्रीमाहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला, कोटा डेयरी के चेयरमैन चैनसिंह राठौड़, कोटा डेयरी के एमडी दिलखुश मीना और अपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर के डीन रिसर्च प्रो. राजेश सिंघल होंगे। समारोह में साल 2026 की सीबीएसई और आरबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल सहयोगी संस्था है। आयोजकों के अनुसार, समारोह का उद्देश्य केवल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में करियर काउंसलिंग, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की संभावनाओं पर विशेषज्ञों के प्रेरक विचार भी साझा किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को अपने करियर की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। निःशुल्क छाछ और लस्सी की होगी व्यवस्था भीषण गर्मी को देखते हुए कोटा डेयरी की ओर से समारोह में आने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों के लिए निःशुल्क छाछ और लस्सी की व्यवस्था की गई है। शिव ज्योति एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन महेश गुप्ता ने कहा कि यह समारोह प्रतिभाओं की मेहनत और लगन को सम्मान देने के साथ उनके हौसलों को नई उड़ान देने का मंच बनेगा। सम्मान से बढ़ेगा विद्यार्थियों का मनोबल वहीं, एमबी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सीए शुभम विजय ने कहा कि दैनिक भास्कर द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों की मेहनत को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। बच्चों को सम्मानित होते देख अभिभावकों का गर्व और विद्यार्थियों का मनोबल दोनों कई गुना बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *