ब्रेकिंग न्यूज़
जर्जर सरकारी भवन में चल रहा जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार ऑफिस:कभी भी हो सकता है हादसा, कलेक्टर बोले- जल्द होगा खाली

सिरोही कलेक्ट्रेट परिसर में उपनिदेशक एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का ऑफिस एक बेहद जर्जर भवन में संचालित हो रहा है, जो कभी भी ढह सकता है। कर्मचारियों की सुरक्षा पर मंडरा रहे इस खतरे को देखते हुए कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने भवन को जल्द खाली कराने का आश्वासन दिया है। हैरानी की बात यह है कि विभाग के लिए छह साल पहले नया भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक वहां ऑफिस स्थानांतरित नहीं किया गया। बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित यह भवन अत्यंत खराब हालत में पहुंच चुका है। विशेषकर बारिश के दौरान इसकी दीवारों और ढांचे के कमजोर होने से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे माहौल में विभाग के कर्मचारी रोजाना काम करने को मजबूर हैं। छह साल पहले बन गया नया भवन, फिर भी नहीं हुआ शिफ्ट जानकारी के अनुसार, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के लिए करीब छह वर्ष पहले बालाजी फेस-2 स्थित बाल कल्याण समिति भवन के पास नया ऑफिस भवन तैयार कर दिया गया था। हालांकि, लंबे समय तक उपयोग नहीं होने के कारण वह भवन भी अब जर्जर होने लगा है। तीन किलोमीटर की दूरी बनी स्थानांतरण में बाधा सूत्रों के अनुसार, पुराने ऑफिस से नए भवन की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है। इसी कारण विभागीय अधिकारियों ने अब तक वहां स्थानांतरित होना उचित नहीं समझा और ऑफिस पुराने भवन में ही संचालित होता रहा। लोगों ने जताई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जब आमजन को इस ऑफिस की स्थिति की जानकारी मिली तो उन्होंने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि जर्जर भवन में ऑफिस संचालित करना जोखिम भरा है और किसी भी अप्रिय घटना से पहले प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। पुरानी घटना आज भी दिलाती है हादसे की याद सिरोही में पहले भी एक दर्दनाक हादसा हो चुका है। कलेक्टर ऑफिस के पास स्थित एक सरकारी मकान ढहने से डॉक्टर राजेंद्र अरोड़ा की असामयिक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जर्जर सरकारी भवनों को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है। कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के संकेत कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने भवन की गंभीर स्थिति को स्वीकार करते हुए इसे जल्द से जल्द खाली कराने का आश्वासन दिया है। अब कर्मचारियों और आमजन की नजर इस बात पर है कि ऑफिस को सुरक्षित भवन में कब तक स्थानांतरित किया जाता है।

सांप के डसने से मासूम बच्चे की मौत:घर के पास खेलते समय हादसा, छह महीने से नाना के घर रह रहा था

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी वेरिया फला गांव में सांप के डसने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बालक पिछले छह माह से अपने नाना के घर रह रहा था। सांप के डसने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार ढूंढा निवासी कमलेश अहारी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र मिथुन पिछले छह माह से अपने नाना के घर बोरी वेरिया फला में रह रहा था। शुक्रवार को मिथुन घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद मासूम की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। घटना के बाद परिजन घबराकर मिथुन को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

व्हीचेयर पर तैयारी कर NEET में हासिल की 9483वीं रैंक:अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाता आदित्य; 11 दिसम्बर 2024 को छत से गिरा था

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमे पाली के कई युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से सलेक्शन ​लिया और नाम रोशन किया। लेकिन, जिले के बूटेलाव गांव निवासी आदित्य वैष्णव की संघर्ष की कहानी कुछ हटकर है। एक हादसे में आदित्य की रीड की हड्डी क्रेक हो गई। ऑपरेशन हुआ लेकिन अभी भी वह व्हील चेयर पर ही है। ऐसी विपरित परिस्थियों में भी उसने हार नहीं मानी और पढ़ाई जारी रखी। परिणाम यह रहा कि नीट परीक्षा में उसका सलेक्शन हुआ। आइए जानते है आदित्य की संघर्ष की कहानी… पाली जिले के सोजत तहसील क्षेत्र के गांव बूटेलाव में जनरल स्टोर चलाने वाले जितेन्द्र वैष्णव बताते है कि उनके एक बेटा आदित्य वैष्णव और एक बेटी जिज्ञासा है। पत्नी सुमित्रा हाऊस वाइफ है। बेटा आदित्य शुरू से ही पढ़ाई में होशियार था और डॉक्टर बनने का सपना देखता था। सोजत में 12वीं तक की पढ़ाई की। छत से गिरने से रीड की हड्डी टूटी 12वीं पास करने के बाद आदित्य जोधपुर बासनी स्थित अपने ननिहाल चला गया। वहां उसे कुछ ही महीने हुए थे। 11 दिसम्बर 2024 को आदित्य दो मंजिला मकान की छत पर टहल रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया। जिससे वो नीचे गिर गया। इस हादसे ने उसकी पूरी जिंदगी बदल दी। उसकी रीड की हड्‌डी और पैर की हड्‌डियां क्रेक हो गई। हालत गंभीर थी। तुरंत जोधपुर एम्स हॉस्पिटल ले गए। जहां 14 दिसम्बर 2024 को जोधपुर एम्स हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ। इसके बावजूद भी उसका कमर के नीचे का हिस्सा काम नहीं कर रहा है। मेडिकल भाषा में उसे स्पाइनल कॉर्ड इंजरी कहते है। 10 महीने तक डॉक्टरों की देख रेख में रहा ऑपरेशन के बाद करीब 10 महीने तक आदित्य डॉक्टरों की देखरेख में रहा और फिजियोथेरेपी भी लेता रहा। वर्तमान में भी उसका इलाज जारी है। स्थिति यह है कि वह अब खुद के पैरों पर खड़ा नहीं हो सकता है। उस हादसे ने जिंदगी भर का गम दिया है जो आज तक भी नहीं भर पाया। हार नहीं मानी और पढ़ाई जारी रखी इतना सब कुछ होने के बाद भी आदित्य ने हार नहीं मानी और न ही हौसला खोया। न ही डॉक्टर बनने का अपना सपना टूटने नहीं दिया। दिव्यांग हो जाने के बाद भी डिप्रेशन को उसने अपने ऊपर हावाी नहीं होने दिया और पढ़ाई लगातार जारी रखी। जब नीट का एग्जाम आया तो परिजन उसे कार में सुलाकर परीक्षा केंद्र ले जाते थे और वापस लाते थे। आखिर आदित्य की मेहनत रंग लाई और उसने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया में 9483 रैंक हासिल की। उसकी इस सफलता ने पूरे परिवार की आंखों में खुशी का आंसू ला दिए।

कोटा में 25 सेकेंड में उड़ाई बाइक, VIDEO:पुलिस चौकी के पास तीन बदमाशों ने चोरी की वारदात को दिया अंजाम, CCTV में कैद

कोटा शहर में बाइक पर आए तीन बदमाशों ने महज 25 सेकेंड में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन बदमाश बाइक पर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामला किशोरपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के पास शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे का है। जानकारी के अनुसार, चोरी हुई बाइक मोहम्मद असलम की है, जो शहर में एक वेल्डिंग की दुकान पर काम करते हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTO’S बाइक सवार तीन बदमाशों ने रेकी कर उड़ाई बाइक पीड़ित मोहम्मद असलम ने बताया कि रोजाना की तरह उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक इलाके में पहुंचे। पहले उन्होंने गली में घूमकर रेकी की और फिर उनमें से एक युवक बाइक से उतरकर मोहम्मद असलम की बाइक के पास पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने मास्टर चाबी की मदद से करीब 20 से 25 सेकेंड में बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब मोहम्मद असलम ने बाहर आकर देखा तो उनकी बाइक गायब थी। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस पीड़ित ने बताया कि उन्होंने यह सेकेंड हैंड बाइक खरीदी थी और रोज इसी से काम पर जाते थे। घटना की शिकायत किशोरपुरा थाने में दर्ज करा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के पास हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बूंदी में कांग्रेस का 24 जुलाई को विशाल प्रदर्शन:किसान-आमजन की समस्याओं पर डोटासरा, जूली और भंवर जितेंद्र करेंगे संबोधित

बूंदी में किसानों और आमजन की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन और पैदल मार्च करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान और आमजन परेशान हैं। गुंजल ने आरोप लगाया कि किसानों और आमजन को भारी बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों को खाद के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है और सिंचाई के लिए नहरों का पानी अभी तक टेल क्षेत्र तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने केडीए के माध्यम से किसानों को विस्थापित किया है। पूर्व विधायक गुंजल ने बूंदी जिले के सभी किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 24 जुलाई को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। यह प्रदर्शन जन समस्याओं के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बूंदी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की नीतियों का डटकर विरोध करेंगे। महावीर मीणा ने आगे बताया कि 24 जुलाई को होने वाले इस प्रदर्शन और सभा को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एआईसीसी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह और अन्य नेता संबोधित करेंगे। यह आयोजन किसान और आमजन की समस्याओं को उजागर करने के लिए किया जा रहा है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली,एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर, कोटा बूंदी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रहलाद पीसीसी महासचिव व बूंदी जिले के प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह सिद्धू, सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, हिंडोली विधायक अशोक चांदना,केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी संबोधित करेंगे।

बैठक को इन्होंने किया संबोधित
बैठक को आरसीए उपाध्यक्ष राजकुमार माथुर, पीसीसी सचिव गुडडू कादरी, आनंदीलाल मीणा,राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकरण मीणा, तालेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौर, हिंडोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण बैरवा, पूर्व प्रधान मोहनलाल गुर्जर, जयकिशन मीणा, रामनारायण बैरवा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगरूप सिंह रंधावा, बाबूलाल वर्मा, पूर्व डीसीसी महासचिव इश्तियाक अली, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मोडूलाल वर्मा, ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजमोहन यादव, एडवोकेट शांतिलाल मीणा, मेघवाल समाज के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष रामलाल मेघवाल, बूंदी पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि सत्यनारायण मीणा आदि ने सम्बोधित किया। संचालन पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतराम मीणा ने किया।

ट्रक से भिड़े टैंकर में लगी भीषण-आग, ड्राइवर जिंदा जला,VIDEO:नेशनल हाईवे पर ओवरटेक करने के दौरान हुई टक्कर

नागौर-जोधपुर नेशनल हाईवे-62 पर ओवरटेक के दौरान केमिकल से भरे टैंकर की सामने से आ रहे पॉकलैंड मशीन लदे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसमें टैंकर का ड्राइवर जिंदा जल गया। हादसे की चपेट में आई एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसका नागौर के जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसा शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-62 पर चिमरानी गांव के पास हुआ हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद टैंकर के केबिन से उठती भीषण आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। पहले देखिए- हादसे की 2 तस्वीरें जानकारी के अनुसार, केमिकल से भरा टैंकर जोधपुर से नागौर की ओर जा रहा था। वहीं नई पॉकलैंड मशीन लेकर ट्रक नागौर से जोधपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान टैंकर ड्राइवर ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही सेकंड में टैंकर के केबिन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया। ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के दौरान हाईवे से गुजर रही एक कार भी आग की चपेट में आ गई। कार ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर नागौर सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चूरू: रेलवे लाइन के किनारे लगाई जा रही जालियां:दोहरीकरण के बाद हादसों को रोकने के लिए विभाग का कदम

चूरू में रेलवे विभाग चूरू रोड सड़क मार्ग पर रेल लाइन को सुरक्षित करने का कार्य कर रहा है। यह कार्य चूरू रेलवे फाटक और आउटर सिग्नल से लेकर प्रहलादजी की प्याऊ तक किया जा रहा है। रतनगढ़ से चूरू के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद इस रूट पर नॉन-स्टॉप ट्रेनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई थी। इस स्थिति को देखते हुए, विभाग अब रेल पटरियों के किनारे दीवारें और पिलर लगाकर फेंसिंग कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों और पशुओं को पटरियों पर आने से रोकना है, क्योंकि पहले इन स्थानों पर लोगों का आवागमन होता रहता था। यह कार्य पिछले कुछ दिनों से जारी है। लगभग एक से सवा किलोमीटर की दूरी पर चूरू बाईपास सड़क के किनारे जालियां लगाकर रेल लाइन को सुरक्षित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, अंडरब्रिज के पास स्टेशन की तरफ दूसरी ओर भी विभाग द्वारा दीवार बनाई जा रही है ताकि पटरियों पर आवागमन को पूरी तरह रोका जा सके।

जयपुर में ऑफिस में घुसकर 3 भाइयों को पीटा:बाल उखाड़े, स्कॉर्पियो तोड़ी; होटल में खाना खाने के दौरान हुआ था विवाद

जयपुर में 3 भाइयों को प्रॉपर्टी ऑफिस में घुसकर लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को भी तोड़ दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने एक भाई के सिर से बाल तक उखाड़ दिए। शुक्रवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में 15 से 20 से ज्यादा बदमाश आते दिख रहे हैं, जिनके हाथ में लोहे के सरिए और लाठियां दिख रही हैं। मामला 13 जुलाई का है। भांकरोटा थाना प्रभारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया- रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। केस की जांच एएसआई मुकेश चतुर्वेदी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद जयपुर के कृषि विहार, बदरवास के रहने वाले पीड़ित अर्शदीप सिंह ने पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 13 जुलाई की रात मैं अपने भाई कमलजीत सिंह और परिचित राहुल मीणा सहित चार लोगों के साथ भांकरोटा स्थित एवर ग्रीन होटल में खाना खाने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद पवन टोडावत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। जब हम होटल से निकलने लगे तो आरोपी ने बेल्ट निकालकर हमारी स्कॉर्पियो के बोनट पर दे मारी। इसके बाद आरोपियों ने फोन पर कमलजीत सिंह और राहुल मीणा को टोल प्लाजा पर रुकने और देख लेने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद राहुल मीणा ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मामला सुलझाने के लिए भांकरोटा स्थित ‘भूरा प्रॉपर्टीज चैंबर’ आने की बात कही। फोन पर तय हुआ था कि जिसकी भी गलती होगी, वह सुबह माफी मांग लेगा।

प्रॉपर्टी ऑफिस में 15-20 बदमाशों का धावा, पगड़ी उतारकर बाल खींचे अर्शदीप सिंह के अनुसार, रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हम ऑफिस में मौजूद थे, तभी 4 से 5 लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर 15 से 20 बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने आते ही बाहर खड़ी स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ दिया और कमलजीत सिंह को आवाज लगाने लगे। आरोपी पवन टोडावत ने कमलजीत सिंह पर सरिये से वार किया। बीच-बचाव करने पर मेरे हाथ पर चोट लगी और फिर सिर पर लोहे की रॉड दे मारी। सिर पर पगड़ी बंधी होने के कारण कमलजीत की जान बच गई, लेकिन इसके बाद हमलावरों ने उसकी पगड़ी उतार दी, बाल खींचे और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इसी दौरान पीछे से एक आरोपी ने मेरे सिर पर फिर से सरिए से हमला कर दिया।
भीड़ को आता देख गाड़ियों से भागे आरोपी इस हमले में तीनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। अर्शदीप सिंह के सिर में 5 से 6 टांके आए हैं और शरीर पर सरियों के कई निशान हैं। सुखवंत सिंह के हाथ में गंभीर चोट आई है, वहीं कमलजीत सिंह के सिर में चोट के साथ गर्दन में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। तीनों का अस्पताल में इलाज करवाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि देर रात शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, तो भीड़ को आता देख हमलावर अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। अगर लोग समय पर नहीं आते तो उनकी जान भी जा सकती थी। पीड़ितों ने इस हमले का आरोप विष्णु चौधरी, पवन टोडावत, विष्णु पूनिया, वीरू गढ़वाल, मदन टोडावत, अजय टोडावत, लोकेश टोडावत, राजेश टोडावत, यशवंत चौधरी, राकेश टोडावत और हेमराज टोडावत सहित उनके अन्य साथियों पर लगाया है। आरोपी स्कॉर्पियो, मर्सिडीज, किया सेल्टॉस, ब्रेजा और डिजायर जैसी गाड़ियों में सवार होकर आए थे।

PM मोदी की पंजाब रैली के मायने:प्रोजेक्टों से 54 सीटों पर असर, 'डबल इंजन' नैरेटिव, दलित-किसानों पर फोकस; गठबंधन से इनकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में विजय के लिए अपनी प्लानिंग को साफ कर दिया है। मोदी ने अपने भाषण में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस व अकाली दल सभी को जमकर लताड़ा। मोदी ने अपने भाषण से कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्पष्ट संकेत दे दिया कि भाजपा सभी 117 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। मोदी ने पंजाब के जालंधर दौरे पर एक बार फिर से डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से ट्रेन में मुलाकात की और अपने भाषण में संत रविदास जी महाराज का उल्लेख किया। इसके जरिए मोदी ने पंजाब के दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश की। उधर, हरियाणा में भाजपा सरकार के 24 फसलों पर MSP समेत विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मोदी ने पंजाब में डबल इंजन सरकार का नैरेटिव सेट किया। मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने सिख संग्रहालय बनाकर सिख परंपराओं को संजोने का काम किया। वहीं मोदी मंच पर हरी पगड़ी पहनकर आए जो कि किसानों का ट्रेडमार्क मानी जाती है। मोदी ने हरे रंग की पगड़ी पहनकर संकेत दिया कि भाजपा किसानों की हितैषी है और भाजपा सरकार आने पर किसानों को उनके हक दिए जाएंगे। मोदी ने हरियाणा सरकार की तरफ से किसानों को दी जा रही एमएसपी (MSP) का उदाहरण भी दिया। विकास कार्यों के जरिए तीनों रीजन की 54 विधानसभा सीटें साधने की कोशिश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब दौरे पर कुल 15 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इसमें मालवा के 7, दोआबा के 5 और माझा के 3 प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स से पंजाब के 12 से अधिक प्रमुख जिलों की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को एक नई रफ्तार मिलेगी। मोदी ने इन प्रोजेक्ट्स के जरिए पंजाब की करीब 54 विधानसभा सीटों को टारगेट किया है, जिसमें मालवा क्षेत्र की 23, दोआबा की 20 और माझा की 11 सीटें शामिल हैं। मालवा क्षेत्र के लुधियाना, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), रूपनगर (रोपड़), पटियाला, श्री मुक्तसर साहिब और संगरूर जिलों को इसका सबसे बड़ा फायदा मिलने जा रहा है, क्योंकि साउदर्न लुधियाना बाईपास, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे और आईटी सिटी-कुराली हाईवे इन क्षेत्रों की रोड कनेक्टिविटी को विश्वस्तरीय बनाएंगे; जबकि मुक्तसर, मोहाली व आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और चंडीगढ़ PGI के नए सेंटर्स भी इसी बेल्ट के लोगों को लाभान्वित करेंगे। वहीं दोआबा क्षेत्र के जालंधर, होशियारपुर और कपूरथला जिलों को भारी निवेश मिला है, जिसके तहत जालंधर कैंट व फगवाड़ा (कपूरथला) स्टेशनों का कायाकल्प होगा, राष्ट्रीय राजमार्गों को अपग्रेड किया जाएगा और दौलतपुर चौक-करटोली रेल लाइन व नई ट्रेन से होशियारपुर के कंडी क्षेत्र के लोगों की यात्रा सुगम होगी। इसके साथ ही, माझा क्षेत्र के अमृतसर, पठानकोट और गुरदासपुर जिलों को सीधा लाभ मिलेगा, जहाँ अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी के लिए शुरू हुई ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ श्रद्धालुओं को सीधे जोड़ेगी, तथा पठानकोट कैंट व बटाला (गुरदासपुर) स्टेशनों के पुनर्विकास से इन सीमावर्ती जिलों का पूरी तरह से कायाकल्प हो जाएगा। दलित वोट बैंक को साधने में जुटे मोदी
पंजाब में दलित वोट बैंक करीब 31 प्रतिशत है। मोदी डेरा सचखंड बल्लां में पहले आ चुके हैं और आदमपुर एयरपोर्ट का नाम सतगुरु रविदास के नाम पर रख चुके हैं। अब पंजाब से सीधे बनारस के लिए शुरू की गई ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा है। फरवरी 2027 में संत रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व है। उसी दौर में पंजाब में विधानसभा चुनाव भी होना है। ऐसे में पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बनारस जाएंगे। पंजाब की राजनीति में डेरों का बेहद गहरा प्रभाव है, प्रधानमंत्री इस बात को भली-भांति जानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास के साथ मुलाकात की। नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात से एक बार फिर से पंजाब के दलित वर्ग को साधने की कोशिश की। डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख से मोदी की पांच महीने में यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले नरेंद्र मोदी राधा स्वामी डेरा ब्यास के प्रमुख से भी मुलाकात कर चुके हैं। दोआबा के साथ-साथ इन दोनों डेरों का प्रभाव पंजाब के अन्य सभी जिलों और मालवा-माझा क्षेत्रों में भी व्यापक रूप से फैला हुआ है। स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन विभिन्न डेरों और आध्यात्मिक शक्तियों के माध्यम से ग्रामीण व जमीनी स्तर पर पंजाब में अपनी पैठ मजबूत करने की पुरज़ोर कोशिश में है। मोदी ने इसके जरिए पंजाब के 31 प्रतिशत दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश की, जिसका सीधा असर दोआबा की 23 में से 14-15 सीटों पर दिखेगा। हरियाणा में सिख संग्रहालय कर पंजाब के वोटर्स को साधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद में सिख संग्रहालय का शिलान्यास करके एक बड़ा चुनावी मास्टरस्ट्रोक खेला है, जिसका सीधा लक्ष्य पंजाब के सिख वोटर्स को साधना है। जींद में इस ऐतिहासिक परियोजना की नींव रखने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री पंजाब पहुंचे, जो उनकी सोची-समझी रणनीति को दर्शाता है। मोदी ने पंजाब में इसका बाकायदा जिक्र भी किया कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने सिख संग्रहालय का निर्माण किया। पंजाब की राजनीति में सिखों की धार्मिक अस्मिता हमेशा से सबसे बड़ा मुद्दा रही है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) से अलग होने के बाद, भाजपा पंजाब में स्वतंत्र रूप से अपनी पैठ बनाने के लिए ‘सांस्कृतिक सम्मान’ का कार्ड खेल रही है। पड़ोसी राज्य हरियाणा में सिखों के गौरवशाली इतिहास को सहेजने वाले इस संग्रहालय के जरिए मोदी ने पंजाब के ग्रामीण और पंथिक सिखों को संदेश दिया है कि भाजपा उनकी समृद्ध विरासत का सच्चा सम्मान करती है। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले, यह कदम पार्टी को केवल ‘शहरी हिंदुओं’ के टैग से बाहर निकालकर समूचे सिख समाज में पैठ बनाने में मदद करेगा। हरी पगड़ी पहनकर किसान हितैषी का दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पंजाब दौरे के दौरान विशेष रूप से हरे रंग की पगड़ी धारण की। मंच से इस पारंपरिक रंग की दस्तार में नजर आकर उन्होंने सीधे तौर पर खुद को बड़ा किसान हितैषी दिखाने का मजबूत संदेश दिया। चूंकि हरा रंग पंजाब की खेती, फसलों और देश के अन्नदाता (किसानों) की पहचान का प्रतीक माना जाता है, इसलिए पीएम मोदी का यह रूप पिछले कुछ वर्षों की राजनीतिक तल्खी और कृषि आंदोलनों के गतिरोध को भुलाकर ग्रामीण मतदाताओं से सीधा भावनात्मक जुड़ाव बनाने की एक बड़ी और गंभीर कोशिश है। आप-शिअद व कांग्रेस पर निशाना साधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए और यह नैरेटिव सेट करने की कोशिश की कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद पर सरकार कुछ नहीं कर पाई। यही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां तक कह दिया कि दिल्ली में इनके नेता को आईबी अधिकारी की हत्या का दोषी पाया गया और कोर्ट ने सजा दी, पर इनके नेता कोर्ट पर ही सवाल खड़े करने लगे हैं। ऐसा ही गुजरात में हुआ; इनके एमएलए को फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया। इसलिए इनका कैरेक्टर ही ऐसा है। कांग्रेस पर तंज कसा कि वहां कुर्सी के लिए लड़ाई चल रही है, और शिअद को कहा कि उन्हें पंजाब की कोई चिंता नहीं है। मोदी ने पंजाबियों को यह बताने की कोशिश की कि अब विकास और कानून व्यवस्था के लिए भाजपा ही उनके पास विकल्प है। ************* पीएम के दौरे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें: PM मोदी बोले- AAP सरकार की कर्ज पर मौज: कांग्रेस में कुर्सी का रोना-धोना, अकाली अपनी उलझन में; पंजाब में BJP ही बदलाव लाएगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (17 जुलाई) को जालंधर रैली में कहा- पंजाब में कट्‌टर बेईमान पार्टी (AAP) की सरकार है। यहां की सरकार कर्ज पर मौज कर रही है। इस पार्टी ने किसानों और बहन-बेटियों के साथ धोखा किया है। लॉ एंड ऑर्डर के ये हालात हैं कि कब कहां गैंगवार हो जाए, कहां किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो चुका है। थानों पर अटैक हो रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
PM के चंडीगढ़ दौरे के मोमेंट्स: मोदी की स्टेज पर कांग्रेस सांसद; उद्घाटन पत्थर पर सीएम मान का नाम; बच्चे की कैप पर ऑटोग्राफ दिया हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ और पंजाब दौरे पर पहुंचे। चंडीगढ़ में पीएम ने 4700 करोड़ रुपए के 10 प्रोजेक्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके बाद वह जालंधर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने देश के 75 अमृत भारत स्कीम वाले रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। उद्घाटन पत्थर पर सीएम भगवंत मान का भी नाम लिखा है। (पढ़ें पूरी खबर)

जालोर के रिद्धम ने नीट में हासिल की 1079वीं रैंक:प्रवीण को 1187वीं और लक्षित को 17085वीं रैंक मिली

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार रात NEET-UG 2026 का रिजल्ट जारी किया। इसमें जालोर जिले के तीन स्टूडेंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जालोर शहर के रिद्धम मेहता ने ऑल इंडिया 1079वीं रैंक हासिल की, जबकि भूतेल गांव के प्रवीण कुमार खीचड़ को 1187वीं और रेवतड़ा गांव के लक्षित कुमार को 17085वीं रैंक मिली। तीनों स्टूडेंट्स की सफलता से परिवारों और उनके गांवों में खुशी का माहौल है। जालोर के रिद्धम मेहता ने हासिल की 1079वीं रैंक जालोर शहर के 19 साल के रिद्धम मेहता ने NEET-UG 2026 में ऑल इंडिया स्तर पर 1079वीं रैंक हासिल की है। यह जालोर जिले की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। रिद्धम पिछले दो साल से गुजरात के अहमदाबाद में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनकी मेहनत का परिणाम अब इस सफलता के रूप में सामने आया है। रेवतड़ा के लक्षित कुमार को मिली 17085वीं रैंक जालोर जिले के रेवतड़ा गांव निवासी लक्षित कुमार ने भी NEET परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 17085वीं रैंक हासिल की है। लक्षित की सफलता के बाद गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दूसरे प्रयास में प्रवीण ने हासिल की सफलता चितलवाना क्षेत्र के भूतेल गांव निवासी किसान जगदीश कुमार के बेटे प्रवीण कुमार खीचड़ ने अपने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 1187वीं रैंक प्राप्त की है। प्रवीण कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई। चाय बेचने वाले के बेटे ने नीट में 570वीं रेंक हासिल जालोर के केशवना गांव निवासी पुष्पेंद्र सेन(20) पुत्र महेंद्र सेन (सोलंकी) का नीट में 570वीं रैंक हासिल किया हैं। इसके पिता पुपेन्द्र सेन के पिता केशवना की केशवना में चाय की होटल चलाते हैं। पुष्पेंद्र सेन पिछले तीन साल से तैयारी कर रहे है एक साल से शिखर में रहकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन करीब 16-17 घंटे तक पढ़ाई करते थे। जालोर के सांचौर निवासी किसान का बेटा अरविंद चौहान (20)पुत्र मुलाराम चौहान ने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया में 5221 वीं रेंक हालिक की है और अरविंद चौहान 2 साल से तैयारी कर रहा था। दूसरे प्रयास में फिर सफलता मिली हैं।