ब्रेकिंग न्यूज़
कोटपूतली के विष्णु मित्तल को मिली जिम्मेदारी:दिल्ली बीजेपी के प्रदेश महामंत्री नियुक्त, कार्यकर्ताओं ने दी बधाई

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कोटपूतली निवासी विष्णु मित्तल को एक बार फिर दिल्ली प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। उनकी इस पुनर्नियुक्ति से दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी विष्णु मित्तल की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। उन्होंने मित्तल को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में दिल्ली भाजपा संगठन नए आयाम स्थापित करेगा और पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। विष्णु मित्तल ने जताया आभार दिल्ली भाजपा के प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने अपनी पुनर्नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने भी मित्तल जैसे जमीनी और निष्ठावान व्यक्तित्व को इस महत्वपूर्ण पद पर बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद दिया। कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि उनके कार्यकाल में पार्टी दिल्ली के हर वर्ग और कोने तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी। नियुक्ति की घोषणा के बाद दिल्ली प्रदेश कार्यालय और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

कलश यात्रा के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव शुरू:श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने रास्ते में पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

करौली में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। संत गोमती दास मेमोरियल संस्थान के तत्वावधान में गोमती कॉलोनी स्थित पूज्य संत गोमती दास महाराज मंदिर परिसर से यह यात्रा शुरू हुई। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ का भी शुभारंभ हुआ, जिसकी कथाएं 27 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित होंगी। सुबह 9 बजे मंदिर परिसर से रवाना हुई यह कलश यात्रा ट्रक यूनियन, पुरानी कलेक्ट्री सर्किल और पुरानी ट्रक यूनियन मार्ग से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए, जबकि श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा और शास्त्री महेश व्यास ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ मंगलवार दोपहर 2 बजे से हुआ। यह कथा 22 से 27 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। कथा के मुख्य यजमान विष्णु चंद गुप्ता हैं। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित शिवनारायण शास्त्री कथा का वाचन करेंगे। वैदिक पूजा-अर्चना, मूल पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शास्त्री महेश चंद्र व्यास के सान्निध्य में संपन्न होंगे। आयोजकों के अनुसार 28 जुलाई को हवन और पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर विशेष पूजन, गुरु वंदन और एक विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस कलश यात्रा में संत गोमती दास महाराज के शिष्यों, समिति पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पंजाब में फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन उड़ाने की साजिश नाकाम:ब्रिटेन में बैठे आतंकी इकबाल के 17 साथी अरेस्ट; IED, विस्फोटक और ग्लॉक पिस्टल बरामद

पंजाब पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में IED लगाकर बड़े विस्फोट की साजिश भी रची थी। पुलिस ने समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल मैगजीन सहित तथा एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि ढालीवाल वर्तमान में ब्रिटेन (यूके) में रह रहा है। इसके अलावा मोगा के सदर थाना परिसर में 8 जुलाई को हुए लो-इंटेंसिटी ग्रेनेड धमाके के मामले में आरोपियों की भूमिका थी। फरीदकोट रेंज की आईजी नीलांबरी जगदले विजय ने मोगा में आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी सरताज सिंह चहल, एसपी बाल किशन सिंगला, सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह तथा पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जांच के लिए 10 विशेष टीमों का किया था गठन आईजी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसएसपी मोगा के नेतृत्व में 10 विशेष टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान तीन मुख्य आरोपियों गगन उर्फ अकाली, सुखमिंदर उर्फ बिंदर और राजेश (तीनों निवासी जिला फिरोजपुर) को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने थाना परिसर में ग्रेनेड फेंकने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरी साजिश के पीछे विदेश में बैठे हैंडलर अमन उर्फ नाजर और उसके सहयोगी रवि धंधवाल उर्फ इकबाल का हाथ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक पिस्टल, एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), उससे संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा रिकवरी मैकेनिज्म भी बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया गया है। कई लोगों ने की आरोपियों की मदद आईजी नीलांबरी जगदले ने बताया कि आरोपियों में वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने किसी न किसी रूप में लॉजिस्टिक, आर्थिक या अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई थी। पुलिस सोशल मीडिया पर इस घटना की जिम्मेदारी लेने वाले संगठन तथा विदेशी हैंडलरों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। बरामदगी – स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर PB-03-AH-3088)
– 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल मैगजीन सहित
– एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED)

EWS के लिए पंचायत-निकाय चुनाव में आरक्षण की मांग:अलग आयोग बनाने पर भी दिया जोर, अधिकारों को लेकर विप्र फाउंडेशन के किया प्रदर्शन

झुंझुनूं में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के संवैधानिक अधिकारों और उनके सही तरीके से लागू करने की मांग को लेकर विप्र फाउंडेशन (जिला इकाई) ने प्रदर्शन किया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री और राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम मांग-पत्र सौंपा। इसमें EWS वर्ग को अन्य आरक्षित वर्गों की तरह सभी सुविधाएं और अधिकार देने के साथ दो प्रमुख मांगें रखी गईं। 103वें संविधान संशोधन का दिया हवाला विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संविधान के 103वें संशोधन के तहत सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिक्षा, रोजगार और समान अवसर देने के लिए 10 प्रतिशत EWS आरक्षण का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर आज भी इस वर्ग के लोगों को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है। इसी को देखते हुए सरकार से जल्द जरूरी कदम उठाने की मांग की गई है। पंचायत और निकाय चुनाव में आरक्षण की मांग फाउंडेशन ने मांग की कि आने वाले पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में EWS वर्ग के लिए सीटें आरक्षित की जाएं। इससे राजनीति और लोकतंत्र में इस वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी। EWS आयोग बनाने की मांग मांग-पत्र में राज्य स्तर पर एक स्वतंत्र और मजबूत EWS आयोग बनाने की मांग भी की गई है। फाउंडेशन का कहना है कि यह आयोग आय सीमा, पात्रता, प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं के सही तरीके से लागू होने की निगरानी करेगा। विप्र फाउंडेशन के जिला संयोजक उमाशंकर महमिया और संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया ने सरकार से आग्रह किया कि EWS वर्ग के हितों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए इन मांगों पर जल्द विचार कर जरूरी कार्रवाई की जाए। मांग-पत्र सौंपने के दौरान कमलकांत शर्मा, नीरज शर्मा, राजदीप महर्षि, संजय शर्मा, ममता शर्मा, एडवोकेट अंजू शर्मा, पूनम शर्मा, विद्या पुरोहित, आशा शरण, उषा शर्मा सहित विप्र फाउंडेशन के कई पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

राजस्थान के 8 जिलों में डेंगू-मलेरिया का खतरा:स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाई रिस्क एरिया माना; मच्छरों को पनपने से रोकने का आदेश

देश में इस साल कमजोर मानसून रहने का अनुमान है। कम बारिश, नमी और गर्मी को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मौसमी बीमारियां ज्यादा होने की आशंका जताई है। मंत्रालय ने पिछले दिनों देश के सभी राज्यों को पत्र लिखकर मौसमी बीमारियों (डेंगू-मलेरिया) के ज्यादा बढ़ने की आशंका जताते हुए इसके बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर राज्य में हाई रिस्क जिलों की लिस्ट तैयार की है, जिसमें विशेष मॉनिटरिंग की जरूरत बताई है। जयपुर सहित राजस्थान के 8 जिलों को हाई रिस्क एरिया में शामिल किया है। मंत्रालय ने पिछले तीन साल की रिपोर्ट देखते हुए उन जिलों को हाई रिस्क एरिया में माना है, जहां डेंगू-मलेरिया के 500 या उससे ज्यादा केस मिले हैं। मच्छरों को पनपने से रोकने के करने होंगे उपाय मंत्रालय ने हाई रिस्क एरिया में शामिल जिलों में मच्छरों को पैदा होने (पनपने) से रोकने के लिए हर सप्ताह ड्राइंग-डे एक्टिविटी करने के आदेश दिए हैं। इसमें आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ उन एरिया में एंटीलार्वा एक्टिविटी की जाएंगी, जहां मच्छरों के पनपने की सबसे ज्यादा आशंका रहती है। यूपी में सबसे ज्यादा जिले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 23 जिले स्वास्थ्य मंत्रालय ने चिह्नित किए हैं, जिनमें डेंगू-मलेरिया फैलने की सबसे ज्यादा आशंका जताई है। महाराष्ट्र के 15, पश्चिम बंगाल के 13, बिहार व पंजाब के 9-9, हरियाणा के 8, दिल्ली के 7, मध्य प्रदेश, गुजरात व उत्तराखंड के 4-4 और छत्तीसगढ़ का 1 जिला शामिल है। रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाने के निर्देश मंत्रालय ने सभी राज्यों को इस तरह की बीमारियों को कंट्रोल करने के साथ-साथ ही ट्रेसिंग और प्राथमिक ट्रीटमेंट के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाने के निर्देश दिए हैं। पर्याप्त मात्रा में ब्लड और ब्लड कॉम्पोनेंट के साथ-साथ दवाइयों का स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं।

पंजाब में ऑनर किलिंग, लव-मैरिज करने पर बेटी की हत्या:मिलने के बहाने बठिंडा से फरीदकोट गुरुद्वारे में बुलाया; रास्ते में घेरकर काट दिया

फरीदकोट में अपने ही गांव के लड़के से लवमैरिज करने पर 20 साल की लड़की की हत्या कर दी गई। लड़की के परिजन ने लड़की को तेजधार हथियार से काटा। इसके बाद उसके शव को खेतों में फेंक दिया। मंगलवार सुबह उसकी लाश खेतों में कंटीली फेंसिंग के पास पड़ी मिली। बताया जा रहा है कि करीब ढाई महीने पहले ही लड़की ने लवमैरिज की थी। इसके बाद वह लड़के के साथ गांव छोड़कर बठिंडा चली गई थी और वहीं रहने लगी थी। सोमवार को लड़की के परिजन ने दोनों को मिलने के बहाने बुलाया था। यही मौका देखकर परिजन ने लड़की को काट दिया। जबकि, लड़का किसी तरह भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने ऑनर किलिंग के इस केस में लड़की के परिजन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। हाईवे के किनारे खेतों में मिला शव पुलिस के अनुसार, मृत लड़की की पहचान महकप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह फरीदकोट के गांव बुर्ज हरिका की रहने वाली थी। उसका शव कोटकपूरा के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के किनारे खेतों से बरामद हुआ है। डीएसपी (देहात) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि गांव बुर्ज हरिका की रहने वाली 20 वर्षीय लड़की महकप्रीत कौर को अपने ही गांव के लड़के जगदीप सिंह से प्यार हो गया। इन दोनों ने 4 मार्च को कोर्ट में लवमैरिज कर ली। जबकि, इनके माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद बठिंडा में रह रहा था कपल शादी के बाद महकप्रीत और जगदीप दोनों बठिंडा के गांव भगता भाईका में किराए का मकान लेकर रहने लगे थे। इसकी जानकारी इनके परिजन को नहीं थी। हालांकि, इनके फोन पर इन्हें परिजन जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इसके बारे में उन्होंने थाना बाजाखाना पुलिस को शिकायत दी हुई थी। बताया जा रहा है युवती की अपनी माता के साथ फोन पर बातचीत होती रहती थी। रविवार को भी लड़की ने अपनी मां से फोन पर बात की। इस दौरान उसकी मां ने उसे मिलने बुलाया। लड़की से कहा गया कि सोमवार शाम कोटकपूरा के पास गांव ढिलवां कलां के गुरुद्वारा साहिब में आ जाना। वहीं मुलाकात हो जाएगी। युवती की मां ने बुलाया, परिजन ने घेरा DSP के अनुसार, जब महकप्रीत और जगदीप सिंह मोटरसाइकिल से ढिलवां कलां के पास पहुंचे तो कार में आए युवती के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि लड़की की मां ने ही अपने अन्य परिजन को लड़की के आने की सूचना दी थी या फिर किसी और जरिए से परिजन को इस बारे में पता चल गया। परिजन को आता देख दोनों लड़का-लड़की अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। इस दौरान परिजन ने युवती को पकड़ लिया। इसके बाद तेजधार हथियारों से उसका गला काट डाला। इसके बाद उसकी लाश खेत में कंटीले तारों पर फेंक दी। इसी बीच युवक अपनी जान बचाकर भागने में कामयाब रहा। हालांकि, वह भागकर कहां गया, इसके बारे में किसी को नहीं पता है। मंगलवार सुबह जब खेतों में काम करने किसान आए तो उन्होंने लड़की की लाश पड़ी देखी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी कोटकपूरा थाना और बाजाखाना पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटकपूरा के DSP संजीव कुमार, DSP (देहात) अवतार सिंह राजपाल और थाना सिटी कोटकपूरा के SHO सुखविंदर सिंह CIA स्टाफ सहित पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। बारीकी से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। DSP (देहात) अवतार सिंह राजपाल ने कहा कि जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन इस प्रेम विवाह से बेहद नाराज थे और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मृतक युवती के पति जगदीप सिंह के बयान पर मृतका महकप्रीत कौर के पिता समेत 5 परिजनों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में मृतका के पिता वकील सिंह उर्फ ​​घिला, चाचा गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोरा और सुखचैन सिंह के अलावा 2 रिश्तेदारों- बुर्ज हरिके के निवासी सुक्खा सिंह उर्फ ​​गोलू और गांव नानकसर के रहने वाले दिलबाग सिंह उर्फ ​​कालू शामिल हैं। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… इंग्लैंड में पंजाबी लड़की की हत्या, पेट-छाती पर 5 वार:आरोपी गेट के कैमरे पर चाकू लिए दिखा; तरनतारन से पिता ने जमीन बेचकर भेजा था पंजाब के तरनतारन की युवती की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई। उसके पेट-छाती में 5 बार चाकू से वार किए गए। युवती करीब दो साल पहले स्टूडेंट वीजा पर हायर एजुकेशन के लिए गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिल गया था और वह वहीं रहकर नौकरी कर रही थी। पढ़ें पूरी खबर…

अलवर में 72 घंटे बाद खुले श्रीजगन्नाथजी मंदिर के पट:भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु; आज रूपबास रवाना होंगे सीतारामजी

अलवर के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में मंगलवार को 72 घंटे बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए गए। पट खुलते ही मंदिर परिसर जय जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास से गूंज उठा। महिलाओं ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण कर हाथों में बांसुरी लेकर भजनों पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। अखंड संकीर्तन समाप्त दोपहर करीब पौने 12 बजे परंपरा के अनुसार भगवान श्री सीताराम जी का ध्वजारोहण किया गया। पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर ने मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। इसके साथ ही 72 घंटे से चल रहे अखंड संकीर्तन का विधिवत समापन हुआ। जलाभिषेक के बाद नए पोशाक पहनाई मंदिर के महंत पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ जी का 11 पवित्र नदियों के जल से अभिषेक कर नए वस्त्र धारण कराए गए हैं। मंदिर की रसोइयां भी मंगलवार से फिर शुरू हो गई हैं। शाम को भगवान श्री सीताराम जी सजे-धजे रथ में सवार होकर सुभाष चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर से रूपबास के लिए रवाना होंगे, जहां भगवान जगन्नाथ के विवाह समारोह की तैयारियों का अवलोकन करेंगे। बुधवार शाम को करेंगे नगर भ्रमण इसके बाद बुधवार शाम भगवान श्रीजगन्नाथ जी इंद्रविमान पर सवार होकर शाही लवाजमे के साथ बारात के रूप में नगर भ्रमण करेंगे। करीब छह किलोमीटर लंबी यह भव्य यात्रा लगभग 14 घंटे में पूरी होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रभु के दर्शन करेंगे। महंत पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि अलवर को राजस्थान का सिंहद्वार माना जाता है। यहां ऐसी धार्मिक मान्यता है कि जब भी भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा पर निकलते हैं, तब वर्षा अवश्य होती है और प्रभु अपने भक्तों के साथ-साथ तपते अलवर को भी शीतलता प्रदान करते हैं।

सरकारी स्कूल के टीचर ने छात्रा से की छेड़छाड़:कमर पर हाथ रखकर गलत हरकत की; महिलाओं ने चप्पल से पीटा

उदयपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में दसवीं क्लास की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची टीचर के पास कॉपी चेक कराने गई थी। इस दौरान टीचर ने बच्ची की कमर पर हाथ रखा और गलत हरकत करने लगा। घटना के बाद बच्ची डर गई और 3 दिन बाद परिजनों को टीचर की करतूत के बारे में बताया। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने स्कूल जाकर टीचर को चप्पल से मारा। इसके बाद थाने में रिपोर्ट में दर्ज करवाई। वहीं विभाग ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए टीचर को स्कूल से हटा दिया। बच्ची ने घर जाकर परिजनों को टीचर की करतूत के बारे में बताया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण स्कूल गए और टीचर को पीटा। टीचर को स्कूल से निकाल भी दिया गया है। कॉपी चेक करने के बहाने गलत हरकत की जानकारी अनुसार- घटना शुक्रवार की है। शनिवार और रविवार का अवकाश था। बच्ची भी घटना के बाद से डरी-सहमी हो गई थी। सोमवार को स्कूल भी गई लेकिन डर लगा रहा। ऐसे में स्कूल से घर आने के बाद अपने परिजनों को आपबीती बताई। बच्ची ने बताया कि टीचर के कॉपी चेक करवाने गई थी। तब टीचर ने कमर पर हाथ रखा और हाथ भी पकड़ा। स्कूल जाकर ग्रामीणों ने टीचर को पीटा स्कूल की छुट्‌टी हो जाने के कारण परिजन और ग्रामीण आज सुबह पहुंचे। क्लास रूम से बाहर टीचर को बुलाकर महिलाओं समेत अन्य लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। एक महिला ने उसे चप्पल से भी मारा। टीचर अंदर भागने लगा तो लोग उसके पीछे भागे और पकड़ा। हंगामे की सूचना पर पुलिस और स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचे। टीचर को स्कूल से हटाया स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची ने मुझे टीचर की शिकायत की थी। तत्काल मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को दे दी गई थी, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने टीचर को स्कूल से हटा दिया है। परिजनों ने भी टीचर के खिलाफ थाने में रिपोर्ट देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है

फुटबॉल वर्ल्ड कप चैम्पियन स्पेन को तीन मेजर अवॉर्ड्स:गोल्डन बॉल, ग्लव और बेस्ट यंग प्लेयर का मिला खिताब; जानिए विजेताओं के बारे में

स्पेन ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के तीन अहम व्यक्तिगत अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। मिडफील्ड के उस्ताद रोड्री ने शानदार खेल के लिए गोल्डन बॉल जीता। गोलकीपर उनाई सिमोन ने गोल्डन ग्लव हासिल किया, जिन्होंने 7 मैचों में बिना गोल खाए रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले कोई खिलाड़ी ऐसा 5 से ज्यादा बार नहीं कर पाया था। वहीं, 19 साल के युवा सनसनी पाउ कुबारसी ने बेस्ट यंग प्लेयर का अवॉर्ड जीता। ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ, जब चैम्पियन टीम ने ये तीन मेजर अवार्ड्स भी जीते। 2022 में अर्जेंटीना ने भी ऐसा किया था। जानिए स्पेन के इन खिलाड़ियों की कहानियां… रोड्री – करोड़पति खिलाड़ी, लेकिन आम इंसान जैसी जिंदगी, सेकंड हैंड कार खरीदी 30 साल के रोड्री सादगी के लिए मशहूर हैं। स्पेन के टॉप लेवल फुटबॉल में खेलने के बावजूद उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के लिए एक सामान्य यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहना जारी रखा। दिखावे की जिंदगी से दूर, उन्होंने एक बुजुर्ग महिला से पुरानी कार खरीदी थी। उनका मानना है कि कार का मकसद सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना है, दिखावा करना नहीं। रोड्री सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। उनके शरीर पर कोई टैटू नहीं है। मॉडर्न और फैशनेबल फुटबॉलर्स के बीच वह पुराने जमाने के दिग्गजों की तरह हमेशा अपनी जर्सी (शर्ट) शॉर्ट्स के अंदर (टक-इन) करके खेलते हैं। उनकी गर्लफ्रेंड लौरा कोई सुपरमॉडल नहीं बल्कि मेडिकल की छात्रा हैं। दोनों की मुलाकात यूनिवर्सिटी हॉस्टल में ही हुई थी। पाउ कुबारसी – बढ़ई के बेटे, 200 लोगों के गांव से निकले; मैच के बाद होमवर्क 19 वर्षीय पाउ कुबारसी की जड़ें ‘एस्टानयोल’ में हैं, जो 200 से भी कम आबादी वाला एक गांव है। कुबारसी एक बढ़ई (कारपेंटर) परिवार से आते हैं और फुटबॉल स्टार बनने से पहले अपने पिता की लकड़ी की दुकान में हाथ बंटाते थे। उनके माता-पिता अब भी गांव में यह दुकान चलाते हैं। कुबारसी अपने अनुशासन के लिए मशहूर हैं। बार्सिलोना के लिए शुरुआती दिनों में वह मैच के बाद हॉस्टल लौटकर अपना स्कूल का होमवर्क पूरा करते थे। चैम्पियंस लीग में पहला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने के बाद अगली सुबह वह आम बच्चों की तरह स्कूल पहुंच गए। कुबारसी बचपन में महान स्पेनिश डिफेंडर्स कार्लेस पुयोल और गेरार्ड पिके के टैकल और डिफेंस के वीडियो देखकर सीखते थे। उनाई सिमोन – सोशल मीडिया से दूर, बोले- मेरा काम गोल रोकना, सामान बेचना नहीं 29 साल के उनाई सिमोन चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं। इस गोल्डन ग्लव विजेता सिमोन का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है। वह स्पॉन्सरशिप और विज्ञापनों से भी दूरी बनाकर रखते हैं। उनका मानना है कि उनका काम सिर्फ मैदान पर गोल रोकना है, टीवी पर प्रोडक्ट बेचना नहीं। मैदान से फुर्सत मिलते ही वह अपने बचपन के दोस्तों के साथ मछली पकड़ने के लिए होमटाउन ‘मुर्गिया’ चले जाते हैं। मैच से पहले जब बाकी खिलाड़ी तेज संगीत सुनते हैं, तब सिमोन ड्रेसिंग रूम के एक कोने में बैठकर किताबें पढ़ना पसंद करते हैं। उनके सख्त अनुशासन की नींव बचपन में ही पड़ गई थी, क्योंकि पिता पुलिस अधिकारी रहे हैं। वे स्पेन को 2024 में भी यूरो चैम्पियन बना चुके हैं।

रिटायर्ड-ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की हत्या की:घर से उठाकर ले गए, लाठी-सरिए से पीटा; अपने नाम कराना चाहते थे करोड़ों की जमीन

भरतपुर में रिटायर्ड ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि ASI का परिवार युवक की करोड़ों रुपए की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था। जब युवक ने जमीन देने से मना कर दिया तो उसे जबरन अपने घर ले गए। वहां रिटायर्ड ASI सहित परिवार के 6 लोगों ने मिलकर बेरहमी से उसे पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना उद्योग नगर थाना इलाके के तुहिया गांव में सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। घटना के बाद आरोपी फरार हैं। घर से जबरन अपने साथ ले गए तुहिया निवासी नकुल सिंह ने उद्योग नगर थाने में भतीजे सुशील कुमार (30) की हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में नकुल सिंह ने बताया- भतीजा सुशील खेती करता था। उसके माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका था। सुशील के नाम हाईवे किनारे करोड़ों रुपए की जमीन थी। पड़ोसी गजेंद्र सिंह (रिटायर्ड ASI) उस जमीन पर कब्जा करना चाहता था, लेकिन सुशील जमीन देने से साफ मना कर देता था। नकुल सिंह के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे सुशील घर में सो रहा था। तभी गजेंद्र सिंह, पत्नी मिथलेश, बेटा योगेश, उसकी पत्नी ममता, दूसरा बेटा जयदेव और उसकी पत्नी संगीता वहां पहुंचे। उन्होंने सुशील को उठाया। इसके बाद सभी लोग सुशील को जबरन अपने घर ले गए। वहां उन्होंने सुशील पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। लाठी-डंडों और सरिए से बेरहमी से पीटा आरोप है कि जब सुशील ने जमीन देने से इनकार कर दिया तो गजेंद्र सिंह ने अपने परिवार के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों और सरिए से हमला कर दिया। मारपीट में सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद गजेंद्र के परिवार के लोग ही उसे गंभीर हालत में भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में ही आरोपी पक्ष ने सुशील के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश कसाना ने बताया- नकुल सिंह की शिकायत पर उसके भतीजे सुशील की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि गजेंद्र सिंह करीब 4 साल पहले पुलिस में ASI के पद से रिटायर हुआ था। उसका बेटा जयदेव प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं योगेश प्राइवेट स्कूल में गाड़ी चलाता है।