ब्रेकिंग न्यूज़
ग्रामीण सेवा शिविर में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल:आत्मदाह की कोशिश, लोगों ने बचाया; रास्ते के विवाद से परेशान था

दौसा जिले के खुरी कलां गांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान रास्ते के विवाद को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि शिविर में मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार परिवादी सीताराम लंबे समय से रास्ते के विवाद से परेशान था। उसका आरोप है कि उसने पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी से आक्रोशित होकर उसने शिविर में आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही दौसा तहसीलदार रश्मि शर्मा और सैंथल थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद रास्ते के विवाद का समाधान कराया गया और अतिक्रमण हटाकर रास्ते को सुचारु किया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई और हंगामा शांत हो गया। मौके पर बड़ी तादात में लोगों की भीड़ जुटी रही।

ग्रामीणों की धमकियों से परेशान स्टूडेंट ने सुसाइड किया:पिता पर हत्या के आरोप में परेशान करते थे; स्कूल से लौट कर पेड़ पर फंदा लगाया

भरतपुर के एक गांव में लोगों की धमकियों से परेशान 10वीं के स्टूडेंट ने घर के पीछे फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। आरोप है कि पिता पर लगे हत्या के आरोप में गांव के ही रहने वाले लोग उसे धमकाते थे। कहते- तेरे पिता को पीट देंगे। तुझे जान से मार देंगे। पिता का दावा है कि सुसाइड वाले दिन भी उनके बच्चे को गांव के ही लोगों ने परेशान किया था। इसके बाद वह स्कूल से घर आया और घर के पीछे पेड़ पर फंदा लगा कर जान दे दी। मामले में पिता ने 4 के खिलाफ शिकायत दी है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घूमने की कहकर निकला था, घर के पीछे लटका मिला SHO ने बताया- पिता ने शिकायत देते हुए बताया है कि मेरा बेटा 10वीं क्लास में पढ़ता था। कल वह स्कूल से आकर घर से बाहर घूमने के लिए गया। कुछ देर बाद उसका शव घर के पीछे लगे पेड़ पर लटका हुआ मिला। पिता का आरोप है कि गांव के ही 4 युवक बेटे को परेशान करते थे। पुलिस ने सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पिता पर हत्या का आरोप; दावा छेड़ते थे ग्रामीण पिता ने बताया- साल 2019 में गांव के व्यक्ति के बेटे की हत्या हुई थी। उसने इसका आरोप मेरे पर लगाया था, FIR भी हुई थी। तब से ही उस व्यक्ति के परिवार से विवाद चल रहा है। कई बार झगड़े भी हुए हैं। उसमें भी FIR दर्ज की गई। उन्हीं FIR में राजीनामा करवाने के लिए व्यक्ति और उसके परिवार के लोग मेरे बेटे को धमकियां देते थे। डर की वजह से वह घर पर हमें नहीं बताता था। जब वह धमकियों से तंग आ गया तो, उसने फांसी लगा ली। पेड़ पर लगाया फंदा परिजनों के अनुसार, वह सोमवार को 1 बजे स्कूल से लौटा था। इसके बाद वह काम से जाने की बात कह कर घर से निकल गया। कुछ देर घर के लोग किसी काम से घर के पीछे गए तो, घर के पीछे लगे पेड़ से शव लटका हुआ मिला। जिसके बाद परिजनों ने शव को फांसी के फंदे से उतारा और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने देर शाम ही रवि के शव आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया था। सुसाइड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… LDC एग्जाम के 15 दिन बाद कैंडिडेट ने किया सुसाइड:रिजल्ट को लेकर था परेशान; किराए के रूम में रहकर करता था पढ़ाई बाड़मेर शहर में कॉम्पीटिशन की तैयारी कर रहे युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…

रायपुर में देसी कट्टे के साथ 1 गिरफ्तार:कालीसिंध नदी की पुलिया पर दबोचा, जांच में जुटी पुलिस

झालावाड़ जिले की रायपुर पुलिस ने एक आरोपी को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई कालीसिंध नदी की पुलिया, भूमाड़ा रोड पर सूचना के आधार पर की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद कर जब्त किया गया।
आरोपी भैरूलाल लुहार (51) पुत्र बालचंद है, जो मध्य प्रदेश के आगर जिले के नलखेड़ा थाना क्षेत्र की नई कॉलोनी, लटूरी गहलोत का निवासी है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और डिप्टी (पिड़ावा) पूजा नागर के सुपरविजन में थाना रायपुर के थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

ब्यावर में पेंशनर समाज ने मांगी 25 बीघा जमीन:आधुनिक सुविधाओं वाला विशाल पेंशन भवन बनाने का प्रस्ताव, कलेक्टर से लगाई गुहार

राजस्थान पेंशनर समाज, जिला शाखा ब्यावर ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पेंशनरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल पेंशन भवन के निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग की है।
समाज ने ग्राम कुशलपुरा स्थित खसरा संख्या 831/827 में 25 बीघा भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। प्रस्तावित परिसर में पेंशन भवन के साथ एक सभागार, विश्राम गृह, बेटियों के लिए छात्रावास, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, गार्डन और वृक्षारोपण सहित एक उपवन विकसित करने की योजना है।
समाज ने बताया कि ब्यावर जिले में वर्तमान में लगभग 9 हजार पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर हैं, जिनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। इन पेंशनरों की सामाजिक, सांस्कृतिक और कल्याणकारी गतिविधियों के लिए एक समर्पित परिसर की आवश्यकता महसूस की जा रही है। राजस्थान पेंशनर समाज लंबे समय से पेंशनरों के हित में विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निदेशक, पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग, जयपुर द्वारा भी जिला प्रशासन को भूमि आवंटन के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने जिला प्रशा

अरठवाड़ा में 4 घरों में घुसे चोर:लाखों के गहने, नकदी रुपए और मोबाइल चोरी; पिंडवाड़ा में दो मंदिरों को बनाया निशाना

सिरोही जिले के पालड़ी एम थाना क्षेत्र के अरठवाड़ा गांव में बीती रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली, जबकि दूसरे घर से मोबाइल गायब कर दिया। अन्य दो घरों में भी चोरों ने अलमारियां खंगालकर सामान बिखेर दिया। वहीं, पिंडवाड़ा नगर के अखेलाव तालाब स्थित गोगाजी मंदिर और पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरी से प्रभावित फाउडा लाल वेलजी माली के घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी हुई। तोलाराम खुमाजी मेघवाल के घर से अलमारी का ताला तोड़कर सामान खंगाला गया और एक मोबाइल चुरा लिया गया। हीराराम मकनाराम मेघवाल और चोपाराम हकाजी मेघवाल के घरों में भी चोरों ने घुसकर अलमारियां खंगालीं और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पालड़ी एम थाने से एएसआई देवाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत के सीसीटीवी कैमरे भी लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे। पिंडवाड़ा में दो मंदिरों में चोरी पिंडवाड़ा नगर के अखेलाव तालाब स्थित गोगाजी मंदिर और पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार इन मंदिरों में पहले भी कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नगर में चोरी, लूटपाट और चाकूबाजी जैसी अन्य आपराधिक घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इससे आमजन में असुरक्षा का माहौल है। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

बारां में डेढ़ घंटे बारिश, बाजारों में 2फीट पानी भरा:ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल, भीषण गर्मी-उमस से मिली राहत

बारां में मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, इस बारिश ने नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए खर्च कर करवाई गई नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और निचले इलाकों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। प्रताप चौक, स्टेशन रोड, इंद्र मार्केट, सदर बाजार और धर्मादा चौराहा से गाड़ी अड्डा मार्ग जैसे कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही में भारी परेशानी हुई, कई दोपहिया वाहन बंद हो गए और दुकानों के सामने जलभराव से व्यापार भी प्रभावित हुआ। लाखों खर्च कर की थी नालों की सफाई
नगर परिषद ने लाखों रुपए के टेंडर जारी कर प्रमुख नालों की सफाई करवाई थी, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश में यह व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर के फॉरेस्ट नाला और बाणगंगा नाला सहित कई बड़े नालों में अब भी गंदगी और सिल्ट भरी हुई है। मौसम हुआ सुहावना
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि संवेदक ने नाला सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की,और अधिकारियों ने भी इस कार्य की प्रभावी निगरानी नहीं की।
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है, क्योंकि लंबे समय से बारिश न होने के कारण खरीफ फसलों को लेकर चिंता बढ़ रही थी।

​आबूरोड की परिधि ने जीता गोल्ड मेडल:विधायक ने किया सम्मान, राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में रही टॉपर

राजस्थान के आबूरोड में 19 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय ओपन अबू चैलेंज कप कराटे चैंपियनशिप में 10 वर्षीय परिधि राय ने स्वर्ण पदक जीता। आबूरोड की रहने वाली परिधि ने फाइनल मुकाबले में राजस्थान की ही एक खिलाड़ी को 7-6 के करीबी अंतर से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि पर भाजपा विधायक समाराम ने परिधि राय का स्वागत किया। उन्होंने मेडल के साथ माला और साफा पहनाकर परिधि का सम्मान किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विधायक समाराम ने कहा कि इतनी कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। 5वीं कक्षा का छात्रा है परिधि
उल्लेखनीय है कि परिधि राय इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर और साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। परिधि ब्राइट इंटरनेशनल स्कूल में 5वीं कक्षा की छात्रा हैं। आबूरोड रेलवे ग्राउंड में एक अन्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि राम अवतार बाबरवाल (ADME/DSL/ABR) और विशिष्ट अतिथि बीरबल कुमार (ऑफिसर इंचार्ज RPF आबूरोड) ने परिधि राय को सम्मानित किया।
ब्रह्मा कुमारी परिवार ने भी परिधि रॉय को शॉल और ड्राई फ्रूट्स की टोकरी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा अंबेडकर सेवा समिति आबूरोड ने भी परिधि को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।

बरलुट में मानसून से पहले अव्यवस्था:नालियां जाम, कीचड़ और बदबू से लोग परेशान, ग्राम विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सिरोही जिले की बरलुट ग्राम पंचायत में मानसून की शुरुआत से पहले ही अव्यवस्थाओं ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पंचायत प्रशासन द्वारा नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण गांव की गलियां जलमग्न हो रही हैं और चारों ओर गंदगी फैल रही है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव की छोटी-बड़ी नालियां मिट्टी, प्लास्टिक और कचरे से पूरी तरह पट चुकी हैं। तली से सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर आ रहा है और कई घरों में घुस रहा है, जिससे घरेलू सामान को नुकसान हो रहा है। पवित्र श्रावण मास के दौरान मंदिरों और तालाबों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कीचड़ और बदबू के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त गांव के सार्वजनिक शौचालय, विशेषकर बस स्टैंड और पुलिस थाने के पास वाले, रखरखाव के अभाव में बदबूदार हो चुके हैं। इससे बस स्टैंड पर उतरने वाले यात्रियों और थाने में आने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है। ग्रामीण अर्जुन कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने VDO को ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश कुमार और हरीश कुमार भी शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो गांव में डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियां महामारी का रूप ले सकती हैं। उन्होंने तालाबों की तली से सफाई कराने और शौचालयों के उचित रखरखाव की भी मांग की है। ग्रामीणों ने दिखावटी सफाई के बजाय यहां नियमित सफाईकर्मी और पानी की स्थाई व्यवस्था की मांग उठाई है।

केवल फोटो खिंचवाने का दिखावा, ढक्कनयुक्त डस्टबिन लगें
स्कूल, अस्पताल, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के अंबार लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के नाम पर केवल 1-2 दिन का दिखावा और फोटो खिंचवाने की औपचारिकता की जाती है। उन्होंने मांग की प्रमुख चौराहों पर ढक्कनयुक्त बड़े डस्टबिन रखे जाएं और कचरे का प्रतिदिन उठान कर वैज्ञानिक निस्तारण किया जाए।

शीतला माता मंदिर मार्ग पर घुटनों तक कीचड़
जालोर चौराहे से शीतला माता मंदिर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। नालियां टूटी होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे घुटनों तक कीचड़ और गहरे गड्ढे बन गए हैं। मंदिर जाने वाले श्रद्धालु, स्कूली बच्चे और दुपहिया वाहन चालक रोजाना फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग पर अविलंब नाली निर्माण और गड्ढों में मुरम भराई की मांग की गई है।

महामारी और जहरीले जीवों का बढ़ा खौफ
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया है कि जमा पानी और कचरे के ढेरों के कारण मच्छर पनप रहे हैं। साथ ही जहरीले कीड़े और सांप-बिच्छू आबादी वाले इलाकों में घुस रहे हैं। यदि पंचायत प्रशासन ने समय रहते सुध नहीं ली, तो बरलुट में किसी भी समय जन-धन की बड़ी हानि हो सकती है।

साहवा में दिनदहाड़े महिला की तोड़ी चेन:बाइक सवार 2 बदमाशों ने की वारदात, लोगों में आक्रोश

चूरू जिले के साहवा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई। बाइक सवार 2 बदमाशों ने व्यस्त रिहायशी इलाके में इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। साहवा के वार्ड 15 स्थित कल्पना कॉलेज वाली गली में एक महिला पैदल जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक आए और महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। लुटेरे चेन लेकर तेजी से बाइक से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए बदमाश
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की बाइक, उनके कपड़े और हुलिया साफ नजर आ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही साहवा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। दिनदहाड़े कॉलेज के पास हुई इस वारदात से कस्बेवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों और कॉलेज के आसपास भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

स्कूलों में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर लगाए:स्टूडेंट्स को नशामुक्त रहने की दिलाई शपथ, नई पीढ़ी को अपराध-नशे से बचाना है लक्ष्य

झालावाड़ में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) द्वारा ‘ड्रग्स को कहें ना, अपने सपनों को कहें हां’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक सुरोलिया ने इम्मानुअल मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी, विशेषकर विद्यार्थियों को अपराध और नशे के दलदल से बचाकर उन्हें सही मार्गदर्शन देना है। नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई
न्यायाधीश सुरोलिया ने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, गलत संगति, साथियों के दबाव और सोशल मीडिया के प्रभाव से होती है। यह धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, साइबर सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की। सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।