कोचिंग छात्रा का पीछा करने वाला ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार:8 दिन से कर रहा था परेशान, कालिका टीम ने आलोक सिनेमा के पास से पकड़ा
चूरू में एक ऑटो ड्राइवर को कोचिंग छात्रा का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। छात्रा की शिकायत पर कालिका टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। कालिका टीम प्रभारी कौशल्या भादू ने बताया कि आरोपी युवक पिछले आठ-दस दिनों से कोचिंग छात्रा का पीछा कर रहा था। वह उसे अपने ऑटो में मुफ्त में बैठने के लिए कहता था और अश्लील इशारे भी करता था। पीड़िता की शिकायत के बाद कालिका यूनिट की टीम सादे कपड़ों में आलोक सिनेमा हॉल के पास पहुंची और आरोपी बिलाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एमके के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना और स्कूल, कॉलेज तथा पार्कों के आसपास युवतियों व महिलाओं पर फब्तियां कसने या अश्लील इशारे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है। कालिका टीम ने दोहराया कि चूरू पुलिस महिला सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

