दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज का श्रीगंगानगर में विरोध:NSUI जिलाध्यक्ष बोले- धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया तो जंतर-मंतर जाएंगे
नीट समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के कथित पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में एनएसयूआई ने श्रीगंगानगर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज का किया विरोध एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशानवीर सिंह मान ने कहा कि नीट समेत अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक होने से देशभर के छात्र आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे और संसद की ओर मार्च निकाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दिल्ली पुलिस और RAF ने बिना किसी चेतावनी के छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग ईशानवीर सिंह मान ने कहा कि लाठीचार्ज का आदेश किस अधिकारी ने दिया, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि अब तक किसी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इस्तीफा नहीं हुआ तो दिल्ली कूच की चेतावनी एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जल्द इस्तीफा नहीं दिया तो देशभर से संगठन के कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। संगठन ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

