ब्रेकिंग न्यूज़
दुकान से आटा-तेल और कूलर ले गए चोर:ताला तोड़कर जनरल स्टोर में घुसे बदमाश, सुबह सामान बिखरा मिला

पाली में चोर अब सिर्फ नकदी और जेवर ही नहीं, बल्कि खाने-पीने का सामान भी निशाना बना रहे हैं। शहर के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बदमाशों ने एक जनरल स्टोर का ताला तोड़कर आटा, खाने का तेल, नमकीन, गल्ले में रखी नकदी और दुकान में रखा कूलर तक चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह दुकानदार दुकान पहुंचा तो ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रामासिया गांव की जनरल स्टोर को बनाया निशाना मामला पाली शहर के सदर थाना क्षेत्र के रामासिया गांव का है। गांव के टेम्पो स्टैंड के पास दिनेश पुत्र कानाराम भाट की गोविंद किराणा स्टोर नाम से जनरल स्टोर है। हमेशा की तरह सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला। आटा, तेल, नमकीन, नकदी और कूलर तक ले गए दुकान के अंदर जाकर देखा तो चोर 5-5 और 10-10 किलो के आटे के कट्टे, खाने के तेल की बोतलें, नमकीन, गल्ले में रखी नकदी और दुकान में रखा एक कूलर भी चोरी कर ले गए थे। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, मौका मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी। एक दिन पहले ही CLG बैठक में उठा था चोरी का मुद्दा सोमवार को ही आईजी सतेंद्र सिंह ने सदर थाने में CLG सदस्यों की बैठक ली थी। बैठक में कमजोर मानसून के चलते चोरी की वारदातें बढ़ने की आशंका जताई गई थी। सदस्यों ने नाइट गश्त प्रभावी करने के साथ पुलिस थानों में पर्याप्त वाहन और स्टाफ उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *