सलूंबर में कांग्रेस की युवा बैठक:शिक्षा नीति और रोजगार पर सरकार को घेरा; पेपर लीक का मुद्दा उठाया

सलूंबर जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में गुरुवार को युवा बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज, युवाओं की आवाज’ का प्रसारण और रिकॉर्डेड संदेश दिखाया गया। बैठक में युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिला। मंच पर आकर उन्होंने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, बढ़ती बेरोजगारी और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे। युवाओं ने बेहतर शिक्षा और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की आवश्यकता पर जोर दिया। पेपर लीक और परीक्षा परिणामों में अनियमितता पर चिंता जताई कार्यक्रम के बाद जिला प्रभारी दिनेश श्रीमाली ने राहुल गांधी के कोटा कार्यक्रम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र और युवा आज शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों का सामना कर रहे हैं। श्रीमाली ने नीट परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक मामलों और सीबीएसई परिणामों में कथित अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त की। श्रीमाली ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियां छात्रों और युवाओं की अपेक्षाओं को पूरा करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी ने छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को लगातार उठाने का संकल्प लिया। बैठक में उपस्थित युवाओं ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम का समापन युवाओं के हितों की रक्षा और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के संकल्प के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में एनएसयूआई के युवा कार्यकर्ता, कांग्रेस के जिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

BJP कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प:आपात काल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को नमन

देश में आपातकाल लागू होने की 50वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पड़े प्रभाव, नागरिक अधिकारों पर लगे प्रतिबंधों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले ‘लोकतंत्र सेनानियों’ के योगदान को याद किया गया। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे कठिन दौर बताया। उन्होंने कहा कि उस समय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व दबाव था, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सीमित कर दी गई थी और नागरिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। मेघवाल ने जोर दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए इन ऐतिहासिक घटनाओं को याद रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी ‘लोकतंत्र सेनानियों’ के त्याग और बलिदान को नमन किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा ने कहा कि आपातकाल केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक था। उन्होंने बताया कि उस दौर में अनेक राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक नेताओं और पत्रकारों ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। डॉ. शर्मा ने नई पीढ़ी को उस कालखंड की जानकारी होने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वे लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान के महत्व को बेहतर ढंग से समझ सकें। जिला प्रवक्ता आशीष पारीक ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं है, बल्कि यह जनता की भागीदारी, अधिकारों की सुरक्षा और संवैधानिक मूल्यों का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और इस संबंध में जन जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता अमित चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप कड़वा और ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह जेपी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने ‘लोकतंत्र सेनानियों’ के संघर्ष को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष बलराज सिंह मान, गुरदास बराड़, महामंत्री नरेश पुरोहित, सहसंयोजक महेश शर्मा, सोशल मीडिया संयोजक प्रवीण कटारिया, आईटी संयोजक पारस मिड्ढा, पार्षद हिमांशु महर्षि, साहिल बलाड़िया, अंकप्रीत सिद्धू, अपारजोत सिंह बराड़, संजय शर्मा, पारितोष सारस्वत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन लोकतंत्र की मजबूती, संविधान के प्रति आस्था और राष्ट्रहित में कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

अतिरिक्त निदेशक ने वार्डों में जाकर लिया फीडबैक:धौलपुर जिला व एमसीएच अस्पताल की व्यवस्थाएं परखीं

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर के अतिरिक्त निदेशक एवं धौलपुर जिला प्रभारी डॉ. हरिशंकर ने गुरुवार को जिला अस्पताल और एमसीएच अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों का दौरा कर मरीजों से इलाज संबंधी जानकारी ली, सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा बाद में चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। वार्डों में पहुंचकर मरीजों से ली जानकारी निरीक्षण के दौरान डॉ. हरिशंकर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और भर्ती मरीजों से उनके इलाज, सुविधाओं तथा अस्पताल में मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। सफाई व्यवस्था पर रहा विशेष फोकस अतिरिक्त निदेशक ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सफाई मशीन के संचालन और उसके उपयोग की भी जानकारी प्राप्त की तथा साफ-सफाई व्यवस्था को निरंतर प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक निरीक्षण के बाद जिला अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अस्पताल प्रबंधन, इलाज व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। गुणवत्तापूर्ण इलाज और अनुशासन पर जोर डॉ. हरिशंकर ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पतालों में साफ-सफाई और अनुशासन की व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। व्यवस्थाओं पर जताया संतोष निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद डॉ. हरिशंकर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।

दौसा से युवक का किडनैप, एक किमी दूर मिला:नाकाबंदी से घबराकर बस डिपो के पास छोड़ भागे बदमाश; पढ़ें जिले की अन्य खबरें

दौसा शहर में गुरुवार को युवक के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 20 मिनट में युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11:40 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डोवठा मिष्ठान भंडार के पास से एक युवक का अपहरण कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देश पर तत्काल जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। थाना इंचार्ज भगवान सहाय के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस की सक्रियता के चलते अपहरणकर्ता युवक को बस डिपो के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को सकुशल अपने कब्जे में लिया। दस्तयाब युवक की पहचान पंकज बैरवा (21) निवासी लाका, थाना सिकंदरा के रूप में हुई है। फिलहाल घटनाक्रम को लेकर परिजनों की ओर से पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला अस्पताल में सीपीआर की ट्रेनिंग दौसा जिला अस्पताल के ट्रॉमा एवं आपातकालीन विभाग में गुरुवार को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) विषय पर ट्रेनिंग आयोजित किया गई। कार्यक्रम में अस्पताल में कार्यरत स्टाफ, नर्सिंग छात्र-छात्राओं, एंबुलेंस चालकों एवं सहायक कर्मचारियों को सीपीआर की तकनीकों की ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षक डॉ. महेंद्र मीणा ने सीपीआर के महत्व एवं आपातकालीन परिस्थितियों में इसके प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर और सही तरीके से दिया गया सीपीआर गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है। इस दौरान डमी मॉडल के माध्यम से सीपीआर की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा, उप नियंत्रक डॉ. चैन सिंह मीणा, डॉ. राजकुमारी बजाज, डॉ. रामावतार मीणा, इमरजेंसी प्रभारी डॉ. महेंद्र कुमार मीणा, भवानी शंकर शर्मा, विनोद कानखेडिया, रेणु वर्मा, सत्यनारायण मीणा, ललित लोदवाल, ज्योति शर्मा एवं नरेश सैनी सहित विभिन्न वार्डों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केंद्र में हुई किसान गोष्ठी कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) दौसा एवं भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में “किण्वित जैविक खाद (इफओएम) से समृद्ध मृदा, आय वृद्धि एवं पर्यावरण संतुलन” विषय पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें किसानों को मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक खेती तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीएल जाट ने कहा कि स्वस्थ मृदा ही टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि का आधार है तथा मृदा संरक्षण के लिए जैविक उपायों को अपनाना समय की आवश्यकता है। परियोजना सह-समन्वयक डॉ. कपिला शेखावत ने किण्वित जैविक खाद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मृदा की उर्वरता बढ़ाने, सूक्ष्मजीव गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. अर्जुन सिंह एवं डॉ. स्मृति रंजन पधान ने जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में एफओएम की प्रभावी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेन्द्र कुमार मीणा ने किया। गोष्ठी में 155 से अधिक किसानों एवं 25 से अधिक कृषि आदान विक्रेताओं ने सहभागिता कर विषय विशेषज्ञों से संवाद किया तथा अपने अनुभव बताए। कार्यक्रम के आयोजन में संस्थान के निदेशक तथा संयुक्त निदेशक (शोध एवं प्रसार) के मार्गदर्शन के साथ परियोजना के सह-अन्वेषकों डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सुभाष बाबू, डॉ. प्रवीण उपाध्याय, डॉ. ऋषि राज, डॉ. विशाल त्यागी, डॉ. मोना नगरगड़े, विवेक राठौर, आशीष गोयल, अमन शर्मा, रामेश्वर पांडे एवं कालूराम सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पौधारोपण स्थलों का चयन पूरी योजना के साथ किया जाए तथा समय रहते गड्ढों की खुदाई, फेंसिंग एवं सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने अभी तक पौधों की बुकिंग नहीं कराई है, वे शीघ्र वन विभाग अथवा अन्य नर्सरियों से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए बुकिंग की प्रक्रिया पूर्ण करें। अभियान के तहत जिले में इस मानसून सत्र के दौरान 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सीकर में बदला मौसम, शाम को छाए काले बादल:दिनभर गर्मी के बाद धूल भरी हवाएं चलीं, अगले 24 घंटे में आंधी-बारिश के आसार

सीकर में आज सुबह से ही मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिला। सुबह बादल छाए, फिर दोपहर में धूप निकली। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली और आसमान में काले बादल छा गए। दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि धूलभरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान आंधी और बारिश की संभावना है। प्री मानसून की वजह से सीकर समेत शेखावाटी अंचल के मौसम में रोजाना बदलाव हो रहा है। 3 दिन पहले हुई बारिश के बाद आज सीकर में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। आज दिनभर उमस बनी रही। धूल भरी हवाओं से टू व्हीलर राइडर्स को हुई परेशानी सीकर में गुरुवार शाम को धूल भरी हवाएं चलने से टू व्हीलर राइडर्स को थोड़ी परेशानी हुई। आज सुबह से ही जिला मुख्यालय पर उमस बढ़ी हुई रही। नए वेदर सिस्टम की वजह से पिछले 7 दिन से सीकर के तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। बादलों की वजह से आज सुबह से धूप कमजोर रही। दोपहर में तीखी धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। आज दिन में उमस से लोग प्रभावित नजर आए। अब अगले 3 दिन तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। आज दिन का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री दर्ज सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में अगले 3-4 दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, नए वेदर सिस्टम के असर से फिलहाल सीकर के तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। सीकर में बारिश और धूल भरी हवाओं के कारण सुबह-शाम के तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। 28 जून तक बादलवाही रहेगी और बीच-बीच में बारिश की भी संभावना है।

दुष्कर्म-आत्महत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग:परिजनों ने सीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने से नाराज

करौली के मंडरायल थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई या सीआईडी से जांच कराने, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह मामला गत माह हुई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से जुड़ा है। मृतका के परिजनों ने पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतका के पति ने बताया कि 26 मई की रात उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। उस समय वह केरल में मजदूरी कर रहा था। 27 मई को पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर वह गांव पहुंचा था। पति का आरोप है कि घटना वाली रात लांगरा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक उनकी पत्नी को जबरन घर से ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब वह घर लौट रही थी, तब रास्ते में मंडरायल थाना क्षेत्र निवासी कुछ लोगों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में छोड़ दिया गया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई और उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मंडरायल थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुलिस से दुष्कर्म के संबंध में मेडिकल जांच कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने केवल आत्महत्या के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मर्ग दर्ज कर लिया और उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं की। मृतका के पति के अनुसार बाद में तथ्यों की जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने 18 जून को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण एवं दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में परिजनों का आरोप है कि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद जांच की गति धीमी है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस पर मामले में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है।

मृतका के पति सहित दर्जनों लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम प्रीति मीणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की सीआईडी या सीबीआई से जांच कराने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो उन्हें धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

भाजपा प्रभारी बोले-कोई मां अपने बच्चे को खराब नहीं कहती:हम सरकार के भरोसे संगठन को नहीं छोड़ सकते, अपनी सेना तैयार कर रहे

भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा है कि 1975 के आपातकाल को आज काला दिवस के रूप में मना रहे हैं। कांग्रेस ने आम जनता के अधिकार ही छीन लिए। अंग्रेज, मुगल बाहरी थे, लेकिन ये नहीं। अंग्रेज गौरे थे और ये (कांग्रेस) काले अंग्रेज थे। दरअसल, राधामोहन दास अग्रवाल गुरुवार को अजमेर पहुंचे। यहां आपातकाल के दौरान हुई संविधान की हत्या का दिवस मनाया गया। इस दौरान निकाय प्रमुखों के साथ बैठक की। बैठक के बाद केबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मुख्यमंत्री से लें। हमारी जो चर्चा होती है, वह आपसी विषय है। इसकी तथ्यात्मक बात मुख्यमंत्री को पूछना चाहिए। प्रभारी हूं, जब निर्णय लेंगे तो बात करेंगे, अभी काल्पनिक प्रश्न पर क्या जवाब दें। जब तय करेंगे तो बताएंगे। पहला निर्णय उनका है, हम क्या क्या बात करते है, सब थोडे़ ही बताएंगे। उन्होंने कहा- चुनाव को लेकर सरकार क्या कर रही है, हम सरकार के भरोसे संगठन को नहीं छोड़ सकते। हम अपनी सेना तैयार कर रहे हैं। सेना तो लड़ाई के लिए जरूरी है। सरकार के कामकाज को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि कोई मां अपने बच्चे को खराब कहती है, सार्वजनिक रूप से, हमें बातों में मत फंसाइए। हम फंसने वाले नहीं, इस बात के लिए जाना जाता हूं कि कोई मुझे बातों में फंसा नहीं सकता। मैं अपनी सरकार की बातों को सार्वजनिक चर्चा में नहीं ला सकता। किरोड़ी के आरोपों की जानकारी नहीं मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के आरोप लगाए जाने के सवाल पर कहा कि मेरी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं। जयपुर गया नहीं और सीधा यहां चला आया। जानकारी लूंगा, उसके बाद ही बता सकता हूं। कांग्रेस का डीएनए वहीं मत भूलिए 1975 से आज 50 साल पूरे हो गए तो कांग्रेस के ये लोग बदल गए। इनका डीएनए वही है। ये नहीं बदले। अब भी वे कहते है कि आरएसएस पर बैन लगाएंगे। आज भी मलिकार्जुन खड़गे का बयान आता है। कांग्रेसी काले अंग्रेज 1975 के आपातकाल को आज काला दिवस के रूप में मना रहे हैं। कांग्रेस ने आम जनता के अधिकार ही छीन लिए। अंग्रेज, मुगल बाहरी थे, लेकिन ये नहीं। अंग्रेज गौरे थे और ये (कांग्रेस) काले अंग्रेज थे। वर्तमान प्रधानमंत्री व पहले के प्रधानमंत्री में सबसे बड़ा फर्क ये है कि जनता से सीधे बात करते हैं। कोई भाजपा का नाम नहीं लेते। सरकार की उपलब्धियां नहीं बताते। लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया। निंदक निए राखिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कोई काम नहीं होने के आरोप पर राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि मन में भले ही वे सोच रहे हो कि सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन बोलना विरोध में ही है। हमें उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। बोलने दो। उनका हक है। हम निंदक नियरे राखिए… वाली बात समझते हैं। हम कांग्रेसी नहीं है। कांग्रेस 5-5 करोड़ दें बच्चों को अग्रवाल ने कहा– नीट एग्जाम से पहले कोटा में जबरन बच्चों को राहुल गांधी के आने पर बुलाया। उनका यह टाइम एग्जाम की तैयारी करने का था। एग्जाम के दिन बेंगलुरु पहुंच गए और आपके प्रदेश अध्यक्ष का नामांकन इतना बड़ा था कि जाम कर दिया। 14 बच्चे एग्जाम से वंचित हो गए। इनका भविष्य कौन लौटाएगा। कांग्रेस को अलग अलग 5 करोड़ का मुआवजा देना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए। निकाय प्रमुखों से की चर्चा इससे पहले अजमेर के जयपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में निकाय प्रमुखों के साथ बैठक हुई। इसे राधामोहन दास अग्रवाल व स्वायत्त शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने सम्बोधित किया। इसमें भाजपा संगठन की ओर से 116 जिसमें नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका के निकाय प्रमुख को आमंत्रित किया गया। इस दौरान स्वायत्त शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने भी पत्रकारों से बात की और कहा कि सरकार चुनाव कराने को तैयार है। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है। अगर कांग्रेस जल्दी चुनाव चाहती है तोमांग पत्र दे दे कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट नहीं चाहिए।

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:जिम में एक्सरसाइज करते मौत; ₹40 हजार के लिए सुसाइड; राघव चड्‌ढा ने CM भगवंत मान का इस्तीफा मांगा

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान से जोड़े जा रहे शराब वाले वायरल वीडियो से जुड़ी रही। CM ने सफाई दी कि किसी के चेहरे पर मास्क चढ़ाकर यह वीडियो बनाई गई। वहीं सांसद राघव चड्‌ढा ने CM से इस्तीफे की मांग की। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. गैंगस्टर के गुर्गे का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली गुरदासपुर के बटाला में पुलिस ने गैंगस्टर के गुर्गे का एनकाउंटर कर दिया। गुर्गे के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे स्ट्रेचर पर उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। SSP मेहताब सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले बटाला के एक नामी कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हालांकि, निशाना चूक गया और गोलियां व्यापारी के पड़ोसी के मकान पर जा लगीं। इसके बाद SIT ने इसकी जांच की तो बलदेव सिंह उर्फ करण का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बलदेव ने वारदात में इस्तेमाल किए हथियार को छिपाकर रखने की बात कबूल की। पुलिस जब उसे हथियार की बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई, तो मौसम खराब होने और बारिश का फायदा उठाते हुए आरोपी ने पुलिस की पकड़ से खुद को छुड़ा लिया। इसके बाद उसने किसी अन्य स्थान पर छिपाकर रखे रिवॉल्वर से पुलिस पार्टी पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी बलदेव सिंह के पैर में लगी। (पढ़ें पूरी खबर) 2. केंद्रीय मंत्री का विरोध करने वाले हिरासत में चंडीगढ़ में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान कांग्रेसी अर्धनग्न हालत में नजर आए। दरअसल, चंडीगढ़ के सेक्टर 18 स्थित टैगोर थिएटर में आपातकाल के खिलाफ कराए कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। इसका पता चलते ही यूथ कांग्रेस के वर्कर वहां पहुंचकर ‘शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाने लगे। इससे माहौल बिगड़ गया। पुलिस तुरंत पहुंची और उन्हें रोक लिया। वर्करों ने कहा कि प्रदर्शन पुलिस ने रोका है। पता नहीं उन्हें क्या प्रॉब्लम है। इनके बच्चे परीक्षा नहीं देते। इनके परिवार से नीट का कोई एग्जाम नहीं देता। कांग्रेस पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पेट्रोल के ₹30 मांगने पर पंप पर हंगामा, मारपीट जालंधर में पेट्रोल पंप पर गुरुवार को पेट्रोल डलवाने के बाद 30 रुपए मांगने पर हंगामे की स्थिति बन गई। बाइक सवार 3 युवक भुगतान करने से आनाकानी करने लगे। पंप कर्मी ने जब पैसे मांगे तो उन्होंने कहा कि वे कल दे देंगे। पैसे तुरंत लेने को लेकर बहस होने पर तीनों युवकों ने पंप कर्मी से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने चाबी के गुच्छे और अन्य वस्तु से हमला कर दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हाथ में डंडा लेकर पंप कर्मी पर हमला करने की कोशिश करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। हंगामे के बाद अन्य पंप कर्मियों ने बीच-बचाव किया। एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक सवार पेट्रोल डलवाने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगे। इस दौरान पहले पंप कर्मी से उनकी बहस हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। पंप पर हुई इस गुंडागर्दी को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए (पढ़ें पूरी खबर) 4. पुलिस कस्टडी से आरोपी फरार, एक दिन पहले ही पकड़ा था लुधियाना में एक आरोपी पुलिस कस्टडी से भाग निकला। पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट में पकड़ा था और मेडिकल करवाने के लिए लाई थी। फरार आरोपी विपन कुमार कपूरथला का रहने वाला है। उसे फिरोजपुर रोड से 2 साथियों के साथ एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था। उनसे अवैध हथियार भी बरामद किए गए थे। पुलिस जब तीनों आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवा रही थी तो वह चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद वह पार्किंग में गाड़ियों के बीच से भागा। उसकी फरारी अस्पताल परिसर में लगे CCTV में कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की जांच में ये भी सामने आया कि फरार आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर गाजियाबाद से 6 हजार डेली के रेंट पर फॉर्च्यूनर गाड़ी ली थी। जिसमें उन्होंने फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। वह इसके जरिए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे लेकिन उससे पहले ही पकड़ लिए गए थे (पढ़ें पूरी खबर) 5. CM बोले- शराब वाले वीडियो मास्क पहनकर बनाया पंजाब CM भगवंत मान आज (25 जून) मोहाली में अपने कथित वायरल वीडियो को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने वीडियो को लेकर सफाई देते हुए कहा कि वीडियो में वह नहीं हैं। उन्होंने कहा- वीडियो में मुझे मास्क पहनाया। मेरे गले पर निशान नहीं हैं। वे भूल गए कि निशान भी बनाना था। वहीं, आखों पर ऐनक पहनाई है, क्योंकि आंखों पर मास्क नहीं लगता। उन्होंने कहा-उस वीडियो में जो था उसकी हाइट मेरे से 2 इंच ज्यादा है। फिर ये लैब वालों के पीछे पड़ गए। कांग्रेस ने अकाल तख्त को ढहा दिया था। वे मेरा बायकॉट करने की बात कर रहे हैं। अकाली दल ने बेअदबी की। बीजेपी ने आपरेशन ब्लू स्टार की सलाह दी थी। ये सभी एक हो गए। भगवंत मान ने कहा-मुझे धार्मिक तौर पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। राजनीतिक तौर पर जवाब नहीं पा रहे, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। जितने काम पंजाब के लोगों के लिए सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक भी इस सरकार ने किए हैं, किसी ने नहीं किए। इसी बीच पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने फर्जी रिपोर्ट के लिए 10 लाख के बैंक के लेनदेन के सबूत जारी करने का दावा किया। (पढ़ें पूरी खबर) 6. राघव चड्‌ढा ने CM भगवंत मान का इस्तीफा मांगा AAP छोड़ BJP जॉइन करने वाले राज्यसभा MP राघव चड्‌ढा ने सीएम भगवंत मान का इस्तीफा मांगा है। चड्‌ढा ने कहा कि जिन लोगों को इस बात को लेकर जरा भी संदेह या शक था कि यह बेअदबी वाला वीडियो असली है, एआई से बनाया गया है या फर्जी है, उनके सारे संदेह और शंकाएं अब दूर हो गई हैं। भगवंत मान और आम आदमी पार्टी को असली बेअदबी वाले वीडियो को छिपाने के लिए एक फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करवानी पड़ी। आज पूरा सिख समुदाय, गुरु नानक नामलेवा समुदाय आहत, नाराज और गुस्से में है। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि यह फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट कैसे हासिल की गई। इसमें कौन-कौन से अधिकारी शामिल थे? इस रिपोर्ट को हासिल करने के लिए सरकारी धन या निजी धन में से किसका इस्तेमाल रिश्वत देने में किया गया?। इसकी भी जांच होनी चाहिए कि क्या यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में भी आता है? सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला भी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस्तीफा दे देना चाहिए। चड्ढा ने कहा कि मैं परमात्मा का शुक्रगुजार हूं कि समय रहते आम आदमी पार्टी से दूर हो गया (पढ़ें पूरी खबर) 7. पत्नी के साथ जिम में एक्सरसाइज करते युवक की मौत मोहाली के जिम में एक्सरसाइज करते हुए चंडीगढ़ के युवक की मौत हो गई। 23 साल का युवक लैग्स की एक्सरसाइज कर रहा था, इसी दौरान वह नीचे गिर पड़ा। जिस वक्त ये घटना हुई, उसकी पत्नी व दोस्त भी उसके साथ ही वर्कआउट कर रहे थे। युवक के नीचे गिरते ही जिम में हड़कंप मच गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की 5 महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने जिम के CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस दर्दनाक घटना को लेकर जिम प्रबंधन कुछ भी कहने से इनकार कर रहा है। जिम पर सवाल उठ रहा है कि इस दौरान वहां कोई ट्रेनर था या नहीं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज कर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। अगर जिम मैनेजमेंट के लेवल पर लापरवाही बरती गई तो उसकी भी जांच की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया गया है (पढ़ें पूरी खबर) 8. पंजाब चुनाव से पहले SIR, कुल 2.14 करोड़ वोटर्स की वेरिफिकेशन पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर सूची अपडेट करने के लिए आज (25 जून) से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR अभियान शुरू हो रहा है। इसमें करीब 25 हजार BLO घर-घर जाकर वोटर्स की वेरिफिकेशन करेंगे। SIR से पहले चुनाव आयोग ने वोटरों की मैपिंग की। जिसमें पंजाब के 2.14 करोड़ में से 1.84 करोड़ (86.02%) मैप हो चुके हैं। इनकी अब वेरिफिकेशन होगी। वहीं 30 लाख (13.98%) वोटर्स नहीं मिले। इनके घरों पर BLO स्पेशल स्टीकर चिपकाकर आएंगे। SIR अभियान कंप्लीट होने के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। SIR की पूरी प्रक्रिया क्या है, कितनी फीस लगेगी, क्या वोटर कार्ड होना जरूरी है, क्या किरायेदार भी SIR में शामिल हो सकते हैं, ऐसे ही इस प्रक्रिया से जुड़े हर सवाल का जवाब जानिए। (पढ़ें पूरी खबर) 9. ऑनलाइन गेम में ₹40 हजार हारा, बहन को मैसेज भेज सुसाइड चंडीगढ़ में ऑनलाइन गेम में 40 हजार रुपए हारने पर युवक ने सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने बहन को मैसेज भी भेजा। जिसमें उसने लिखा कि पापा ने जो पैसों की सेविंग की थी, वह सारी उसने ऑनलाइन में उड़ा दी। इसके बाद परिवार उसका पता लेने पहुंचा तो वह फंदा लगा चुका था। 22 साल का युवक बिजनेश सिंह धनास की EVS कॉलोनी में रहता था। पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में ले लिया। जिसके बाद उसके फिंगर प्रिंट से उसे ओपन कर लिया, ताकि पता चल सके कि वह कौन सी गेम खेलता था। युवक NCC का छात्र था। इसके अलावा वह पार्ट टाइम बाइक राइडर का काम करता था। उसका एक छोटा भाई और एक छोटी बहन है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, वह कुछ समय से ऑनलाइन गेमिंग में काफी सक्रिय था। पुलिस जांच में पता चला कि 40 हजार हारने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। हालांकि उसने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके 10. मोहाली में पुरुषों के पब्लिक टॉयलेट महिलाएं साफ नहीं करेंगी मोहाली में अब महिलाएं पब्लिक टॉयलेट की सफाई नहीं करेंगी। शहर के मार्केट और सार्वजनिक जगहों पर बने इन टॉयलेटों में महिला सफाईकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगेगी। यह काम अब पुरूष कर्मचारियों से लिया जाएगा। इस संबंध में बकायदा कल होने वाली निगम की मीटिंग में एजेंडा पेश किया जाएगा। यह प्रस्ताव निगम के संयुक्त आयुक्त और सहायक आयुक्त द्वारा किए गए फील्ड दौरों और सेनेटरी इंस्पेक्टरों के साथ हुई बैठक के बाद तैयार किया गया है। मोहाली के नए मेयर सरबजीत समाना के कार्यकाल में यह पहली निगम बैठक होने जा रही है। समाना जब मेयर नहीं थे तो तब मार्केट कमेटी के बुलावे पर वह उनसे मिलने गए थे। वहां टॉयलेट को लेकर दिक्कत सामने आई। यह भी पता चला कि पुरुषों के टॉयलेट के लिए महिला सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कई बार पुरुष टॉयलेट में होते हैं तो कई बार सफाई करते वक्त ही आ जाते हैं। जिसके चलते यह फैसला लिया गया। (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

बेटे का माथा छूकर मां-पत्नी ने दुलार किया:परिजन सहारा देकर पार्थिव देह तक लाए; हादसे में गई थी कॉन्स्टेबल की जान

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झुंझुनूं एसपी कार्यालय में तैनात कांस्टेबल विकास झाझड़िया का गुरुवार को उनके पैतृक गांव गोवला में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखों को नम कर दिया, जब विकास के 10 साल के मासूम बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मां और पत्नी लिपट कर रो पड़ी ​दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही पुलिस वाहन में कांस्टेबल विकास की पार्थिव देह उनके गांव गोवला पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मां किताब देवी का अपने बेटे के पार्थिव शरीर को देखकर कलेजा फट गया। उन्होंने जब बेटे के चेहरे को अंतिम बार छुआ, तो वहां मौजूद हर किसी की आंखें छलक पड़ीं। पुलिस विभाग में तैनात पत्नी अनिता का रो-रोकर बुरा हाल था। वह पति के शरीर से लिपटकर बिलख पड़ीं। परिवार का यह दुख देख वहां मौजूद पुलिस अधिकारी और ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक सके। ​गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम विदाई ​विकास की अंतिम यात्रा में पुलिस विभाग के आला अधिकारियों सहित भारी संख्या में जवान मौजूद रहे। पुलिस की टुकड़ी ने अपने साथी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर अंतिम सलामी दी। तिरंगे में लिपटे कांस्टेबल विकास को जब अंतिम विदाई दी जा रही थी, तब पुलिस के जवान भी गमगीन थे। ​अंतिम संस्कार में पहुंचे आला अधिकारी ​कांस्टेबल विकास को अंतिम विदाई देने के लिए झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, डीएसपी गोपाल ढाका और हरिसिंह घायल सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में साथी जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में उन्हें हिम्मत रखने का संबल दिया। पूरा परिवार पुलिस सेवा से जुड़ा ​2012-13 बैच के सिपाही विकास झाझड़िया न केवल एक बेहतरीन पुलिसकर्मी थे, बल्कि एक समर्पित पारिवारिक व्यक्ति भी थे। उनका पूरा परिवार पुलिस सेवा से जुड़ा है। बुधवार रात ड्यूटी से लौटते समय हुए सड़क हादसे ने न केवल एक पुलिसकर्मी को छीना, बल्कि एक परिवार का सहारा और बच्चों के सिर से पिता का साया भी छीन लिया। ​गांव की गलियों में जब तक विकास की अंतिम यात्रा गुजरी, हर कोई बस यही कहता सुनाई दिया कि एक होनहार सिपाही और अच्छा इंसान दुनिया छोड़कर चला गया। पढ़ें ये खबर भी… सांड से टकराई बाइक, कॉन्स्टेबल का सिर फटा, मौत:पत्नी और बहन भी पुलिस में, डॉक्टरों ने डेढ़ घंटे सीपीआर दिया फिर भी नहीं बचे झुंझुनूं में सांड से बाइक टकराने पर कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। एसपी ऑफिस में तैनात कॉन्स्टेबल ड्यूटी पर जा रहे थे,अचानक सांड सड़क पर आ गया। (पढ़ें पूरी खबर)

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी:38.47% स्टूडेंट्स पूरी तरह पास हुए, टॉपर्स को मिलेगा नकद पुरस्कार

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (RSOS) ने मार्च-मई 2026 सत्र की क्लास 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को जयपुर स्थित माधव सभागार में परिणाम घोषित किया। रिजल्ट जारी करने के साथ ही उन्होंने दोनों क्लासों के राज्य स्तरीय टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दरअसल, इस साल कक्षा 10वीं और 12वीं को मिलाकर कुल 84,966 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 32,689 विद्यार्थी पास हुए हैं। दोनों कक्षाओं का संयुक्त परीक्षा परिणाम 38.47 प्रतिशत रहा। वहीं, 52,277 स्टूडेंट्स आंशिक पास घोषित किए गए हैं। ओपन स्कूल प्रणाली में स्टूडेंट्स को फेल घोषित नहीं किया जाता, बल्कि जिन विषयों में वे सफल नहीं हो पाते उन्हें पांच साल तक दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलता है। पिछले साल में कक्षा 10वीं में 43,666 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। इनमें से 16,153 स्टूडेंट्स सफल रहे और परीक्षा परिणाम 36.99 प्रतिशत रहा था। वहीं, 27,513 विद्यार्थियों को आंशिक पास घोषित किया गया। दूसरी ओर कक्षा 12वीं में 41,300 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी, जिनमें से 16,536 विद्यार्थी पास हुए। इस क्लास का परिणाम 40.03 प्रतिशत दर्ज किया गया था, जबकि 24,764 स्टूडेंट्स आंशिक पास रहे। 10वीं में सोनू और यशवर्धन बने टॉपर कक्षा 10वीं में ब्यावर जिले की छात्रा सोनू रेगर ने 89 प्रतिशत अंक हासिल कर महिला वर्ग में राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, पाली जिले के यशवर्धन राठौड़ ने 86.4 प्रतिशत अंकों के साथ पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। राज्य स्तर पर दूसरा स्थान महिला वर्ग में डूंगरपुर की करीना सालवी को 88.6 प्रतिशत अंक के साथ मिला। वहीं, पुरुष वर्ग में उदयपुर के काव्य पटेल को 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान मिला। 12वीं में करण और प्रियाशी रहे अव्वल 12वीं में झुंझुनूं के करण ने 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में डूंगरपुर की प्रियांशी जालोदर ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। दूसरे स्थान पर भीलवाड़ा के विश्वजीत सिंह चौहान रहे, जिन्होंने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। महिला वर्ग में पाली की मनस्वी ने 88.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 11 हजार रुपए तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। समस्याओं के समाधान के लिए जारी होगा व्हाट्सएप नंबर RSOS इस साल एक नई पहल भी शुरू करने जा रहा है। विद्यार्थियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं के समाधान के लिए जल्द ही एक समर्पित वॉट्सएप नंबर जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से छात्र सीधे राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल से संपर्क कर सकेंगे और आवेदन, दस्तावेज, निरस्तीकरण तथा अन्य प्रक्रियाओं से जुड़े सवालों का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को ई-मित्र केंद्रों या अन्य माध्यमों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।