श्रीगंगानगर में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा:PIA लिखा हवाई जहाज के डिजाइन का बलून खेत में मिला; जांच शुरू

श्रीगंगानगर में पाकिस्तान से उड़कर आने वाले संदिग्ध गुब्बारों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जिले में एक बार फिर पाकिस्तानी गुब्बारा बरामद हुआ। इस बार घमुड़वाली थाना क्षेत्र के गांव 56 एलएनपी में शुक्रवार शाम 5 बजे यह गुब्बारा पाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- गांव 56 एलएनपी के रहने वाले विनोद कुमार पुत्र फूलचंद को अपने खेत में संदिग्ध गुब्बारा पड़ा मिला। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद थाना घमुड़वाली की टीम और एएसआई जयप्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में ले लिया और जांच की। पुलिस के अनुसार बरामद गुब्बारा गुलाबी और सफेद रंग का है। यह हवाई जहाज के आकार में है। इस पर अंग्रेजी में PIA (Pakistan International Airlines) लिखा है और चांद-तारे का निशान है। मालखाने में जमा किया एहतियात बरतते हुए पुलिस ने गुब्बारे को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा कर दिया है। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गुब्बारा दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें।

भरतपुर क्रिकेट-संघ सचिव पर महिला खिलाड़ियों के उत्पीड़न का आरोप:RCA ने जांच कमेटी बनाई; कन्वीनर बोले- ऐसे लोगों पर आजीवन बैन लगाएंगे

भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी के खिलाफ खिलाड़ियों ने गंभीर शिकायतें दर्ज करवाई हैं। इनमें महिला खिलाड़ियों के साथ उत्पीड़न और छेड़छाड़ भी शामिल है। एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। वे राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग में पहुंचे थे। डॉ. मोहित यादव ने बताया- मैं फिलहाल इस मामले में ज्यादा नहीं बता पाऊंगा, क्योंकि यह पॉक्सो का मामला भी बनता है। इस मामले को लेकर 4 सदस्यों की कमेटी अगले 25 दिन में जांच कर रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा- अगर इस मामले में भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी दोषी होंगे तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्हें RCA से आजीवन बैन कर दिया जाएगा। मीटिंग में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है। RCA एडहॉक कमेटी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी
डॉ. मोहित यादव ने बताया- 25 दिन में जांच कमेटी पीड़ित पक्ष और गवाहों के बयान लेने के साथ ही सचिव का पक्ष भी जानेगी। इसके बाद RCA एडहॉक कमेटी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अगर उस रिपोर्ट में सचिव दोषी पाए जाते हैं तो सरकार को लेटर लिखकर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि भविष्य में RCA में इस तरह की घटना न हो। मोहित यादव ने कहा- मैं राजस्थान की सभी महिला खिलाड़ियों से अपील करूंगा कि अगर उनके साथ गलत हुआ है। वह भी अपनी बात हम तक पहुंचाएं। हम उनके साथ खड़े हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज करने से लेकर किसी और जगह भी अगर हमारी मदद की जरूरत होगी। हम उनके साथ मौजूद रहेंगे। एडहॉक कमेटी कन्वीनर ने कहा- मैं राजस्थान की सभी बच्चियों और महिला खिलाड़ियों से यह अपील करूंगा कि अगर उनके साथ किसी भी व्यक्ति द्वारा गलत किया गया है। वह अपनी आवाज जरूर उठाएं। इस तरह के लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा सके। डॉ. मोहित यादव ने कहा- खिलाड़ियों के सिलेक्शन में गड़बड़ी, वित्तीय अनियमिताओं जैसी शिकायतें तो हमें पहले भी कई जिला क्रिकेट संघ के खिलाफ मिल चुकी है। लेकिन महिला खिलाड़ियों के साथ उत्पीड़न जैसी शिकायत पहली बार भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के खिलाफ मिली है। उन्होंने कहा- इसको लेकर RCA पूरी तरह सख्त और पारदर्शी है। अगर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी इसमें दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। अगर वह दोषी नहीं पाए जाते हैं तो उनकी मान्यता को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। AGM में इन मुद्दों पर चर्चा हुई
मोहित यादव ने बताया- एडहॉक कमेटी चुनाव करवाना चाहती है, लेकिन मौजूदा स्थिति में चुनाव करवाना संभव नहीं था। काफी जिला क्रिकेट संघों में फिलहाल विवाद की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मुझे उम्मीद है कि अगली एडहॉक कमेटी राजस्थान के लंबित चुनाव को जल्द संपन्न करवाएगी। इसके साथ ही बैठक में पिछले 90 दिनों के दौरान एडहॉक कमेटी द्वारा लिए गए फैसलों को जिला क्रिकेट संघों के सामने रखा गया। इसके साथ ही घरेलू क्रिकेट खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते (DA) में बढ़ोतरी, जयपुर और उदयपुर में RCA स्टेडियम का निर्माण काम दोबारा शुरू करने और RCA के लोकपाल को हटाने और नए लोकपाल की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई। बैठक में सर्व सम्मति से नागौर जिला क्रिकेट संघ को भी डिसएफिलेटेड करने का फैसला किया गया। शत्रुघ्न तिवारी बोले- मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए
उधर, भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- मैं पुलिस, SOG या किसी भी एजेंसी से जांच कराने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। पहले मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए। इसके बाद निष्पक्ष जांच कराई जाए। शत्रुघ्न तिवारी ने सवाल उठाया कि RCA एडहॉक कमेटी को जांच कराने का अधिकार किस आधार पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडहॉक कमेटी के संयोजक मोहित यादव अपने चहेतों को भरतपुर जिला क्रिकेट संघ में लाना चाहते हैं, इसलिए मेरे खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अगर मेरे ऊपर लगे आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो आजीवन क्रिकेट छोड़ दूंगा।

शक में पत्नी पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार:हॉस्पिटल ले जाते रास्ते में तोड़ा दम; फरार पति को तलाश रही पुलिस

पति-पत्नी के बीच बहस का दर्दनाक अंत हुआ। बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ इलाके के गांव इटाला में गुस्साए पति ने पत्नी पर पहले लाठी और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी को बुरी तरह जख्मी हालत में छोड़ पति फरार हो गया। हॉस्पिटल ले जाते वक्त महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था। घटना शुक्रवार शाम 5.30 बजे इटाला गांव में हुई। सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- शुक्रवार शाम इटाला गांव के निवासी अखिलेश गरासिया (32) की अपनी पत्नी शोभा (30) से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि अखिलेश ने गुस्से में आपा खो दिया। उसने घर में रखी लाठी उठाई और पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से शोभा पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शोभा बुरी तरह जख्मी हो गई। शोभा को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दोनों के 9 व 5 साल के दो पुत्र भी है। पत्नी के चरित्र पर करता था शक जानकारी के अनुसार- अखिलेश को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच बहस होती थी। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों में तू-तू मैं-मैं हुई थी। इसी के बाद अखिलेश ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद से फरार सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- वारदात के बाद से अखिलेश फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करेंगे। फरार आरोपी की तलाश कर रहे हैं।

जयपुर की द्रव्यवती नदी में बहे बच्चे का शव मिला:घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला; खेलते समय रेलिंग से छूटा था हाथ

जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में गुरुवार को द्रव्यवती नदी में एक बच्चा बह गया। शुक्रवार को सिविल डिफेंस की टीम ने साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद कर लिया। शव महारानी फार्म के पास घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया था, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल भिजवाया गया है। बच्चे का शव मिलने के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया- मोनू उर्फ मोहित (11) गुरुवार को बारिश में खेलते समय हाथ रेलिंग से छूट गया था, जिसके बाद वह नदी में बह गया। बच्चे का परिवार दो दिन पहले ही जगन्नाथपुरी में किराए पर रहने आया था। इससे पहले यह परिवार बजाज नगर में किराए पर रहता था। हसनपुरा नाले में मिला युवक का शव जयपुर में गुरुवार शाम हसनपुरा नाले में एक युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के बहाव के साथ बहकर यहां पहुंचा होगा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हसनपुरा नाले में एक युवक का शव (बॉडी) जाल में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। पढ़ें पूरी खबर

उदयपुर से मुंबई-बेंगलुरु जाना होगा और आसान:अकासा एयर 15 अक्टूबर से शुरू करेगी डेली डायरेक्ट फ्लाइट्स, बुकिंग शुरू; जानिए पूरा शेड्यूल

टूरिस्ट सिटी उदयपुर से हवाई सफर करने वाले पैसेंजर्स के लिए मुंबई और बेंगलुरु की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। बजट एयरलाइन अकासा एयर ने राजस्थान में कदम रखते हुए उदयपुर से अपनी नई उड़ानों की घोषणा की है। कंपनी 15 अक्टूबर से उदयपुर से देश के दो बड़े महानगरों, मुंबई और बेंगलुरु के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप विमान सेवाएं शुरू करने जा रही है। इस नई शुरुआत से उदयपुर आने-जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय व्यवसायियों और आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। कंपनी ने इन दोनों रूट्स पर डेली फ्लाइट्स का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है। यात्रियों के लिए टिकटों की बुकिंग अकासा एयर की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और प्रमुख ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू की जा चुकी है। उदयपुर-बेंगलुरु फ्लाइट शेड्यूल मुंबई -उदयपुर फ्लाइट शेड्यूल
कंपनी के सह-संस्थापक ने कहा- उदयपुर है बेहद खास
अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) आनंद श्रीनिवासन ने इस विस्तार पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के इस ऐतिहासिक और खूबसूरत शहर उदयपुर के लिए सेवाएं शुरू करना हमारे लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि उदयपुर देश में प्रीमियम टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और वेकेशन के लिए भी सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। महानगरों से लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

हिमाचल में सड़क हादसे में 6 की मौत:महिला टीचर द्वारा बनाया लाइव वीडियो सामने आया, दूध बेचकर घर लौट रहे थे 4 मृतक

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रामपुर में आज (शुक्रवार को) दोपहर बाद एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरी। इस हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़ा एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसे आनी के दिगेढ़ स्कूल में हिंदी अध्यापिका आशा ने बनाया। आशा के साथ उसका 11 साल का बेटा उगल भी गाड़ी में सवार था। वायरल वीडियो में महिला कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि सामने देखो मेरा ननिहाल…, यह कहने के 2 सेकेंड बाद गाड़ी नीचे गिरती है और चीखें सुनाई देती है। यह हादसा दोपहर बाद करीब चार बजे रामपुर के काशापाट में पेश आया। मां-बेटे के अलावा गाड़ी में सवार अन्य लोग दत्तनगर में दूध बेचकर अपने घरों को वापस लौट रहे थे। दत्तनगर में दूध की सप्लाई करके घर लौट थे बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी नंबर HP-06B-2420 सड़क से करीब 300 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी की मौके पर जान चली गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग व प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मगर किसी को नहीं बचाया जा सका। शाम सात बजे तक सभी मृतकों के शव गहरी खाई से निकाल दिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तकलेच अस्पताल भेज दिया है। 2 मृतक कुल्लू, 4 शिमला के रहने वाले 1. अभिषेक सैनी (23 वर्ष), पुत्र नर सिंह, निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 2. अशोक जैन (32 वर्ष), पुत्र दयाल जैन, निवासी छल्टा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (वाहन चालक)। 3. लायक राम (56 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय मागू राम, निवासी पट, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 4. नितिन जैन (23 वर्ष), पुत्र मैन राम, निवासी छल्टा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 5. आशा कुमारी (40 वर्ष), पत्नी सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। 6. उगल आजाद (12 वर्ष), पुत्र सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। शव पोस्टमार्टम के लिए तकलेच भेजे पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टैकलेच भेज दिया है। प्रथम दृष्टया ड्राइवर की लापरवाही से हादसा बताया जा रहा है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में वाहन में सवार सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। रामपुर के काशापाठ में हादसे से जुड़े PHOTOS..

चित्तौड़गढ़ में डेयरी के दूध से ग्राहक परेशान:जांच करने पहुंचे सुपरवाइजर के सामने ही फटा दूध, शहर में करीब 124 बूथ संचालित

जिले में सरस डेयरी के दूध को लेकर पिछले कुछ दिनों से लोगों की शिकायते सामने आई है। जिसे लेकर सप्लाई हो रहे दूध की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे है। लोगों का कहना है कि डेयरी से खरीदकर जब दूध को घर ले जाकर गर्म करते है तो ​वह फट जाता है। जिससे लोगों को काफी परेशानी आ रही है। वहीं डेयरी के सुपरवाइजर ने जब जांच की तो उनके सामने ही दूध फट गया। फटा हुआ दूध ग्राहक वापस बूथ पर लेकर जाते है तो डेयरी बूथ संचालक मुश्किल में आ जाते है। शिकायतें लगातार बढ़ने के बाद अब डेयरी प्रबंधन भी हरकत में आया है और मामले की जांच शुरू कर दी। बूथ संचालकों की बढ़ी परेशानी शहर के कई बूथ संचालकों का कहना है कि वे रोज की तरह डेयरी से दूध लेकर ग्राहकों को दे रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद ही ग्राहक वापस लौटकर शिकायत कर रहे हैं कि दूध गर्म करते ही फट गया। कई जगह ग्राहकों को दूसरा पैकेट देना पड़ा तो कई बार बहस की स्थिति भी बन गई। संचालकों का कहना है कि दूध की गुणवत्ता पर उनका कोई नियंत्रण नहीं होता, लेकिन शिकायतें उन्हें ही सुननी पड़ रही हैं। इससे उनकी साख भी प्रभावित हो रही है और रोजाना काम करना मुश्किल होता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्राहकों का भरोसा भी टूट सकता है। जांच करने आए सुपरवाइजर के सामने ही फट गया दूध लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को डेयरी के सुपरवाइजर प्रमोद शर्मा ने शहर के अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर दूध की जांच की। इस दौरान कई बूथ संचालकों ने उनके सामने ही दूध को गर्म करके दिखाया। जांच के दौरान दूध फट गया, जिससे शिकायत सही साबित हुई। इसके बाद डेयरी की ओर से पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दूध फटने की असली वजह क्या है। डेयरी प्रबंधन अब इसकी जांच कर रहा है ताकि कारण पता लगाया जा सके और समस्या का समाधान किया जा सके। करीब 124 बूथ प्रभावित जानकारी के अनुसार शहर में सरस डेयरी के करीब 124 बूथ संचालित हैं। बूथ संचालकों का कहना है कि लगभग सभी जगहों से दूध फटने की शिकायत सामने आई है। यानी यह समस्या किसी एक इलाके या एक बूथ तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता इससे प्रभावित हुए हैं। साथ ही बूथ संचालकों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं बूथ संचालकों का कहना है कि जब तक समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होती, तब तक उन्हें ग्राहकों के सवालों और नाराजगी का सामना करना पड़ता रहेगा।

डिप्रेशन के कारण बाल खाने लगी 20 साल की युवती:25 किलो रह गया था वजन; ऑपरेशन कर निकाला 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा

बाड़मेर में 20 साल की युवती डिप्रेशन के कारण सिर के बाल खाने लग गई थी। उसके घर वालों को इसके बारे में पता तक नहीं चला। लगातार 2 साल तक निगले गए बाल पेट में जमा होते रहे और समय के साथ एक सॉलिड गुच्छे का रूप ले लिया। इसके कारण अचानक युवती का वजन 20 किलो घटकर 25 किलो रह गया। साथ ही पेट फूलकर दर्द होने लगा। इस पर परिजन उसे बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच की तो पेट में गांठ का पता चला। इस पर जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया। जोधपुर में दोबारा जांच की गई तो सामने आया कि युवती के पेट में बालों का बड़ा गुच्छा (गैस्ट्रिक ट्राइकोबेजोअर) है। एम्स में डॉक्टर्स की टीम ने युवती का ऑपरेशन किया और पेट से 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा निकाला। बाड़मेर में जांच के दौरान पता चला था पेट में गांठ
एम्स के सर्जन डॉ. महेंद्र लोढ़ा ने बताया- 10 दिन पहले युवती की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इस पर परिजन उसे बाड़मेर हॉस्पिटल ले गए। जांच में उसके पेट में गांठ का पता चला। इसके बाद परिजन बच्ची को एम्स लेकर आए। यहां जांच में सामने आया कि उसके पेट में बालों का गुच्छा है। डॉ. महेंद्र लोढ़ा ने बताया- बालों का ये गुच्छा पेट से आगे बढ़कर छोटी आंत के प्रारंभिक भाग (प्रॉक्सिमल जेजुनम) तक फैला हुआ था। इसके कारण मरीज को लंबे समय से पेट दर्द रहने के साथ ही भूख में कमी आने लगी थी। उसका वजन करीब 20 किलो तक कम हो गया और खून की कमी आ गई। 7 दिन पहले युवती का ऑपरेशन किया गया। करीब डेढ़ घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद पेट से 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा निकाला गया। इसके बाद मरीज की तबीयत में सुधार हुआ और 3 दिन पहले उसे हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया। ट्राइकोबेजोअर एक दुर्लभ स्थिति
डॉ. लोढ़ा ने बताया- युवती जिस बीमारी (ट्राइकोटिलोमेनिया) से ग्रसित थी, उसमें बाल निगलने की आदत काफी रेयर है। इसमें व्यक्ति द्वारा निगले गए बाल पेट में जमा होते रहते हैं और समय के साथ एक सॉलिड गुच्छे का रूप ले लेते हैं। जब यह बालों का गुच्छा पेट से निकलकर छोटी आंत तक फैल जाता है, तो इस स्थिति को रैपुंजेल सिंड्रोम कहा जाता है। उन्होंने बताया- ये सिंड्रोम 100 से 1000 लोगों में से किसी एक को होता है। ऑपरेशन टीम में ये डॉक्टर शामिल थे
ऑपरेशन टीम में सर्जन डॉ. महेंद्र लोढ़ा के साथ डॉ. भारत (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. तेजपाल, डॉ. वैशाली, डॉ. गदाधर, डॉ. प्रशांत, डॉ. निशांत, डॉ. साहिल जैन, डॉ. ध्रुव रोहेला और नर्सिंग ऑफिसर गजानंद, कोमल भी शामिल थे।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसे मारे; महिला को भगाकर ले जा रहे युवक की हत्या; कुत्ते ने महिला का मुंह नोचा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप-5 खबरें
1. युवक के मोबाइल में मिला पाकिस्तानी का ऑडियो
कोटा में कुछ दिन पहले एक युवक के मोबाइल में लड़कियों के अश्लील वीडियो मिले थे। अब उसके मोबाइल में एक पाकिस्तानी व्यक्ति का ऑडियो मिला है, जिसमें खास मकसद के लिए शादीशुदा हिंदू महिलाओं को फंसाने और उनके शोषण करने की बात कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें 2. उदयपुर, अलवर और श्रीगंगानगर में बारिश
राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है। श्रीगंगानगर, अलवर, उदयपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को बारिश हुई। जयपुर में गुरुवार को 30 मिनट में 2 इंच बरसात हुई। इससे सड़कें लबालब हो गईं। इस दौरान आंधी से कई पेड़ गिर गए। पूरी खबर पढ़ें 3. महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की हत्या
बाड़मेर में शादीशुदा महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की ससुरालवालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 3 साल से लव अफेयर था। प्रेमी शुक्रवार सुबह 5 बजे टैक्सी लेकर महिला के गांव पहुंचा और उसको साथ लेकर जा रहा था। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. बाघिन ने बाघ मित्र पर किया अटैक, हाथ-पैर जख्मी हुए
धौलपुर के सरमथुरा वन क्षेत्र में टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघिन टी-117 ने बाघ मित्र पर अटैक कर दिया। बाघ मित्र के हाथ-पैर पर घाव हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर रेफर किया गया। बाघ मित्र जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाघिन ने अटैक कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसों से पीटा, लात भी मारी
जयपुर में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। इस दौरान पिता सीढ़ियों में गिर गए तो भी नहीं रुका। इसके बाद पिता को घसीटते हुए कमरे में ले गया। पिता के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई हैं। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. जमीन विवाद में पिता को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला
झुंझुनूं के मेहाड़ा थाना इलाके में जमीन विवाद में बेटे ने पहले पिता को जमकर पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बेटा रुका नहीं और पिता को घसीटते हुए सड़क पर ले आया। यहां ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूरी खबर पढ़ें 7. घर के बाहर बैठी महिला का कुत्ते ने मुंह नोचा
बांसवाड़ा के बडवेल गांव में घर के बाहर बैठी एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया और मुंह को बुरी तरह नोच डाला। महिला के होंठ से गाल तक का मांस कटकर निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। पूरी खबर पढ़ें 8. रेगिस्तानी इलाके में पहली बार दिखा घड़ियाल
जैसलमेर जिले के नाचना इलाके में इंदिरा गांधी नहर में पहली बार करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नहर में घड़ियाल को तैरते देखा तो उसका वीडियो बना लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. मृत्युभोज में मालपुए नहीं बनवाने पर हुक्का-पानी बंद
सिरोही जिले में परिवार ने मृत्युभोज में ‘घी के मालपुए’ नहीं बनवाए। सादा खाना खिलाया। इससे समाज के पंच इतने नाराज हुए कि परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया। 42 परिवारों ने इस गरीब परिवार का समर्थन किया तो उनको भी समाज से बहिष्कृत कर दिया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. राजस्थान में पहली बार आयोजित होगा MSME दिवस
राजस्थान में 27 जून को पहली बार अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में लाभार्थियों को चेक देंगे।

डिप्टी-सीएम बनकर ट्रांसफर कराने वाले नर्सिंग ऑफिसर पर FIR:ओएसडी की शिकायत पर कार्रवाई, आरोपी ने मनचाही जगह पर ली थी पोस्टिंग

अजमेर में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के नाम से फर्जी कॉल कर ट्रांसफर करवाने नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र पारीक मामला दर्ज हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस को डिप्टी सीएम के ओएसडी भगवत सिंह राठौड़ (RAS) ने शिकायत दी है। सीओ शिवम जोशी ने बताया- मामले में शिकायत मिलने पर नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र पारीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में थाना प्रभारी अनिल देव कल्ला की जांच कर रहे है। जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की सीडीआर, ट्रूकॉलर रिकॉर्ड, सोशल मीडिया एंव डिजिटल सबूत जुटा रही है। इसके साथ-साथ आरोपी पारीक किन-किन अधिकारियों से संपर्क में था। इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित कर रहा था। नर्सिंग कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री के OSD भगवत सिंह राठौड़ ने आरोपी नर्सिंग कर्मी के खिलाफ कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया कि अजमेर के आदर्श नगर निवासी नर्सिंग कर्मचारी पुष्पेंद्र पारीक ने गंभीर आपराधिक कृत्य किया है। आरोपी ने अपने मोबाइल फोन की कॉलर आईडी (जैसे ट्रूकॉलर) पर अपना नाम इस तरह सेट कर लिया था कि फोन करने पर उसका मोबाइल नंबर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम से दिखे। खुद को डिप्टी सीएम बताकर ट्रांसफर के लिए किया फोन शिकायत के अनुसार, आरोपी पुष्पेंद्र ने खुद को उपमुख्यमंत्री बताते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय के विशिष्ट सहायक बलवंत लिगरी को फोन किया। उसने फोन पर निर्देश दिया कि कर्मचारी पुष्पेंद्र पारीक का तत्काल प्रभाव से जवाहर लाल नेहरू (JLN) चिकित्सालय, अजमेर में तबादला किया जाए। इसके बाद उसने जवाहर लाल नेहरू अस्पताल, अजमेर के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे को भी फोन किया। वहाँ भी उसने खुद को उपमुख्यमंत्री बताते हुए पुष्पेंद्र पारीक को मनचाहा कार्य आवंटित करने के लिए प्रभावित करने का प्रयास किया। संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप आरोपी न तो उपमुख्यमंत्री है और न ही उसे उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किसी भी प्रकार का निर्देश जारी करने का कोई अधिकार प्राप्त है। इसके बावजूद उसने जानबूझकर और दुर्भावनापूर्वक खुद को उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत किया, ताकि सरकारी अधिकारियों को भ्रमित कर प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित किया जा सके। यह कृत्य न केवल उपमुख्यमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि शासन-प्रशासन में अनुचित हस्तक्षेप, धोखाधड़ी, प्रतिरूपण (Impersonation) और लोक विश्वास को प्रभावित करने वाला एक गंभीर अपराध है। — यह खबर भी पढ़िए… डिप्टी-सीएम बैरवा के नाम से कॉल कर अफसर को धमकाया:दो बार खुद का ट्रांसफर करवाया, सरकारी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर का कारनामा अजमेर में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के नाम से फर्जी कॉल कर ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। सरकारी हॉस्पिटल के एक नर्सिंग ऑफिसर ने वॉइस मॉडिफिकेशन एप के जरिए आवाज, नंबर और प्रोफाइल बदलकर अपना तबादला करवा लिया। (पढ़ें पूरी खबर)