राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसे मारे; महिला को भगाकर ले जा रहे युवक की हत्या; कुत्ते ने महिला का मुंह नोचा
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप-5 खबरें
1. युवक के मोबाइल में मिला पाकिस्तानी का ऑडियो
कोटा में कुछ दिन पहले एक युवक के मोबाइल में लड़कियों के अश्लील वीडियो मिले थे। अब उसके मोबाइल में एक पाकिस्तानी व्यक्ति का ऑडियो मिला है, जिसमें खास मकसद के लिए शादीशुदा हिंदू महिलाओं को फंसाने और उनके शोषण करने की बात कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें 2. उदयपुर, अलवर और श्रीगंगानगर में बारिश
राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है। श्रीगंगानगर, अलवर, उदयपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को बारिश हुई। जयपुर में गुरुवार को 30 मिनट में 2 इंच बरसात हुई। इससे सड़कें लबालब हो गईं। इस दौरान आंधी से कई पेड़ गिर गए। पूरी खबर पढ़ें 3. महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की हत्या
बाड़मेर में शादीशुदा महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की ससुरालवालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 3 साल से लव अफेयर था। प्रेमी शुक्रवार सुबह 5 बजे टैक्सी लेकर महिला के गांव पहुंचा और उसको साथ लेकर जा रहा था। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. बाघिन ने बाघ मित्र पर किया अटैक, हाथ-पैर जख्मी हुए
धौलपुर के सरमथुरा वन क्षेत्र में टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघिन टी-117 ने बाघ मित्र पर अटैक कर दिया। बाघ मित्र के हाथ-पैर पर घाव हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर रेफर किया गया। बाघ मित्र जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाघिन ने अटैक कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसों से पीटा, लात भी मारी
जयपुर में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। इस दौरान पिता सीढ़ियों में गिर गए तो भी नहीं रुका। इसके बाद पिता को घसीटते हुए कमरे में ले गया। पिता के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई हैं। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. जमीन विवाद में पिता को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला
झुंझुनूं के मेहाड़ा थाना इलाके में जमीन विवाद में बेटे ने पहले पिता को जमकर पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बेटा रुका नहीं और पिता को घसीटते हुए सड़क पर ले आया। यहां ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूरी खबर पढ़ें 7. घर के बाहर बैठी महिला का कुत्ते ने मुंह नोचा
बांसवाड़ा के बडवेल गांव में घर के बाहर बैठी एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया और मुंह को बुरी तरह नोच डाला। महिला के होंठ से गाल तक का मांस कटकर निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। पूरी खबर पढ़ें 8. रेगिस्तानी इलाके में पहली बार दिखा घड़ियाल
जैसलमेर जिले के नाचना इलाके में इंदिरा गांधी नहर में पहली बार करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नहर में घड़ियाल को तैरते देखा तो उसका वीडियो बना लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. मृत्युभोज में मालपुए नहीं बनवाने पर हुक्का-पानी बंद
सिरोही जिले में परिवार ने मृत्युभोज में ‘घी के मालपुए’ नहीं बनवाए। सादा खाना खिलाया। इससे समाज के पंच इतने नाराज हुए कि परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया। 42 परिवारों ने इस गरीब परिवार का समर्थन किया तो उनको भी समाज से बहिष्कृत कर दिया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. राजस्थान में पहली बार आयोजित होगा MSME दिवस
राजस्थान में 27 जून को पहली बार अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में लाभार्थियों को चेक देंगे।

