भास्कर अपडेट:दिल्ली-उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट; मंदिरों, सरकारी दफ्तरों और रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की धमकी

खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली और उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद दोनों राज्यों में मंदिरों, सरकारी दफ्तरों, रेलवे स्टेशनों, पुलिस प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, ईमेल में दावा किया गया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और उत्तराखंड में कई जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। इसमें कुछ राजनीतिक नेताओं का भी जिक्र किया गया है। हालांकि अब तक किसी हमले के समय या जगह को लेकर कोई ठोस इनपुट नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स इसकी डिजिटल ट्रेल की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

युवती पर खौलता पानी फेंकने वाला पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:इलाज का खर्च उठाएगी सरकार; आर्थिक मदद और डेयरी बूथ देने की भी घोषणा

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी के मोमोज बेचने वाली युवती पर खौलता पानी फेंकने के मामले में पुलिस विभाग ने एक्शन लिया है। आरोपी कॉन्स्टेबल नरेंद्र को शनिवार देर रात लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही सरकार ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है। दरअसल, मामला 19 जून की शाम पौने सात बजे का है। घटना को लेकर 22 जून को पीड़िता रेशु गुप्ता (27) की बड़ी बहन खुशबू ने FIR दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनकी कार्ट (ठेला) को धक्का देकर पलट दिया था। वहीं, पुलिस के अनुसार जगतपुरा के महल रोड से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना था। इससे कुछ मिनट पहले पुलिसकर्मी सड़क किनारे के ठेले हटवा रहे थे। सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 19 जून को रामनगरिया क्षेत्र में सीएम के काफिले के गुजरने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था के दौरान हुई घटना में रेशु गुप्ता अपने ठेले पर रखे गर्म पानी से झुलस गई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर किया है। निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। वहीं, नगर निगम जयपुर ग्रेटर के आयुक्त ओम कसेरा और उपायुक्त नीलम मीना प्रतापनगर स्थित व्यास अपार्टमेंट में पीड़िता के घर पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इलाज का खर्च उठाएगी सरकार सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेशु गुप्ता के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। इसके अलावा पीड़ित परिवार को रोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्थायी रोजगार के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। 25 दिन पहले ही कार्ट लगानी शुरू की थी रेशु ने बताया था- पिता लाल बहादुर गुप्ता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी मेरे और बड़ी बहन खुशबू गुप्ता पर आ गई थी। बीएससी करने के बाद मैंने कई प्रतियोगी परीक्षाएं दीं, लेकिन चयन नहीं होने पर करीब 25 दिन पहले महल रोड स्थित कैपिटल हाई स्ट्रीट पर ‘हेल्दी आटा मोमोज’ नाम से कार्ट लगानी शुरू की थी। … ये खबर भी पढ़ें… पुलिस ने खौलता पानी फेंका, युवती की छाती जली:पीड़िता बोलीं- शादी भी नहीं हुई, भविष्य की कल्पना करके रूह कांप जाती है जयपुर के रामनगरिया इलाके में पुलिस वालों की ओर से खौलता पानी फेंकने से झुलसी युवती बोलीं- छाती का एक हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। मेरी शादी भी नहीं हुई है। मेरा आने वाला भविष्य कैसा होगा। इसकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकती, मेरी रूह कांप जाती है। (पूरी खबर पढ़ें) जयपुर-मोमोज बेचने वाली युवती पर पुलिसवाले ने खौलता पानी फेंका:बुरी तरह जली; सीएम काफिले के लिए रोड क्लियर करवा रहे थे, एक-दूसरे पर आरोप जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में मोमोज बेचने वाली युवती और पुलिसकर्मियों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने उनकी कार्ट (ठेला) को धक्का देकर पलट दिया। फिर खौलते पानी को युवती पर फेंक दिया। मामला 19 जून की शाम पौने सात बजे का है। (पूरी खबर पढ़ें)

दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके:अफगानिस्तान में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप का असर, 8 देशों में भी महसूस हुए झटके

अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शनिवार शाम 7.04 बजे 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसका असर अफगानिस्तान समेत 8 देश भारत, पाकिस्तान, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में देखा गया। देश में जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर में भी झटके महसूस किए गए। लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। इसका केंद्र उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान में कलाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर था और गहराई 215km थी। श्रीनगर के रहने वाले इम्तियाज अहमद ने बताया कि वह घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी कुर्सी और बिजली की तारें हिलने लगीं। वहीं स्टूडेंट वहीद ने कहा कि वह रास्ते में थे तभी उन्हें हल्के झटके महसूस हुए। पिछले 24 घंटों में देश में 2, पाकिस्तान में 4 भूकंप आए भूकंप तीव्रता 6.5 से ज्यादा होने पर नुकसान जहां भूकंप का केंद्र होता है वहां तेज झटके महसूस किए जाते हैं। जैसे जैसे केंद्र से दूरी बढ़ती है उतने तेज झटके महसूस नहीं होते हैं। आमतौर पर भूकंप की तीव्रता 6.5 या उससे ज्यादा होने पर जान-माल के नुकसान की आशंका बढ़ जाती है। 6 या उससे कम तीव्रता का भूकंप आने पर लोगों और सामान्य जनजीवन पर कम असर होता है। अफगानिस्तान में बार-बार भूकंप क्यों आते हैं? अंतरराष्ट्रीय संगठन रेड क्रॉस के मुताबिक, अफगानिस्तान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि यहां भारतीय (इंडियन) और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं। इस टक्कर से जमीन के अंदर लगातार दबाव बनता रहता है, जो समय-समय पर भूकंप के रूप में बाहर निकलता है। इसके अलावा अफगानिस्तान का हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र कई सक्रिय भू-भ्रंश (फॉल्ट लाइन) पर स्थित है। इसलिए यहां अक्सर तेज और गहरे भूकंप आते हैं, जिनके झटके भारत, पाकिस्तान और मध्य एशिया के कई देशों तक महसूस होते हैं। ——————————————– जून में भूकंप की दो बड़ी घटनाएं- 8 जून: फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, इमारतें गिरीं:37 की मौत; 4.5 फीट से ज्यादा ऊंची लहरें उठीं फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इमारतों में ज्यादातर दुकानें, दफ्तर और व्यावसायिक भवन शामिल हैं। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक अब तक 37 लोगों की मौत हुई है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं। पूरी खबर पढ़ें… 24 जून: वेनेजुएला में फिर भूकंप के झटके, 920 मौतें, करीब 3300 घायल, 51 हजार लापता दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 25 जून को आए दो भूकंप के बाद स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर को एक और भूकंप आया। देश के उत्तरी तट के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, राजधानी कराकास और माराके में भी झटके महसूस किए गए। पूरी खबर पढ़ें…

कर्नाटक में हाईवे पर कार में धमाका, युवक की मौत:साथ बैठी युवती को चाकू मारा तो वह चलती टैक्सी से कूद गई, ड्राइवर भी जख्मी

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शनिवार को नेशनल हाईवे पर कार में हुए धमाके में युवक की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने कार के अंदर देसी बम या किसी विस्फोटक का इस्तेमाल किया। धमाके की असली वजह और कौन सा विस्फोटक इस्तेमाल हुआ, इसकी पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। मारे गए युवक की पहचान 30 साल के नागेंद्र के रूप में हुई है। घटना में 23 साल की युवती रम्या उल्लास और ड्राइवर घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र ने बेंगलुरु के जयनगर इलाके के सिद्धापुरा से कार बुक की थी। उसने रम्या को कार में बैठाया और अपने साथ लेकर निकला था। कार तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के कल्लंबेला इलाके के पास पहुंची, तभी यह घटना हुई। घटना की चार तस्वीरें: ड्राइवर ने बताया- सफर के दौरान विवाद हुआ ड्राइवर ने पुलिस को बताया, ‘कार में सफर के दौरान युवक-युवती के बीच विवाद हुआ था।’ इसी दौरान नागेंद्र ने रम्या पर चाकू से हमला किया। घायल होने के बावजूद वह चलती कार से कूद गईं।’ रम्या ने ड्राइवर को यह भी बताया कि नागेंद्र के पास बम है। इसके बाद ड्राइवर ने कार सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल गया। तभी कार में धमाका हो गया। युवक ने खुद को कार में बंद कर लिया था। ड्राइवर भी घायल हुआ है। ——————————— ये खबर भी पढ़ें: खड़ी कार का एयरबैग खुलने से युवक की मौत:15 साल पुरानी थी कार, अचानक एक्टिव हुआ सेफ्टी सिस्टम; महाराष्ट्र के ठाणे की घटना महाराष्ट्र के ठाणे में एक खड़ी कार में अचानक एयरबैग खुलने से 25 साल के कार डीलर की मौत हो गई। युवक का नाम मोहित सोनी है। वह एक 15 साल पुरानी कार के अंदर बैठा था। तभी अचानक गाड़ी का सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हो गया। पढ़ें पूरी खबर…

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:सेल्फी लेने पर चालान; ₹18 हजार की मशीन ₹500 में गिरवी रखी; NRI बोला-CM की और VIDEO आएंगी

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर नशा छोड़ने वाले युवाओं के सम्मान से जुड़ी रही। CM भगवंत मान ने इन्हें सूरमा कहा। हालांकि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने सीएम को पहले खुद सूरमा बनने की सीख दे डाली। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. कारोबारी पर फायरिंग करने वाले का एनकाउंटर बटाला में पुलिस टीम और शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी रवि गोली लगने से घायल हो गया। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से गोली के 3 खोल भी बरामद हुए। SSP मेहताब सिंह ने कहा कि आरोपी रवि ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाकर रखने की बात कबूल की। पुलिस जब उसे हथियार की बरामदगी के लिए नहर किनारे लेकर गई, तो आरोपी ने छिपाकर रखे रिवॉल्वर से पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले बटाला के एक नामी कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसी मामले में पुलिस ने 24 जून की रात मुठभेड़ के बाद एक अन्य आरोपी बलदेव सिंह को भी गिरफ्तार किया था। आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. CM ने नशा छोड़ने वालों को सूरमा कहा, बिट्‌टू बोले- पहले खुद सूरमा बनो पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को लुधियाना में नशा विरोधी मुहिम ‘सूरमा’ की शुरुआत की। उन्होंने नशे को मात देने वाले युवाओं को सूरमा कहकर सम्मानित किया और खास अंगूठी भी पहनाई। इस मौके पर सीएम ने कहा कि जो भी युवा अपना कोई काम शुरू करना चाहता है, सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि नशा छोड़ चुके युवा दूसरों के लिए प्रेरणा हैं और वह खुद किसी सूरमा से कम नहीं है। पंजाब एक बार फिर ‘रंगला पंजाब’ की ओर बढ़ रहा है। नशे में फंसे ये युवा अब दूसरे लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3,000 जिम और 3,100 खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उधर, सीएम के इस दावे पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब शुरू से ही सूरमाओं की धरती रहा है। सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज राज्य में नशा तस्करी और लूटपाट अपने चरम पर है। इस कार्यक्रम का नाम सूरमा रखना एक गलत संदेश देता है। आप पहले अपनी बुरी आदतें छोड़ सूरमा बनो। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पत्नी को मामा के बेटे से प्यार, पति मार डाला मानसा में पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पति का शव उसके घर के आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला। हत्या के बाद खुद पुलिस को शिकायत देकर कहा कि पति को कुछ अनजान लोगों ने मार डाला है। शुक्रवार को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 24 घंटे में पूरा मामला सुलझा दिया। पुलिस ने जांच की तो खुलासा हुआ कि पत्नी ने ही पति को मारा। उसका पति के मामा के बेटे से अफेयर चल रहा था। SSP भागीरथ मीना ने बताया कि मामले में आरोपी पत्नी-बॉयफ्रेंड समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। इस हत्या का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि उनके घर में पहले भी क्लेश रहता था और भाई की पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध थे। इसके बाद जब पुलिस ने जांच की तो अफेयर की बात सामने आई। पत्नी जगजीत कौर से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने खुद सारा खुलासा कर दिया (पढ़ें पूरी खबर) 4. प्रेमी संग फरार दसवीं की छात्रा थाने पहुंची, शादी की जिद पर अड़ी फाजिल्का जिले के अबोहर में प्रेमी के साथ फरार हुई दसवीं की छात्रा सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। साढ़े 15 साल की नाबालिग लड़की वहां पर युवक से शादी की जिद पर अड़ गई। यहां तक कि लड़की ने अपना मेडिकल कराने से भी इनकार कर दिया। वह 20 जून को घर से लापता हुई थी। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद लड़की खुद ही उक्त युवक के साथ थाने में पेश हो गई। पुलिस के सामने उसने दोटूक कहा कि वह लड़के से प्यार करती है, उसी से शादी करना चाहती है और आगे भी उसी के साथ रहेगी। चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए पुलिस ने उसे तुरंत अपनी सुरक्षा में ले लिया। शुरुआत में लड़की ने मेडिकल करवाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मदद से उसकी काउंसलिंग करवाई, जिसके बाद वह इसके लिए राजी हुई। इसके बाद थाना खुईयां सरवर के एएसआई ने महिला पुलिस टीम के साथ लड़की को सरकारी अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल करवाया (पढ़ें पूरी खबर) 5. NRI बोले- CM से जुड़ा वीडियो स्वाति मालीवाल ने भेजा, अभी और आएंगी पंजाब के CM भगवंत मान से जोड़े जा रहे विवादित वीडियो मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा में शामिल हुई राज्य सभा सांसद स्वाति मालीवाल की एंट्री हो गई। जगमन समरा ने एक वीडियो जारी करके साफ कर दिया कि यह वीडियो उसने शूट नहीं किया, बल्कि उसे यह वीडियो सांसद स्वाति मालीवाल ने दिया था। दावा है कि स्वाति ने उसे यह वीडियो 2024 में दिया था। इसके बाद अक्तूबर 2025 में यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड हुआ है। जगमन समरा का दावा है कि जब इन्होंने स्वाति मालीवाल को पीटा था, तब यह वीडियो बाहर आया। अभी स्वाति मालीवाल के थ्रू जो चीजें आई हैं, वो भी बाहर आएंगी। 2 दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि जगमन समरा ने अरविंद केजरीवाल का मास्क भी लिया था। हालांकि सीएम का कहना है कि इस वीडियो में वह नहीं हैं। उन्हें बदनाम किया जा रहा है (पढ़ें पूरी खबर) 6. नोट डबल, फर्जी तंत्र-मंत्र और नकली पुलिस की रेड से लूट फाजिल्का जिले के अबोहर में पुलिस ने फर्जी पुलिसवाले बनकर ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। ये गिरोह पहले तांत्रिक क्रियायों के नाम पर लोगों को फंसाता था। फिर उन्हें रुपए दोगुने करने का झांसा देता था। इसके बाद फर्जी पुलिस रेड कर लोगों को लूट लेती। उनसे पुलिस ने ASI रैंक की 3 वर्दी, 3 पुलिस बेल्ट और एक हथकड़ी बरामद की है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह लोगों को तंत्र-मंत्र के जरिए रुपए दोगुने करने का झांसा देता था। शुरू में छोटी रकम दोगुनी करके लौटा दी जाती। जब पीड़ित बड़ी रकम ले आता तो उसे घर बुलाया जाता। वहां तंत्र-मंत्र का ढोंग रचते। जैसे ही तांत्रिक क्रिया शुरू होती, योजना के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्य पुलिस की असली जैसी वर्दी पहनकर वहां धमक जाते थे। वे खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ‘फर्जी रेड’ का नाटक करते थे और अवैध गतिविधि में फंसाने व जेल भेजने की धमकी देकर पीड़ितों से उनकी सारी रकम छीन लेते थे। बदनामी और कानूनी पचड़े में फंसने के डर से पीड़ित व्यक्ति पुलिस में शिकायत करने के बजाय चुपचाप मौके से भाग जाता था। इसके बाद आरोपी लूटी गई रकम को आपस में बांट लेते थे (पढ़ें पूरी खबर) 7. SIR का इन्यूमिरेशन फॉर्म नहीं भर पा रहे लोग, BLO से जानिए पंजाब में इलेक्शन कमीशन ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू करवा दिया। BLO घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फार्म दे रहे हैं। मतदाताओं को फार्म भरकर उसे फिर बीएलओ को वापस करना है। ज्यादातर लोगों को फार्म भरने का तरीका ही पता नहीं चल रहा है। ऐसे में बीएलओ को खुद फार्म भरने पड़ रहे हैं। बीएलओ जसविंदर सिंह का कहना है कि यह फार्म भरना बेहद आसान है। इसे बस समझने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि फार्म को 3 हिस्सों में भरा जाना है। पहले हिस्से यानि फार्म के लेफ्ट पार्ट को वो मतदाता भरेंगे जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में है यानि जिनकी उम्र कम से कम 40 साल है। वहीं राइट हिस्सा 40 या उससे कम वाली उम्र के लोगों को भरना पड़ेगा। जबकि तीसरा पार्ट सभी को भरना होगा। वहीं अगर आप एसआईआर का इन्यूमरेशन फार्म लोग ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर इन्युमरेशन कॉलम को क्लिक करना होगा। (पढ़ें पूरी खबर) 8. VB जीराम जी योजना लागू, पहले AAP सरकार ने विरोध किया था पंजाब में VB जीराम जी योजना लागू कर दी गई है। मनरेगा के विकल्प के तौर पर केंद्र सरकार ने यह योजना शुरू की है। AAP सरकार ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। यह स्कीम 1 जुलाई से लागू हो जाएगी। हालांकि अब इसको लेकर सरकार विरोधियों के निशाने पर आ गई है। विरोधी दलों का कहना है कि पहले AAP सरकार ने इसका विरोध किया था। इसके खिलाफ पिछले साल दिसंबर में विधानसभा में प्रस्ताव तक पास कर दिया था। अब फिर यूटर्न लेते हुए इसे लागू कर दिया। भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि पहले इसे गलत बताया और अब खुद ही इसे लागू कर दिया। इस बारे में AAP के प्रवक्ता संदीप बंधु ने कहा कि जिन लोगों के कार्ड बने हैं, उन्हें काम की जरूरत है। ऐसे में योजना लागू करनी जरूरी थी। ये वही लोग हैं, जो पहले मनरेगा के तहत काम करते थे। बता दें कि इस कानून के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान किया गया है। विधेयक पिछले वर्ष दिसंबर में संसद से पारित होने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी प्राप्त कर चुका है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. सेल्फी के चक्कर में पंजाबी टूरिस्ट का चालान कटा पंजाबी टूरिस्ट का सेल्फी के चक्कर में चालान कट गया। दरअसल, वह मनाली घूमने गए थे। वहां वह चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकले और सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना दिया। फिर वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ तो यह मनाली पुलिस तक भी पहुंच गया। मनाली पुलिस ने कहा कि चलती गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकलना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। इसके बदले में 3500 रुपए का चालान काट दिया। यह मामला मनाली-पतलीकूहल रोड पर 15 मील के पास का है। वीडियो में दिख रहा है कि टूरिस्ट काफी देर तक सनरूफ से बाहर निकलकर अलग-अलग एंगल से सेल्फी लेता रहा। मनाली की DSP केडी शर्मा ने बताया कि गाड़ी का नंबर PB-15-Z-0878 है। यह गाड़ी फाजिल्का में अबोहर के रहने वाले राहुल सोनी की है। उन्होंने कहा कि सनरूफ का इस्तेमाल वाहन के अंदर हवा और रोशनी के लिए किया जाता है, न कि चलते वाहन में खड़े होने या बाहर निकलने के लिए। पुलिस इस मामले में डेंजरस ड्राइविंग के तहत कार्रवाई करती है (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके 10. ₹500 के लिए ₹18 हजार की वाशिंग मशीन गिरवी रखी, फिर दुकानदार मुकरा जालंधर में एक युवक ने 18 हजार की वाशिंग मशीन महज 500 रुपए में गिरवी रख दी। जब करीब डेढ़ घंटे बाद वह घर से पैसे लाकर लौटाने पहुंचा और मशीन वापस मांगी तो दुकानदार मुकर गया। दुकानदार ने कहा कि उसके पास तो ऐसी कोई मशीन ही नहीं है। जब उसने विरोध किया तो दुकानदार ने कभी कहा कि मशीन बेच दी तो कभी कहा कि कबाड़ में तोड़ दी। युवक अमरीक सिंह ने कहा कि उसे अचानक रुपयों की जरूरत पड़ गई। उसने घर से नई वाशिंग मशीन लाकर कबाड़ी के पास गिरवी रख दी और रुपए ले लिए। इसके बाद जब यह बात उसकी मां को पता चली तो उन्होंने तुरंत उसे 500 रुपए देकर भेजा कि मशीन वापस ले ले लेकिन फिर दुकानदार से मशीन नहीं मिली। अमरीक का आरोप है कि जब वह दोबारा अपनी मशीन लेने गए तो दुकानदार ने गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने खुलेआम चुनौती दी कि “जाओ, जहां मर्जी, चाहे डीसी या एसपी के पास शिकायत कर दो, मैं मशीन वापस नहीं दूंगा। युवक ने ये भी कह कि पुलिस 4 दिन से सुनवाई नहीं कर रही, उसे अलग-अलग थानों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

विजयवर्गीय बोले- संघ में अच्छे लोगों की कमी:मंत्री ने कहा- अब हर अफसर कहता है, मैंने भी RSS की चड्डी पहनी है

मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा- अब संघ में बहुत भीड़ हो गई है। हमारी संख्या बढ़ गई, हमारी बहुत बड़ी पार्टी बन गई है। जो अधिकारी आता है, वो कहता है मैंने भी संघ की पट्टी बांधी है। RSS की चड्डी पहनी है। कैलाश विजयवर्गीय ने आगे बताया- एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि- मेरे पिताजी संघ जाते थे। कोई कहता है कि मेरे पिताजी संघ में अध्यक्ष थे। इस पर तंज कसते हुए कहा- सरकार आने के बाद सभी अधिकारी संघ के हो गए हैं। बीजेपी की सरकार बनने के बाद अधिकारी भी खुद को संघ से जुड़ा बताने लगे हैं। मंत्री विजयवर्गीय बोले- संघ में अच्छे लोगों की कमी होती जा रही उन्होंने कहा- संघ में लोगों की भीड़ तो हो गई है, लेकिन अच्छे लोगों की कमी है। पहले अच्छे इंसान थे, अब ऐसे इंसानों की संघ में कमी होती जा रही है। संगठन बढ़ रहा है, विचारधारा भी बढ़ रही है, लेकिन अच्छे लोग नहीं होंगे तो इस विचारधारा का महत्व क्या है? हमें चिंतन और मनन करना चाहिए। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान कैलाश विजयवर्गीय ने ये बयान भोपाल में शालिगराम तोमर स्मृति कार्यक्रम में दिया है। बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- मेरी शादी भी शालिगरामजी ने कराई थी इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शालिगराम तोमर को याद किया। उन्होंने कहा- शालिगरामजी ने कार्यकर्ताओं को गढ़ने का काम किया। कार्यकर्ताओं की सभी समस्याओं को भी समझते थे। उन्होंने कहा-शालिगरामजी अनुशासन लाने का काम करते थे। मेरी तो शादी भी उन्हीं ने कराई थी। देवधर, मोघेजी जैसे लोगों को देखकर हमें ऊर्जा मिलती है। आज मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि मैं परिषद वाले समय में पहुंच गया हूं। उमंग सिंघार ने विजयवर्गीय और सरकार को घेरा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक्स पर लिखा- जब खुद मंत्री यह स्वीकार कर रहे हैं कि अधिकारी-कर्मचारियों में खुद को RSS से जुड़ा बताने की होड़ बढ़ गई है, तो यह साफ संकेत है कि सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में ऐसा माहौल बना दिया है। उन्होंने आगे लिखा- जहां निष्पक्षता नहीं, बल्कि वैचारिक पहचान को सुरक्षा कवच समझा जा रहा है। इससे भी गंभीर बात यह है कि मंत्री जी स्वयं कह रहे हैं कि विचारधारा और संगठन तो मजबूत हो रहा है, लेकिन अच्छे लोग नहीं आ रहे, बुरे लोग आ गए हैं। उन्होंने लिखा- अगर भाजपा के वरिष्ठ मंत्री ही संगठन की गिरती गुणवत्ता और बढ़ते अवसरवाद को स्वीकार कर रहे हैं, तो यह सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि भाजपा सरकार और उसके संगठनात्मक चरित्र का आत्मस्वीकार है। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि मध्यप्रदेश संविधान और कानून से चलेगा या डर और वैचारिक पहचान के प्रमाणपत्र से? मंत्री विजयवर्गीय ने 22 जून 2026 को मुस्लिमों पर दिया था बयान इससे पहले 22 जून 2026 को इंदौर में भी कैलाश विजयवर्गीय अपने बयान को लेकर चर्चा में आए थे। उन्होंने कहा था- यहां सड़क बन रही है। यहां हिंदू भाई भी रहते हैं और मुस्लिम भाई भी रहते हैं। कई मुस्लिम भाई हमको काफिर बोलते हैं। अगर हम काफिर हैं, तो हमारी बनाई सड़क पर मत चलो। आपके घर में लाड़ली बहना-लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा आ रहा है, तो मत लो। …………………………………. ये खबर भी पढ़ें… मंत्री विजयवर्गीय बोले- मुस्लिम हमें काफिर बोलते हैं मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में कहा- यहां सड़क बन रही है। यहां हिंदू भाई भी रहते हैं और मुस्लिम भाई भी रहते हैं। कई मुस्लिम भाई हमको काफिर बोलते हैं। अगर हम काफिर हैं, तो हमारी बनाई सड़क पर मत चलो। आपके घर में लाड़ली बहना-लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा आ रहा है, तो मत लो। पढ़ें पूरी खबर…

मुंबई-मुहर्रम जुलूस में दर्द की दवा बताकर जहरीले कैप्सूल बांटे:पुलिस ने 14,900 कैप्सूल के साथ व्यक्ति को पकड़ा; चूहे मारने वाला जहर भरा था

मुंबई में मोहर्रम जुलूस के दौरान लोगों को जिंक फॉस्फाइड के जहरीले कैप्सूल बांटने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपी फैयाज प्रेमजी ‘दर्द से राहत’ के नाम पर लोगों को ये कैप्सूल देने की कोशिश कर रहा था। मामला मुंबई के जेजे और भायखला इलाके का है। जूलूस के दौरान आरोपी ने कई लोगों को ये कैप्सूल दिए थे। इनमें से एक शख्स का पेट दर्द और उल्टी होने लगी। इसके बाद लोगों को कुछ शक हुआ तो पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी को 14,900 कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया। उसने हर कैप्सूल में करीब एक ग्राम जहर भरा था। इसके लिए 50 किलो जिंक फॉस्फाइड मंगाया था। आरोपी करीब 30 हजार जहरीले कैप्सूल बनाने की तैयारी में था। जिंक फॉस्फाइड का इस्तेमाल चूहे मारने वाली दवा बनाने के लिए किया जाता है। इस घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें फैयाज पुणे का रहने वाला था, ईरान, इराक गया था फैयाज पुणे का रहने वाला है और पेंट का कारोबार करता है। डीसीपी जयंत मीणा ने बताया, ‘पूछताछ में पता चला कि आरोपी मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाना था। साल 2025 में ईरान और इराक गया था। इन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और क्या इनका इस मामले से कोई संबंध है, इसकी भी जांच की जा रही है।’ जिंक फॉस्फाइड कितना खतरनाक, कैसे करता है असर जिंक फॉस्फाइड का इस्तेमाल मुख्य रूप से चूहों को मारने के लिए किया जाता है। यह गहरे भूरे या काले रंग का केमिकल होता है, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक रोडेंटिसाइड में गिना जाता है। जिंक फॉस्फाइड पेट में पहुंचने के बाद वहां मौजूद एसिड और नमी के संपर्क में आकर फॉस्फीन गैस बनाता है। यह गैस शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीजन का उपयोग करने से रोक देती है, जिससे कई अंग तेजी से फेल होने लगते हैं। जैसे- कम मात्रा भी हो सकती है जानलेवा मेडिकल रिसर्च के मुताबिक जिंक फॉस्फाइड की बहुत कम मात्रा भी शरीर में जहर बना सकती है। इसकी घातकता व्यक्ति की उम्र, वजन और शरीर में पहुंची मात्रा पर निर्भर करती है। जिंक फॉस्फाइड का कोई विशेष एंटीडोट (प्रतिरोधी दवा) नहीं है। मरीज को केवल सपोर्टिव ट्रीटमेंट देकर बचाने की कोशिश की जाती है। जिंक फॉस्फाइड को भारत में कीटनाशक की श्रेणी में रखा गया है। इसकी बिक्री और उपयोग पर कीटनाशक अधिनियम, 1968 (Insecticides Act, 1968) और उससे जुड़े नियम लागू होते हैं। यदि जहरीले पदार्थ का इस्तेमाल किसी व्यक्ति या भीड़ को नुकसान पहुंचाने की साजिश में किया गया हो, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराएं लग सकती हैं। —————————————- ये खबर भी पढ़ें… मुहर्रम जुलूस में मारपीट, लोगों को लाठी-डंडे और प्लास्टिक पाइप मारते दिखे युवक, भगदड़ की स्थिति बनी उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान हवा में कार ब्लास्ट के मामले के बाद अब लाठी-डंडों से हमला करने का वीडियो सामने आया है, जो 25 जून, यानी शुक्रवार को नई सड़क इलाके का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक डंडे लेकर खड़े नजर आते हैं। जैसे ही जुलूस आगे बढ़ता है, वे अचानक लोगों पर हमला शुरू कर देते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

खड़ी कार का एयरबैग खुलने से युवक की मौत:15 साल पुरानी थी कार, अचानक एक्टिव हुआ सेफ्टी सिस्टम; महाराष्ट्र के ठाणे की घटना

महाराष्ट्र के ठाणे में एक खड़ी कार में अचानक एयरबैग खुलने से 25 साल के कार डीलर की मौत हो गई। युवक का नाम मोहित सोनी है। वह एक 15 साल पुरानी कार के अंदर बैठा था। तभी अचानक गाड़ी का सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हो गया। एयरबैग इतनी तेजी से खुला कि उसके जोरदार झटके से उसकों गंभीर चोटें आईं। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। युवक को चोट कहां लगी इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। यह घटना बुधवार को ठाणे के काशिमीरा इलाके में हुई। पुलिस ने जानकारी शनिवार को दी। घटना के बाद की 2 तस्वीरें… पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया ठाणे पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि कार भले ही पुरानी थी, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार उसके पास वैलिड फिटनेस सर्टिफिकेट था। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है। पुलिस जांच के लिए ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स से भी सलाह ले रही है। एयरबैग खुलने की स्पीड 200 से 300 किमी/घंटा के बीच हो सकती है। इस वजह से तेज झटका लगता है। इससे बचने के लिए सीट बेल्ट लगाना जरूरी होता है। सीट बेल्ट ना लगाने की स्थिति में जोरदार झटका लगने से गंभीर चोट लग सकती है या मौत भी हो सकती है। एयरबैग क्या है एयरबैग कार का एक सेफ्ट टूल है। ये गुब्बारे की तरह कॉटन का बना एक थैला होता है। जिस पर सिलिकॉन की कोटिंग होती है। कार की टक्‍कर होने जैसा फील होते ही यह तुरंत एक्टिव होकर कार में बैठे व्यक्ति को स्टीयरिंग व्हील, डैशबोर्ड या दरवाजों से यात्री के सिर और छाती को टकराने से बचाता है। इसके खुलने की प्रोसेस सेंटीकंड्स में होती है। एयरबैग कैसे काम करता है एयरबैग से दूरी 10 इंच रखना जरूरी, तभी सुरक्षित ——————- महाराष्ट्र की ये खबर भी पढ़ें… महाराष्ट्र में TET पेपर लीक, कल एग्जाम होना था:सरकार ने परीक्षा रद्द की, पेपर ठाणे से बरामद; सरकारी टीचर्स के लिए ये परीक्षा जरूरी महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर करीब 24 घंटे पहले लीक हो गया। एग्जाम रविवार को होना था। महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने इसके बाद परीक्षा स्थगित कर दी है। नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें

बिंदोली में नाचने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या:हॉस्पिटल ले जाने लगे तो गाड़ी को घेरा, डंडे-पत्थर बरसाए; एक घंटे तक रोके रखा

पाली जिले के सोजत रोड थाना इलाके में बिंदोली में DJ पर नाचने के विवाद में युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। जब घायल युवक को हॉस्पिटल ले जाने लगे तो आरोपियों ने कार को घेर लिया और डंडे-पत्थर बरसाए। आरोपियों ने करीब 1 घंटे तक कार को रोके रखा। इसके बाद ग्रामीणों के दखल पर एंबुलेंस बुलाई गई और घायल युवक को सोजत के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, यहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला खारिया सोढ़ा गांव का है। नाना के साथ शादी में आया था युवक
थानाधिकारी कमला लोहार ने बताया- अंकित वाल्मीकि (22) निवासी पीपाड़, जोधपुर की पीट-पीटकर हत्या की गई है। अंकित बचपन से ही अपने नाना मोहब्बत लाल के पास बिलाड़ा (जोधपुर) में रहता था। शुक्रवार को अंकित अपने नाना के साथ उनके साढू के पोते की शादी में शामिल होने खारिया सोढ़ा गांव आया था। डीजे पर नाचने के दौरान हुआ विवाद
थानाधिकारी ने बताया- शुक्रवार रात को करीब 11 बजे बिंदोली निकल रही थी। इस दौरान डीजे बज रहा था। डीजे पर नाचने के दौरान अंकित का शादी में आए मेहमानों के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मेहमानों के गुट ने अंकित पर हमला बोल दिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। इसके चलते अंकित घायल होकर जमीन पर गिर गया। हॉस्पिटल लेकर जाने लगे तो कार को घेरा
उन्होंने बताया- आस-पास के लोगों ने घायल अंकित को संभाला। शादी में आए अंकित के रिश्तेदार विक्रम ने इको कार निकाली और उसको सोजत हॉस्पिटल ले जाने के लिए निकलने लगा। इतने में आरोपियों ने कार को घेर लिया और डंडे-पत्थर बरसा दिए। आरोपियों ने करीब 1 घंटे तक कार को रोके रखा। ग्रामीणों के दखल के बाद बुलाई गई एंबुलेंस
थानाधिकारी ने बताया- दूसरे रिश्तेदारों और ग्रामीणों के दखल के बाद एंबुलेंस बुलाई गई और अंकित को सोजत के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी रतनाराम देवासी के साथ अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। उधर, अंकित के परिजनों ने सोजत निवासी मदनलाल वाल्मीकि सहित 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अंकित पेशे से टैक्सी ड्राइवर था। 2 साल शादी पहले उसकी शादी सोजत के अटबड़ा गांव में हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है।

मुहर्रम जुलूस में मारपीट का वीडियो:लोगों को लाठी-डंडे और प्लास्टिक पाइप मारते दिखे युवक, भगदड़ की स्थिति बनी

उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान हवा में कार ब्लास्ट के मामले के बाद अब लाठी-डंडों से हमला करने का वीडियो सामने आया है, जो 25 जून, यानी शुक्रवार को नई सड़क इलाके का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक डंडे लेकर खड़े नजर आते हैं। जैसे ही जुलूस आगे बढ़ता है, वे अचानक लोगों पर हमला शुरू कर देते हैं। हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन जाती है। कुछ लोगों के चोटिल होने की भी जानकारी सामने आई है। वीडियो में कुछ लोग हमलावर युवकों का पीछा करते हुए भी दिखाई देते हैं, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एक सप्ताह में दूसरी घटना एक सप्ताह के भीतर मुहर्रम जुलूस में मारपीट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी विवाद हुए थे। बड़नगर में मुहर्रम जुलूस के दौरान कार में विस्फोट कर प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा 18 जून की रात बेगमबाग में निकले घोड़ा जुलूस के दौरान भी युवकों के बीच विवाद हो गया था, जो बाद में लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गया था। वायरल वीडियो के आधार पर जांच पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने और घटना की पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। …………………….. यह खबर भी पढ़ें मुहर्रम के जुलूस में हमले का प्रदर्शन, VIDEO:उज्जैन के बड़नगर में क्रेन पर वैन लटकाई और विस्फोट से उड़ा दिया, लिखा- ले फिर आ गए उज्जैन के पास बड़नगर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक वैन (टाटा मैजिक) में किए गए विस्फोट का वीडियो सामने आया है। घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है। बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। पढ़ें पूरी खबर