ब्रेकिंग न्यूज़
हाईवे पर खड़ी स्लीपर बस को रोडवेज ने मारी टक्कर:8 सवारियां घायल, चीख-पुकार मची; जयपुर- आगरा रूट पर लगा लंबा जाम

भरतपुर में मंगलवार को आगरा- जयपुर नेशनल हाईवे पर खड़ी एक स्लीपर कोच बस को पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 सवारियां घायल हो गई, जिनका आरबीएम हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना के बाद रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। घटना चिकसाना थाना इलाके में कदम कुंज होटल के पास मंगलवार की शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई। हादसे में स्लीपर कोच बस टक्कर के बाद डिवाइडर पर चढ़ गई, वहीं रोडवेज की बस के शीशे टूट गए। ट्रैफिक सीओ नरेंद्र कुमार ने बताया- राजस्थान रोडवेज की बस ने प्राइवेट स्लीपर कोच को टक्कर मारी है। घटना में 7 से 8 सवारियां घायल हुई हैं। सभी का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। मौके पर क्रेन बुलाकर दोनों बसों को साइड करवाया गया है। स्लीपर कोच बस का ड्राइवर क्रेन का कर रहा था इंतजार
पुलिस के अनुसार- भरतपुर से आगरा की तरफ एक स्लीपर कोच बस जा रही थी। चिकसाना थाना इलाके में कदम कुंज होटल के पास अचानक बस खराब हो गई। ड्राइवर ने बस को डिवाइडर के पास खड़ा कर दिया। बस ड्राइवर क्रेन के आने का इंतजार कर रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में एक रोडवेज बस आई और स्लीपर कोच बस को टक्कर मार दी। रोडवेज बस में करीब 40 सवारियां थीं, जिनमें चीख-पुकार मच गई और करीब 8 सवारियां घायल हो गई। गनीमत रही कि स्लीपर कोच में बस में सवारियां नहीं थी। टक्कर के कारण स्लीपर कोच बस डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दोनों गाड़ियों को साइड में करवाया गया। करीब आधा घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। फिलहाल सभी घायलों का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है।

तेलंगाना DSP के पास मिली ₹300 करोड़ की संपत्ति:रिश्तेदारों, दोस्तों और सहयोगियों के नाम पर खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी

तेलंगाना में एक पुलिस अधिकारी के पास करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति मिली है। सोमवार शाम उन्हें आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान संकीरेड्डी भीम रेड्डी के रूप में हुई है। भीम रेड्डी हैदराबाद में पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं। दोस्तों-सहयोगियों के नाम पर करोड़ों की प्रॉपर्टी
जांच में पता चला है कि रेड्डी ने करोड़ों की प्रॉपर्टी तेलंगाना व कर्नाटक में अपने रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों के नाम पर खरीद रखी थी। तेलंगाना एंटी-करप्शन ब्यूरो ने रेड्डी के घर की तलाशी ली, जिसमें 3.60 लाख रुपए नकद, 2 किलो सोने के गहने और लगभग 20 किलो चांदी के सामान मिले। इसके अलावा लगभग 20 लाख रुपए का बैंक बैलेंस भी मिला है। डीएसपी की एक डायरी से खुले राज रेड्डी से संबंधित 16 जगहों पर 2 जुलाई को छापेमारी की गई थी। जांच अधिकारियों को डीएसपी के हाथ से लिखी एक पर्सनल डायरी मिली है। इसमें प्रॉपर्टी, निवेश, देनदारियों और कथित बेनामीदारों के नाम लिखे थे। बताया जा रहा है कि मई में अपनी पत्नी के साथ चार धाम यात्रा पर जाने से पहले भीम रेड्डी ने यह डायरी लिखकर स्कैन की हुई कॉपी वॉट्सऐप के जरिए अपने दोनों बेटों को भेजी थी। ACB का कहना है कि इसी डायरी के आधार पर जांच एजेंसी को कई संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन का पता लगाने में मदद मिली। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसी संपत्तियों तथा वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर रही है। —————- ये खबर भी पढ़ें…. लोकायुक्त के भीतर रिश्वतखोरी का सिस्टम…पहली बार कैमरे में कैद:3 से 5 लाख रुपए में डील एमपी में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने वाले लोकायुक्त संगठन के भीतर ही रिश्वत लेकर केस कमजोर करने वाला नेटवर्क सक्रिय है। भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में दो कॉन्स्टेबल, एक टेक्नीशियन और एक रीडर कैमरे में रिश्वत की डील करते दिखे। पूरी खबर पढ़ें…

दावा-सिया ने चेतन से 4 महीने पहले सीक्रेट मैरिज की:गवाह बनी दो सहेलियों से पूछताछ जारी, नवंबर में केतन से शादी होनी थी

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में सिया और चेतन को लेकर नई जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सिया गोयल ने केतन से सगाई के बाद अपने प्रेमी चेतन चौधरी से गुपचुप शादी कर ली थी। दावा है कि शादी करीब चार महीने पहले पुणे के रजिस्ट्रार ऑफिस में हुई थी। पुलिस मैरिज सर्टिफिकेट और दूसरे सबूत जुटा रही है। सिया की दो कॉलेज सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है। दावा है कि दोनों शादी में गवाह थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस एक इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट की गई तस्वीरें भी रिकवर करने की कोशिश कर रही है। इन तस्वीरों में सिया और चेतन वरमाला पहने नजर आ रहे थे। पुलिस को शक है कि दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी रजिस्ट्रशन कराया था। सिया और केतन 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। आरोप है कि सिया और चेतन ने केतन को किले से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया था। चेतन के बैंक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियां चेतन चौधरी के बैंक रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या शादी की प्रक्रिया जल्दी पूरी कराने के लिए किसी बिचौलिए को पैसे दिए गए थे। पुलिस को शक है कि उदयपुर में नवंबर में होने वाली शादी की तैयारियां तेज होने के बाद हत्या की साजिश को जल्द अंजाम दिया गया। सिया ने दोस्त से कहा था- शादी जो होने नहीं वाली सिया की स्नैपचैट पर एक दोस्त से की गई बातचीत वायरल हुई थी। इसमें लिखा है- ये शादी नहीं होने वाली है। 25 मई की चैट में सिया अपनी एक दोस्त से शादी की बुकिंग के लिए आधार कार्ड मांगती है। लेकिन इसके बाद लिखा गया एक मैसेज सबसे ज्यादा चर्चा में है- ‘शादी की टिकट के लिए आधार कार्ड फ्रंट-बैक भेज दे, जो होने नहीं वाली लेकिन फिर भी भेज दे। प्लानिंग से मर्डर तक 19 दिन में घटना को अंजाम दिया —————– ये खबर भी पढ़ें… सिया ने केतन मर्डर से पहले राजा रघुवंशी केस पढ़ा:मोबाइल हिस्ट्री से पता चला; यह भी जाना- क्या कस्टडी में महिला से मारपीट होती है पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी जुटाई थी। पुलिस के मुताबिक सिया ने इंटरनेट पर यह भी सर्च किया था कि क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं के साथ मारपीट होती है। यह पूरी जानकारी सिया के दोनों मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से मिली। पूरी खबर पढ़ें… तेलंगाना में पति को ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर डालकर मारा:पत्नी नर्स, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था; छत से धक्का भी दिया था, लेकिन बच गया तेलंगाना में एक नर्स ने प्रेमी के साथ मिलकर 35 साल के पति की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने 30 जून को पति को छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी। जब वह बच गया तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी नस में लगी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…

डीडवाना जिला कारागृह में बंदियों से लिया फीडबैक:विजिटर बोर्ड ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीडवाना में मंगलवार को विजिटर बोर्ड ने जिला कारागृह का औचक निरीक्षण किया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा, प्राधिकरण के सचिव विकास एचरा, जिला कलेक्टर अवधेश मीणा और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान शामिल थे। इनके साथ विजिटर बोर्ड के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उप निदेशक (समाज कल्याण) जयपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जोगेन्द्र ठोलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, अधिशासी अभियंता जितेन्द्र जांगिड़, जिला उद्योग अधिकारी हरेन्द्र बेनीवाल और जिला रोजगार अधिकारी राकेश चौधरी ने जेल इंचार्ज नरेश कुमार की मौजूदगी में कारागृह की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। बंदियों से बातचीत कर जानी सुविधाएं
विजिटर बोर्ड के सदस्यों ने बंदियों से भोजन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। बंदियों ने बताया कि भोजन बनाने और साफ-सफाई का कार्य सभी बंदियों की बारी-बारी से ड्यूटी लगाकर कराया जाता है। प्रत्येक बैरक की सफाई की जिम्मेदारी उसी बैरक के बंदियों के पास रहती है। निरीक्षण के बाद हुई बैठक
निरीक्षण के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में लंबे समय से लंबित पीड़ित प्रतिकर प्रकरणों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जयपुर में शादी का झांसा देकर गर्लफ्रेंड से किया रेप:3 साल तक देता रहा धोखा देता रहा युवक, जेल भेजा

जयपुर में युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी शादी करने का झांसा देकर देहशोषण करता रहा। पिछले तीन साल तक धोखा देने के बाद दूसरी लड़की से शादी कर ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेसी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि जयपुर की रहने वाली 26 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पिछले कुछ साल पहले उसकी आरोपी से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे दोस्ती कर ली। मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर शादी करने वादा कर दुष्कर्म किया। पिछले तीन साल तक शादी करने का झांसा देकर उसके साथ देहशोषण किया। धोखा देकर आरोपी बॉयफ्रेंड ने दूसरी लड़की से शादी कर ली। बॉयफ्रेंड के शादी करने का पता चलने पर पीड़िता ने मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल करवाकर आरोपी बॉयफ्रेंड को सोमवार शाम अरेस्ट किया।

प्रतापगढ़ मंडी में जलभराव-अतिक्रमण को लेकर किसानों का प्रदर्शन:7 दिन का अल्टीमेटम, नीलामी डोम में निजी माल भरने का आरोप; मंडी अधिकारी ने दिया सुधार का आश्वासन

प्रतापगढ़ कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने मंडी अधिकारी उज्ज्वल जैन से मुलाकात की और अपनी नाराजगी व्यक्त की। 7 दिन का अल्टीमेटम दिया
जिला सह प्रचार प्रमुख सागर प्रजापत ने बताया कि किसानों ने मंडी परिसर में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्याज-लहसुन डोम में जलभराव
किसानों ने प्याज और लहसुन नीलामी डोम में जलभराव तथा पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि बारिश में उन्हें अपनी उपज पानी और कीचड़ के बीच रखनी पड़ती है, जिससे फसल खराब होने और आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। नीलामी डोम में निजी माल रखने का आरोप
किसानों ने नीलामी डोमों पर व्यापारियों द्वारा निजी माल के भंडारण और अतिक्रमण का भी विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के लिए बने डोमों का उपयोग निजी गोदाम के रूप में हो रहा है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। किसान संघ ने ऐसे अतिक्रमण तत्काल हटाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, किसानों ने मंडी परिसर में गंदगी, कचरे के ढेर, जलभराव से बढ़ते मच्छरों के प्रकोप, अनुपयोगी किसान भवन और किसानों के लिए बैठने, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारी बोले- सम्मानजनक वातावरण देना प्रशासन की जिम्मेदारी
जिला बीमा एवं अनुदान प्रमुख दिलखुश पाटीदार ने कहा – किसानों को सम्मानजनक वातावरण में अपनी उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना मंडी प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं संभाग मंडी विपणन सदस्य बाबूलाल गायरी ने कहा कि किसानों के लिए बने नीलामी डोमों पर निजी भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इन्हें तत्काल खाली कराया जाना चाहिए। मंडी अधिकारी बोले- 7 दिन में होगा सुधार
मंडी अधिकारी उज्ज्वल जैन ने किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सात दिनों में आवश्यक सुधार और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मंडी प्रशासन की होगी।

बाड़मेर में बादल छाए, उमस ने छुड़ाए पसीने:रात का तापमान 4 डिग्री गिरा; अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

बाड़मेर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिनभर सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। रात का तापमान गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी मेघगर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। दरअसल, तीन साल बाद इस बार मानसून जुलाई में आया है। यह करीब 10 दिन देरी से पहुंचा है। सोमवार को बाड़मेर जिले के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि 70 प्रतिशत क्षेत्र में अभी तक बारिश नहीं हुई है। बाड़मेर शहर में सोमवार शाम को हुई 6 मिमी बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गई थीं। सोमवार को सबसे अधिक 38 मिमी बारिश नोखड़ा में दर्ज की गई। सोमवार को आए अंधड़ से ग्रामीण इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल भी गिर गए। मंगलवार को सुबह से घने बादल छाए हुए है। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए हैं। लोग पसीने से तरबतर नजर आए। 5 साल बाद सबसे गर्म जुलाई, 42.5 डिग्री तक पहुंचा पारा
इस बार मानसून के देरी से आने की वजह से गर्मी भी ज्यादा रही है। मानसून की एंट्री हुई है। सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 42.5 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 26.5 डिग्री पहुंच गया। वहीं, 5 साल में जुलाई सबसे गर्म रहा है। जुलाई 2025 में अधिकतम 38, 2024 में 41.2, 2023 में 39.6, 2022 में 38.2, और 2021 में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

मुंबई में भारी बारिश-भूस्खलन से 2 ट्रेनों का रूट बदला:जोधपुर मंडल की दो ट्रेनें रीशेड्यूल; गांधीधाम और यशवंतपुर एक्सप्रेस देरी से होंगी रवाना

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन में अत्यधिक पानी भरने और मध्य रेलवे के मुंबई डिवीजन के दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रेलवे की ओर से 2 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर ट्रेन 6 जुलाई को जोधपुर से रवाना हुई। वह बदले हुए रूट सूरत-पालधी-जलगांव-मनमाड-दौंड कार्ड केबिन होकर संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14805 यशवंतपुर-बाड़मेर ट्रेन 6 जुलाई को यशवंतपुर से रवाना हुई है। वह बदले रूट दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत होकर संचालित होगी। लिंक रैक की देरी से जोधपुर मंडल की दो ट्रेनें रीशेड्यूल लिंक रैक में देरी से उपलब्ध होने के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर दो प्रमुख ट्रेनों के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- लिंक रैक समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रेन संख्या 22483 भगत की कोठी-गांधीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार 7 जुलाई को भगत की कोठी से अपने निर्धारित रवाना होने के समय रात्रि 11 बजे के स्थान पर 5 घंटे की देरी से बुधवार को सुबह 4 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 16588 बीकानेर-यशवंतपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 7 जुलाई को बीकानेर से निर्धारित समय शाम 7 बजे के स्थान पर 10 घंटे की देरी से 8 जुलाई को सुबह 5 बजे रवाना होगी। यह परिवर्तन सिर्फ एक दिन के लिए किया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली से लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

राजलदेसर सीएचसी का लोगों ने किया घेराव:डॉक्टर की पुनर्नियुक्ति के विरोध में किया प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

चूरू जिले के राजलदेसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डॉ. कपिल धाभाई की पुनर्नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार दोपहर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सीएचसी परिसर में इस पुनर्नियुक्ति के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को और सीएमएचओ मनोज शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें डॉक्टर की नियुक्ति तुरंत निरस्त करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गत 19 मई को एक युवक के इलाज में कथित लापरवाही से मौत हो गई थी, जिसके बाद बड़ा आंदोलन हुआ था। उस समय प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत डॉक्टर का तबादला कर उन्हें राजलदेसर से हटा दिया गया था। बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी
अब उसी डॉक्टर को वापस नियुक्त किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि डॉक्टर की पुनर्नियुक्ति रद्द नहीं की गई और समझौते की शर्तों का पालन नहीं हुआ, तो वे बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि चिकित्सा विभाग ने डॉक्टर को वापस सीएचसी में नियुक्त कर नियमों और शर्तों का उल्लंघन किया है।

स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों ने पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ:'कोर्ट वाली दीदी' शिकायत पेटी स्थापित, नशे पर भी जागरूक किया

खैरथल और किशनगढ़बास के विभिन्न स्कूलों में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ के तहत कानूनी साक्षरता एवं संवेदीकरण शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशे के दुष्परिणाम और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। स्कूलों में ‘कोर्ट वाली दीदी’ नामक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल आनंद नगर, खैरथल में आयोजित शिविर में छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें, क्योंकि साइबर ठग इन जानकारियों का दुरुपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) कुड़ी ने एक्सिस उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा मुंसिफ मजिस्ट्रेट खुशबू कंवरिया ने एंजल अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता और कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं, अपराध बढ़ते हैं, आर्थिक नुकसान होता है और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। शिविर में बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी याद रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सहायता और 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल मदद के लिए उपलब्ध हैं। उधर, किशनगढ़बास में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दीपेंद्र माथुर ने पैराडाइज उच्च माध्यमिक विद्यालय, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश जगदीश प्रसाद मीणा ने मेमोरियल उच्च माध्यमिक स्कूल और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. सुरभिसिंह ने ब्लू बेल्स माध्यमिक स्कूल में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी जागरूकता की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की शिकायतों के सुरक्षित एवं गोपनीय निस्तारण के उद्देश्य से ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी स्थापित की गई। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य ममता यादव, पूनम खत्री, नीलम खत्री, मृदुला शर्मा, हरेंद्र सिंह चौधरी, सुरेश भारद्वाज, अशोक कुमार, वर्षा रानी, निर्मला देवी सहित स्कूलों का स्टाफ उपस्थित रहा।