ब्रेकिंग न्यूज़
हाईवे पर खड़ी स्लीपर बस को रोडवेज ने मारी टक्कर:8 सवारियां घायल, चीख-पुकार मची; जयपुर- आगरा रूट पर लगा लंबा जाम

भरतपुर में मंगलवार को आगरा- जयपुर नेशनल हाईवे पर खड़ी एक स्लीपर कोच बस को पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 सवारियां घायल हो गई, जिनका आरबीएम हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना के बाद रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। घटना चिकसाना थाना इलाके में कदम कुंज होटल के पास मंगलवार की शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई। हादसे में स्लीपर कोच बस टक्कर के बाद डिवाइडर पर चढ़ गई, वहीं रोडवेज की बस के शीशे टूट गए। ट्रैफिक सीओ नरेंद्र कुमार ने बताया- राजस्थान रोडवेज की बस ने प्राइवेट स्लीपर कोच को टक्कर मारी है। घटना में 7 से 8 सवारियां घायल हुई हैं। सभी का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। मौके पर क्रेन बुलाकर दोनों बसों को साइड करवाया गया है। स्लीपर कोच बस का ड्राइवर क्रेन का कर रहा था इंतजार
पुलिस के अनुसार- भरतपुर से आगरा की तरफ एक स्लीपर कोच बस जा रही थी। चिकसाना थाना इलाके में कदम कुंज होटल के पास अचानक बस खराब हो गई। ड्राइवर ने बस को डिवाइडर के पास खड़ा कर दिया। बस ड्राइवर क्रेन के आने का इंतजार कर रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में एक रोडवेज बस आई और स्लीपर कोच बस को टक्कर मार दी। रोडवेज बस में करीब 40 सवारियां थीं, जिनमें चीख-पुकार मच गई और करीब 8 सवारियां घायल हो गई। गनीमत रही कि स्लीपर कोच में बस में सवारियां नहीं थी। टक्कर के कारण स्लीपर कोच बस डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दोनों गाड़ियों को साइड में करवाया गया। करीब आधा घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। फिलहाल सभी घायलों का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *