सड़क किनारे खड़े तीन भाइयों को पिकअप ने कुचला, मौत:उल्टी होने पर बोलेरो से नीचे उतरे थे, पीछे से चपेट में लिया

जोधपुर के बालेसर में आगोलाई के पास पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए 3 चचेरे भाइयो को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई, बोलेरो में बैठे दो बच्चों को मामूली चोट आई है। गाड़ी में 5 बच्चे, एक महिला समेत 10 लोग सवार थे। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे 125 पर शुक्रवार रात 10 बजे हुआ। दयालनाथ की पत्नी को लेकर लौट रहे थे बालेसर थानाधिकारी मूल सिंह भाटी ने बताया-हादसे में जोधपुर जिले के गंगाणा चोखा गांव निवासी राजूनाथ (28) पुत्र सूरम नाथ कालबेलिया, दयालनाथ (27) पुत्र बाबू नाथ और प्रकाश नाथ (25) पुत्र दोलानाथ के रूप में हुई है। मृतकों के चचेरे भाई चनानाथ ने बताया- दयालनाथ की पत्नी पप्पू देवी पीहर गई हुई थी। उसके साथ उसके 5 बच्चे (2 बेटे, 3 बेटी) भी थे। दयालनाथ उन्हीं को वापस लेने के लिए अपने ससुराल टिबड़ी गांव गया था। इस दौरान उसका बड़ा भाई माणकनाथ, राजूनाथ और प्रकाशनाथ भी साथ आए थे। वापस लौटते समय आगोलाई में कालका माता मंदिर के पास नेशनल हाईवे 125 पर राजूनाथ को उल्टी होने पर बोलेरो सड़क किनारे रोक दी। इस दौरान दयाल और प्रकाश भी गाड़ी से उतर गए, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने बोलेरो और तीनों भाइयों को टक्कर मार दी। दो बच्चों को मामूली चोट आई हादसे में बोलेरो के पास खड़े तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दो बच्चे मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया और उनका उपचार किया गया। शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। बालेसर पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। तीनों भाई जोधपुर की खानों में मजदूरी करते थे। दयाल और प्रकाश के दो भाई और दो बहनें है। राजू के एक भाई और 4 बहनें है।

राम मंदिर के बाद केदारनाथ-बद्रीनाथ से चढ़ावा चोरी का आरोप:कर्मचारियों को नोटिस, तीन दिन में जवाब मांगा; जांच के लिए CCTV सुरक्षित रखा

अयोध्या के राम मंदिर के बाद अब केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिर से भी चढ़ावा चोरी का आरोप लग रहा है। धार्मिक संगठन भैरव सेना के अध्यक्ष संदीप खत्री ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को पत्र लिखकर BKTC अध्यक्ष के निजी सहायक पर चोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद BKTC के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने निजी सहायक समेत सभी ड्यूटी कर्मचारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। मंदिर के सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति इस मामले को गंभीरता से ले रही है। जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले पर सीएम पुष्कर सिंह धामी की तरफ से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है। सरकार मामले में मंदिर समिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 5 पॉइंट में पूरी खबर… 1. वीडियो वायरल होने के बाद उठी आवाज- यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें मंदिर की दान व्यवस्था और दानपात्रों से निकाली जाने वाली राशि को लेकर सवाल उठाए गए। इसके बाद धार्मिक संगठन भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने BKTC को एक पत्र सौंपा। इसमें BKTC अध्यक्ष के कथित निजी सहायक (PA) और अन्य ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों पर दान के रुपए में गड़बड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए गए। 2. अंदर से ही हुई मुखबिरी- संदीप खत्री के मुताबिक, इस कथित गड़बड़ी की खबर मंदिर समिति के अंदरूनी सूत्र ने भैरव सेना संगठन तक पहुंचाई थी। सूचना यह थी कि पिछले कुछ समय से दान की गिनती के दौरान हेरफेर किया जा रहा है। 2 जुलाई 2026 को जैसे ही सीसीटीवी कैमरे में एक कर्मचारी की स्थिति संदिग्ध दिखाई दी, इसकी सूचना तुरंत भैरव सेना को दी गई, जिसके बाद संगठन ने तुरंत एक्शन लेते हुए BKTC के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंप दिया। 3. BKTC के कर्मचारियों को नोटिस जारी- बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने संज्ञान लेते हुए आरोपी निजी सहायक समेत सभी ड्यूटी पर तैनात 4 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर 3 दिन के अंदर जवाब मांगा है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच के लिए विशेष चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में विधि अधिकारी शिशुपाल सिंह बर्तवाल, वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी शामिल हैं। 2 जुलाई की संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। हालांकि, प्रबंधन के अनुसार फुटेज को जूम करने पर तस्वीर धुंधली होने के कारण फिलहाल पहचान पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। 4. BKTC अध्यक्ष बोले- मेरे पास कोई निजी सचिव नहीं- हल्द्वानी पहुंचे बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर जिस कर्मचारी को अध्यक्ष का ‘निजी सचिव’ या ‘निजी सहायक’ बताया जा रहा है, वह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। अध्यक्ष ने साफ किया कि उनका कोई पर्सनल पीए नहीं है। संबंधित कर्मचारी बीकेटीसी का एक नियमित (परमानेंट) सरकारी कर्मचारी है, जो पूर्व में भी तीन अलग-अलग अध्यक्षों के कार्यकाल में वैयक्तिक सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुका है। अध्यक्ष ने आगे कहा कि यदि जांच के बाद आरोप सही पाए जाते हैं और कोई भी कर्मचारी दोषी मिलता है, तो उसे बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या मामले के बाद से ही BKTC पहले से सतर्क थी और परिसर में हाई-रेजॉल्यूशन (उच्च क्षमता) के कैमरे लगाए गए हैं ताकि पूरे परिसर की साफ रिकॉर्डिंग हो सके। 5. निष्पक्ष जांच की मांग और दान की प्रक्रिया- बद्रीनाथ धाम के पूर्व रक्षा प्रवक्ता एवं तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष अमित सती ने मांग की है कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। केवल कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि दान-चढ़ावे की पूरी व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास न टूटे। मंदिर समिति के अनुसार, दानपात्रों से चढ़े हुए रुपए को निकालने और गिनने की एक तय पारदर्शी प्रक्रिया है। इस दौरान मंदिर के अधिकारी, बैंक के कर्मचारी और अन्य अधिकृत लोग मौजूद रहते हैं और यह पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में होती है। गिनती के बाद पूरी राशि को बैंक में जमा कराया जाता है और रसीदों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। BKTC का विवादों से पुराना नाता नए मामले ने BKTC की विश्वसनीयता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ समय से समिति लगातार कई अन्य प्रमुख विवादों को लेकर भी चर्चा में रही है- क्या है BKTC और क्यों हुआ था गठन श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का गठन द यूपी श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ टेंपल एक्ट 1939 के तहत किया गया था। यह कानून मंदिरों के बेहतर प्रशासन और प्रबंधन के लिए बनाया गया था। इस अधिनियम में समिति की संरचना, उसके अधिकार, मंदिर संचालन, व्यवस्था बनाए रखने और नियम बनाने से जुड़ी बातें तय की गई हैं। यानी समिति के पास मंदिरों के प्रशासन और व्यवस्था को लेकर निर्णय लेने का अधिकार इसी कानून के तहत आता है। ——————————————————— ये खबर भी पढ़ें… प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी का भूमि विवाद हाईकोर्ट पहुंचा:लोगों को हटाने, महिलाओं-बच्चों को रोकने का आरोप; SDM-SHO तलब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायरा वाड्रा से जुड़ा किच्छा का चर्चित 8 एकड़ खान फार्म भूमि विवाद अब उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है। जबरन कब्जे और प्रशासन की कथित मिलीभगत के आरोपों वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने संबंधित एसडीएम और किच्छा कोतवाली के थानाध्यक्ष को 6 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। साथ ही सिविल कोर्ट के 11 जून के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए

अलवर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश (50) के परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश 25 लाख से ज्यादा की ज्वेलरी और 40 हजार रुपए कैश लूट ले गए। विरोध करने पर असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे का सिर फोड़ दिया। घटना आज (शनिवार) सुबह करीब 6-7 बजे के बीच की है। सदर थाना इलाके के अपना घर शालीमार आवासीय सोसायटी निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह 6 बजे पत्नी उर्मिला (45) के जगाने पर दूध लेने जाने के लिए उठा। जैसे ही बाहर के बाथरूम में गया, छत से एक नकाबपोश बदमाश ने कनपटी पर कट्टा (देसी पिस्टल) लगा दिया। उसके बाद दो बदमाश और आए, वे घर में घुस गए। एक ने पत्नी के कनपटी पर कट्टा लगा दिया। पत्नी के चिल्लाने पर 14 साल का बेटा बचाने आया, जो आते ही एक बार बदमाशों से भिड़ गया। लेकिन उसे दो बदमाशों ने दबोच लिया और एक ने उसके सिर पर बैट दे मारा। उसके बाद सभी के रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। घर में 8 साल की बेटी नव्या भी थी, जो उस समय सो रही थी।
जीएसटी कमिश्नर ने बताया कि बदमाशों ने बंधक बनाकर सभी के साथ मारपीट की। पूरे घर को छान लिया। पीछे के कमरे की अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखे 20 तोला सोने-चांदी के जेवर ले गए। उर्मिला के कान के कुंडल निकलवाए और पैरों के पायजेब भी ले गए। स्कूल बस आई, बदमाश ने जाकर मना कर दिया पूरा घटनाक्रम सुबह 6 से 7 बजे के बीच का है। उसी बीच बच्चे को लेने स्कूल बस आ गई। बस ड्राइवर ने हॉर्न बजाया तो एक बदमाश ने जाकर मना कर दिया कि आज स्कूल नहीं जाएगा। करीब सवा 7 बजे बदमाशों न गहने लूट लिए और फरार हो गए। असिस्टेंट कमिश्नर ने मशक्कत कर रस्सी से बंधे हाथ-पैर खोले और पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी खंगाले।
किचन में आम खाए, चाय बनाने काे बोला बदमाशों ने किचन में जाकर आम खाए, उसके बाद असिस्टेंट कमिश्नर की पत्नी को चाय बनाने के लिए कहा, लेकिन दूध नहीं था। बदमाश पत्नी को बार-बार धमकाते रहे। बगल में नगर निगम के कमिश्नर का मकान जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के पीछे नगर निगम के कमिश्नर सोहन सिंह नरूका का मकान है, जिसमें दो कमरे बने हुए हैं। वह मकान खाली पड़ा है, उसमें कोई रहता नहीं है। कॉलोनी के लोगों का मानना है कि बदमाश रात को ही असिस्टेंट कमिश्नर के घर की छत पर बगल के मकान के ऊपर से आए। फिर ऊपर की मंजिल पर आराम करते रहे। सुबह जब नीचे का गेट खुला तो परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा एएसपी दीपक कुमार का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

जोधपुर पहुंचे PM मोदी,एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया:पचपदरा रिफाइनरी भी जाएंगे, जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला भी रखेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) राजस्थान के दौरे पर हैं। शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। साथ ही, नए टर्मिनल को देखा। उड़ान योजना की भी शुरुआत की। इसका प्रजेंटेशन PM को दिखाया गया। इसके अलावा राज्य को 2 और महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी बालोतरा की बहुप्रतीक्षित पचपदरा (बालोतरा) रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला (वर्चुअल) भी रखेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12 बजे जोधपुर से पचपदरा पहुंचेंगे। वे यहां दो घंटे रुकेंगे। बालोतरा में प्रधानमंत्री पचपदरा रिफाइनरी परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के लिए रिफाइनरी परिसर में ही डोम बनाया गया है। इसमें 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उधर, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पचपदरा इलाके में आंधी के साथ बारिश हुई। इसके कारण रिफाइनरी क्षेत्र में लगे नेताओं के बैनर फट गए और कई होर्डिंग जमीन पर गिर गए। होर्डिंग-बैनर को ठीक करने के लिए मजदूर सुबह से लगे रहे। 20 अप्रैल को रिफाइनरी में लगी थी आग इसी साल 20 अप्रैल को रिफाइनरी के दो हिस्सों क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में आग लग गई थी। यह घटना 21 अप्रैल को रिफाइनरी के उद्घाटन से एक दिन पहले हुई थी। हादसे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का यहां आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। रिफाइनरी में उद्घाटन से पहले की PHOTOS… पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन:पावटा से एयरपोर्ट तक बंद रहेगा ट्रैफिक, जानिए क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग देखिए…

बेकाबू फॉर्च्यूनर कई फीट उछलकर पलटी, 2 की मौत:गाय को कुचला, फिर पोल-स्कूटी से टकराई; शीशा तोड़ते हुए बाहर उछले युवक

बीकानेर में बेकाबू फॉर्च्यूनर कार कई फीट उछलकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट शुक्रवार रात एक बजे जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में उदासर फांटा के पास हुआ। SHO विक्रम सिंह ने बताया कि कार ने एक गाय को भी कुचल दिया। इसके बाद एक स्कूटी को टक्कर मार दी। आशंका है कि एक्सीडेंट अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। सबसे पहले देखिए- हादसे से जुड़ी PHOTOS… कार के शीशे टूटे, बाहर उछलकर गिरे युवक SHO ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कार के शीशे टूट गए और अंदर बैठे युवक कांच तोड़ते हुए बाहर जा गिरे। एक्सीडेंट में बीकानेर के पूगल के रहने वाले मानवेंद्र सिंह (32) और इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले पुनीत चौधरी (23) की मौत हुई है। पुलिस ने फॉर्च्यूनर से मिले डाक्यूमेंट्स और आधार कार्ड के आधार पर युवकों की पहचान की। स्कूटी सवार युवक भूपेन (19) पुत्र जगदीश राजपूत, निवासी उदासर गंभीर घायल है। ओवरस्पीड की भी आशंका पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की एक वजह ओवरस्पीड मानी जा रही है। आशंका है कि तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर के सामने अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने तेज ब्रेक लगाए, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण कार कई फीट तक उछल गई और बेकाबू हो गई। …. ये खबर भी पढ़िए… सड़क किनारे खड़े तीन भाइयों को पिकअप ने कुचला, मौत:उल्टी होने पर बोलेरो से नीचे उतरे थे, पीछे से चपेट में लिया जोधपुर के बालेसर में आगोलाई के पास पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए 3 चचेरे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई, बोलेरो में बैठे दो बच्चों को मामूली चोट आई है। पूरी खबर पढ़िए…

मां के सामने डंपर ने छात्रा को कुचला, मौत:मॉर्निंग वॉक पर निकली थी, हाल ही में दी थी नीट परीक्षा; ड्राइवर फरार

नदबई कस्बे के खांगरी बाइपास पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने मॉर्निंग वॉक पर निकली छात्रा (17) को कुचल दिया। छात्रा के साथ चल रही मां बाल-बाल बच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। डंपर ने पीछे से चपेट में लिया मृतका के चाचा हरिओम ने बताया कि उनकी भतीजी पायल (17) शनिवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां सुनीता देवी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। सुबह करीब 6:15 बजे जब दोनों खांगरी बाइपास के पास पहुंचे, तभी हलैना की ओर से तेज गति से आ रहे डस्ट से भरे डंपर ने पीछे से पायल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पायल डंपर के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां सुनीता देवी बाल-बाल बच गई, लेकिन बेटी की मौत अपनी आंखों के सामने होते देख उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया डंपर जब्त, ड्राइवर फरार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को भी जब्त कर लिया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। नीट की परीक्षा दी थी, रिजल्ट नहीं आया परिजनों ने बताया- पायल पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने हाल ही में हुई नीट की परीक्षा दी थी और परिणाम का इंतजार कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि पायल डॉक्टर बनकर उनका नाम रोशन करेगी, लेकिन एक तेज रफ्तार वाहन ने उसके सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। पायल के पिता किसान हैं। परिवार की सबसे छोटी बेटी होने के कारण वह सभी की लाड़ली थी।

संदिग्ध अवस्था में मिला सड़क पर मिला युवक का शव:हत्या,आत्महत्या या हादसा हर एंगल पर पुलिस जांच शुरू

भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे के मांडल चौराहा स्थित सर्विस रोड पर किसान कुल्फी के समीप आज शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मांडल निवासी छोटू तंबोली के रूप में हुई है। मौत कैसे हुई अभी क्लियर नहीं प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किसी सड़क दुर्घटना में हुई है या फिर मामला हत्या से जुड़ा है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। क्रेडिट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल।

पीएम मोदी आज करेंगे एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन:उड़ान योजना के सेकेंड फेज की भी करेंगे शुरुआत, जानिए क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही उड़ान योजना के सेकेंड फेज की शुरुआत भी करेंगे। पीएम मोदी शनिवार सुबह 10:45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यहीं से उड़ान योजना के सेकेंड फेज की शुरुआत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 12:15 बजे बालोतरा जाएंगे। वहां रिफाइनरी के साथ लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आदि मौजूद रहेंगे। साथ ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु भी जोधपुर आएंगे। वे सुबह 7:45 से 9 बजे तक जोधपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। 480 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया एयरपोर्ट जोधपुर का नया एयरपोर्ट 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसका नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है। यह पुराने एयरपोर्ट से 6 गुना बड़ा है। इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं। नए टर्मिनल में जोधपुर व राजस्थान से जोड़ते हुए यहां पर्यावरण के लिए प्राणों की आहुति देने वाली अमृता देवी और वीर दुर्गादास की पेंटिंग भी लगवाई गई है। यह भवन आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है। करीब 37 एकड़ क्षेत्र में तैयार हुआ यह टर्मिनल भवन मौजूदा टर्मिनल से 6 गुना बड़ा है और इस टर्मिनल से यात्री क्षमता 10 गुना तक बढ़ जाएगी। भवन का निर्माण 24 हजार वर्गमीटर में किया जा रहा है और इस पर लगभग 480 करोड़ रुपए की लागत आई है। जबकि वर्तमान टर्मिनल केवल 3,900 वर्गमीटर का है।

पीटीईटी-2026: काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन शुरू:16 जुलाई तक चॉइस लॉक, 29 जुलाई से नया सत्र

कोटा वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU )द्वारा आयोजित पीटीईटी-2026 की पहले चरण की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी ने बताया कि अभ्यर्थी 5 हजार रूपए का ऑनलाइन काउंसलिंग शुल्क जमा कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ऑनलाइन शुल्क का भुगतान 15 जुलाई तक ई-मित्र, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिए से किया जा सकता है। वहीं, बी.एड. कॉलेजों की चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉक की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। सह-समन्वयक डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए परीक्षा जिले में स्थित बी.एड. कॉलेजों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें अध्ययन में सुविधा मिल सके। आयोजन समिति सदस्य डॉ. संदीप हुड्डा ने बताया कि पहले चरण के काउंसलिंग परिणाम 21 जुलाई को जारी किए जाएंगे। कॉलेज आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित बी.एड. संस्थान में स्वयं उपस्थित होकर रिपोर्टिंग करनी होगी। उन्होंने बताया कि बी.एड. संस्थानों में नया शैक्षणिक सत्र 29 जुलाई से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को अपवर्ड मूवमेंट का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना देख सकते हैं।

पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में शव दफनाया:टाइल्स लगवाई, 45 दिन तक गुमशुदगी का दावा करती रही; भरतपुर के रहने वाले थे सुरेंद्र

भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार शर्मा की पत्नी ने आगरा में उनकी हत्या की फिर लाश घर के बाथरूम में ही दफना दी। किसी को इस बात का पता न चले, इसके लिए बाथरूम में लाश के ऊपर को मिट्टी में दबाकर ऊपर प्लास्टर और टाइल्स लगवा दीं। इसके बाद महिला करीब 45 दिन तक लोगों से कहती रही कि पति लापता है। शुक्रवार 12 बजे जब पुलिस वेरिफिकेशन करने पहुंची, तो महिला घबरा गई और पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महिला का नाम रूबी है। उसने बताया ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद लाश पर मिट्टी डालकर प्लास्टर करवा दिया था। फिर लेबर बुलाई और फिर टाइल्स भी लगवा दी थी। पुलिस ने बाथरूम का फर्श तोड़कर मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद किया। घटना का खुलासा होने के बाद बड़ी संख्या में आस-पास के लोग जमा हो गए। यह घटना आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की प्राक्षी टावर चौकी इलाके की दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी की है। पहले देखें घटनास्थल की तस्वीरें… भरतपुर के रहने वाले थे सुरेंद्र, 2010 में हुई थी शादी मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। उनकी शादी साल 2010 में इटावा की रहने वाली रूबी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी रिद्धी (13) और छोटी बेटी सिद्धी (9) है। घर में सुरेंद्र, पत्नी रूबी, मां कमला और दोनों बेटियां रहती थीं। सुरेंद्र के पिता राधेश्याम शर्मा टीचर थे, जिनकी पहले ही मौत हो चुकी है। अब जानें पूरा मामला… शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए सुरेंद्र कुमार शर्मा के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान पत्नी रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। इसी बीच सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई की सुबह करीब 9-10 बजे रूबी का उनके पास फोन आया था। उसने कहा कि घर पर पुलिस का कोई मामला हो गया है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को यहां से ले जाओ। अनिल ने जब रूबी से पूरी बात पूछनी चाही तो उसने कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया। उसने सिर्फ इतना कहा कि घर मत आना, मैंने मां और दोनों बच्चियों को पास की एक दुकान पर बैठा दिया है, वहीं से उन्हें अपने साथ ले जाना। अनिल मां और दोनों बच्चियों को लेकर अवधपुरी स्थित अपने घर पहुंचने ही वाले थे कि तभी रूबी का फिर फोन आया। उसने बताया कि सुरेंद्र जबरदस्ती घर का ताला खुलवाकर 5 हजार रुपए लेकर और झगड़ा करके कहीं चले गए हैं। जाते समय उन्होंने कहा था कि 2-3 दिन बाद फोन करके बताएंगे कि वे कहां हैं। इसके अगले दिन यानी 19 मई की शाम को रूबी ने फिर अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन किया। उसने कहा कि यहां उसका मन नहीं लग रहा है, इसलिए उसे भी बच्चों के पास ले जाया जाए। उसी रात अनिल उसे भी अपने घर ले आए। इसके बाद रूबी अपने दोनों बच्चों के साथ करीब 7-8 दिन तक वहीं रही। इस दौरान सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला। अनिल शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य लगातार रूबी से सुरेंद्र के बारे में पूछते रहे, लेकिन वह हर बार उन्हें अलग-अलग बातें कहकर गुमराह करती रही। जब काफी तलाश के बाद भी सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला, तो 26 मई को अनिल शर्मा ने अपने भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद बढ़ा शक अनिल शर्मा ने बताया कि 27 जून को शक होने पर वह अपनी मां को सुरेंद्र के घर से अपने साथ ले आए। इसके बाद उन्हें भरतपुर ले जाकर बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। मां के खाते में आने वाली पेंशन का पैसा रूबी ही खर्च करती थी। अनिल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रूबी ने उन्हें फोन कर घर बुलाया। वह रेणुका धाम कॉलोनी स्थित घर पहुंचे और सुरेंद्र के बारे में पूछा। पहले तो रूबी टालमटोल करती रही, लेकिन जब अनिल ने समझाते हुए कहा, “रोने से कुछ नहीं होगा। अगर कोई बात है तो मुझे सच बता दो। अगर तुम किसी परेशानी में हो, तो मैं तुम्हारी मदद करूंगा और तुम्हारे ऊपर आंच नहीं आने दूंगा।” यह सुनकर रूबी भावुक हो गई और उसने अपने जेठ पर भरोसा करते हुए पूरा सच बता दिया। रूबी ने कहा कि सुरेंद्र ने फांसी लगा ली थी। वह घबरा गई थी, इसलिए उसने शव को घर के बाथरूम की फर्श के नीचे दबा दिया। अनिल शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी रूबी लगातार परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही थी। वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती थी और कई बार उन्हें याद कर रोने लगती थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। रूबी का कबूलनामा सुनने के बाद अनिल शर्मा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान बाथरूम की फर्श पर शक होने पर खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। रूबी ने बताया कैसे छिपाया शव पूछताछ में रूबी ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव पर मिट्टी डालकर प्लास्टर करा दिया था। इसके लिए करीब डेढ़ महीने पहले ही मिस्त्री और लेबर बुलाए थे। इसके बाद बाथरूम में टाइल्स भी लगवा दी थीं, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। शुरुआती जांच में सामने आई यह बात पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर उसके ऊपर मिट्टी डाली गई। इसके बाद प्लास्टर कराया गया और फिर टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पत्नी रूबी से हत्या के कारण और पूरी घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी चेक हुए, फिर भी नहीं मिला सुराग अनिल शर्मा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने रूबी को साथ लेकर सीसीटीवी फुटेज चेक किए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने कई बार रूबी से सुरेंद्र के बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। करीब 7 दिन पहले वह सुरेंद्र के परिवार और मां को फिर उसके घर छोड़ आए थे। डीसीपी ने क्या कहा डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में गाड़ दिया था। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।