पीटीईटी-2026: काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन शुरू:16 जुलाई तक चॉइस लॉक, 29 जुलाई से नया सत्र
कोटा वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU )द्वारा आयोजित पीटीईटी-2026 की पहले चरण की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी ने बताया कि अभ्यर्थी 5 हजार रूपए का ऑनलाइन काउंसलिंग शुल्क जमा कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ऑनलाइन शुल्क का भुगतान 15 जुलाई तक ई-मित्र, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिए से किया जा सकता है। वहीं, बी.एड. कॉलेजों की चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉक की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। सह-समन्वयक डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए परीक्षा जिले में स्थित बी.एड. कॉलेजों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें अध्ययन में सुविधा मिल सके। आयोजन समिति सदस्य डॉ. संदीप हुड्डा ने बताया कि पहले चरण के काउंसलिंग परिणाम 21 जुलाई को जारी किए जाएंगे। कॉलेज आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित बी.एड. संस्थान में स्वयं उपस्थित होकर रिपोर्टिंग करनी होगी। उन्होंने बताया कि बी.एड. संस्थानों में नया शैक्षणिक सत्र 29 जुलाई से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को अपवर्ड मूवमेंट का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना देख सकते हैं।

