चूरू में घरों की छतों का ड्रोन से किया निरीक्षण:मोहर्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रूट का किया दौरा

चूरू शहर में मोहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। मोहर्रम से पहले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नई सड़क, सुभाष चौक, मुमताज हॉस्पिटल के पास, रेलवे स्टेशन, भरतिया रोड, सफेद घंटाघर, गढ़ चौराहा, जैन मार्केट और आलोक सिनेमा सहित विभिन्न इलाकों में घरों की छतों का ड्रोन से निरीक्षण किया। एसडीएम धीरज झाझड़िया, डीएसपी गजेंद्र सिंह, तहसीलदार अशोक गोरा और कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया सहित पुलिस व प्रशासनिक टीम ने ताजिया और अखाड़ा निकाले जाने वाले इलाकों का दौरा किया।
एसडीएम और डीएसपी ने रूट और संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पूरे इलाके का जायजा लेने और संवेदनशील स्थानों पर जवानों की तैनाती के आदेश भी दिए। इसके अलावा झूलते बिजली के तारों और सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। 350 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था
डीएसपी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मोहर्रम के लिए एसपी निश्चय प्रसाद एम के सुपरविजन में सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2 एएसपी, एक डीएसपी, तीन इंस्पेक्टर, सात सब इंस्पेक्टर, 10 एएसआई सहित लगभग 350 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जाएगा। मोहर्रम के दौरान दो ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। CCTV कैमरों से रखी जाएगी कड़ी निगरानी
डीएसपी ने चेतावनी दी कि किसी भी इलाके में गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहा है ताकि कोई असामाजिक तत्व भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश न फैला सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चूरू के सौहार्द को बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जोधपुर एसएन मेडिकल कॉलेज में महिला की देह दान:23 जून को हुई थी डेथ, कॉलेज को इस साल 10वीं बॉडी मिली

जोधपुर के SN मेडिकल कॉलेज में इस साल का दसवां देहदान किया गया। 72 साल की महिला सरोज चौहान की मौत के बाद परिजनों ने उनकी देह शोध कार्यों के लिए मेडिकल कॉलेज को दान की है। बता दें कि महिला का 23 जून को निधन हो गया था। इसके बाद 24 जून को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ दिवंगत का पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए संबंधित मेडिकल संस्थान को सौंप दिया गया। जीवनकाल में देहदान का संकल्प लिया था इस अवसर पर उनके पति सुरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि उनकी पत्नी ने काफी समय पहले में ही जीवनकाल में देहदान का संकल्प लिया था। उनकी इसी इच्छा को पूरा करते हुए उनके दोनों बेटे विशाल, अनुराग, और दोनों बहू पूनम और बीना ने उनकी मृत देह डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को सुपुर्द की। उन्होंने कहा कि देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन एवं शोध कार्य में सहायता मिलेगी। अब तक 263 देहदान हो चुके SN मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की प्रोफेसर डॉक्टर सुषमा कटारिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में अब तक 263 देहदान हो चुके हैं। ये इस साल का 10वां देहदान है।

सिरोही के 150 गांवों में होगा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ:अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद-बजरंग दल की बैठक में लिया ​फैसला

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण बैठक सिरोही जिला कार्यालय में हुई। इसमें संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल का स्थापना दिवस 24 जून से 30 जून तक सिरोही जिले के 150 गांवों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर धर्म जागरण, संगठन विस्तार एवं हिन्दू समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विराट शस्त्र रैली भी निकालेंगे
बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसी क्रम में राष्ट्रीय बजरंग दल के नेतृत्व में एक विराट शस्त्र रैली के आयोजन की घोषणा की गई। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि यह रैली हिन्दू समाज में आत्मबल, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक गौरव का संदेश देगी। सभी कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक सफल बनाने का आह्वान किया गया। संगठन ने संकल्प लिया कि सिरोही जिले में व्यापक स्तर पर धार्मिक, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से हिन्दू समाज को जागरूक एवं संगठित किया जाएगा। बैठक में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रकाश माली, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष कुलदीप प्रजापति, इंडिया हेल्थ लाइन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र गोयली, जिला गोरक्षा प्रमुख राम लाल देवासी, तहसील अध्यक्ष अतुल रावल, तहसील मंत्री कमलेश माली, कपड़ा एसोसिएशन अध्यक्ष माधो सिंह, राष्ट्रीय व्यापार परिषद के जिला प्रभारी नरेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नंद किशोर, अबुराज अध्यक्ष रवि सिंदल, आशीष शर्मा, जोगेश प्रजापत, बहादुर सिंह, महेंद्र और सवाराम वागरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दौसा में महिला के मर्डर का आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार:पुलिस से बचने के लिए 4 राज्यों में फरारी काटी; घर पहुंचते ही पकड़ा गया, 20 हजार का ईनामी था

दौसा कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल ने जमीन विवाद में मर्डर केस में फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी मोहन डूडी को हरियाणा के बावल कस्बे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था। जिस पर ढाई साल पुराने मर्डर केस में 20 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। यह था घटनाक्रम पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2023 को बावड़ीपाड़ा निवासी नरेश कीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हिमांशु शर्मा, आकाश शर्मा सहित 25-30 लोगों ने उसके मकान और दुकान पर हमला कर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की थी। इस घटना में उसकी मां लड्डो देवी की मौत हो गई थी जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे। घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी मोहन डूडी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह अपने पिता के ट्रकों में ड्राइवर के साथ केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में घूमता रहा। आरोपी मोबाइल फोन का उपयोग भी नहीं करता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल था। आरोपी की 2 माह तक निगरानी की साइबर सेल के हैड कांस्टेबल दशरथ सिंह ने करीब दो माह तक लगातार निगरानी और तकनीकी प्रयास किए। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी केरल से हरियाणा लौटा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरियाणा के बावल स्थित पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहन डूडी (26) निवासी जगतपुरा थाना अमरसर, हाल निवासी केशव नगर चौमूं, जयपुर ग्रामीण का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। स्पेशल टीम को मिली सफलता पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएसपी शंकरलाल मीणा तथा डीएसपी धर्मेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में थाना इंचार्ज भगवान सहाय शर्मा और साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम के हैड कांस्टेबल विजय कुमार, हैड कांस्टेबल दशरथ सिंह, कांस्टेबल मीठालाल तथा राहुल को सफलता मिली।

निर्जला एकादशी पर सलूम्बर के मंदिरों में भजन-कीर्तन:द्वारिकानाथ मंदिर में ध्वजारोहण हुआ, चारभुजा मंदिर में भी दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु

गुरुवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर सलूम्बर शहर में विशेष आयोजन हुए। शहर के कई मंदिरों में विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। शहर के चारभुजा मंदिर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। द्वारिकानाथ में ध्वजारोहण वहीं ठाकुर श्री द्वारिकानाथ मंदिर में भी निर्जला एकादशी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर के पुजारी सुनील सेवक ने बताया कि हर साल की भांति इस साल भी मंदिर में ध्वजा परिवर्तन एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। निर्जला एकादशी के अवसर पर शहर के मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों का क्रम चलता रहा।

फलोदी के 583 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए चयनित:519 रेल और 64 हवाई यात्रा के लिए चुने गए, ऑनलाइन लॉटरी से हुआ चयन

फलोदी जिले में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत पात्र आवेदकों के चयन के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले से कुल 583 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया है। 519 रेल और 64 हवाई यात्रा के लिए चुने गए
चयनित 583 यात्रियों में से 519 वरिष्ठजन रेल यात्रा के लिए और 64 वरिष्ठजन हवाई यात्रा के लिए चुने गए हैं। ये चयन देवस्थान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से संपन्न हुआ। राजस्थान सरकार की ये योजना 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के राज्य के मूल निवासी वरिष्ठ नागरिकों को उनके जीवनकाल में कम से कम एक बार निर्धारित तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाती है। जिला कलेक्टर ने चयनित आवेदकों को शुभकामनाएं दीं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने की। इस दौरान एसपी सतनाम सिंह, एसीईओ गौतम चौधरी, एसडीएम पूजा चौधरी, देवस्थान विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक आसेरी और सहायक प्रशासनिक अधिकारी खेमाराम डूडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सांप के डसने से युवक की मौत:खेत में काम करते समय डसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

कोटा जिले के मोडक थाना क्षेत्र के सोहनखेड़ी गांव निवासी एक युवक की सांप के डसने के बाद झालावाड़ जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार सोहनखेड़ी निवासी 27 वर्षीय अनिल पुत्र बाबूलाल 2 दिन पहले खेत में सफाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसे किसी जहरीले जीव-जंतु, संभवतः सांप ने डस लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत रामगंजमंडी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झालावाड़ अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे अनिल की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और मोडक पुलिस को सूचना दी। दोपहर में मोडक पुलिस झालावाड़ अस्पताल पहुंची और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि अनिल खेती के साथ-साथ मजदूरी का कार्य भी करता था।

गोपालपुरा कट पर लगाए बैरिकेड और स्पीड ब्रेकर:हादसे में चाचा-भतीजी की मौत के बाद कार्रवाई, ग्रामीणों की सहमति से लगे

कोटपूतली के नारेहड़ा-पनियाला बाईपास रोड स्थित गोपालपुरा कट पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। ग्रामीणों के आक्रोश और प्रशासन के साथ हुई वार्ता में बनी सहमति के बाद, दुर्घटना संभावित इस स्थल को सुरक्षित बनाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में बैरिकेडिंग की गई और स्पीड ब्रेकर लगाए गए। ये कदम दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मंगलवार को गोपालपुरा कट पर हुए एक भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा और उनकी मासूम भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर स्थाई सुरक्षा उपाय, स्पीड ब्रेकर और अवैध कटों को बंद करने की मांग की थी। एसडीएम योगेश सिंह देवल ने बताया कि गोपालपुरा कट पर हुआ हादसा दुर्भाग्यपूर्ण था। हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों, ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सकारात्मक वार्ता हुई, जिसमें सुरक्षा उपायों पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि आमजन और राहगीरों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वार्ता में तय किए गए सभी सुरक्षा उपायों को अब चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। हाईवे अथॉरिटी के समन्वय से इस पूरे स्ट्रेच पर रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और अन्य आवश्यक कार्य भी जल्द पूरे कराए जाएंगे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने कुछ राहत महसूस की है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास के अन्य खतरनाक कटों पर भी ऐसे ही स्थायी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

ट्रक में घुसी कार, औरंगाबाद के चार लोगों की मौत:दो की हालत गंभीर, एक घंटे फंसे रहे; मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा

मंदसौर में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुई। सीतामऊ थाना पुलिस के मुताबिक, रेनॉल्ट ट्राइबर कार में छह लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के औरंगाबाद के रहने वाले हैं। वे दिल्ली मोबाइल इक्विपमेंट का सामान लेने जा रहे थे, लेकिन इस बीच तितरोद में हादसे का शिकार हो गए। पुलिस के मुताबिक, परिजनों को सूचना दे दी गई है। संभवतः वह गुरुवार देर रात या शुक्रवार सुबह तक मंदसौर पहुंचेंगे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू होगी। चारों शवों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही रखा गया है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। उसमें सवार लोग करीब एक घंटे तक अंदर फंसे रहे। पुलिस से पहले राहगीरों ने रेस्क्यू किया हादसे के बाद कार में सवार लोग करीब एक घंटे तक वाहन में फंसे रहे। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला गया। हादसे में इनकी हुई मौत ये हुए घायल देखिए हादसे के बाद की तस्वीरें… पुलिस बोली- तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेस-वे के निगरानी सिस्टम की मदद से ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीतामऊ थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

लापता युवक के कपड़े, जूते चंबल किनारे मिले:2 महीने बाद भी नहीं लगा सुराग, परिजनों ने तलाश तेज करने की लगाई गुहार

धौलपुर में 18 अप्रैल से लापता युवक का 2 महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। गुरुवार को चंबल नदी के किनारे मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र में उसके कपड़े, जूते और कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। परिजनों ने इन सामानों की पहचान सत्य प्रकाश के रूप में की है। समोना निवासी 28 वर्षीय सत्य प्रकाश पुत्र सुल्तान सिंह 18 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसी दिन उसकी बाइक और मोबाइल फोन पुराने चंबल पुल पर मिले थे। तब से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों ने सामान की पहचान की
गुरुवार को चंबल नदी के किनारे मिले कपड़ों, जूतों और दस्तावेजों की सूचना पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान की। इस घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से मामले में गंभीरता बरतते हुए युवक की तलाश तेज करने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि 2 महीने से परिवार अनिश्चितता और मानसिक तनाव में है, लेकिन सत्य प्रकाश के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने बरामद सामान की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।