ब्रेकिंग न्यूज़
एविल में स्मैक घोलकर बना रहे 'एमडी' जैसा नशा:रिपोर्टर नशेड़ी बनकर पहुंचा सप्लायरों तक, नेटवर्क में डॉक्टर- पूर्व नपा अध्यक्ष का बेटा तक शामिल

पहले एविल इंजेक्शन को गर्म कर उसमें स्मैक मिलाकर दोबारा गर्म करते हैं। ठंडा होने के बाद इसे नस में इंजेक्ट करते हैं। इसके बाद ऐसा नशा होता है मानो हेलीकॉप्टर में उड़ रहे हों। आजकल एमडी जैसा असर भी इसी तरीके से मिल रहा है। यह दावा करते हुए नशेड़ी ने रिपोर्टर के सामने ही दवा अपनी नस में इंजेक्ट कर ली। एक्सपर्ट के मुताबिक, एविल और स्मैक का यह कॉम्बिनेशन बेहद खतरनाक है। इसका ओवरडोज कुछ ही मिनटों में जानलेवा साबित हो सकता है। इस नेटवर्क की पड़ताल के लिए भास्कर रिपोर्टर ने 15 दिन तक नशेड़ियों के बीच रहकर जांच की। जांच में सामने आया कि डॉक्टर के पर्चे के बिना प्रतिबंधित एविल इंजेक्शन किराना दुकानों और घरों से आसानी से बेचा जा रहा है। एक डॉक्टर भी खुफिया कैमरे में अवैध रूप से इंजेक्शन बेचते हुए कैद हुआ। स्मैक की पुड़िया भी आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है। पड़ताल में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे की भूमिका भी सामने आई। जांच के दौरान प्रशासन की कमजोर निगरानी और पुलिस की ढिलाई उजागर हुई। मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा से लगे कई जिलों में नशे का यह तरीका तेजी से फैल रहा है। यह पड़ताल शाजापुर जिले के शुजालपुर में की गई। 15 दिन की पड़ताल में मौत के कारोबार का नेटवर्क उजागर 15 दिन की जांच में रिपोर्टर ने न केवल नशे के सप्लाई नेटवर्क, बल्कि इसे तैयार करने और इस्तेमाल करने की प्रक्रिया भी कैमरे में रिकॉर्ड की। इसके लिए वह कई दिनों तक दो नशे के आदी युवकों के साथ रहा। उनका भरोसा जीतने के बाद रिपोर्टर अवैध रूप से एविल इंजेक्शन और स्मैक की सप्लाई करने वालों तक पहुंचा। रिपोर्टर ने एक नशे के आदी युवक से एविल इंजेक्शन दिलाने की बात कही। शुरुआत में युवक ने यह कहकर मना कर दिया कि पैडलर किसी अनजान व्यक्ति को दवा नहीं बेचते। काफी भरोसा दिलाने के बाद वह रिपोर्टर को शुजालपुर सिटी के बकरी बाजार, रायकनपुरा स्थित बजरंग अखाड़ा रोड के एक घर ले गया। 300 रुपए में दो इंजेक्शन दरवाजा खटखटाने पर एक महिला ने रिपोर्टर को देखकर दवा देने से इनकार कर दिया। लौटते समय महिला ने युवक से साथ आए व्यक्ति के बारे में पूछा। युवक ने कहा, “इन्हें भी लत है। भोपाल से आए हैं और मेरे मेहमान हैं।” इसके बाद महिला तैयार हो गई। रिपोर्टर ने दो इंजेक्शन मांगे। महिला ने 300 रुपए लेकर दूर खड़े रहने को कहा। कुछ देर बाद उसका एक साथी आया और बिना कुछ बोले दो इंजेक्शन सौंप गया। पूर्व नपा अध्यक्ष के बेटे का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड एविल के साथ इस्तेमाल होने वाली स्मैक की सप्लाई का पता लगाने के लिए रिपोर्टर ने अन्य नशेड़ियों से संपर्क किया। जानकारी मिली कि शुजालपुर मंडी की कृष्णानगर कॉलोनी निवासी नवरंगी उर्फ घनश्याम स्मैक का बड़ा सप्लायर है। वह गेहूं के दाने जितनी मात्रा की एक पुड़िया 150 से 200 रुपए में बेचता है। रिपोर्टर उसके घर पहुंचा तो बाहर बैठी महिला ने कहा, “ऐसे मत खड़े रहा करो… सामान लो और निकल जाओ।” पास खड़े नवरंगी ने रुपए लेकर दो पुड़िया दीं और तुरंत वहां से चले जाने को कहा। पड़ताल में पता चला कि नवरंगी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहनलाल अहिरवार का बेटा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस से कथित सांठगांठ के चलते कार्रवाई के बाद भी वह जल्द बाहर आ जाता है। डॉक्टर ने इंजेक्शन देने के साथ सलाह भी दी अगले दिन रिपोर्टर ने उसी नशेड़ी से एविल इंजेक्शन के दूसरे सोर्स के बारे में पूछा। उसने बताया कि डॉक्टर ताहिर हुसैन क्लिनिक चलाते हैं और वहीं से इंजेक्शन मिल जाता है। रिपोर्टर जब क्लिनिक पहुंचा तो वह बंद मिला। बोर्ड पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर डॉक्टर ने शुजालपुर सिटी के नूरपुरा स्थित मस्जिद के पास अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर उसने रिपोर्टर को गौर से देखा, 300 रुपए लेकर एविल इंजेक्शन की दो शीशियां दीं और सावधानी बरतने की सलाह देकर अंदर चला गया। खुलेआम सड़क पर बिकती है स्मैक स्मैक के एक अन्य सप्लायर अल्ली तक पहुंचने के लिए रिपोर्टर नूरपुरा स्थित उसके घर पहुंचा। फोन बंद होने के कारण सीधे घर जाना पड़ा। खिड़की से आवाज देने पर अल्ली बाहर आया, लेकिन दो लोगों को साथ देखकर नाराज हो गया। उसने कहा, “यहां मत आया करो… आगे सड़क पर जाओ, वहीं आता हूं।” करीब 10 मिनट बाद वह तय जगह पर पहुंचा। उसने रिपोर्टर को स्मैक की पुड़िया दी, रुपए लिए और वहीं इंतजार कर रहे दो अन्य युवकों को भी स्मैक बेची। पड़ताल में सामने आया कि यह नेटवर्क बेहद सतर्क तरीके से काम करता है। नए लोगों पर आसानी से भरोसा नहीं किया जाता। हर सौदा पहचान की पुष्टि के बाद ही किया जाता है। कैमरे में कैद हुआ एविल और स्मैक का घातक मिश्रण नशे के आदि युवकों का भरोसा जीतने के बाद रिपोर्टर ने उनसे कहा कि वह एमडी जैसा नशा करना चाहता है, लेकिन महंगी ड्रग खरीदने में सक्षम नहीं है। इसलिए वह एविल और स्मैक से तैयार होने वाले नशे का तरीका जानना चाहता है। शुरुआत में युवक ने मना करते हुए कहा, “यह बहुत खतरनाक है। एक बार इसकी लत लग जाए तो निकलना मुश्किल होता है। हम भी इसी तरह इसकी गिरफ्त में आए थे। एक ही सुई इस्तेमाल करते-करते कई बीमारियां भी हो गईं। लगातार आग्रह के बाद वह तैयार हो गया। उसने एविल इंजेक्शन में स्मैक मिलाई, मिश्रण को गर्म किया, ठंडा करके एक शीशी से दो सिरिंज भर लीं। पहले उसने दूसरे साथी की नस तलाशने की कोशिश की, लेकिन नस नहीं मिलने पर खुद को इंजेक्शन लगा लिया। इसके तुरंत बाद उसने सिगरेट जलाई और कहा, “इसका नशा बहुत तेज होता है। ऐसा लगता है जैसे पूरी शराब की बोतल एक साथ पी ली हो।” इसके बाद दूसरी सिरिंज अपने साथी को लगाई । कुछ ही मिनटों में दोनों नशे के प्रभाव में आ गए। एक सुई, कई लोग… बढ़ता HIV का खतरा इंजेक्शन से नशा करने वाले कई लोग एक ही सिरिंज और सुई साझा करते हैं, जिससे HIV और अन्य रक्त जनित संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। शुजालपुर सिविल अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, इंजेक्शन से नशा करने वाले कई युवक HIV संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक छह मरीज शुजालपुर सिटी के किला क्षेत्र में दर्ज हैं। इसके अलावा नूरपुरा में एक, रायकनपुरा के बकरी बाजार में चार और शुजालपुर मंडी की कृष्णा नगर कॉलोनी में चार मरीज दर्ज हैं। इन तीनों इलाकों में दैनिक भास्कर ने पड़ताल की। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। कई लोगों को पता नहीं कि वो बीमारी की चपेट में हैं। मेडिकल स्टोर्स की निगरानी पर सवाल
जांच में सामने आया कि नशे के इस नेटवर्क को केवल स्थानीय पैडलर ही नहीं, सिस्टम की कमजोरियां भी बढ़ावा दे रही हैं। आरोप है कि कई मेडिकल स्टोर दूसरे लोगों के लाइसेंस पर संचालित हो रहे हैं। मॉनिटरिंग के अभाव में प्रतिबंधित दवाएं आसानी से गलत हाथों तक पहुंच रही हैं। पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, अधिकांश स्मैक पैडलर अपने पास बहुत कम मात्रा में नशा रखते हैं। इससे उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। कई मामलों में केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। आरोप है कि इसके बाद आरोपी जल्द बाहर आकर फिर उसी कारोबार में सक्रिय हो जाते हैं। ये खबरें भी पढ़ें… यूनिवर्सिटी के गार्ड बेच रहे ड्रग्स, स्टूडेंट ग्राहक: पार्ट-1 भास्कर की एक महीने की पड़ताल में खुलासा हुआ कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से स्मैक एमपी के कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस तक पहुंच रही है। बड़े ड्रग डीलर छोटे पैडलर के जरिए पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहे हैं। भास्कर रिपोर्टर ने यूनिवर्सिटी कैंपस से राजस्थान सीमा तक नेटवर्क के चेहरों को खुफिया कैमरे में कैद किया। पढ़ें पूरी खबर… पिज्जा से तेज ड्रग्स-डिलेवरी…राजस्थान से 12 मिनट में पहुंचा रहे: पार्ट-2 भास्कर इन्वेस्टिगेशन के पार्ट-1 में हमने बताया था कि राजस्थान से आने वाली स्मैक भोपाल के यूनिवर्सिटी और कॉलेज कैंपस तक पहुंच रही है। जांच में सामने आया था कि मध्य प्रदेश-राजस्थान के सीमावर्ती जिले तस्करी के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर…

हाईकमान की चेतावनी, बैकफुट पर पंजाब कांग्रेस का बागी गुट:चन्नी बोले- ऑल इज वेल, राणा ने कहा- सब ठीक कर आ रहे; राहुल गांधी का मिलने से इनकार

दिल्ली में हाईकमान के साथ मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस का बागी गुट बैकफुट पर आ गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बागी गुट को हाईकमान ने चेतावनी दी है कि बगावत की तो एक्शन होगा। साथ ही इन्हें दोटूक बोला गया है कि पंजाब प्रधान पद पर राजा वड़िंग ही रहेंगे। उन्हें बदला नहीं जाएगा। इस चेतावनी के बाद बागी गुट के सुर बदल गए। करीब 3 घंटे की मीटिंग के बाद बाहर आकर विधायक राणा गुरजीत ने कहा- हमारी कोई लड़ाई नहीं है। अंदर की बात बाहर नहीं करेंगे। सब ठीक करके ही बाहर आ रहे हैं। वहीं, गुट के मुखिया चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि हमें यहां बुलाया गया था। हमने अपना पक्ष रखा। यह क्लीयर है कि हम पार्टी के साथ हैं। हम राहुल गांधी के साथ हैं। खड़गे के साथ हैं। हम सिर्फ पार्टी को आगे बढ़ाना चाहते हैं। हमने हाईकमान के सामने अपना पक्ष रखा है। जो फैसला हाईकमान का होगा उसे मानेंगे। चन्नी ने कहा कि हम पार्टी के खिलाफ नहीं हैं, पार्टी के साथ चलेंगे। अंत में चन्नी ने कहा- ऑल इज वेल। पंजाब में जो बैठक बुलाई थी, वह बघेल से मिलने के लिए बुलाया थी। बैठक में परगट सिंह और सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद रहे। पंजाब कांग्रेस के बागी गुट की हाईकमान के साथ यह पहली मीटिंग थी। इससे पहले चन्नी और रंधावा ने रणदीप सुरजेवाला से उनके निवास पर मुलाकात की। वहीं, राहुल गांधी ने पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को दिल्ली से छत्तीसगढ़ लौटा दिया और चन्नी गुट से दूरी बना ली। राहुल गांधी चरणजीत चन्नी की प्रेशर टेक्टिस से बेहद खफा हैं। इसलिए, उन्होंने चन्नी को अभी तक मिलने का वक्त नहीं दिया। राहुल ने यह भी क्लियर कर दिया था कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी अब अगले एक-दो दिनों में पंजाब कांग्रेस पर अहम फैसला सुनाकर चन्नी गुटा को झटका दे सकते हैं। उधर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने ग्राउंड लेवल पर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंगों का दौर शुरू कर दिया है। चन्नी से राहुल की नाराजगी के 4 बड़े कारण… ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… कांग्रेस हाईकमान चन्नी से नाराज, राहुल-खड़गे मिलना नहीं चाहते; बगावत पर कभी भी बड़ा फैसला संभव विधानसभा चुनाव से करीब 7 महीने पहले पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान को लेकर हाईकमान में भी मतभेद हो गए हैं। कांग्रेस सोर्सेज के मुताबिक इस मामले में राहुल गांधी की टीम और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अलग-अलग राय है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल व पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल नहीं चाहते थे कि राजा वड़िंग को प्रधान की कुर्सी से हटाया जाए। पढ़ें पूरी खबर…

हिमाचल में फ्लैश फ्लड और बारिश का अलर्ट:कल दोपहर बाद बदलेगा मौसम, आज खिली धूप; 12 शहरों का तापमान 30॰C पार

हिमाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 20 और 21 जुलाई के राज्य के मध्यम ऊंचाई व निचले इलाकों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इस मानसून सीजन में पहली बार रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को भी सावधानी बरतने, ऊंचे क्षेत्रों की यात्राएं टालने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी नालों के आसपास नहीं जाने की एडवाइजी दी गई है। रेड और ऑरेंज अलर्ट किन-किन जिलों में होगा, मौसम विभाग यह कुछ देर में स्पष्ट करेगा। इस दौरान निचले इलाकों में फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन सकती है। जाने कब जारी होता है रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट? रेड अलर्ट: जब 24 घंटे में 204.5 मिमी या इससे ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान हो ऑरेंज अलर्ट: जब 24 घंटे में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी बारिश का पूर्वानुमान हो यलो अलर्ट: जब 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी बारिश का पूर्वानुमान हो 18 जुलाई से बदलेगा मौसम IMD के अनुसार- 18 जुलाई से मौसम बदलेगा। इस दिन कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 19 जुलाई को कुछेक स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। 20 और 21 जुलाई को एक्स्ट्रीमली हैवी रेन (रेड अलर्ट) और 22 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। 12 शहरों का पारा 30 डिग्री पार वहीं प्रदेश में बीते चार दिन से मौसम साफ बना हुआ है। इससे कई शहरों के तापमान में चार से पांच डिग्री तक का उछाल आया है। मैदानी इलाकों में उमस के कारण लोग दिन में घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे। राज्य के 12 शहरों का पारा 30 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। वहीं ऊना का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आज सुबह से ही धूप खिली आज भी राज्य के अधिकांश भागों में सुबह से ही धूप खिली हुई है। इससे तापमान आज भी सामान्य से ज्यादा बना रहेगा। कल (17 जुलाई) भी ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राज्य में परसों से मौसम बदलने का पूर्वानुमान है।

यूपी-बिहार के 18 जिलों में भारी बारिश:असम में 99 गांव डूबे, अरुणाचल में 1 लाख लोग बाढ़ में फंसे; MP के 35 जिलों में सूखा

यूपी के 10 और बिहार के 8 जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव समेत यूपी के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बाढ़, लैंडस्लाइड और बारिश से 1.02 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हुई है और 29 घायल हुए हैं। वहीं, असम के 6 जिलों के 99 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 37,032 लोग प्रभावित हैं। ओडिशा के पुरी में गुरुवार को रथयात्रा के दौरान भी भारी बारिश हो रही है। वहीं, मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, सागर-शहडोल समेत प्रदेश के 35 जिलों में सूखे जैसे हालात हैं। सैटेलाइट इमेज में देखें देश में मानसून की स्थिति… देखें राज्यों में बारिश का अलर्ट… देशभर में मौसम से जुड़ी तस्वीरें… मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

खबर हटके- मच्छरों का पीछा करके मारने वाला ड्रोन:माचिस की डिब्बी में समाई 5.5 मीटर की साड़ी; डाइविंग सूट पहनकर 3 घंटे तैरा कॉकरोच

सिंगापुर में एक कॉकरोच को डाइविंग सूट पहनाकर 3 घंटे तक पानी तैराया गया। वहीं, तेलंगाना के एक बुनकर ने ऐसी साड़ी बनाई, जो माचिस की डिब्बी में पैक हो जाती है। उधर, फिनलैंड में डेटिंग ऐप की जगह अब सुपरमार्केट की पिंक बास्केट ले रही है। अमेरिका के इंजीनियरों ने मच्छर मारने के लिए ड्रोन बनाया है। वहीं, हरियाणा में एक गाय की तेरहवीं पर उसकी पसंद के 6 क्विंटल रसगुल्ले बनवाए गए। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू:UK की व्हिस्की, कारें और ब्यूटी प्रोडक्ट्स सस्ते मिलेंगे; इंस्टामार्ट से अब 30-45 मिनट में LPG सिलेंडर मिलेगा

कल की बड़ी खबर भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से जुड़ी रही। भारत में UK की कारें, व्हिस्की, कपड़े और फुटवियर अब सस्ते मिलेंगे। भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू हो गया है। वहीं स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने LPG सिलेंडर की डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। कल की बड़ी खबर से पहले आज की ये सुर्खियां… अब कल की बड़ी खबरें पढ़ें… 1. UK की व्हिस्की, कारें और ब्यूटी प्रोडक्ट्स सस्ते मिलेंगे: भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, जानें किन चीजों के दाम बदलेंगे भारत में UK की कारें, व्हिस्की, कपड़े और फुटवियर अब सस्ते मिलेंगे। 15 जुलाई से भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू हो गया है। यानी अब भारत के 99% सामानों को UK में जीरो टैरिफ पर निर्यात किया जाएगा। वहीं UK के 99% सामान 3% एवरेज टैरिफ पर आयात होंगे। इससे 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होकर 120 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। करीब 3 साल में 14 राउंड की बातचीत के बाद 24 जुलाई 2025 को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटिश व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने पीएम नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर की मौजूदगी में इस समझौते पर साइन किए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 2. इंस्टामार्ट से अब 30-45 मिनट में LPG सिलेंडर मिलेगा: HPCL के साथ पार्टनरशिप; बेंगलुरु से शुरुआत, 10kg और 5kg के सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने LPG सिलेंडर की डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इसके तहत अब ग्राहक सीधे इंस्टामार्ट ऐप के जरिए ऑन-डिमांड LPG गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। बुधवार, 15 जुलाई को दोनों कंपनियों ने इस सर्विस को लॉन्च करने की जानकारी दी। गैस सिलेंडर की क्विक डिलीवरी के लिए क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ हुई यह देश की पहली पार्टनरशिप है। शुरुआती फेज में इस सर्विस को कर्नाटक के बेंगलुरु में रोलआउट किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिलेंडर की डिलीवरी 30 से 45 मिनट में की जा सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 3. गडकरी बोले- 2004 से पेट्रोल में एथेनॉल मिल रहा: गाड़ियों को नुकसान का कोई सबूत नहीं, माइलेज सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर निर्भर देश में ई-20 पेट्रोल, एथेनॉल, माइलेज और गाड़ियों पर इसके असर को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में इन सभी सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि एथेनॉल से गाड़ियां खराब होने का कोई प्रमाण नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि वैकल्पिक ईंधन से देश का तेल आयात कम होगा, प्रदूषण घटेगा और किसानों की आय बढ़ेगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 4. सोना ₹26 बढ़कर ₹1.42 लाख पर पहुंचा: चांदी ₹264 घटकर ₹2.20 लाख किलो पर आई, कैरेट के हिसाब से देखें गोल्ड की कीमत सोने के दाम में 15 जुलाई को गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 26 रुपए बढ़कर 1.42 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी 264 रुपए घटकर 2.20 लाख रुपए पर आ गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… दुनिया के टॉप-10 सबसे अमीर कौन रहे यह भी देख लीजिए… कल के शेयर बाजार और सोना-चांदी का हाल जान लीजिए… पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की लेटेस्ट कीमत जान लीजिए…

PM मोदी का ‘मिशन पंजाब’:2027 चुनाव का लॉन्च पैड दोआबा, 32% दलित आबादी पर नजर; चंडीगढ़ में ₹2 करोड़ के टेंट में रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को 5 महीने बाद फिर पंजाब आ रहे हैं। चंडीगढ़ में PM दोपहर करीब सवा 1 बजे आएंगे। फिर यहां 2 करोड़ रुपए के AC टेंट में रैली करेंगे। वे यहां 45 मिनट रुकेंगे। इसके बाद जालंधर में उनके 4 कार्यक्रम हैं। सरकारी एजेंडे में ये डेवलपमेंट प्रोजेक्टों का उद्घाटन है लेकिन यह सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहने वाला। इसकी वजह भी है। पहले फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां और अब जालंधर में जनसभा, साफ है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दलित लैंड दोआबा को लॉन्च पैड बना रही है। ऐसे समय जब कांग्रेस अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है, आम आदमी पार्टी सरकार विपक्ष के निशाने पर है और भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव बिसात बिछाने में जुटी है, प्रधानमंत्री का यह दौरा कई राजनीतिक संकेत देता है। PM अभी पंजाब क्यों आ रहे हैं?
प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब चुनाव में 7 महीने का टाइम बचा है। कांग्रेस हाईकमान अभी तक नेतृत्व और संगठन को लेकर कुछ क्लियर नहीं कर पा रहा है। पूर्व CM चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग का गुट आमने-सामने है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी सरकार कानून-व्यवस्था, नशे, उद्योगों के पलायन और वित्तीय स्थिति जैसे मुद्दों पर विपक्ष के निशाने पर है। PM मोदी और भाजपा इसी राजनीतिक माहौल को अवसर के रूप में देख रही है।

PM के दौरे के 3 बड़े राजनीतिक संदेश जानिए, PM बैक टू बैक जालंधर ही क्यों?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पंजाब दौरे के लिए जालंधर को चुना है। पहली नजर में यह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का कार्यक्रम लगता है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके पीछे चुनावी गणित भी है। जालंधर केवल एक शहर नहीं, बल्कि 23 सीटों वाले दोआबा की राजनीति का केंद्र है। जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला और शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) वाला यह इलाका लंबे समय से पंजाब की चुनावी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता रहा है। राज्य की करीब 32 प्रतिशत अनुसूचित जाति आबादी में बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र में रहता है। कई विधानसभा सीटों पर दलित मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस, अकाली दल, आम आदमी पार्टी और अब भाजपा- सभी की नजर दोआबा पर रहती है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि वह सिर्फ शहरी या पारंपरिक वोट बैंक तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पंजाब के नए सामाजिक समीकरणों में अपनी जगह बना रही है। श्री संत रविदास एक्सप्रेस… सिर्फ ट्रेन नहीं, चुनावी संकेत भी
प्रधानमंत्री जालंधर से अमृतसर (छेहर्टा) से वाराणसी जाने वाली नई श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। सरकारी तौर पर इसका उद्देश्य धार्मिक और यात्री सुविधा बढ़ाना है, लेकिन राजनीतिक रूप से इसका महत्व भी कम नहीं माना जा रहा। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, जबकि संत रविदास का दोआबा और रविदासिया समाज में विशेष सम्मान है। ऐसे में यह पहल भाजपा के लिए सांस्कृतिक और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर संदेश देने का माध्यम बन सकती है। भाजपा को क्या राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस दौरे से तीन स्तर पर लाभ लेने की कोशिश करेगी। (हालांकि राजनीतिक जानकार यह भी मानते हैं कि सिर्फ प्रधानमंत्री का दौरा चुनावी सफलता की गारंटी नहीं हो सकता। भाजपा को इसका लाभ तभी मिलेगा जब संगठन गांव और बूथ स्तर तक इसे राजनीतिक समर्थन में बदल पाएगा।) एक्सपर्ट क्या कहते हैं? – राजनीतिक विश्लेषक प्रो. डॉ. कृष्ण कुमार रत्तू का कहना है कि छह महीने में प्रधानमंत्री का दूसरा पंजाब दौरा इस बात का संकेत है कि भाजपा अब पंजाब को गंभीरता से ले रही है। उनके मुताबिक पार्टी विकास, डेरा संपर्क और दलित वोट बैंक के सहारे अपना सामाजिक आधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। – राजनीतिक विश्लेषक एडवोकेट नईम खान मानते हैं कि जालंधर का चयन सोची-समझी रणनीति है। उनका कहना है कि अगर प्रधानमंत्री उद्योग, व्यापार, किसानों, निवेश या रोजगार से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा करते हैं तो उसका राजनीतिक असर सिर्फ दोआबा ही नहीं, पूरे पंजाब में दिखाई दे सकता है।

गुरुवार का टैरोकार्ड राशिफल:सिंह राशि वालों को नया मौका मिल सकता है और मकर राशि वालों की योजना आगे बढ़ेगी

16 जुलाई, गुरुवार को सिंह राशि के नौकरी तलाश रहे लोगों को नया अवसर मिल सकता है। मकर राशि वालों की लंबे समय से तैयार योजना आगे बढ़ेगी। कन्या राशि के लोगों का रुका काम उनकी पहल से पूरा हो सकता है। धनु राशि वालों को विदेश या दूसरे शहर से जुड़ा बिजनेस संपर्क मिलेगा। मीन राशि के लोगों के काम की खुलकर तारीफ हो सकती है। टैरोकार्ड रीडर डॉ. बबीना से जानिए कैसा रहेगा आपका दिन… मेष – फाइव ऑफ वांड्स
आज अलग-अलग विचार सामने आने से कुछ टकराव हो सकता है, लेकिन इससे आपको नई सीख मिलेगी। हर असहमति को विरोध न समझें। किसी योजना को लेकर परिवार या परिचित लोगों की राय अलग हो सकती है। शांत रहकर बातचीत करेंगे, तो समाधान जल्दी मिल जाएगा। पड़ोसी या परिचित से चर्चा के दौरान कोई नया आइडिया मिल सकता है। खर्चों को लेकर सावधानी रखें और खुद पर भरोसा बनाए रखें। करियर – आपके काम की तुलना दूसरे लोगों से की जा सकती है। स्पोर्ट्स, सेल्स, विज्ञापन या जनसंपर्क से जुड़े लोगों को अपनी योग्यता दिखाने का मौका मिलेगा। प्रेजेंटेशन देते समय आत्मविश्वास बनाए रखें। आपकी अलग सोच भीड़ से अलग पहचान दिला सकती है। बहस में समय खराब करने के बजाय नतीजों पर ध्यान दें।
लव – साथी की अलग सोच को ध्यान से सुनने से रिश्ते में संतुलन बना रहेगा। अविवाहित लोगों की मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से हो सकती है, जो अपनी बात खुलकर रखता हो। प्रेम में जीतने के बजाय एक-दूसरे को समझना जरूरी होगा। धैर्य से की गई बातचीत रिश्ते को मजबूत बनाएगी।
हेल्थ – ज्यादा दौड़भाग से पिंडलियों में हल्का खिंचाव हो सकता है। समय-समय पर पानी पीते रहें। योग करने से मन शांत रहेगा।
लकी कलर – ब्राउन, लकी नंबर – 7 वृष – थ्री ऑफ स्वॉर्ड्स
आज कुछ बातें मन मुताबिक न होने से निराशा हो सकती है, लेकिन यही अनुभव आपको मजबूत बनाएगा। मन की बात दबाकर रखने से परेशानी बढ़ेगी। किसी करीबी व्यक्ति की सच्ची सलाह आपको सही दिशा दिखा सकती है। आर्थिक फैसला भावनाओं में बहकर न लें। सच्चाई स्वीकार करने से भविष्य में मानसिक शांति मिलेगी। करियर – निराश होने के बजाय अपनी कमियों को समझने की कोशिश करें। बीमा, कानूनी सलाह, ह्यूमन रिसोर्स या शिकायतों का समाधान करने वाले लोगों को संवेदनशील मामले संभालने पड़ सकते हैं। किसी रिव्यू से जरूरी सीख मिलेगी। आलोचना को निजी तौर पर न लें और उससे अपने काम को बेहतर बनाएं।
लव – मन की बातें न कहने से रिश्ते में दूरी बढ़ सकती है। किसी बात से मन दुखा है, तो सही समय पर शांत तरीके से अपनी बात रखें। पुराने मनमुटाव को बार-बार याद करने से रिश्ता आगे नहीं बढ़ेगा। माफी और साफ बातचीत दोनों जरूरी होंगे। समझदारी से व्यवहार करने पर रिश्ते को नई दिशा मिल सकती है।
हेल्थ – भावनात्मक तनाव का असर शरीर पर दिखाई दे सकता है। सीमित मात्रा में गर्म पेय लेने से राहत मिलेगी। मन हल्का रखने के लिए प्रिय लोगों के साथ समय बिताएं।
लकी कलर – डस्टी रोज, लकी नंबर – 2 मिथुन – नाइट ऑफ वांड्स
आज तेजी से काम करने और नए अनुभव हासिल करने की इच्छा रहेगी। अचानक बनी कोई योजना दिन को दिलचस्प बना सकती है। घर में लंबे समय से रुकी तैयारी आगे बढ़ेगी। किसी नए स्थान पर जाने या नए लोगों से मिलने की संभावना है। फैसला लेते समय केवल उत्साह नहीं, धैर्य भी रखें। करियर – टूरिज्म, ट्रांसपोर्ट, डिफेंस सर्विस, स्पोर्ट्स या फील्ड वर्क से जुड़े लोगों के लिए दिन अनुकूल है। कोई कैंपेन या टारगेट समय से पहले पूरा हो सकता है। नए काम के लिए खुद आगे बढ़ने से फायदा मिलेगा। जल्दबाजी में छोटी गलती हो सकती है, इसलिए काम की अंतिम जांच जरूर करें।
लव – साथी के साथ अचानक घूमने या कोई नया अनुभव साझा करने का मौका मिल सकता है। अविवाहित लोगों की मुलाकात किसी साहसी और मिलनसार व्यक्ति से हो सकती है। खुलकर बातचीत करने से रिश्ता सहज बनेगा। जल्दी किसी नतीजे पर पहुंचने के बजाय संबंध को समय दें।
हेल्थ – ज्यादा दौड़भाग से शरीर जल्दी थक सकता है। यात्रा करने वाले लोग पर्याप्त पानी साथ रखें। दिनभर की भागदौड़ के बाद पूरी नींद लेना जरूरी होगा। संतुलित गति से काम करने पर ऊर्जा बनी रहेगी।
लकी कलर – सनसेट ऑरेंज, लकी नंबर – 9 कर्क – द टॉवर
आज अचानक हुई कोई घटना आपकी सोच बदल सकती है। जो बात पहले मुश्किल लग रही थी, वही नया रास्ता खोल सकती है। घर की व्यवस्था में बदलाव करने की जरूरत होगी। किसी गलतफहमी का अंत होने से मन हल्का रहेगा। तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय परिस्थिति को समझें। हर बदलाव नुकसान देने वाला नहीं होता। करियर – किसी विभाग का पुनर्गठन, नई जिम्मेदारी या काम करने के तरीके में बदलाव आपको नई भूमिका दे सकता है। सिविल इंजीनियरिंग, आपदा प्रबंधन, रियल एस्टेट या इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े लोगों के लिए दिन महत्वपूर्ण रहेगा। किसी सिस्टम या सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण शुरुआत में परेशानी हो सकती है, लेकिन बाद में काम आसान होगा।
लव – रिश्ते में छिपी भावनाएं सामने आ सकती हैं। कोई बात लंबे समय से नहीं कही थी, तो अब उसे साफ करने का समय है। अविवाहित लोगों को किसी व्यक्ति का असली स्वभाव समझने का मौका मिलेगा। सच्चाई स्वीकार करना मानसिक स्थिरता की पहली सीढ़ी बनेगा।
हेल्थ – फिसलन वाली जगहों पर ज्यादा सावधानी रखें। पूरी नींद और हल्का व्यायाम फायदेमंद रहेगा। शरीर की परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर उसकी जरूरत समझें।
लकी कलर – सफेद, लकी नंबर – 1 सिंह – ऐस ऑफ वांड्स
किसी नए विचार को पहली बार असली रूप देने का मौका मिल सकता है। परिवार आपके नए फैसले का समर्थन करेगा। घर में सकारात्मक माहौल रहेगा। किसी नए काम की शुरुआत शुभ रहेगी। लंबे समय से कमजोर पड़ा आत्मविश्वास दोबारा लौटेगा। अवसर का इंतजार करने के बजाय खुद आगे बढ़ने का समय है। करियर – बिजनेस शुरू करने, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, ग्राफिक डिजाइन या डिजिटल कंटेंट बनाने से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। किसी आइडिया पर तुरंत काम शुरू करने के लिए समय अच्छा है। नौकरी तलाश रहे लोगों को नई संभावना दिखाई दे सकती है। पहल करने से दूसरों से आगे निकल पाएंगे।
लव – साथी के साथ रिश्ते में दोबारा उत्साह आ सकता है। अविवाहित लोगों का परिचय किसी दिलचस्प व्यक्ति से हो सकता है। नई बातचीत से मन में खास उत्सुकता जागेगी। अपनी भावनाएं सहजता से व्यक्त करें। प्रेम में स्वाभाविक पहल रिश्ते को नई दिशा देगी।
हेल्थ – सुबह की धूप और हल्का व्यायाम ऊर्जा बढ़ाएगा। तली हुई चीजें कम खाएं। सकारात्मक सोच आपकी शारीरिक क्षमता को मजबूत बनाएगी और दिनभर उत्साह बना रहेगा।
लकी कलर – पिंक, लकी नंबर – 6 कन्या – द मैजिशियन
आज आपकी योग्यता सही समय पर अच्छे नतीजे दे सकती है। जो साधन पहले मामूली लग रहे थे, वही बड़ी उपलब्धि का कारण बन सकते हैं। किसी उलझे काम का व्यावहारिक समाधान आपके सुझाव से निकलेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा। आपकी बातचीत, समझ और स्किल परिस्थितियों को पक्ष में मोड़ सकती है। करियर – सॉफ्टवेयर टेस्टिंग, टेक्निकल राइटिंग, प्रोडक्ट रिसर्च या बिजनेस कंसल्टिंग से जुड़े लोगों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। किसी डेमो या मॉडल की प्रस्तुति सीनियर अधिकारियों को प्रभावित कर सकती है। नए साधनों का समझदारी से उपयोग करें। रुका काम आपकी पहल से आगे बढ़ेगा।
लव – बातचीत से रिश्ते में नजदीकी बढ़ेगी। आपकी सहज अभिव्यक्ति साथी के मन की दूरी कम कर सकती है। किसी अधूरी चर्चा को आज नई दिशा मिलेगी। दिखावा छोड़कर स्वाभाविक रहें। सच्चे शब्द किसी महंगे उपहार से ज्यादा असर छोड़ेंगे और भरोसा मजबूत करेंगे।
हेल्थ – कंधों में हल्की थकान महसूस हो सकती है। काम के बीच छोटे ब्रेक लें। बारिश के मौसम में ताजा और हल्का भोजन पाचन को बेहतर रखेगा।
लकी कलर – ब्लैक, लकी नंबर – 8 तुला – टू ऑफ पेंटाकल्स
एक साथ कई जिम्मेदारियां सामने आ सकती हैं, लेकिन आपकी समझदारी उन्हें आसान बना देगी। घर और निजी कामों के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। आर्थिक योजना में बदलाव करना फायदेमंद होगा। समय का सही इस्तेमाल करने से कई अधूरे काम पूरे हो सकते हैं। परिस्थितियां बदलेंगी, लेकिन संतुलित व्यवहार से सब कुछ संभाल लेंगे। करियर – रिटेल, बिजनेस ऑपरेशन या एयरलाइन सर्विस से जुड़े लोगों को तेजी से फैसले लेने पड़ सकते हैं। शेड्यूल में अचानक बदलाव होगा। छोटे कामों को नजरअंदाज करने से बाद में परेशानी बढ़ सकती है। फ्रीलांस काम करने वाले लोग दो अलग अवसरों के बीच सोच-समझकर फैसला करेंगे।
लव – रिश्ते और निजी समय के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा। साथी आपकी व्यस्तता समझेगा, लेकिन आपको अपनी स्थिति खुलकर बतानी होगी। किसी दोस्त से बढ़ती नजदीकी रिश्ते को नया मोड़ दे सकती है। संतुलित व्यवहार से आपसी भरोसा बढ़ेगा।
हेल्थ – ज्यादा चलने से पैरों के तलवों में थकान हो सकती है। पर्याप्त पानी पिएं और मौसमी फल खाएं। नियमित दिनचर्या से शरीर सक्रिय बना रहेगा।
लकी कलर – ऑलिव, लकी नंबर – 5 वृश्चिक – द मून
आज हर बात वैसी नहीं होगी, जैसी पहली नजर में दिखाई दे रही है। पूरी सच्चाई जानने के लिए थोड़ा समय देना सही रहेगा। मन पुराने अनुभवों की ओर जा सकता है, लेकिन वर्तमान पर ध्यान देना ज्यादा फायदेमंद होगा। परिवार के किसी सदस्य की चुप्पी के पीछे छिपी भावना समझ पाएंगे। जल्दबाजी में कोई नतीजा न निकालें। करियर – फॉरेंसिक, समुद्री रिसर्च, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग या फिल्म एडिटिंग से जुड़े लोगों को खास सफलता मिल सकती है। किसी फाइल या रिकॉर्ड की गहराई से जांच करने पर नया तथ्य सामने आ सकता है। अफवाहों के बजाय प्रमाणों पर भरोसा करें। अधूरी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।
लव – साथी के व्यवहार को बिना समझे गलत अर्थ न दें। कुछ बातें समय के साथ अपने आप साफ हो जाएंगी। अविवाहित लोगों का आकर्षण किसी शांत और रहस्यमय स्वभाव वाले व्यक्ति की ओर बढ़ सकता है। मन की आशंकाओं को तुरंत सच मानने से बचें।
हेल्थ – मौसम की नमी से साइनस या कानों में हल्की परेशानी हो सकती है। सोने से पहले स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें। गुनगुना पानी और शांत वातावरण मानसिक आराम देंगे।
लकी कलर – मिडनाइट ब्लू, लकी नंबर – 4 धनु – थ्री ऑफ वांड्स
आज भविष्य की सोच आपको आगे बढ़ने का मौका देगी। परिवार के किसी सदस्य की नई शुरुआत से उत्साह रहेगा। घर से जुड़े काम का विस्तार करने का विचार बन सकता है। दूर रहने वाले व्यक्ति से उपयोगी खबर मिल सकती है। सीमित दायरे से बाहर निकलकर नए अवसर देखने का सही समय है। करियर – इंटरनेशनल बिजनेस, विदेशी भाषा, समुद्री परिवहन या एक्सपोर्ट सर्विस से जुड़े लोगों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। ऑनलाइन मीटिंग से नया बिजनेस संपर्क बनेगा। अपने काम का दायरा बढ़ाने का साहस रखें। आगे की योजना बनाकर चलने से फायदा मिलेगा।
लव – साथी के साथ किसी साझा लक्ष्य या यात्रा की योजना बन सकती है। लंबी दूरी के रिश्ते में बातचीत पहले से सहज रहेगी। अविवाहित लोगों का परिचय दूसरे शहर या अलग संस्कृति से जुड़े व्यक्ति से हो सकता है। रिश्ते में वर्तमान के साथ भविष्य पर भी विचार होगा।
हेल्थ – पर्याप्त पानी और समय पर भोजन करना जरूरी रहेगा। बारिश में बाहर का खाना कम खाएं। सुबह का हल्का व्यायाम शरीर को संतुलित रखेगा। नियमित दिनचर्या से पूरे दिन ऊर्जा बनी रहेगी।
लकी कलर – लेमन येलो, लकी नंबर – 3 मकर – द स्टार
आज उम्मीद की नई किरण आत्मविश्वास बढ़ाएगी। हाल की किसी चिंता का समाधान धीरे-धीरे मिलने लगेगा। परिवार में सकारात्मक बातचीत से संबंध बेहतर होंगे। किसी अधूरी इच्छा को फिर से पूरा करने का उत्साह जागेगा। प्रेरणा देने वाले व्यक्ति से मुलाकात आपकी सोच को नई दिशा दे सकती है। करियर – पर्यावरण संरक्षण, रिन्यूएबल एनर्जी, साइंटिफिक रिसर्च या सामाजिक विकास के प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों को अच्छी प्रगति मिल सकती है। किसी प्रपोजल पर सकारात्मक जवाब मिलने की संभावना है। लंबे समय से तैयार योजना अब तेजी से आगे बढ़ सकती है। अपनी तैयारी पर भरोसा रखें।
लव – रिश्ते में पहले दूरी आई थी, तो अब मन की गांठें खुल सकती हैं। साथी के साथ भविष्य को लेकर सकारात्मक बातचीत होगी। अविवाहित लोगों की मुलाकात किसी सरल और संवेदनशील व्यक्ति से हो सकती है। धीरे-धीरे भरोसा और नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ – त्वचा की नमी बनाए रखने पर ध्यान दें। पर्याप्त पानी पिएं, ताजे फल खाएं और आराम करें। शाम को खुली हवा में टहलने से मन और शरीर को ताजगी मिलेगी।
लकी कलर – बेज, लकी नंबर – 7 कुंभ – क्वीन ऑफ पेंटाकल्स
आज व्यावहारिक सोच और संवेदनशीलता का अच्छा तालमेल रहेगा। परिवार की किसी महिला सदस्य का सहयोग महत्वपूर्ण साबित होगा। घर की व्यवस्था को ज्यादा सुविधाजनक बनाने की योजना सफल होगी। बचत और खर्च के बीच संतुलन बना रहेगा। जिम्मेदारी निभाते हुए अपनों का ध्यान भी रखेंगे। करियर – न्यूट्रिशन, बागवानी, टेक्सटाइल इंडस्ट्री या इंटीरियर डेकोरेशन से जुड़े लोगों को नई संभावनाएं मिल सकती हैं। किसी कैटलॉग या डिजाइन पर बारीकी से किया गया काम तारीफ दिलाएगा। काम की गुणवत्ता पर ध्यान देने से आपकी भरोसेमंद छवि मजबूत होगी।
लव – साथी आपकी छोटी जरूरतों का ध्यान रख सकता है। अविवाहित लोगों का परिचय किसी सरल और जिम्मेदार स्वभाव वाले व्यक्ति से हो सकता है। प्रेम केवल बातों में नहीं, बल्कि व्यवहार और सहयोग में दिखाई देगा। आपसी अपनापन स्वाभाविक रूप से बढ़ेगा।
हेल्थ – भोजन में कैल्शियम और हरी सब्जियां शामिल करें। बारिश के मौसम में साफ रसोई और ताजे भोजन पर ध्यान दें। पर्याप्त आराम से शरीर की क्षमता बनी रहेगी।
लकी कलर – पीच, लकी नंबर – 9 मीन – नाइन ऑफ कप्स
छोटी कोशिश भी सुखद नतीजा दे सकती है। घर में किसी अच्छी खबर से खुशी का माहौल बनेगा। अपने लिए लिया गया व्यावहारिक फैसला भविष्य में फायदेमंद होगा। पुराने शौक को दोबारा शुरू करने की प्रेरणा मिलेगी। मन का संतोष बाहरी परिस्थितियों से ज्यादा असरदार रहेगा। करियर – कार्यस्थल पर आपकी काम करने की शैली लोगों का भरोसा जीतेगी। फूड इंडस्ट्री, टूरिज्म, बुक पब्लिशिंग या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मैनेजमेंट से जुड़े लोगों के लिए दिन अनुकूल रहेगा। किसी फीडबैक में आपकी मेहनत की खुलकर तारीफ हो सकती है। काम की गुणवत्ता बनाए रखें।
लव – साथी के साथ किया कोई पुराना वादा पूरा करने का मौका मिलेगा। अविवाहित लोगों का परिचय किसी सकारात्मक सोच वाले व्यक्ति से हो सकता है। रिश्ते की तुलना दूसरों से करने के बजाय वर्तमान का आनंद लें। प्रिय व्यक्ति की सच्ची तारीफ संबंधों में गर्माहट बढ़ाएगी।
हेल्थ – मीठी चीजें खाने की इच्छा बढ़ सकती है। शाम को हल्की सैर करने से मन और शरीर को ताजगी मिलेगी। मानसिक संतुलन अच्छा रहेगा। छोटी स्वस्थ आदतें दिनभर ऊर्जा और खुशी बनाए रखेंगी।
लकी कलर – पर्ल व्हाइट, लकी नंबर – 6

इंग्लैंड के खिलाफ भारत लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने उतरेगा:दूसरा मुकाबला आज; कार्डिफ में 15 साल से नहीं हारी टीम इंडिया

भारत के पास इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का मौका है। टीम इंडिया ने 2021 में घर पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी। तीन मैचों की इस सीरीज में पहला वनडे 6 विकेट से जीतकर टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस मैदान में टीम इंडिया पिछले 15 साल से वनडे नहीं हारी है। भारत को यहां आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद उसने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को हराया, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रन से मात दी थी। 5 फैक्टर में प्रीव्यू पढ़िए… 1. भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 वनडे जीते दोनों टीमों के बीच 111 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 62 जीते हैं। इंग्लैंड को 44 में जीत मिली है। 2 मुकाबले टाई और 3 बेनतीजा रहे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 मुकाबले जीते हैं। कार्डिफ में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। टीम ने 14 में से 10 मुकाबले जीते हैं। 2. गिल और प्रसिद्ध फॉर्म में, बुमराह की वापसी से गेंदबाजी मजबूत 3. रूट ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए 4. पिच और वेदर रिपोर्ट 5. दोनों टीमों में क्या बदलाव हो सकता है? पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार/अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग/ब्रायडन कार्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद।

कथा- एक पिता के दो बेटे, एक सफल, दूसरा बर्बाद:समस्याओं से भागने के बजाय उन्हें स्वीकार करके समाधान खोजें, जो व्यक्ति धैर्य रखता है, वही सफल होता है

एक कथा है, पुराने समय में एक छोटे से गांव में एक व्यक्ति को नशे की बुरी आदत लग गई। वह अपना अधिकतर समय नशे में बिताता था। घर की जिम्मेदारियों से वह दूर रहता और इस वजह से उसके परिवार में अक्सर तनाव का माहौल बना रहता था। उसकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उसके दो छोटे बेटे थे, जो अपने पिता की आदतों और घर के वातावरण को देखते हुए बड़े हो रहे थे। समय बीतता गया और जब दोनों बेटे थोड़े बड़े हुए तो उनके पिता की भी मृत्यु हो गई। पिता के जाने के बाद दोनों भाइयों के सामने अपने-अपने जीवन को लेकर कई परेशानियां थीं, लेकिन दोनों ने अपने अनुभवों को अलग-अलग तरीके से देखा। बड़ा बेटा अपने पिता की आदतों से प्रभावित हुआ। उसने भी नशे को अपना सहारा बना लिया। धीरे-धीरे उसका जीवन भी उसी दिशा में जाने लगा, जिस दिशा में उसके पिता का गया था। उसकी आर्थिक स्थिति खराब होती गई और समाज में उसका सम्मान भी कम होने लगा। वहीं, दूसरी ओर छोटा बेटा उसी घर के माहौल को देखकर कुछ अलग सीखा था। उसने अपने पिता की गलत आदतों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि जीवन की सीख बना लिया। उसने मन में ठान लिया कि उसे अपने पिता जैसी जिंदगी नहीं जीनी है। उसने नकारात्मक परिस्थितियों से अपना ध्यान हटाकर पढ़ाई और मेहनत पर ध्यान लगाया। समय के साथ उसकी मेहनत रंग लाई। वह पढ़-लिखकर एक बड़ा अधिकारी बन गया। उसके पास सुख-सुविधाएं थीं, समाज में सम्मान था और लोग उसकी सफलता की प्रशंसा करते थे। जब लोगों ने देखा कि एक ही परिवार के दो बच्चों का जीवन इतना अलग हो गया है, तो उन्होंने दोनों भाइयों से इसका कारण पूछा। बड़े बेटे ने कहा, “मेरी यह हालत मेरे पिता की वजह से हुई है। मैंने उन्हें हमेशा नशा करते देखा और वही आदतें अपना लीं।” इसके बाद लोगों ने छोटे बेटे से पूछा, “तुम इतनी सफलता तक कैसे पहुंचे?” छोटे बेटे ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं भी अपने पिता की वजह से ही सफल हुआ हूं। मैंने उनके जीवन से यह सीखा कि मुझे क्या नहीं करना है। मैंने उनके गलत रास्ते को देखकर सही रास्ता चुनने का फैसला किया। मैंने मेहनत और शिक्षा को अपना साथी बनाया।” यह सुनकर सभी लोग समझ गए कि परिस्थिति नहीं, बल्कि परिस्थिति को देखने का नजरिया इंसान का भविष्य तय करता है। इस कथा की सीख यही है कि जीवन में अच्छी और बुरी दोनों तरह की बातें होती रहती हैं। सकारात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति कठिनाइयों में भी अवसर खोज लेता है, जबकि नकारात्मक सोच वाला व्यक्ति अवसरों में भी समस्याएं ढूंढ लेता है। हमारा नजरिया ही हमारी सफलता और खुशी का आधार बनता है। प्रसंग की सीख हर व्यक्ति को किसी न किसी रूप में कठिन समय से गुजरना पड़ता है। समस्याओं से भागने के बजाय उन्हें स्वीकार करके समाधान खोजने की आदत बनाएं। जो व्यक्ति मुश्किल समय में धैर्य रखता है, वही आगे बढ़ता है। हमारे विचार ही हमारे कार्यों को प्रभावित करते हैं। अगर मन में हमेशा डर, चिंता और असफलता के विचार रहेंगे, तो आत्मविश्वास कम होगा। सकारात्मक विचारों को अपनाने से ऊर्जा और उत्साह बढ़ता है। असफलता जीवन का अंत नहीं होती। हर गलती हमें कुछ नया सिखाती है। अपनी गलतियों को कमजोरी नहीं, बल्कि सुधार का अवसर मानें। जिन लोगों के साथ हम रहते हैं, उनकी सोच का असर हमारे जीवन पर पड़ता है। सकारात्मक और मेहनती लोगों के साथ रहने से हमारी सोच भी बेहतर होती है। बिना लक्ष्य के जीवन दिशाहीन हो सकता है। छोटे-छोटे लक्ष्य बनाएं और उन्हें पूरा करने के लिए नियमित प्रयास करें। बीती हुई बातें वापस नहीं आतीं। पुराने दुखों और असफलताओं को बार-बार याद करने से वर्तमान प्रभावित होता है। वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करें। जीवन में जो अच्छी चीजें हैं, उनके लिए आभार व्यक्त करें। आभार मानने की भावना मन को शांत और सकारात्मक बनाती है। अच्छा स्वास्थ्य सकारात्मक सोच के लिए जरूरी है। नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और पर्याप्त नींद जीवन में ऊर्जा बनाए रखते हैं। हर व्यक्ति की परिस्थितियां और यात्रां अलग होती हैं, दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी प्रगति पर ध्यान दें। सफल लोग समस्याओं को रुकावट नहीं, बल्कि सीखने का अवसर मानते हैं। जीवन की हर चुनौती हमें मजबूत बनाने के लिए आती है। सकारात्मक सोच एक आदत है, जिसे लगातार अभ्यास से विकसित किया जा सकता है। जब हम अपने विचारों को नियंत्रित करना सीख लेते हैं, तो मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ सकते हैं।