JTI में जेल उपाधीक्षकों का प्रशिक्षण शुरू:RAS बैच-2023 के आठ नवचयनित अधिकारी नौ माह के संस्थागत प्रशिक्षण में लेंगे हिस्सा
अजमेर घूघरा स्थित कारागार प्रशिक्षण संस्थान में राजस्थान जेल सेवा के RAS बैच-2023 से चयनित उपाधीक्षक वर्ग-13 अधिकारियों के नौ माह के संस्थागत प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में आठ नवचयनित अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन सत्र में अधिकारियों को अनुशासन, कानूनों की समझ और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक कारागार राकेश मोहन शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन, समर्पण और सीखने की भावना बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से विभागीय नियमों, कानूनों और प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक दक्ष कारागार अधिकारी बनने के लिए व्यावहारिक ज्ञान और सकारात्मक सोच दोनों जरूरी हैं।ल विशिष्ट अतिथि हाई सिक्योरिटी जेल के अधीक्षक पारस जांगिड़ ने कहा कि जेल सेवा सुरक्षा, संवेदनशीलता और सुधार के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। अधिकारियों को ऐसी चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा, जहां कानून का प्रभावी पालन करने के साथ मानवीय और सुधारात्मक दृष्टिकोण भी अपनाना होगा। संस्थान के प्राचार्य जगदीश पूनिया ने बताया कि नौ माह के प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कारागार प्रशासन, सुरक्षा प्रबंधन, विधिक प्रावधान, मानवाधिकार, सुधारात्मक कार्यक्रमों और व्यवहारिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न विषयों का समग्र प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में उम्मेद चौधरी, सुरेश कुमार, सुनील विश्नोई, नेहा यादव, हेमा धाकड़, परसा राम, पुष्पेंद्र और मनीष महावर शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार शर्मा (एमडीआई) ने किया। इस दौरान उप अधीक्षक लक्ष्मण बिश्नोई, सहायक प्रशिक्षक बनवारी लाल शर्मा, सोमराज सहित संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा।

